शादी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शादी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

17 नवंबर 2024

नेरेटिव में फँसते हिन्दू

नेरेटिव सेट करना सुना है? बिलकुल सुना होगा क्योंकि चौबीस घंटे तो मोबाइल हाथ में लिए सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना होता है. आजकल एक नेरेटिव सेट किया जा रहा है बारातियों की संख्या निर्धारित करने का. और हिन्दू ही लगे हैं दे दनादन इसे शेयर करने में, पोस्ट करने में. हम नहीं कहते कि किसी दूसरे धर्म के रीति-रिवाजों के बारे में सोचो या पोस्ट करो. काहे कि ये औकात की बात होती है. जिनकी औकात में कपड़े नाप से सिलवाने की न हो वे क्या औकात रखेंगे हजारों-हजार लोगों के स्वागत की.

 



किसी समय में सुना था कि महाराजा सिंधिया (माधवराज) की बेटी की शादी में पूरे ग्वालियर में मुनादी हुई थी लगातार सात दिनों तक सम्पूर्ण ग्वालियर के भोज की. आखिर ऐसी औकात भी तो हो. चलिए, एक मिनट को मान लें कि कम बाराती लाने वाली पोस्ट के पीछे कोई नेरेटिव नहीं, किसी तरह का कोई पूर्वाग्रह नहीं, तो भी किसी भी बारात का स्वागत का इंतजाम, खुद लड़की वालों की अपनी व्यवस्था का इंतजाम लड़की वाले ही करते हैं.

 

एक पल को यहाँ मान लें कि लड़के वालों के दबाव में लड़की वालों ने ऐसा किया होगा मगर त्रयोदशी, जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगाँठ तो आपके नितांत व्यक्तिगत और एकल अधिकार वाले आयोजन हैं. इनको काहे इतनी तड़क-भड़क से मनाया जाता है? क्यों त्रयोदशी के लिए सैकड़ों-हजारों की संख्या में कार्ड बाँटे जाते हैं? क्या त्रयोदशी संस्कार के लिए भी बाराती लाये जाते हैं? इस तरह के नेरेटिव से आज बचने की आवश्यकता है. बेवक़ूफ़ हिन्दू इसी में फँस जाता है और अपना ही बुरा कर बैठता है.

 


06 अक्टूबर 2024

निमंत्रण पत्रों का सदुपयोग

शुभेच्छुजनों द्वारा विवाह संस्कार, अन्य आयोजनों के निमंत्रण पत्र दिये जाते हैं. अपने पारिवारिक आयोजनों में आमंत्रित करने हेतु उनका आभार व्यक्त भी किया जाता है. उन सभी लोगों के लिए हृदय पुनः आभारी होता है जबकि उनके द्वारा प्रेषित निमंत्रण पत्रों का सदुपयोग होता है.


निमंत्रण पत्रों में लगे गणेश जी के स्टिकर, लोगो आदि को बच्चे अपने प्रयोग में ले आते हैं और कार्ड हमारी कैलीग्राफ़ी के काम आ जाते हैं.




28 जून 2024

हम चिंता अपनी बेटियों की करें, फिल्म अभिनेत्रियों की नहीं

पिछले कई दिनों से देख रहे कि लोग सोनाक्षी सिन्हा की शादी को लेकर इस कदर चिंतित से होकर पोस्ट लगा रहे, मानो वे ही उसके अभिभावक हैं. 


ऐसे सभी लोगों से एक निवेदन है कि इस तरह की चिंतातुर अभिव्यक्ति वहाँ करें जहाँ आपकी राय को महत्त्व दिया जाये. सोनाक्षी के विवाह की ज्यादा चिंता हो रही हो तो एक बार उसके घर जाकर उससे या फिर शत्रुघ्न सिन्हा से चर्चा कर आओ, अपनी-अपनी औकात का पता चल जायेगा.


हाँ, सभी की ऐसी चिंता का स्वागत भी होना चाहिए क्योंकि कम से कम ऐसे लोग समाज के एक स्व-वर्ग के प्रति चिंतित हैं. तो फिर आप चिंतातुर लोग अपने घर-परिवार-पड़ोस-मित्रों-सहयोगियों की बेटियों की चिंता करें. उन परिजनों की बेटियों की चिंता करें जो आपकी राय, आपकी चिंता को महत्त्व देते हों.


ध्यान रखें, ये सब मसाला फिल्मों वाले लोग हैं. इनके पारिवारिक कार्यक्रम भी बाजार के हस्तक्षेप से चलते हैं, उसमें भी कमाई करते हैं. इनकी बेटियाँ न फ्रिज में मिलती हैं, न सूटकेस में, न किसी आपत्तिजनक स्थितियों का शिकार बनती हैं. ऐसा सिर्फ हम लोगों की बेटियों के साथ होता है. इसलिए अपनी-अपनी बेटियों को समझाएँ, उनको बताएँ कि उनका आदर्श सोनाक्षी जैसी लड़कियाँ न हों.


13 जनवरी 2024

आमंत्रण के बाद भी अनामंत्रित

भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के दो बड़े पुराने कलाकार किसी ज़माने में बहुत जबर दोस्त हुआ करते थे. उनसे जुड़ी एक घटना श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से संदर्भित समझ में आई तो यहाँ उसका उल्लेख कर रहे हैं.


उन दो कलाकारों ने एक साथ मुम्बई में आकर अपने सपनों को सच करने के लिए मेहनत करना शुरू किया. शुरूआती दौर में दोनों एकदूसरे के संघर्ष में साथ रहे, एकदूसरे की सफलता-असफलता में साथ दिया. कालांतर में दोनों कलाकार अपने-अपने स्तर पर प्रसिद्धि पाते रहे. इसी यात्रा में उन दो कलाकारों के बीच कभी किसी कारण से झगड़ा हो गया. उनका झगड़ा सिर्फ झगड़े तक न रहा, उससे आगे बढ़ता हुआ वो उनके बीच मनमुटाव तक भी पहुँच गया. यह इतना बढ़ा कि सामान्य रूप में, सार्वजनिक रूप में उन दोनों की आपस में बातचीत भी बंद हो गई. बहरहाल, इस मनमुटाव का असली रूप तब सामने आया जबकि उन दोनों कलाकारों में से एक कलाकार की बेटी की शादी होनी थी.

 

उन दो कलाकारों में एक ने सिर्फ प्रसिद्धि ही पाई तो दूसरे को महानायक के रूप में जाना गया. अब जब महानायक की बेटी की शादी का अवसर आया तो उस महानायक कलाकार ने दूसरे पूर्व-मित्र कलाकार को भी निमंत्रण भेजा. बस यहीं आकर इस पोस्ट की असली यात्रा शुरू होती है. जिस महानायक कलाकार की बेटी का विवाह था, उस कलाकार के पिता प्रसिद्ध कवि थे. ऐसा बताया जाता है कि उन्होंने सोलह पृष्ठ का निमंत्रण पत्र बनाया. प्रत्येक पृष्ठ पर कार्यक्रम का, रीति-रिवाज का विवरण और उसी के अनुसार एक कविता. कहने का अर्थ कि सोलह पृष्ठ का निमंत्रण पत्र काव्यात्मक रूप में तैयार किया गया था. महानायक कलाकार दोस्त ने दूसरे कलाकार दोस्त को वो निमंत्रण पत्र दिया. यहाँ उस निमंत्रण पत्र में जो खास बात थी वो ये कि उस कलाकार को जिसे-जिसे बुलाना था, उसके निमंत्रण पत्र में तारीख थी, समय था, स्थान था.... मगर जिसे नहीं बुलाना था उसे बस सोलह पृष्ठ का निमंत्रण पत्र ही था. खाली निमंत्रण पत्र, काव्यात्मक शैली, सोलह पृष्ठ मगर उसमें न तारीख, न समय, न स्थान अर्थात ऐसा कोई चिन्ह नहीं जिसके सहारे कार्यक्रम स्थल तक पहुँचा जा सके. बिना समय, बिना तिथि, बिना जगह वाला ऐसा निमंत्रण एक कलाकार ने अपने दूसरे कलाकार दोस्त को दिया.

 

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के समय इस घटना का याद आना महज इस कारण हुआ कि उस महानायक कलाकार द्वारा तिथि, स्थान आदि का जिक्र न करने के पीछे की मंशा थी कि कुछ लोग न आ सकें मगर इसके उलट श्रीराम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण तो तिथि, समय, स्थान के साथ दिया जा रहा है, इसके बाद भी कुछ लोग नहीं आ रहे हैं. ये बात समझ से परे है कि ये लोग, जो अयोध्या नहीं जा रहे हैं वे श्रीराम के विरोधी हैं या फिर भाजपा के?


19 अप्रैल 2023

समलैंगिक व्यवहार को समाधान की आवश्यकता

समलैंगिक विवाह को मान्यता दिए जाने के सम्बन्ध में एक बार फिर बहस छिड़ गई है. इस बार यह बहस देश की सर्वोच्च अदालत में चल रही है. प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, न्यायाधीश संजय किशन कौल, न्यायाधीश एस रवींद्र भट, न्यायाधीश हिमा कोहली, न्यायाधीश पीएस नरसिम्हा के समक्ष इसके पक्ष और विपक्ष में अपने-अपने तर्क दिए जा रहे हैं. वैश्विक स्तर पर अभी तक अमेरिका, नीदरलैंड, नार्वे, बेल्जियम, स्पेन, दक्षिण अफ्रीका, कनाडा और ब्रिटेन ने समलैंगिक विवाह को मान्यता दे रखी है. भारत में समलैंगिक विवाह को भले स्वीकृति न मिली हो किन्तु उच्चतम न्यायालय ने जुलाई 2009 में धारा 377 को संविधान के अनुच्छेद 14, 15 एवं 21 का उल्लंघन बताते हुए समलैंगिकता को अपराध की श्रेणी से बाहर रखने का आदेश दिया था.


समलैंगिकता का सीधा अर्थ समान लिंग के प्रति यौन अथवा रोमांसपूर्वक आकर्षित होने से लगाया जाता है. इसमें पुरुष समलैंगिक अथवा गे, महिला समलिंगी अथवा लेस्बियन, महिला और पुरुष दोनों के प्रति समान रूप से आकर्षित होने वाला उभयलिंगी, लिंग परिवर्तन करवाकर खुद को स्त्री या पुरुष की परिभाषा में शामिल करते हैं. आम बोलचाल की भाषा में इन सबको एलजीबीटी समूह के नाम से जाना जाता है. बचपन से किसी विषमलिंगी का पर्याप्त सहयोग न मिलना समलैंगिकता का वातावरण निर्मित करता है. माता-पिता का व्यवहार, पति-पत्नी की आपसी सेक्स लाइफ, लम्बे समय तक घर से बाहर रहने की स्थिति, समागम की अनुकूलता न होना आदि बहुत हद तक समलैंगिकता को जन्म देती है. जेल के कैदी, ट्रक के ड्राइवर, सुरूर क्षेत्रों में तैनात जवान, लम्बी आयु के अविवाहित स्त्री-पुरुष में इस तरह की स्थिति को देखा जा सकता है.




देखा जाये तो समलैंगिकता अप्राकृतिक शारीरिक सम्बन्ध ही है मगर जैसे-जैसे इसके विरोध की बात सामने आती है वैसे-वैसे ही इसके समर्थन में भी प्रदर्शन किये जाने लगते हैं. अदालतों ने भी इन संबंधों के प्रति उदार रवैया अपनाते हुए कानूनी तौर पर समलिंगियों को पर्याप्त राहत प्रदान की है. समलैंगिकता के विरोधी जहाँ भारतीय संस्कृति में इस तरह के सम्बन्ध न बनाये जाने की वकालत करते हैं वहीं इसके समर्थक इसे अपना अधिकार, अपनी जीवनशैली की स्वतंत्रता मानते हैं. आखिरकार यहाँ समझना ही होगा कि स्वतंत्रता है क्या? जीवनशैली आखिर किस तरह से संचालित की जाये? इसे भी समझने की जरूरत है कि कहीं जीवनशैली की स्वतंत्रता के नाम पर, व्यक्तिगत स्वतंत्रता के नाम पर व्यक्ति सेक्स संबंधों में स्वतंत्रता तो नहीं चाह रहा है? कहीं स्वतंत्रता के नाम पर सेक्स को समाज में कथित तौर पर स्थापित करने की साजिश तो नहीं? सेक्स को लेकर, शारीरिक संबंधों को लेकर, विपरीतलिंग को लेकर समाज में जिस तरह से अवधारणा निर्मित की जा रही है, उसे देखते हुए लगता है जैसे इंसान के जीवन का मूलमंत्र सिर्फ और सिर्फ सेक्स रह गया है. दृश्य-श्रव्य माध्यमों में प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों, विज्ञापनों में भी सेक्स का प्रस्तुतीकरण इस तरह से किया जाता है जैसे बिना इसके इंसान का जीवन अधूरा है. सोचना होगा कि कल को वे मानसिक विकृत लोग, जो दैहिक पूर्ति के लिए जानवरों तक को नहीं बख्शते हैं, अपने अप्राकृतिक यौन-संबंधों को जायज ठहराने के लिए सडकों पर उतर आयें, व्यक्तिगत स्वतंत्रता के नाम पर, जीवनशैली चुनने की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी जानवर के साथ को कानूनी स्वरूप दिए जाने की माँग करने लगें तो क्या ऐसे लोगों की माँगों को स्वीकारना होगा? 


समलैंगिकों के आपसी यौनाचार को लेकर वर्ष 1827 से वर्तमान तक की लगभग 3,60,000  वैज्ञानिक अनुसंधान रिपोर्ट्स इंटरनेट पर ‘पॉपलाइन’ वेबसाइट पर उपलब्ध हैं. इनके आधार पर स्पष्ट है कि पुरुष-पुरुष यौनाचार में एड्स की सम्भावना तो रहती ही है साथ ही इनमें प्रोसाइटिस नामक रोग व्यापक रूप से फैलता है. इस बीमारी की भयावहता के कारण इसे समलैंगिक महामारी के नाम से भी जाना जाता है. स्त्री समलैंगिकों में इसी तरह से ह्युमन पेपिलोमा वायरस, हर्पिस आदि बीमारियाँ अतितीव्रता से फैलती हैं. इन बीमारियों के अलावा समलिंगियों में सिफलिस, गोमोनिया, अमिसियोसिस, हेपेटाइटिस बी, गले के वायरल, यौन-जनित बीमारियों के वाहक वायरस आदि भी किसी महामारी की तरह फैलते हैं.  


विभिन्न अनुसंधानों से स्पष्ट हो चुका है कि समलैंगिकता आनुवांशिक नहीं है, मानसिक बीमारी भी नहीं है वरन व्यावहारिक समस्या है तो उसके सुधारात्मक उपाय किये जाने चाहिए. इसके समाधानस्वरूप सर्वप्रथम बच्चों की परवरिश पर पर्याप्त ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है. समय-समय पर उनकी लैंगिक समस्या पर भी विचार किया जाना चाहिए और उनका सहज समाधान प्रस्तुत करना चाहिए. बच्चों में आरम्भ से ही सह-शिक्षा प्रदान करवाई जाए. इसी तरह से पारिवारिक वातावरण को समृद्ध करने की आवश्यकता है. इसके अलावा समलैंगिकों का बहिष्कार करने, उनको प्रताड़ित करने, उनका मजाक बनाये जाने की बजाय उनको समझाए जाने की आवश्यकता है कि यह मानसिक बीमारी नहीं है और इससे आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है. उनको बताया जाना चाहिए कि समलैंगिकता एक स्थिति है जो अतृप्तता के कारण उपजती है और कहीं-कहीं ये बेलगाम मौज-मस्ती के लिए विकृत वृत्ति, स्वच्छंद शारीरिक भोग-विलास की लालसा के रूप में जन्म लेती है. ऐसे लोगों को सहानुभूति, इलाज की आवश्यकता होती है और इस समस्या को सद्भाव, सहयोग प्रदर्शित करके दूर किया जा सकता है.


समझना होगा कि समलैंगिक सम्बन्ध मात्र भावनात्मकता के स्तर पर ही कायम नहीं हो रहे हैं वरन शारीरिकता पर आकर समाप्त हो रहे हैं. दैहिक सुख की भोगवादी लालसा में समलिंगी अपने जीवन को खोखला ही बना रहे हैं, जिसका निदान समलिंगी विवाहों की मान्यता प्रदान करने में नहीं वरन इस आदत के इलाज और समाधान में है. काश! स्वतंत्रता के नाम पर अधिकारों को समझा जाए न कि अनाधिकार चेष्टा को. काश! वैयक्तिक जीवनशैली के नाम पर रिश्तों की मर्यादा को जाना जाए न कि उनके अमर्यादित किये जाने को. काश! निजी जिंदगी के गुजारने के नाम पर पारिवारिक सौहार्द्र को समझा जाए न कि जीवन-मूल्यों के ध्वंस को. काश! जीवन को जीवन की सार्थकता के नाम पर समझा जाये न कि कुंठित सेक्स भावना के नाम पर.

 





 

28 अगस्त 2022

बाजार द्वारा संचालित समाज

क्या इंसान बाजार के हाथों की कठपुतली बनता जा रहा है या कठपुतली बन चुका है? ये ऐसा सवाल है जो आये दिन हर उस व्यक्ति के मन में कौंधता होगा जो संवेदनशील होगा. व्यक्ति के जीवन की आज यह स्थिति बनी हुई है कि रोजमर्रा की आवश्यकता की छोटी से छोटी वस्तु से लेकर जीवन का बड़े से बड़ा पल बाज़ार के द्वारा संचालित होने लगा है. सुबह जागने के लिए व्यक्ति को किस घड़ी के अलार्म की आवश्यकता है, जागने के बाद उसे किन-किन पोषक तत्त्वों से भरे टूथपेस्ट की जरूरत है, यदि वह व्यक्ति सुबह की सैर पर जाता है तो कौन से जूते उसके लिए लाभदायक हैं, किस तरह के कपड़े उसके स्वास्थ्य का बेहतर ख्याल रख सकते हैं आदि-आदि बाज़ार ही तय कर रहा है. सुबह के नाश्ते, दोपहर के भोजन, कार्यक्षेत्र की स्थिति, बच्चों का स्कूल, गृहणियों का काम-काज आदि सबकुछ अब बिना बाज़ार के पूरा होता नहीं दिखाई देता है. 


इन स्थितियों से दो-चार होने के लिए व्यक्ति को बाज़ार जाने की आवश्यकता नहीं है. अब बाज़ार स्वयं चलकर आपके घर के भीतर आ चुका है. टीवी पर विज्ञापन के सहारे, समाचार-पत्र, पत्रिकाओं के सहारे, हाथ में बराबर चलते मोबाइल के सहारे बाज़ार ने न केवल घर में जगह बना ली है बल्कि उसने इंसान के दिल-दिमाग पर कब्ज़ा कर लिया है. घर से बाहर निकलते ही सड़क किनारे लगे बड़े-बड़े होर्डिंग्स, गली-मोहल्ले के कोने में झाँकते छोटे-छोटे से बैनर, खम्बों, दीवारों पर चिपके पोस्टर, जगह-जगह बँटते पैम्पलेट हर समय इंसान को बाज़ार की कैद में होने का आभास करवाते हैं. अब खाने-पीने के सामान को खरीदने की बात हो या फिर पहनने-ओढ़ने के लिए वस्त्रों का चुनाव करना हो, घर को सजाने के लिए किसी वस्तु की चाहना हो या फिर कोई मंगलकारी आयोजन हो, सभी में व्यक्ति की सोच से अधिक तेज चलते हुए बाज़ार अपनी उपस्थिति दर्ज करा देता है. हर एक पल के लिए बाज़ार ने कुछ न कुछ व्यवस्था कर रखी है. इंसान ख़ुशी के क्षणों में जी रहा है या ग़म साझा कर रहा है, बाज़ार ने इसके लिए भी इंतजाम कर रखे हैं.




जन्मदिन हो, शादी हो, वैवाहिक वर्षगाँठ हो, पर्व-त्यौहार हों या फिर कोई भी आयोजन विज्ञापनों के द्वारा इंसान को इतना सम्मोहित कर लिया जाता है कि वह बिना बाज़ार के आगोश में आये कुछ कर ही नहीं सकता है. कुछ करते हुए दाग लग जाएँ तो दाग अच्छे हैं, कुछ अच्छा होने पर कुछ मीठा हो जाये. भले ही टेढ़ा लगे पर मेरा सा लगे, कितना भी बड़ा डर हो पर उसके आगे जीत का एहसास दिखे, त्यौहार में पारंपरिक मिष्ठान बने या न बने पर कुछ मीठा हो जाये का विकल्प बाज़ार ने इंसान के सामने परोस रखा है. एकबारगी यदि देखें तो हँसी-ख़ुशी के माहौल को, अपने उल्लास को ऐसे किसी भी उत्पाद के सहारे मिल-बाँट कर मना लेना बुरा नहीं है. बुरे का एहसास उस समय होता है जबकि व्यक्ति बजाय इन उत्पादों का उपयोग करने के, इनका उपभोग करने के स्वयं ही उत्पाद बनने लगता है.


यह इस बाजारीकरण की सबसे ख़राब स्थिति है कि इंसान कब बाज़ार में उपलब्ध उत्पादों का उपयोग करते-करते खुद ही उत्पाद बन गया उसे खबर ही नहीं हुई. कभी गौर किया है इस बात पर कि शादी-विवाह जैसा विशुद्ध पारिवारिक और पवित्र संस्कार कब बाज़ार के हवाले हो गया? अब विवाह संस्कार परिजनों के हाथों से नहीं, उनकी मनमर्जी से नहीं बल्कि बाजार के हाथों से संचालित होने लगा है. अब बाजार बताने लगा है कि दूल्हा-दुल्हन को कैसे तैयार होना है. अब बाज़ार ने निर्धारित कर दिया है कि सजावट कैसी होनी है. अब बाज़ार बता रहा है कि पूरे आयोजन में कैसे और किस तरह से फोटोशूट किया जाना है. बाज़ार की इन हरकतों ने जहाँ एक तरफ पाश्चात्य स्थिति को भारतीय संस्कृति पर थोपने जैसा काम किया है वहीं अनावश्यक रूप से व्यक्तियों की जेब पर भी डाका डाला है.


इन सबमें भारी-भरकम विज्ञापन, टीवी के रंगीन लकदक करते सीरियल भी सहायक भूमिका में नजर आने लगे हैं. विवाह अब संस्कार नहीं, पारिवारिक आयोजन नहीं बल्कि बाजारीकरण का सशक्त मॉडल बनकर सामने आया है. अकेले विवाह ही नहीं वरन व्यक्ति से सम्बंधित वे तमाम सारे आयोजन जिनमें किसी न किसी रूप में व्यक्ति का भावनात्मक सम्बन्ध जुड़ा है, सबको बाज़ार ने अपने कब्जे में ले रखा है. विवाह के पहले का फोटोशूट कब कैसे जनसामान्य के बीच जा घुसा किसी को खबर न हुई. शालीनता के महीन से परदे को गिराते हुए बाज़ार ने प्री-वेडिंग शूट के नाम पर अशालीनता फैलानी शुरू कर दी गई. विवाह का एकमात्र यही आयोजन नहीं बल्कि उससे जुड़े तमाम सारे छोटे-बड़े आयोजन भी बाज़ार ने हड़प लिए हैं. हल्दी, मेंहदी, द्वारचार, जयमाल, फेरे, विदाई आदि को अब बाज़ार संचालित कर रहा है. कैसे कपडे पहने जाने हैं, किस कंपनी के पहने जाने हैं, किसे क्या भूमिका निभानी है, कैसे नृत्य करते हुए कन्या आएगी, किस तरह से जयमाल होगी, वर-वधु कैसे आधुनिकता के वशीभूत होकर फेरे लेंगे, विदाई के समय कन्या कैसे और कितना रोएगी आदि बाज़ार ने सिखा-पढ़ा दिया है. मातृत्व जैसे भावनात्मक एहसास को भी विज्ञापनों, फोटोशूट के हाथों में थमा दिया गया. इन कृत्यों में आधुनिकता, वर्तमान चलन के नाम पर फूहड़ता, नग्नता, अशालीनता के अलावा और कुछ देखने को नहीं मिला.


बाज़ार ने न केवल शालीनता के दायरे को पार किया बल्कि अनावश्यक रूप से घर-परिवारों में आर्थिक बोझ को भी बढ़ाया है. महँगे होते जाते आयोजन, अत्यंत भव्यता बिखेरती साज-सज्जा, सामाजिक प्रतिष्ठा के नाम पर अनाप-शनाप ढंग से बर्बाद किया जाता धन आदि किसी भी रूप में किसी एक व्यक्ति की सकारात्मक सोच नहीं है. इसके पीछे पूरी तरह से नियोजित ढंग से बाज़ार अपना काम कर रहा है. उसका काम अपने उत्पाद को बेचना मात्र है. इस प्रक्रिया में स्वयं इंसान ही उत्पाद बनकर उभरने लगा है. वह बिना सोचे-विचारे बस इन कृत्यों को मशीनी ढंग से करने में लगा है. वह स्वयं ही नहीं समझ पा रहा है कि इन कृत्यों को करने में उसे ख़ुशी मिल रही है या फिर वह बाज़ार के हाथों में नाच रहा है?  




 

30 नवंबर 2020

वैवाहिक आयोजनों के अनावश्यक खर्चों पर भी लगे रोक

कोरोना काल की लम्बी समयावधि की प्रशासनिक बंदिश के बाद इधर अब शादी समारोहों, विवाह आयोजनों का आरम्भ पुनः होने लगा है. इसे लोगों की सक्रियता कहें या फिर प्रशासनिक सख्ती कि अभी तक वैवाहिक आयोजनों में लोगों की पहले जैसी भीड़ नहीं दिख रही है. इधर कुछ आयोजनों में शामिल होने का अवसर मिला और कुछ आयोजनों को होते देखा तो उस तरह की भीड़ या भगदड़ देखने को नहीं मिली जो कोरोना काल के पहले देखने को मिलती थी. कोरोना के चलते या फिर प्रशासनिक सख्ती के चलते यदि विवाह समारोहों में भीड़ का आना कम हो जाये तो स्वतः ही बहुत सा अपव्यय रुक जाये. इधर अब एक ही तिथि में कई-कई वैवाहिक आयोजन होते हैं और एक-एक व्यक्ति को कई-कई जगहों पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवानी होती है. ऐसे में भोजन सहित अन्य तमाम व्यवस्थाओं का अपव्यय तो होता ही है. इस तरह की कम संख्या में संपन्न होने वाले ऐसे आयोजनों से जहाँ एक तरफ इस तरह के अपव्यय रुक सकेंगे वहीं दूसरी तरफ आर्थिक रूप से कमजोर लोगों पर भी आर्थिक बोझ कम आएगा.


आज का समाज बहुत हद तक दिखावटी व्यवहार करने में अपनी ख़ुशी खोजने लगा है. उसके द्वारा बनावटी काम किया जाना भले ही उसे एक क्षण को ख़ुशी दे देता हो मगर दीर्घकालिक रूप से उसे कष्ट ही देता होगा. ऐसा उन लोगों के मामलों में शत-प्रतिशत होता है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं. ऐसे लोग समाज के धनी, उच्च वर्ग की देखादेखी में अनाप-शनाप खर्च करने लग जाते हैं. विवाह जैसे पवित्र और व्यक्तिगत कार्यक्रम को भी सार्वजनिक कार्यक्रम बना देते हैं, धन की बर्बादी का मंच बना देते हैं. विगत लम्बे समय से देखने में आया है कि झूठी शान के लिए कई बार ऐसे-ऐसे आयोजन, ऐसी-ऐसी व्यवस्था कर ली जाती है जिसका कोई अर्थ नहीं होता है. अब लग रहा है कि जैसे संख्या को लेकर प्रशासन द्वारा सख्ती बरती जा रही है, कुछ ऐसा ही वैवाहिक आयोजनों पर अनावश्यक होने वाले खर्चों के सम्बन्ध में भी कदम उठाया जाये.


विवाह नितांत पारिवारिक विषय है, बहुत ही व्यक्तिगत मामला है. उसे अनावश्यक रूप से सार्वजनिक बनाये जाने, उस पर अनावश्यक रूप से खर्च किये जाने के पक्ष में हम व्यक्तिगत रूप से कभी नहीं रहे हैं. यहाँ स्वयं नागरिकों को इस बारे में कोई पहल करने की आवश्यकता है. ये आवश्यक नहीं कि समाज के हित में, नागरिकों के हित में उठने वाला कोई भी कदम प्रशासन की सख्ती से उठाया जाये. हमें स्वयं ही एक जिम्मेवार नागरिक की तरह इस पर विचार करना चाहिए.


.
वंदेमातरम्

15 अक्टूबर 2020

गंगा-जमुनी संस्कृति का संकुचित ताला खोलो अब

इधर तनिष्क का एक विज्ञापन देखने को मिला और उसका विरोध भी साथ-साथ दिखाई देता रहा. विज्ञापन की अच्छाई-बुराई को एक किनारे लगा दिया जाये तो एक बात आज तक समझ नहीं आई कि समाज में कुछ लोगों को ये कीड़ा कहाँ से काट लेता है कि वे गंगा-जमुनी तहजीब के नाम पर हिन्दू-मुस्लिम रिश्तों की वकालत शुरू कर देते हैं? क्या हिन्दू-मुस्लिम सौहार्द्र के लिए आवश्यक है कि दोनों के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता रखा जाये? यदि ऐसा करना आवश्यक है तो फिर रोटी-बेटी का रिश्ता बनाने में बेटी सदैव हिन्दू की ही क्यों नजर आती है? ये तनिष्क का विज्ञापन हो या फिर होली का कोई विज्ञापन, सभी जगह हिन्दू बेटी ही निशाने पर रखी जाती है. आखिर तनिष्क का ये विज्ञापन मुस्लिम को लेकर बनाया-दिखाया जाना अनिवार्य था तो उन्हीं के रीति-रिवाजों, चाल-चलन के साथ भी तो बनाया जा सकता था. उनकी मजहबी मान्यताएँ भी विज्ञापन में दिखाकर सोने का, ज्वेलरी का प्रचार किया जा सकता था, मगर ऐसा नहीं किया गया.



ये आज से नहीं, अचानक से नहीं बल्कि बहुत सोची-समझी रणनीति के तहत होता आ रहा है. इसे भी विवाद का विषय बना दिया जाता है मगर आये दिन अब घटनाएँ सबूत के साथ सामने आ रही हैं जहाँ कि हिन्दू बेटी पहले किसी मुस्लिम लड़के के प्यार में पागल हो जाती है फिर वो धर्म परिवर्तन करके निकाह करती है. कालांतर में उसके शोषण के वीडियो सोशल मीडिया में दिखाई देने लगते हैं. किसी-किसी खबर में, घटना में बेटी की लाश भी मिलती है. आखिर ये क्या है, क्यों है? यह बात किसी समय में आतंकियों के सन्दर्भ में कही जाती थी कि मुसमलानों को आतंकी के रूप में ही क्यों देखा जाता है? इसके जवाब के रूप में यह आम धारणा बनी हुई थी कि भले ही हर मुसलमान आतंकी नहीं मगर पकड़े जाने वाला हर आतंकी मुस्लमान ही निकलता है. इधर आतंक का ये नया चेहरा लव जिहाद के रूप में सामने आया है.


समझ नहीं आता कि शासन-प्रशासन कहाँ तक, किस बात की निगरानी करे, किस-किसके पीछे पहरेदारों की तरह भागती रहे. ऐसी किसी भी मानसिकता के लिए, किसी भी घटना के लिए परिवार वाले, समाज के लोग भी जिम्मेवार हैं. आखिर क्यों एक परिवार अपने बच्चों के चाल-चलन, उनकी मानसिकता पर नजर नहीं रख पा रहा है? आखिर क्यों किसी हिन्दू परिवार में उनके बच्चों में उनके धर्म, संस्कृति, सभ्यता के प्रति सकारात्मक वातावरण देखने को नहीं मिल रहा है? क्यों हिन्दू परिवारों के बच्चे लगातार अपनी धार्मिक मान्यताओं से विमुख होते जा रहे हैं? इन सवालों को समाज में, अपने परिवार में परखने की आवश्यकता है. ये विज्ञापन हो अथवा फ़िल्में, कोई कहानी हो या फिर किसी भी तरह का सामाजिक-सांस्कृतिक वातावरण सभी के पीछे कोई कुत्सित मानसिकता काम कर रही है. इस मानसिकता का एकमात्र उद्देश्य हिन्दू धर्म का मखौल बनाना, उसकी जड़ों को खोखला करना ही है.


.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

12 अगस्त 2020

लिव इन रिलेशन की सामाजिकता

समाज का बहुसंख्यक वर्ग वर्तमान में वैवाहिक संबंधों के प्रति नकारात्मकता दिखा रहा है. पति-पत्नी के आपसी संबंधों में लगातार बिखराव की स्थिति आ रही है. वैवाहिक संबंधों से वितृष्णा दिखाकर वर्तमान युवा और स्वच्छंद पीढ़ी एक नए रिश्ते को समाज में स्थापित कर चुकी है. यह नई संकल्पना लिव-इन-रिलेशन के नाम से जानी जा रही है. इन लोगों को विषय की गंभीरता, समाज पर उसका प्रभाव, उसकी दीर्घकालिकता का कोई अर्थ नहीं होता उन्हें तो सिर्फ और सिर्फ अपनी बात सिद्ध करना होता है. इस समय युवा वर्ग कैरियर बनाने की जद्दोजहद में लगा हुआ है ऐसे में उसके लिए विवाह से ज्यादा महत्त्वपूर्ण कार्य अपने कैरियर में सफलता प्राप्त करना होता है; अधिकाधिक धनार्जन करना होता है; ऐशो-आराम के समस्त संसाधनों को प्राप्त कर लेना होता है. इस आपाधापी के चलते युवाओं में विवाह संस्था के प्रति विश्वास समाप्त सा होता जा रहा है. ऐसी स्थिति में बिना किसी प्रतिबन्ध, बिना किसी जिम्मेवारी, स्वतंत्र भाव से जीने की संकल्पना, अकल्पनीय स्वतंत्रता के बीच शारीरिक संबंधों की स्वीकार्यता ने ही लिव-इन-रिलेशन को जन्म दिया. इस तरह के सम्बन्ध नितांत दैहिक आकर्षण और उसकी माँग और आपूर्ति जैसे क़दमों की देन हैं और ऐसे सम्बन्ध यदि दीर्घकालिक, पूर्णकालिक नहीं हैं तो इनका सर्वाधिक नुकसान महिलाओं को ही उठाना पड़ता है.



इस मानसिकता का सर्वाधिक लाभ बाजार ने उठाया है. बाजार में जहाँ एक तरफ महिलाओं सम्बन्धी गर्भ-निरोधक साधनों की, गर्भ रोकने के उपायों की भरमार है वहीं दूसरी तरह गर्भपातों की, बिन-व्याही माताओं की, कूड़े के ढेर पर मिलते नवजातों की संख्या में भी अतिशय वृद्धि हुई है. ये समूची स्थितियाँ सिर्फ और सिर्फ महिलाओं को प्रभावित करती हैं. यदि लिव-इन-रिलेशन जैसे सम्बन्ध आपसी सामंजस्य से विवाह संस्था से बचने के लिए हैं; शारीरिक संबंधों की निर्बाध स्वीकार्यता के लिए है; अल्पकालिक दैहिक सुख के लिए है तो सहजता से कहा जा सकता है कि ऐसे सम्बन्ध असामाजिकता को ही बढ़ायेंगे. लिव-इन-रिलेशन जैसे संबंधों में किसी भी समय पर लड़के द्वारा लड़की को छोड़ देने, किसी और लड़की के साथ लिव-इन में चले जाने, इस रिलेशन में रहने वाली लड़की के गर्भवती होने, कई-कई शारीरिक संबंधों से होने वाले यौन-रोगों आदि दुष्परिणाम भी सामने आने की आशंका बनी रहती है.

सामाजिक संरचना में विवाह संस्था यौन-संबंधों की स्वीकार्यता मात्र के लिए नहीं है अपितु सृष्टि के विकास की अवस्था में सहगामी कदम भी है. इसके द्वारा जहाँ पारिवारिक संरचना का विकास होता है वहीं सामाजिकता भी अपना विकास करती है. ऐसे में लिव-इन-रिलेशन की सामाजिक-कानूनी मान्यता-स्वीकार्यता के पूर्व खुले मंच से इस पर बहस हो, खुले दिल-दिमाग से इसके समस्त पहलुओं पर चर्चा हो, सकारात्मक दृष्टि से इसके नैतिक-अनैतिक रूप का आकलन हो. ऐसा करना न सिर्फ वर्तमान के लिए वरन भविष्य के लिए भी उचित कदम होगा.

12 जून 2020

बेटी की वैवाहिक ख़ुशी में शामिल है अनाज बैंक

जब आप किसी की ख़ुशी में शामिल होते हैं तो न केवल उस परिवार की ख़ुशी में वृद्धि होती है बल्कि खुद को भी प्रसन्नता महसूस होती है. ऐसी ख़ुशी उस समय भी मिलती है जबकि आप किसी की ख़ुशी में बिना किसी स्वार्थ के सम्मिलित होते हैं. ऐसी ही ख़ुशी में शामिल होने का अवसर अनाज बैंक टीम को आज मिला. इस टीम का एक हिस्सा होने के नाते उस ख़ुशी में एक भाग हमें भी मिला. उस आनंद का अतिरेक आंतरिक रूप से महसूस किया.


जनपद जालौन के ग्राम खजुरी का एक परिवार विगत कई वर्षों से वाराणसी अपने काम के सिलसिले में जाता रहता है. इस वर्ष भी उसका वहाँ जाना हुआ. उसके वहाँ पहुँचते ही कोरोना ने अपना रूप दिखाना शुरू  किया और उसके कारण सरकार को लॉकडाउन लगाना पड़ा. ऐसी स्थिति में इस परिवार के सामने न केवल रोजगार का संकट पैदा हुआ बल्कि खाने-पीने की भी समस्या उत्पन्न हुई. ऐसे में वाराणसी में संचालित अनाज बैंक मुख्यालय ने तमाम परिवारों की तरह इस परिवार का भी भरण-पोषण का जिम्मा लिया. बिना किसी क्षेत्र, वर्ग की परवाह किये अनाज बैंक सदैव सबकी सहायता करता है.

वह परिवार लॉकडाउन जैसे समय में भी वाराणसी में आराम के साथ निवास कर रहा था मगर उस परिवार के बुजुर्ग पारिवारिक सदस्य, जो गाँव में थे, उनके लिए लगातार चिंता करते रहते थे. उनके बराबर जोर डालने पर, दवाब बनाने पर खजुरी का यह परिवार साइकिल से, पैदल वाराणसी से अपने गाँव के लिए निकल पड़ा. अनाज बैंक संस्थापक डॉ० राजीव श्रीवास्तव सहित अनाज बैंक वाराणसी की टीम ने उस परिवार को रोकने का बड़ा प्रयास किया मगर अपने घर के बुजुर्गों के दवाब के कारण वह परिवार अपने गाँव आ ही गया. चालीस-पैंतालीस दिन तक अनाज बैंक के संपर्क में रहने के कारण यह परिवार लॉकडाउन, कोरोना, क्वारंटाइन आदि के बारे में जान-समझ चुका था. इस कारण गाँव आने के पहले पूरे परिवार ने अपनी जाँच मेडिकल कॉलेज, उरई में करवाई तथा सबकुछ सामान्य होने के बाद भी अपने आपको चौदह दिन के क्वारंटाइन में रखा.

बेटी के बाबा के साथ शाखा प्रबंधक धर्मेन्द्र कुमार 

इस परिवार का संपर्क लगातार अनाज बैंक वाराणसी से तथा बुन्देलखण्ड की क्षेत्रीय शाखा उरई से बना रहा. अनाज बैंक निदेशक डॉ० अमिता सिंह लगातार इस परिवार को राशन सामग्री की सहायता उपलब्ध करवाती रहीं. यह जानकारी होने पर कि इस परिवार की बेटी का विवाह इसी 19 जून को संपन्न होना है अनाज बैंक ने इसमें अपनी सहभागिता परिवार की तरह करने का विचार बनाया. अनाज बैंक द्वारा इस परिवार की ख़ुशी में स्वयं को सम्मिलित किया गया. परिवार को न केवल सहायता करने बल्कि वैवाहिक आयोजन को पारिवारिक आयोजन मानकर अनाज बैंक बुन्देलखण्ड की तरफ से प्रयास किया गया.


अनाज बैंक संरक्षक माननीय इन्द्रेश जी के निर्देशानुसार संस्थापक राजीव जी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ. इसके साथ-साथ अनाज बैंक निदेशक डॉ० अमिता सिंह के निर्देशन में उरई शाखा टीम ने खजुरी गाँव पहुँचकर परिवार को यथासंभव खाद्य-सामग्री प्रदान की तथा बिटिया को वस्त्र-आभूषण तथा उसकी गृहस्थी से सम्बंधित आवश्यक सामान उपहारस्वरूप आशीर्वाद के साथ प्रदान किये. इस अवसर पर टीम ने वैवाहिक तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली. परिजन अनाज बैंक के इस कदम से अत्यधिक उत्साहित और प्रसन्न दिखे. बिटिया को भावी जीवन के सुखमय होने का आशीर्वाद.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

30 मई 2020

जुड़वाँ नजर आते थे हम कभी-कभी

आज हमारे जीजा जी-जिज्जी की वैवाहिक वर्षगाँठ है. 46 वर्ष हो गए इस शुभ अवसर को और देखिये हम भी इस संख्या से कोई आठ महीने आगे ही हैं. उम्र का इतना बड़ा अंतर होने के कारण जीजा जी से मजाकिया रिश्ता होने के बाद भी कभी मजाक जैसी स्थिति में नहीं आ सके. उनकी तरफ से जरूर अनेक अवसरों पर मजाक किया जाता रहा मगर हम बस हँसकर उस मजाक का जवाब दे लेते. उनसे बात करने की हिम्मत भी उस घटना के बाद हुई जो हमारे जीवन की सबसे बड़ी घटना है. उसके पहले तो हाँ-हूँ, जी-जी के साथ गिने-चुने शब्दों में बातचीत हो जाया करती थी. बड़ी बहिन की उम्र कितनी भी हो वह माँ समान स्थिति में ही रहती है. कितनी भी बड़ी हो फिर भी मित्रवत ही रहती है. कुछ ऐसा ही रिश्ता है जिज्जी के साथ हमारा भी. उनके साथ भी बातचीत भले ही बहुत ही मर्यादित रूप में होती हो किन्तु कहीं न कहीं वे माँ के रूप में हमारे जीवन में नजर आती हैं. उनके साथ गुजरे कुछ पल भी हमारे लिए बहुत अनमोल हैं. उनके पास जाने पर उनके द्वारा एक-एक पल में हमारा ध्यान रखना आज तक याद है. दुर्घटना के समय में और उसके बाद जिज्जी और जीजा जी का लगातार साथ खड़े रहना, हमारी हिम्मत बने रहना, हमारी सुविधा से जुड़ी सम्बंधित एक-एक स्थिति पर बारीकी से नजर रखना आज भी ज्यों का त्यों बना हुआ है.



बहरहाल, यदि जीजा जी और जिज्जी के हमारे प्रति व्यवहार पर लिखने बैठ गए तो कई-कई वर्ष कम पड़ेंगे इसलिए उस बात पर आते हैं, जिसके लिए यह पोस्ट लिखनी आरम्भ की है. जैसा कि इस पोस्ट का आरम्भ उनकी वैवाहिक वर्षगाँठ से किया था तो आपको फिर से बताते चलें कि उनका विवाह सन 1974 में हुआ, उस समय हम मात्र आठ माह के हुए थे. सितम्बर 1974 में हम एक साल के होते. स्पष्ट है कि आठ महीने वाला बालक कितना बड़ा होगा. लोगों की गोद हमारा खेल का मैदान हुआ करती थी. उस पर भी यदि ननिहाल की जमीन हो तो फिर क्या कहने. उस पर भी सोने में सुहागा ये कि हमारी अम्मा जी कई-कई भाइयों के बीच अकेली बहिन हुआ करती थीं और ऐसे में हम ही एकमात्र भांजे, एकमात्र नाती हुआ करते थे अपने मामाओं-मामियों के, नानाओं-नानियों के. उन दिनों बारात का रुकना कोई आज के जैसे कुछ घंटों के लिए तो होता नहीं था. जीजा जी भी बारात लेकर आये और बारात का रुकना तीन-चार दिन के लिए हुआ.

अब मामा-मामियों के लाड़ में हम दूबरे हुए जा रहे थे. सुबह से शाम तक हम कितने-कितने लोगों के लिए खिलौना बनते कहा नहीं जा सकता. जिसके हाथ में आते वह अपनी तरह से हमें सजाने-संवारने में लग जाता. राजशाही सा जलवा बना हुआ था. कोई एक कपडा दोबारा तो धारण करना ही नहीं होता था. ऐसे में कई बार हम लड़कों की पोशाक में नजर आते तो कई बार फ्रॉक में. एक बार देखने वाला तो जरूर धोखा खा जाये कि अभी लड़के को देखा था या लड़की को. ऐसे में जीजा जी का धोखा खा जाना भी स्वाभाविक है. उन्होंने तो हमें बस अपनी वैवाहिक परम्पराओं, संस्कारों का निर्वहन करते ही देखा था. विदाई पश्चात् जब वे गाँव पहुँचे तो उन्होंने जिज्जी से अपनी शंका का समाधान करना चाहा. उनके मन में हम अकेले नहीं वरन जुड़वाँ के रूप में विद्यमान थे, एक लड़का और एक लड़की के रूप में. जिज्जी ने भी उनको परेशान न करते हुए शीघ्र ही समस्या से बाहर निकाल लिया.

इस फोटो की कहानी फिर कभी 

ऐसा ही संशय, धोखा उस शादी में काम करते हुए हलवाइयों के बीच भी उपस्थित हो गया था. हमारे एक मामा जी उस समय होटल चलाया करते थे. उन्हीं के सारे कर्मचारी शादी में पकवान बनाने, खाना बनाने के काम में लगे हुए थे. उन्हीं में एक हलवाई हमें मनोज के नाम से पुकारा करते थे. वे हमें खूब खिलते भी थे. शादी के बाद भी वे हमसे मिलने घर आते रहे. शादी के किसी दिन किसी के प्यार-स्नेह के वशीभूत हम लड़कियों के कपड़ों में नजर आने लगे. हमारे रोने की आवाज़ सुनकर उन्हीं हलवाई ने अपने किसी कर्मी को आवाज़ देकर कहा कि मनोज के रोने की आवाज़ आ रही है, उठा लाओ. उनके अधीन काम करने वाला व्यक्ति जाए और खाली हाथ लौट आये. उसके लौटने का कारण इतना होता कि वहाँ मनोज नहीं कोई लड़की रो रही है. ऐसा जब दो-तीन बार हुआ तो वे हलवाई खुद उठकर आँगन तक आये. वे समझ गए कि उनका कर्मचारी क्यों नहीं पहचान पा रहा है हमें. उसके बाद उन्होंने सबसे कह दिया कि जब तक वे लोग वहाँ हैं कोई हमें फ्रॉक वगैरह न पहनाए.

अम्मा अक्सर ये यादें हम सबके बीच बाँटती रहती हैं. आज अपने भांजे की पोस्ट देखी तो ये सबकुछ फिर से आँखों के आगे घूम गया.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

14 फ़रवरी 2020

एक-दूजे के हमसफ़र बने नेत्रहीन दिव्यांग

14 फरवरी, समाज में बहुतायत लोगों के लिए वेलेंटाइन डे का परिचायक बना हुआ है. वेलेंटाइन के बारे में बिना जाने-समझे विपरीत-लिंगी एक-दूसरे को लुभाने में लगे हुए हैं. बहरहाल, समाज में सबकी अपनी स्वतंत्र सोच है, अपना स्वतंत्र अस्तित्व है जो कुछ भी मानने, मनाने के लिए मुक्त है. इसी दिन वर्ष 2019 में पुलवामा में आतंकी हमले में देश ने अपने अनमोल नगीने सदा-सदा को खो दिए थे. अनेक परिवारों के चिराग हमेशा-हमेशा को खामोश हो गए थे. आज का दिन बहुत से लोग उनको याद करते हुए मनाने में व्यस्त हैं. यह भी व्यक्ति की अपनी स्वतंत्रता, अपनी इच्छा के कारण ही है. वैसे भी हरेक दिन किसी न किसी के लिए बुरा होता है, किसी के लिए अच्छा. कोई दिन विशेष को सुख के लिए सदैव याद रखता है तो कोई उस दिन विशेष के दुःख में सदैव आंसू बहाता रहता है. आज जब लोग कहीं पुलवामा के शहीदों को याद करते हुए उनको नमन कर रहे थे, कहीं-कहीं लोग वेलेंटाइन के नाम पर प्रेम की तलाश में भटक रहे थे उसी समय उरई शहर के हुलकी माता मंदिर में दो इंसान दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर रहे थे, एक नई राह पर चलते हुए नवजीवन का आधार निर्मित कर रहे थे. 



दाम्पत्य जीवन में तो रोज ही अनेक लोग बँधते हैं, नित्य ही अनेक लोग नवजीवन का आरम्भ करते हैं मगर आज इस वैवाहिक आयोजन के अपने ही मायने थे. मंदिर प्रांगण की पावनता के बीच संपन्न होने वाले वैवाहिक आयोजन में स्वतः ही एक तरह की पावनता, मधुरता झलक रही थी. दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करने वाले दोनों इंसान दुनिया को बजाय देखने के महसूस करते हैं, उसका एहसास करते हैं. जी हाँ, उरई शहर में संचालित होने वाले अंध-विद्यालय के नेत्रहीन शिक्षक तेजपाल आज विवाह के बंधन में बंधे. सुजाता उनकी जीवन-संगिनी बनी जो वर्तमान में तकनीकी शिक्षा में अध्ययनरत हैं. इसे संयोग कहा जाये या कुछ और कि सुजाता भी तेजपाल की तरह ही दुनिया को देखने के स्थान पर महसूस करती हैं. सुजाता का परिवार मध्य प्रदेश के जबलपुर में निवास करता है, जिनका मूल कार्य मजदूरी करना है. तकनीकी शिक्षा के अध्ययन के दौरान सुजाता की मित्रता अपनी ही तरह एक नेत्रहीन नीता से हुई जिसके द्वारा उनकी राह उरई में निवास कर रहे तेजपाल तक चली आई. असल में नीता का विवाह विगत वर्ष मई में नेत्रहीन शिक्षक रामसूरत के साथ हुआ. रामसूरत और तेजपाल एकसाथ अध्ययन करते रहे हैं और उरई ने अंध-विद्यालय में एकसाथ रहे भी हैं. मित्रता का ध्रुव बजाय एकपक्षीय रहने के द्विपक्षीय रहा. उधर सुजाता और नीता मित्र थीं इधर तेजपाल और रामसूरत मित्र थे. दोनों के प्रयासों से दोनों परिवार मिले और बात अंततः विवाह पर आकर संपन्न हुई.




उरई के हुलकी माता मंदिर के प्रांगण में दिन में गायत्री परिवार के रीति-रिवाजों के साथ तेजपाल और सुजाता का विवाह संपन्न हुआ. इस विवाह में न केवल दोनों के परिजन शामिल हुए वरन अंध-विद्यालय के बच्चे, शिक्षक, कर्मचारी सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारियों में सर्वसुलभ और अत्यंत सहज-सरल अपर जिलाधिकारी भी शामिल हुए. एक विशेष बात यह भी रही कि वर्तमान में अमेठी में कार्यरत रामसूरत और उनकी पत्नी नीता भी अपने मित्रों के वैवाहिक समारोह में सम्मिलित होने अपने परिजनों संग उपस्थित हुए. तेजपाल और सुजाता की भावी राह सुखमय रहे यही कामना है.



बाँए से - गणेश शंकर त्रिपाठी, नीता, रामसूरत (पति-पत्नी), कुमारेन्द्र 

06 मई 2019

विवाह में लड़की पक्ष पर बनता एक और दबाव


सामाजिक बदलाव के दौर में शादियों के आयोजन में भी बदलाव देखने को मिलने लगे हैं. विवाह का निर्धारण होने के पहले दिन से लेकर विवाह होने के अंतिम दिन तक की गतिविधियाँ भी तमाम सारे बदलाव के दौर से गुजरने लगी हैं. दूल्हा, दुल्हन का साज-श्रृंगार तो इन बदलाव का सबसे बड़ा शिकार हुआ है. इसके अलावा निमंत्रण-पत्र, सजावट, खान-पान आदि में भी जबरदस्त बदलाव देखने को मिल रहे हैं. ये सारे बदलाव ऐसे हैं जो दोनों परिवारों की ख़ुशी से सहज रूप में स्वीकार होते हैं. इन्हीं बदलावों के बीच एक बदलाव ऐसा देखने को मिल रहा है जो बदलाव का सहज स्वीकार स्वरूप होने के बजाय एक तरह का दबाव सा नजर आता है. एक ऐसा दबाव जो लड़के वालों द्वारा लड़की वालों पर डाला जाता है और लड़की वाले न चाहते हुए भी इसे मानने को विवश होते हैं. यह दबाव होता है लड़की वालों द्वारा लड़के वालों के शहर में पहुँचकर शादी का आयोजन संपन्न करना. 


हो सकता है कि शादियों के मौसम में आपको मिलने वाले निमंत्रण में ऐसे तमाम निमंत्रण मिलते होंगे जिनमें लड़की वालों को शादी के लिए लड़के वालों के शहर में जाना पड़ता होगा. यह एक नए तरह का बदलाव देखने को मिल रहा है जिसके मूल में किसी तरह के बदलाव की मानसिकता नहीं वरन आर्थिक कारण प्रमुख है. किसी भी वैवाहिक आयोजन में अब लड़के वालों द्वारा यह माना जाने लगा है कि लड़की वाले उसके अधीन हैं. लड़के वाले जैसा चाहेंगे, जैसी माँग रखेंगे, लड़की वालों द्वारा उसे माना जायेगा. इस मानसिकता को विकसित करने के पीछे समाज की वही मानसिकता काम करती है, जिसमें माना जाता है कि लड़की का विवाह करना ही करना है. जिसमें माना जाता है कि लड़की पराया धन है उसे ससुराल जाना ही है. इसी मानसिकता का फायदा लड़के वालों द्वारा उठाया जाता है. उनके द्वारा लड़की वालों को अपने शहर बुलाकर वैवाहिक आयोजन करवाने से उनके सामने सीमित बाराती संख्या रखने की दुविधा समाप्त हो जाती है. लड़के वालों द्वारा बारात ले जाने की स्थिति में सीमित बाराती, कारों सहित अन्य वाहनों का खर्चा उठाने की जहमत इस एक बदलाव से समाप्त हो जाती है. ऐसे में जहाँ लड़की के विवाह को संपन्न करवाने का एक अनपेक्षित दबाव लड़की वालों पर रहता है वे उसी दबाव में लड़के वालों की इस माँग को भी मान लेते हैं या कहें कि लड़के वाले लड़की वालों के इसी दबाव को अपने पक्ष में जबरन और झुका ले जाते हैं.

इस तरह के बदलाव को देखकर उस सोच पर अब हँसी आती है जिसमें कहा जाता था कि लड़कियों को खूब पढ़ाओ-लिखाओ, उनको नौकरी करवाओ, रोजगार दिलवाओ, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाओ, आत्मनिर्भर बनाओ ऐसा करने से दहेज़ समस्या का समाधान निकल आएगा. इधर अब लग रहा है कि दहेज़ समस्या का कोई समाधान तो निकला नहीं, किसी तरह से यह कम होते दिखा नहीं बल्कि लड़की वालों के गले एक नई समस्या और आकर अटक गई. इस समस्या के चलते अब वे लड़के वालों के शहर शादी करने जाने लगे हैं. पता नहीं इस समाज में लड़कियों के विवाह से सम्बंधित समाज द्वारा उत्पन्न समस्याओं का वास्तविक निराकरण कब होगा?

12 फ़रवरी 2019

प्रेम किसी संकुचन का नहीं वरन विस्तार का नाम है


प्रेम, प्यार, मुहब्बत, इश्क.... ये ऐसे शब्द हैं जिन्हें किसी के सामने बोल भर दीजिये, बस फिर ऐसा लगता है जैसे कोई अजूबा सा काम कर दिया गया है. अभी आपने किसी से इश्क नहीं किया है. किसी को आपसे मुहब्बत नहीं हुई है. किसी के साथ आप इश्क की गिरफ्त में नहीं हैं. इसके बाद भी सामने वाले के दिमाग में एक छवि उभर कर स्थायी भाव रख लेती है. इस स्थायी भाव में एक लड़का होगा (वो आप ही होंगे) और एक लड़की होगी. इसके आगे के भाव वह अपने आप बनाता-संवारता रहेगा. समझा जा सकता है कि इस भाव में क्या-क्या भाव बनते होंगे. इसके पीछे समाज की प्रेमपरक सोच तो है ही, प्रेम को लेकर बना नजरिया भी इसका बहुत बड़ा कारण है. आज भी समाज में प्रेम का सीधा सम्बन्ध स्त्री-पुरुष के दैहिक संबंधों से लगाया जाने लगता है. ये अपने आप मान लिया जाता है कि प्रेम करने वाले दो विषमलिंगियों के बीच शारीरिक सम्बन्ध बने ही बने होंगे. ये माना जाने लगता है कि दो प्रेम करने वाले आपस में शादी करेंगे ही. ये भी समाज में स्थापित मान्यता है कि दो प्रेम करने वालों को आपस में शादी करनी ही चाहिए. समाज में प्रेम सम्बन्धी मान्यताओं को लेकर इतना भ्रम है कि प्रेम का वास्तविक स्वरूप सामने नहीं आ पाया है. 


सवाल ये कि कहाँ लिखा है कि दो प्रेम करने वालों के बीच शारीरिक सम्बन्ध बने ही होंगे? ये कहाँ लिखा है कि दो प्रेम करने वालों को आपस में शादी करनी ही चाहिए? ये कहाँ की मान्यता है कि बिना शादी किये प्रेम सफल नहीं कहा जाता? ये किस विचारक ने कहा है कि प्रेम का अंतिम स्वरूप शादी ही है? असल में ये समाज द्वारा बनाये गए कुछ नियम-कायदे हैं जो समय के साथ बदलने चाहिए थे मगर उनमें ऐसा नहीं हुआ. यहाँ बिना किसी पूर्वाग्रह के ध्यान रखना होगा कि यही वह समाज है जहाँ राधा-कृष्ण की पूजा की जाती है. यही वह समाज है जहाँ मीरा को स्त्री-सशक्तिकरण का मानक माना जाता है. क्या इन दोनों ने कृष्ण के साथ विवाह किया था? क्या इन दोनों ने कृष्ण के साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाये थे? क्या दोनों का प्रेम असफल माना जायेगा? यदि दोनों का प्रेम असफल है तो आज भारतीय समाज दोनों की पूजा क्यों करता है? क्यों राधा-कृष्ण के चित्र अपने पूजागृह में लगाये होता है? क्यों नहीं राधा की जगह कृष्ण की पत्नी रुक्मिणी की तस्वीर लगाई गई होती है?

असल में प्रेम एक विशुद्ध पावन अवधारणा है जो किन्हीं दो के बीच की भावनात्मक स्थिति है. इसमें दोनों सजीव हो सकते हैं, एक सजीव एक निर्जीव हो सकता है. यहाँ प्रेम करने वालो दो विषमलिंगी भी हो सकते हैं, दो समलिंगी भी हो सकते हैं. प्रेम करने वाले प्रेमी-प्रेमिका हो सकते हैं, अन्य दूसरे रिश्ते वाले भी हो सकते हैं. यहाँ प्रेम का वास्तविक स्वरूप समझने की जरूरत है. प्रेम कोई ऐसा स्त्रोत नहीं जो एक व्यक्ति से करने के बाद सूख जाता है. प्रेम कोई ऐसा धन नहीं जो एक पर खर्च कर दिया गया तो अन्य किसी के लिए शेष नहीं बचता है. प्रेम एक तरह की भावना है, एक तरह की संवेदना है जो एक या अनेक से हो सकती है. एकसाथ कई से हो सकती है. समान रूप से हो सकती है. यहाँ ध्यान यह रखने की जरूरत होती है कि प्रेम संबंधों में सामने वाले के साथ किसी तरह का विश्वासघात न हो. इसके पीछे कारण यह कि प्रेम आपस में विश्वास की माँग करता है. किसी भी व्यक्ति का यह कहना कि एक बार प्रेम करने के बाद किसी दूसरे से कैसे प्रेम किया जा सकता है, सिद्ध करता है कि उसके दिल में प्रेम नहीं वरन एक व्यक्ति विशेष के प्रति आकर्षण का भाव बना रहा है. प्रेम का सम्बन्ध स्पष्ट रूप से सामने वाले के प्रति भावनात्मक, सकारात्मक भावना रखना है. ऐसा कैसे हो सकता है कि कोई व्यक्ति एक व्यक्ति के प्रति भावनात्मक रूप से सकारात्मक रहे और अन्य व्यक्तियों के प्रति नकारात्मक हो जाये.

असल में समाज में प्रेम को लेकर एक तरह की मानसिकता बनी रही है जो समय के साथ-साथ रूढ़ हो गई है. अब यहाँ प्रेम का सम्बन्ध सिर्फ एक व्यक्ति से, पहली नजर से माना जाने लगा है. ऐसा भी माना जाने लगा है कि जिससे व्यक्ति प्रेम करता है यदि उससे शादी नहीं होती है तो प्रेम असफल माना जायेगा. ये भी माना जाने लगता है कि जिस व्यक्ति से प्रेम हो यदि उससे शादी न हो पाए तो किसी दूसरे से प्रेम करना अपराध है. यह भी माना जाता है कि एक समय में एक ही व्यक्ति से प्रेम किया जा सकता है. यदि एक समय में एक व्यक्ति एक से अधिक लोगों से प्रेम करता है तो वह भी अपराध है. यह भी स्वीकार जाता है कि प्रेम की परिणति यदि विवाह के रूप में हो जाये तो फिर दोनों को किसी अन्य से प्रेम करने की अनुमति नहीं. ये भी सामने सी अवधारणा है कि शादीशुदा जोड़ों को किसी अन्य से प्रेम करने की अनुमति नहीं. ये सारी रूढ़ियाँ समाज में एक तरह से प्रेम के विस्तार पर अंकुश लगाती हैं. प्रेम का सीधा सा सम्बन्ध दो आपसी लोगों में भावनात्मकता का विस्तार है. यहाँ यदि उनके मन में आपस में एक-दूसरे के लिए छल, विश्वासघात, धोखा नहीं है तो प्रेम का यही सफलतम रूप है. देखा जाये तो प्रेम किसी संकुचन का नहीं वरन विस्तार का नाम है. काश! इसे समझा जा सकता, प्रेम करने वालों द्वारा भी, प्रेम संबंधों की ठेकेदारी निर्धारित करने वालों द्वारा भी.


21 सितंबर 2018

जब प्यार करे कोई तो देखे केवल मन


न उम्र की सीमा हो, न जन्म का हो बंधन, जब प्यार करे कोई तो देखे केवल मन किसी ग़ज़ल के ये चंद शब्द आज भी दिल को धड़का देते हैं. इन शब्दों में छिपी भावना को, प्यार को लगभग प्रत्येक व्यक्ति खुद के भीतर छिपी प्यार की भावना से एकाकार करके भावविभोर होता है. उम्र और जन्म का बंधन उसके लिए नकार चाहता है किन्तु जैसे ही यही भावना किसी और के प्यार के साथ जुड़ती दिखाई देती है वैसे ही सारी संवेदना हवा हो जाती है. अपने से इतर किसी दूसरे के लिए ऐसा होते ही समाज, संस्कार, मर्यादा, सामाजिकता आदि की सीमारेखा दिखाई देने लगती है. ऐसे एक-दो नहीं वरन हमारे आसपास अनेक उदाहरण हैं, जबकि दो व्यक्तियों की उम्र में जबरदस्त अंतर के चलते उनके संबंधों को मजाक बनाया गया, उनका मजाक बनाया गया. कुछ ऐसा ही हाल में ग़ज़ल-भजन गायक अनूप जलोटा और जसलीन के संबंधों के सामने आने के बाद हुआ. एक टीवी शो में उनके संबंधों का खुलासा होते ही उन पर चुटकुलों के, व्यंग्य के, परिहास के, उपहास के तीखे तीर चलाये जाने लगे. उम्र और जन्म के बंधन को न मानने वाले शब्द गुनगुनाने वाले भी उनके सम्बन्ध के पीछे पड़ गए. लिव-इन-रिलेशन, समलैंगिकता के समर्थक, किस ऑफ़ लव जैसे आयोजन का समर्थन करने वाले भी एकदम से अनूप जलोटा को चरित्रहीन साबित करने पर उतर आये. सोशल मीडिया पर जैसे एक आयोजन सा होने लगा. किसी एक पोस्ट पर, किसी एक चित्र पर अनेकानेक लाइक, टिप्पणी, शेयर मिलने लगे. बिना आगा-पीछा सोचे भेड़चाल शुरू हो गई. 


यहाँ विचार करना चाहिए कि क्या वाकई अनूप जलोटा ने अपराध जैसा कुछ किया है? तथ्यों के आलोक में देखना चाहिए कि क्या वाकई अनूप जलोटा को चरित्रहीन माना जाना चाहिए? उम्र के बहुत बड़े अंतर के कारण, भजन गायकी के चलते वे अचानक से व्यंग्य-बाणों का शिकार भले हो रहे हों मगर उन पर ऐसा कटाक्ष, व्यंग्य करने वालों को कई बातों पर ध्यान देने की जरूरत है. भजन सम्राट के रूप में प्रसिद्द अनूप जलोटा का वैवाहिक जीवन अपने आपमें संतोषजनक नहीं कहा जा सकता है. उन्होंने तीन शादियाँ की. उनकी पहली पत्नी गायिका सोनाली सेठ थीं हालांकि उनकी शादी बहुत समय तक नहीं टिक सकी और उनका तलाक हो गया. तलाक के बाद सोनाली ने गायक रूपकुमार राठौड़ से विवाह किया. अनूप जलोटा ने इस सम्बन्ध-विच्छेद के बाद अपने परिवार के कहने पर बीना भाटिया से शादी की. यह विवाह सम्बन्ध भी बहुत लम्बे समय तक न चल सका और इसकी परिणति भी सम्बन्ध-विच्छेद के रूप में हुई. इसके बाद अनूप जलोटा ने पूर्व प्रधानमंत्री गुजराल की भतीजी मेधा गुजराल से विवाह किया. उनके वैवाहिक को जैसे किसी की नजर लगी थी. सन 2014 में लीवर की बीमारी के चलते उनकी तीसरी पत्नी मेधा का देहांत हो गया. अकेले रह गए अनूप जलोटा के बारे में कहा जाता है कि वे जसलीन से संपर्क में आने के पहले दो लड़कियों के साथ लिव-इन-रिलेशन में भी रहे. क्या ये सब सामाजिक रूप से गलत माना जायेगा? क्या एक विवाह सफल न होने के बाद दो या तीन विवाह करना गलत है?

असल में हम सब लोकतांत्रिक देश में रहने का दम्भ भरते हैं और एक झटके में ही अलोकतांत्रिक हरकतें करने पर उतर आते हैं. आखिर हम आज भी किसी व्यक्ति के सार्वजनिक जीवन और व्यक्तिगत जीवन को अलग-अलग करके क्यों नहीं देख पा रहे हैं? खुद को लोकतान्त्रिक, आधुनिक स्वतंत्र मानने, बताने वाले किसी भी व्यक्ति के निजी जीवन में हस्तक्षेप करने को तत्पर हो जाते हैं. अनूप जलोटा के सम्बन्ध को मजाक का, आलोचना का विषय बनाने वालों को खुद से सवाल करने होंगे कि क्या उसने अपनी बीवी रहते ऐसा किया? क्या उसने अगली महिला के साथ रेप किया? क्या वे उसे भगा कर लाये हैं? क्या उसने किसी दूसरे का घर उजाड़ा है? क्या उसने आलोचना करने वालों के जीवन में ख़लल डाला है? क्या उसने समाज के किसी व्यक्ति का वैवाहिक जीवन तोड़ा है? फिर लोग क्यों अनूप जलोटा के पीछे पड़े हुए हैं? ऐसा कहीं इसलिए तो नहीं कि समाज में आज भी बहुतायत मध्यमवर्गीय लोगों का जीवन इतना सहज नहीं है? उनके लिए आज भी सेक्स, लड़की, लिव इन रिलेशन उनकी समझ से बाहर हैं? सामाजिकता, धर्म, उम्र, कार्य, संस्कार का नाम देकर ऐसे किसी भी सम्बन्ध का मजाक उड़ाने के पीछे कहीं खुद की कुंठा को दूर करना तो नहीं होता है? ऐसे लोगों को सोचना चाहिए कि समाज का एक बहुत बड़ा वर्ग यौन-कुंठा के मारे दूसरों के जीवन में, वैवाहिक जीवन में तांक-झांक करता रहता है. ऐसे लोगों के अपने वैवाहिक जीवन से, अपनी यौन सम्बंधी इच्छा से, विपरीत सेक्स से उत्पन्न उनकी संकुचित मानसिकता, कुंठित मानसिकता ही दूसरों को आलोचना के केंद्र में खड़ा कर देती है. कुछ ऐसा ही आज अनूप जलोटा के साथ हो रहा है और ऐसा ही कुछ समय पूर्व कुछ राजनीतिज्ञों के साथ, फ़िल्मी कलाकारों के साथ भी हुआ है. अतीत के मुर्दों को उखाड़ने से बेहतर है कि वर्तमान को देखा जाये तो इस सम्बन्ध में ऐसा कुछ नहीं जिसे चरित्रहीन कहा जाये, अपराध कहा जाये, अमर्यादित कहा जाये, अश्लील कहा जाये. हाँ, अपने-अपने वैवाहिक जीवन से असंतुष्ट लोग, यौन-कुंठा से भरे लोग अवश्य ही ये सब इस सम्बन्ध में खोज निकालेंगे.