पर्यावरण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पर्यावरण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

28 नवंबर 2025

ई-कचरे का बढ़ता खतरा

जल, वायु, ध्वनि, मृदा प्रदूषणों के बीच अपना विकराल रूप धारण कर चुके इलेक्ट्रॉनिक कचरे की तरफ अभी समाज बहुत गम्भीर नहीं दिखता है. आम जनमानस समझने की कोशिश नहीं कर रहा कि इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट भी पर्यावरण के लिए, मानव के लिए खतरा बन गया है. इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट को सामान्य बोलचाल में ई-कचरा के रूप में जाना जाता है. प्रतिवर्ष बहुत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण टूटने, पुराने होने के कारण फेंक दिए जाते हैं, वह ई-कचरा ही है. उचित तरीके से इसका निपटान, पुनर्चक्रण नहीं होने से ये स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए खतरा बन जाते हैं. ई-कचरे में कम्प्यूटर, मोबाइल, घरेलू उपकरण, व्यावसायिक उपकरण, माइक्रोवेव, रिमोट कंट्रोल, बिजली के तार, स्मार्ट लाइट, स्मार्टवॉच आदि आते हैं.

सामाजिक रूप से यह बहुत बड़ी समस्या है क्योंकि समाज का जिस तेजी से डिजिटाइजेशन हो रहा है, उसी तेजी से ई-कचरा उत्पन्न हो रहा है. आधुनिक तकनीक और मानव जीवन शैली में आने वाले बदलाव के कारण ऐसे उपकरणों का उपयोग दिन-प्रति-दिन बढ़ता जा रहा है जो विषैले, हानिकारक पदार्थों के जनक बनते हैं. ट्यूबलाइट, सीएफएल जैसी रोज़मर्रा वाली वस्तुओं में पारे जैसे विषैले पदार्थ पाए जाते हैं जो पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को नकारात्मक रूप से प्रभावित करते हैं. ऐसा अनुमान है कि पूरी दुनिया में लगभग 488 लाख टन ई-कचरा उत्पन्न हो रहा है. संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक ई-कचरा मॉनिटर के चौथे संस्करण में बताया गया कि दुनिया में इलेक्ट्रॉनिक कचरे का उत्पादन दर्ज ई-कचरे के पुनर्चक्रण की तुलना में पाँच गुना तेजी से बढ़ रहा है. रिपोर्ट में बताया गया कि 2022 में रिकॉर्ड 62 मिलियन टन ई-कचरा उत्पन्न हुआ जो 2010 की तुलना में 82 प्रतिशत अधिक है. इसके 2030 तक 32 प्रतिशत तक बढ़कर 82 मिलियन टन होने की सम्भावना है. विश्व स्तर पर रिकॉर्ड 62 बिलियन किलो ई-कचरा उत्पन्न हुआ जो प्रति व्यक्ति प्रतिवर्ष औसतन 7.8 किलो के बराबर है. 2022 में यूरोप ने प्रति व्यक्ति 17.6 किलो के हिसाब से सर्वाधिक ई-कचरा उत्पन्न किया.

ई-कचरे में मरकरी, कैडमियम और क्रोमियम जैसे कई विषैले तत्त्व शामिल होते हैं. इनके निस्तारण के असुरक्षित तौर-तरीकों से मानव स्वास्थ्य पर असर पड़ता है. इससे अनेक तरह की बीमारियाँ होने की आशंका रहती है. भूमि में दबाने से ई-कचरा मिट्टी और भूजल को दूषित करता है. जब मिट्टी भारी धातुओं से दूषित हो जाती है तो उस क्षेत्र की फसलें विषाक्त हो जाती हैं, जो अनेक बीमारियों का कारण बन सकती हैं. भविष्य में कृषियोग्य भूमि को भी अनुपजाऊ हो सकती है. मिट्टी के दूषित होने के बाद ई-कचरे में शामिल पारा, लिथियम, लेड, बेरियम आदि भूजल तक पहुँचती हैं. धीरे-धीरे तालाबों, नालों, नदियों, झीलों आदि का पानी अम्लीय और विषाक्त हो जाता है. यह स्थिति मानवों, जानवरों, पौधों आदि के लिए घातक हो सकती है. ई-कचरा में शामिल विषाक्त पदार्थों का नकारात्मक प्रभाव मस्तिष्क, हृदय, यकृत, गुर्दे आदि पर बहुत तेजी से दिखाई देता है. इसके साथ-साथ मनुष्य के तंत्रिका तंत्र और प्रजनन प्रणाली को भी यह प्रभावित कर सकता है.

ई-कचरा के निपटान की अपनी स्थितियाँ, अपनी चुनौतियाँ हैं. इस कारण सबसे ज्यादा जोर इसके पुनर्नवीनीकरण पर दिया जा रहा है. पुनर्नवीनीकरण के द्वारा प्लास्टिक, धातु, काँच आदि को अलग-अलग करके उसको पुनरुपयोग योग्य बनाया जाता है. वैश्विक स्तर पर अब 81 देश ऐसे हैं जिन्होंने ई-कचरे से संबंधित कोई नीति, कानून या विनियमन अपनाया है. इन 81 देशों में से 67 ने विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व (ईपीआर) सिद्धांत लागू किया है, 46 ने अपने नियमों में राष्ट्रीय ई-कचरा संग्रहण लक्ष्य निर्धारित किए हैं और 36 ने राष्ट्रीय स्तर पर ई-कचरा पुनर्चक्रण लक्ष्यों को अपनाया है. भारत भी ई-कचरे से संबंधित कोई नीति, कानून या विनियमन को अपनाने वाले देशों में शामिल है इसके बाद भी यहाँ ई-अपशिष्ट प्रबंधन से सम्बन्धित अनेक चुनौतियाँ हैं. सबसे बड़ी चुनौती जन भागीदारी का बहुत कम होना है. इसके पीछे उपभोक्ताओं की एक तरह की अनिच्छा है जो इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की रीसाइक्लिंग के लिये बनी रहती है. इसके अलावा हाल के वर्षों में एक और चुनौती इस रूप में सामने आई है कि देश में बहुत से घरों में ई-कचरे का निस्तारण बड़े पैमाने पर होने लगा है. यह स्थिति तब है जबकि भारत में ई-कचरे के प्रबंधन के लिये वर्ष 2011 से कानून लागू है जो यह अनिवार्य करता है कि अधिकृत विघटनकर्त्ता और पुनर्चक्रणकर्त्ता द्वारा ही ई-कचरा एकत्र किया जाए. इसके लिये वर्ष 2017 में ई-कचरा (प्रबंधन) नियम 2016 अधिनियमित किया गया है.

तकनीक, आधुनिक जीवनशैली, आवश्यकता आदि की आड़ लेकर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग भले ही अंधाधुंध तरीके से किया जाने लगा हो मगर यह स्वीकारना होगा ई-कचरा भविष्य के लिए खतरा बनता जा रहा है. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, गैजेट्स का जीवन बहुत लम्बा नहीं होता है और बहुतायत समाज का इन्हीं पर निर्भर होते जाना खतरे का सूचक है. आज की युवा पीढ़ी के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुविधा के लिए कम, पैशन के लिए ज्यादा उपयोग किया जा रहा है. ऐसे में उनके द्वारा उपकरणों को जल्दी-जल्दी बदल दिया जाता है. नवीन तकनीक के कारण भी बहुतेरे उपकरण आउटडेटेड हो जाते हैं. यह भी ई-कचरा की मात्रा को बढ़ाने का काम कर रहा है.

पर्यावरण की, मानव, जीवों की सुरक्षा की खातिर लोगों को केवल हवा, पानी, भूमि, पेड़-पौधों को बचाने के बारे में ही सजग नहीं होना है बल्कि ई-कचरा के प्रति भी सावधान होने की आवश्यकता है. बेहतर हो कि जीवनशैली को संयमित, नियंत्रित किया जाये. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का अत्यावश्यक होने पर ही उपयोग किया जाये. उनके निस्तारण के लिए औपचारिक क्षेत्र की सहायता ली जाये. सम्भव है कि मानव समाज कुछ हद तक आने वाले खतरे को टाल सके.  

04 दिसंबर 2024

प्लास्टिक प्रदूषण रोकने की आवश्यकता

प्लास्टिक प्रदूषण एक वैश्विक समस्या है जिसके लिए वैश्विक प्रतिक्रिया की आवश्यकता है. प्लास्टिक संकट को दूर करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने के प्रयास विगत कई वर्षों से लगातार संचालित हैं. प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने के लिए वैश्विक स्तर पर एक संधि की दिशा में बातचीत की प्रक्रिया चल रही है. कई वर्षों से संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सभा (यूएनईए) में प्लास्टिक प्रदूषण एक प्रमुख मुद्दा रहा है. 2017 में यूएनईए ने समुद्री कूड़े और माइक्रोप्लास्टिक पर एक विशेषज्ञ समूह की स्थापना की. सितम्बर 2021 में जिनेवा में आयोजित समुद्री कूड़े और प्लास्टिक प्रदूषण पर पहले मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के बाद पेरू और रवांडा ने एक मसौदा प्रस्ताव पेश किया. इस मसौदे को साठ से अधिक सदस्य देशों का समर्थन मिला. इसके बाद दिसम्बर 2021 में जापान ने भी एक वैकल्पिक मसौदा प्रस्ताव पेश किया. यूएनईए की अगली वार्ता के आरम्भ होने के पहले दोनों मसौदों को मिला दिया गया.  मार्च 2022 को यूएनईए में भाग लेने वाले 175 देशों ने एक साथ मिलकर प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय कानून कोअनिवार्य और बाध्यकारी रूप में अपनाए जाने का संकल्प लिया. इसके पश्चात् अंतर्राष्ट्रीय वार्ता समिति (आईएनसी) का गठन किया गया ताकि प्लास्टिक प्रदूषण पर एक कानूनी और बाध्यकारी नीति विकसित की जा सके. प्लास्टिक प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय संधि पर सहमति बनाने के लिए दक्षिण कोरिया के बुसान में अंतर्राष्ट्रीय वार्ता समिति की वैश्विक बैठक बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई. इस बैठक में शामिल 175 देशों के प्रतिनिधि प्लास्टिक उत्पादन और वित्त पर रोक लगाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक सहमति बनाने में विफल रहे. 2022 से कार्य कर रही आईएनसी की यह पाँचवीं बैठक थी.

सम्पूर्ण विश्व अनेकानेक संकटों से गुजरने के साथ-साथ पर्यावरण संकट के दौर से भी गुजर रहा है. सत्यता यह है कि यह संकट मनुष्य द्वारा ही उत्पन्न किया गया है. पर्यावरण संकट आज मानव समाज के सामने एक चुनौती के रूप में खड़ा हुआ है. इसके मूल में तमाम कारण होते हुए भी सबसे प्रमुख है इन्सान का विकास की अंधी दौड़ में लगे रहना. मनुष्य के उठते लगभग प्रत्येक कदम से आज पर्यावरण को नुकसान पहुँच रहा है. इसमें भी सबसे ज्यादा नुकसान उसके द्वारा प्रत्येक छोटे-बड़े कामों के लिए उपयोग में लाई जा रही पॉलीथीन से हो रहा है. पॉलीथीन से पर्यावरण को सर्वाधिक नुकसान होता समझ भी आ रहा है, दिख भी रहा है. इसमें पाली एथीलीन के होने के कारण उससे बनने वाली एथिलीन गैस पर्यावरण क्षति का बहुत बड़ा स्त्रोत है. पॉलीथीन में पालीयूरोथेन नामक रसायन के अतिरिक्त पालीविनायल क्लोराइड (पीवीसी) भी पाया जाता है. इन रसायनों की उपस्थिति के कारण पॉलीथीन हो या कोई भी प्लास्टिक उसको नष्ट करना संभव नहीं होता है. जमीन में गाड़ने, जलाने, पानी में बहाने अथवा किसी अन्य तरीके से नष्ट करने से भी इसको न तो समाप्त किया जा सकता है और न ही इसमें शामिल रसायन के दुष्प्रभाव को मिटाया जा सकता है. यदि इसे जलाया जाये तो इसमें शामिल रसायन के तत्व वायुमंडल में धुँए के रूप में मिलकर उसे प्रदूषित करते हैं. पॉलीथीन को जलाने से क्लोरोफ्लोरो कार्बन गैस धुँए के रूप में वायुमंडल से मिलकर ओजोन परत को नष्ट करती है. इसके साथ-साथ पॉलीथीन को जमीन में दबा देना भी कारगर अथवा उचित उपाय नहीं है क्योंकि यह प्राकृतिक ढंग से अपघटित नहीं होता है इससे मृदा तो प्रदूषित होती ही है साथ ही ये भूमिगत जल को भी प्रदूषित करती है. इसके साथ-साथ जानवरों द्वारा पॉलीथीन को खा लेने के कारण ये उनकी मृत्यु का कारक बनती है. 

सबकुछ जानते-समझते हुए भी आज बहुतायत में पॉलीथीन का उपयोग किया जा रहा है. यद्यपि केन्द्रीय सरकार ने रिसाइक्लड, प्लास्टिक मैन्यूफैक्चर एण्ड यूसेज रूल्स के अन्तर्गत 1999 में 20 माइक्रोन से कम मोटाई के रंगयुक्त प्लास्टिक बैग के प्रयोग तथा उनके विनिर्माण पर प्रतिबंध लगा दिया था किन्तु ऐसे प्रतिबन्ध वर्तमान में सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गए हैं. इसका मूल कारण पॉलीथीन बैग की मोटाई की जांच करने की तकनीक की अपर्याप्तता है. ऐसे में पॉलीथीन के दुष्प्रभाव को रोकने का सर्वाधिक सुगम उपाय उसके पूर्ण प्रतिबन्ध का ही बचता है. पॉलीथीन के द्वारा उत्पन्न वर्तमान समस्या और भावी संकट को देखते हुए नागरिकों को स्वयं में जागरूक होना पड़ेगा. कोई भी सरकार नियम बना सकती है, अभियान का सञ्चालन कर सकती है किन्तु उसे सफलता के द्वार तक ले जाने का काम आम नागरिक का ही होता है.

इसके लिए उनके द्वारा दैनिक उपयोग में प्रयोग के लिए कागज, कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग किया जाना चाहिए. नागरिकों को स्वयं भी जागरूक होकर दूसरों को भी पॉलीथीन के उपयोग करने से रोकना होगा. हालाँकि अभी भी कुछ सामानों, दूध की थैली, पैकिंग वाले सामानों आदि के लिए सरकार ने पॉलीथीन के प्रयोग की छूट दे रखी है, इसके लिए नागरिकों को सजग रहने की आवश्यकता है. उन्हें ऐसे उत्पादों के उपयोग के बाद पॉलीथीन को अन्यत्र, खुला फेंकने के स्थान पर किसी रिसाइकिल स्टोर पर अथवा निश्चित स्थान पर जमा करवाना चाहिए. ये बात हम सबको स्मरण रखनी होगी कि सरकारी स्तर पर पॉलीथीन पर लगाया गया प्रतिबन्ध कोई राजनैतिक कदम नहीं वरन हम नागरिकों के, हमारी भावी पीढ़ी के सुखद भविष्य के लिए उठाया गया कदम है. इसको कारगर उसी स्थिति में किया जा सकेगा, जबकि हम खुद जागरूक, सजग, सकारात्मक रूप से इस पहल में अपने प्रयासों को जोड़ देंगे.

12 जून 2024

माउंट एवरेस्ट पर बढ़ता कचरा

विश्व की सबसे ऊँची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट हमेशा से लोगों के लिए कौतूहल का विषय रही है. 1953 में जब पहली बार एडमंड हिलेरी और तेनजिंग नोर्गे ने इस पर पहुँचने का दुस्साहस किया तो वह सम्पूर्ण विश्व की कल्पनाशीलता की विजय थी. उसके बाद से आज तक एवरेस्ट विजय का स्वप्न लेकर हजारों पर्यटक इस ओर उमड़ते हैं. नेपाली भाषा में सागरमाथा अर्थात आसमान में माथा नाम से पहचानी जाने वाली इस पर्वत चोटी का प्रथम सर्वे 1955 में भारत ने किया. ब्रिटिश सर्वेयर जॉर्ज एवरेस्ट के सम्मान में ही इसे माउंट एवरेस्ट नाम से जाना गया. 8848 मीटर ऊँचा एवरेस्ट हिमालय का एक हिस्सा है जो एशिया के छह देशों से गुजरता हुआ 2400 किमी तक फैला है.    

एडमंड हिलेरी और तेनजिंग नोर्गे द्वारा एवरेस्ट विजय के बाद अपनी कल्पना को वास्तविकता में बदलने का एहसास लेकर हजारों की संख्या में पर्यटक और पर्वतारोही यहाँ आने लगे हैं. इतनी बड़ी संख्या में यहाँ लोगों के आने का असर अब दिख रहा है. विश्व की सबसे ऊँची पर्वत चोटी आज दुनिया का सबसे ऊँचा कचरा डंपिंग क्षेत्र कहलाने लगी है. इस क्षेत्र में 1976 में पहाड़ और वन्यजीवों की रक्षा के लिए सागरमाथा राष्ट्रीय उद्यान स्थापित किया गया. इसकी महत्ता और विशेषता को देखते हुए 1979 में इसे यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया. एक अनुमान के अनुसार इस पार्क को देखने के लिए ही प्रतिवर्ष दस हजार लोग यहाँ आते हैं. इन आगंतुकों के साथ-साथ एवरेस्ट पर चढ़ाई करने वाले पर्वतारोहियों की संख्या भी सैकड़ों में रहती है. पर्वतारोहण के अनुकूल मौसम में पाँच सौ से अधिक लोग एवरेस्ट पर चढ़ने का प्रयास करते हैं. प्रत्येक पर्वतारोही के साथ एक स्थानीय कर्मचारी भी रहता है जो अभियान का मार्गदर्शन करने के साथ-साथ रास्ते में उपयोग आने वाले तमाम उपकरणों, भोज्य पदार्थों आदि को लेकर चलता है. पर्वतारोहण करने के पूर्व प्रत्येक व्यक्ति को यहाँ बने हुए शिविरों में कई सप्ताह रहकर खुद को पर्वतारोहण के अनुकूल बनाया जाता है. इस दौरान प्रति व्यक्ति आठ किग्रा तक कचरा उत्पन्न होता है. इसमें ऑक्सीजन के खाली डिब्बे, छोड़े गए टेंट, खाद्य-पदार्थों के कंटेनर आदि सहित मानव मल भी शामिल है. देखा जाये तो माउंट एवरेस्ट एक तरह का पर्यटक स्थल बन गया है. वर्ष 2009 से अभी तक दो हजार से अधिक लोग इस पर्वत पर चढ़ाई कर चुके हैं. इसके चलते अब यह पर्वत कूड़े के ढेर में बदलता जा रहा है. अभी कुछ समय पूर्व नेपाली आर्मी ने माउंट एवरेस्ट सहित हिमालय की दो अन्य चोटियों से ग्यारह टन कचरा साफ़ किया. बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार नेपाली आर्मी इस कचरे में चार लाशें और एक कंकाल भी मिला. आर्मी को माउंट एवरेस्ट, नुपसे और लोहसे जैसी चोटियों से कचरा साफ़ करने में 55 दिनों का समय लगा. एक अंदाजा लगाया जा रहा है कि माउंट एवरेस्ट पर पचास टन कचरे सहित दो सौ से ज्यादा लाशें हैं.

यहाँ एक बात तो स्पष्ट है कि प्रतिवर्ष इतनी बड़ी संख्या में माउंट एवरेस्ट पर सामान्य नागरिकों का चढ़ना महज रोमांच की दृष्टि से, पर्यटन की दृष्टि से ही हो रहा है. इसके पीछे किसी भी तरह का वैज्ञानिक अनुसंधान, शोध-कार्य, शैक्षणिक जिज्ञासा कतई नहीं है. अपने शौक को पूरा करने के लिए, पर्यटन के लिए माउंट एवरेस्ट को कचरा क्षेत्र बनाये जाने से जहाँ एक तरफ पर्यावरण को नुकसान हो रहा है वहीं दूसरी तरफ स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. इस क्षेत्र में बढ़ती पर्यटक संख्या से प्राकृतिक पर्यावरण पर दबाव पड़ता है. जलाने एवं अन्य कार्यों के लिए लकड़ी की उपलब्धता बनाये रखने के लिए बड़े स्तर पर वनों की कटाई की जाती है. माउंट एवरेस्ट के आसपास रहने वाले हज़ारों नागरिकों के लिए जल स्रोत ही महत्त्वपूर्ण है. इस क्षेत्र में अपशिष्ट का उचित प्रबंधन न होने के कारण बर्फ पिघलने से ढँका हुआ कचरा बाहर आकर स्थानीय क्षेत्र के बाहर बड़े गड्ढों में आ जाता है. यही कचरा बाद में मानसून के मौसम में जलमार्गों से बहकर स्थानीय जलग्रहण क्षेत्र को दूषित करता है. यह प्रदूषित जल स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए ख़तरनाक है. मल पदार्थ से दूषित जल हैजा और हेपेटाइटिस जैसी घातक बीमारियों को उत्पन्न करता है.

माउंट एवरेस्ट के मौसम, जलवायु, उसकी परिवर्तनशीलता, ऑक्सीजन की उपलब्धता, तापमान का अचानक से बदलता क्रम आदि के सापेक्ष अनेक अनुसंधानों से जनहितकारी परिणाम प्राप्त किये जा सकते हैं. किसी अनुसंधान के लिए, वैज्ञानिकता के लिए, शोध जिज्ञासा हेतु, चिकित्सा, विज्ञान आदि की आवश्यकता हेतु किये जाने वाला पर्वतारोहण अनुमन्य हो सकता है मगर अपने शौक, रोमांच, पर्यटन के लिए एवरेस्ट पर्वतारोहण पर रोक लगनी चाहिए. यह सच है कि नेपाल की अर्थव्यवस्था में माउंट एवरेस्ट पर्वतारोहण बहुत बड़ा योगदान देता है मगर इसके चलते पर्यावरण संकट उत्पन्न कर लेना, एवरेस्ट को कचरे का ढेर बना देना कतई उचित नहीं. तिब्बती भाषा में एवरेस्ट को चोमोलुंगमा अर्थात दुनिया की देवी माँ कहा जाता है. इसका तात्पर्य एक पवित्र स्थान से है मगर पर्वतारोहियों की भीड़ ने, अपशिष्ट अप्रबंधन ने इसे प्रदूषित कर दिया है. विगत वर्षों में नेपाल सरकार सहित अनेक गैर-सरकारी संगठनों द्वारा जिस तरह से एवरेस्ट से कचरा साफ़ करने का अभियान चलाया जा रहा है, उसको देखते हुए उम्मीद की जा सकती है कि विश्व की सबसे ऊँची चोटी कचरा मुक्त रूप में नजर आएगी.

03 जून 2024

बढ़ता हुआ तापमान और मानवीय जिम्मेवारी

देश के अनेक राज्य, जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं. भयंकर लू का चलना और रिकॉर्डतोड़ तापमान ने होश उड़ा रखे हैं. एक-दो स्थानों से नहीं बल्कि अनेक जगहों से तापमान के 50 डिग्री सेल्सियस पार जाने की खबर आई. देश की राजधानी दिल्ली के मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 52.9 डिग्री सेल्सियस पहुँच गया. यह अपने आपमें भयावह स्थिति है. गर्मी के आरम्भ होते ही लगभग समूचे देश में तापमान में अचानक से वृद्धि दिखाई देने लगी. इन दिनों में 45 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक तापमान सामान्य रूप से रिकॉर्ड किया गया. इस वर्ष अप्रैल माह में वैश्विक तापमान के सामान्य से 1.32 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाने की घटना के चलते लगातार बढ़ते तापमान को वैश्विक घटना कहकर नकारा नहीं जा सकता है.  

तेजी से बढ़ते तापमान का मुख्य कारण जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण असंतुलन है. पर्यावरण असंतुलन के लिए तीव्रगति से बढ़ती जनसंख्या और उपभोक्तावादी प्रवृत्ति का लगातार बढ़ते जाना प्रमुख रूप से जिम्मेवार हैं. बढ़ती हुई जनसंख्या हो या फिर व्यक्ति की भोगवादी सोच, दोनों में नुकसान प्रकृति को ही उठाना पड़ रहा है. विकास के नाम पर, औद्योगीकरण के नाम पर अंधाधुंध तरीके से पेड़ों को काटा जा रहा है. विगत वर्षों में बनी सड़कें, एक्सप्रेस वे को इसके उदाहरण के रूप में देखा जा सकता है. जहाँ सड़कों का विकास सकारात्मक रूप में हुआ मगर प्राकृतिक विकास में जबरदस्त नकारात्मकता देखने को मिली. पेड़ों की इस तरह से होने वाली कटाई के कारण उत्पन्न पर्यावरण असंतुलन ने पर्यावरण में जहरीली गैसों को बढ़ा दिया है. उनको अवशोषित करने वाले पेड़ों को काटा गया मगर उनके स्थान पर भरपाई नहीं की गई.

सुख-सुविधाओं के चलते, उपभोक्तावादी प्रकृति के चलते आज लगभग पूरा समाज अत्याधुनिक उपकरणों पर निर्भर हो गया है. मोबाइल, कम्प्यूटर, एसी, फ्रिज आदि लगभग प्रत्येक घर में उपयोग किये जा रहे हैं. इन सबसे उत्सर्जित होने वाली गैसों के कारण भी पर्यावरण असंतुलन उत्पन्न हुआ है. ग्रीन गैसों का मामला हो या फिर तापीय प्रदूषण इनके द्वारा मानवीय सभ्यता को ही संकट का सामना करना पड़ रहा है. वायुमंडल में कार्बन मोनोक्साइड, नाइट्रोजन, ओजोन आदि के लगातार बढ़ते जाने के कारण हवा में इन प्रदूषित तत्वों की उपस्थिति बढ़ गई है. इसके चलते भी तापमान वृद्धि देखने को मिलती है. नीति आयोग के एक सदस्य का कहना है कि प्रदूषण के लिए ग्लोबल थ्रेशहोल्ड या पीपीएम (पार्ट्स पर मिलियन) 440 है जबकि इसका वर्तमान स्तर 417 पीपीएम से 420 पीपीएम के बीच है. जिस तरह से इसमें वैश्विक स्तर पर प्रतिवर्ष 2.3 पीपीएम जुड़ जाता है, उसके चलते माना जा रहा है कि अगले दस वर्षों में यह स्तर 440 पीपीएम तक पहुँच जाएगा. निश्चित ही यह सुखद स्थिति नहीं कही जा सकती है.

जलवायु परिवर्तन एक ऐसा खतरा है जिसके चलते मानव स्वास्थ्य नकारात्मक रूप से प्रभावित होता है. इसमें भी तापमान के बढ़ने से सर्वाधिक खतरा ब्रेन स्ट्रोक पड़ने का होता है. वैश्विक रूप से होते आये अनेक शोध-कार्यों की रिपोर्ट के आधार पर ऐसा माना गया है कि बढ़ते तापमान, जलवायु परिवर्तन के कारण स्ट्रोक से होने वाली मौतों और विकलांगता में वृद्धि देखने को मिली. ये अपने आपमें खतरनाक संकेत है. आँकड़े बताते हैं कि देश में लू के कारण प्रतिवर्ष औसतन तीस हजार से अधिक मौतें होती हैं. इसके अलावा साँस की बीमारियों के साथ-साथ टीबी, कैंसर, त्वचा रोग आदि जैसी कई असाध्य बीमारियाँ भी इसी कारण उत्पन्न होती हैं. ऐसा नहीं कि बढ़ते तापमान से सिर्फ़ इंसान ही प्रभावित होता है बल्कि इससे वन्यजीवों और पारिस्थितिकी तंत्रों पर भी प्रभावित होते हैं. पशु-पक्षियों की अनेक प्रजातियाँ दूसरे क्षेत्रों में पलायन कर जाती हैं अथवा विलुप्त हो जाती हैं. इससे पारिस्थितिकी तंत्र पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. ग्लोबल वार्मिंग, कृषि क्षेत्र की गिरती स्थिति आदि भी इसी कारण से है.

पर्यावरणीय असंतुलन के बढ़ते खतरों के मद्देनजर हमें स्वयं सोचना होगा कि हम अपने स्तर पर प्रकृति संरक्षण के लिए क्या योगदान दे सकते हैं. सरकार द्वारा पॉलीथीन पर पाबंदी लगाने के लिए समय-समय पर कदम उठाए गए लेकिन हम अपनी तरफ से इस ओर सजगता नहीं दिखा सके हैं. प्रयास किया जाये कि हमारे दैनिक उपभोग में ऐसे पदार्थों का कम से कम इस्तेमाल हो जिनके द्वारा किसी भी रूप में प्रकृति को, पर्यावरण को नुकसान होता हो. उपभोक्तावादी संस्कृति में जीवन बिताना मजबूरी हो सकती है मगर प्राकृतिक स्त्रोतों का दोहन उसी रूप में किया जाये, जिससे कि प्रकृति को संकट न हो. ऊर्जा के लिए रासायनिक पदार्थों, पेट्रोलियम आदि के उपभोग से ज्यादा सौर-ऊर्जा पर निर्भरता को बढ़ाना होगा. पेड़-पौधों की कटाई रोकने के साथ-साथ हम सभी को खाली पड़ी जगहों पर अधिक से अधिक पौधारोपण करने की आदत डालनी होगी. अच्छा हो कि हम अन्य किसी पर दोषारोपण करने के स्थान पर स्वयं जागें और प्रकृति संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लें.

17 अक्टूबर 2023

सिक्किम बाढ़ विभीषिका : जलवायु परिवर्तन से आया संकट

भीषण बाढ़ के रूप में जो त्रासदी सिक्किम पर पड़ी, उसे लेकर अब चिंतन-मनन चल रहा है कि इतनी बड़ी आपदा का कारण बादलों का फटना रहा या फिर कुछ और. पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम की तीस्ता नदी की बाढ़ में इस पर बना चुंगथांग बाँध बह गया. इसके साथ-साथ इस भीषण बाढ़ में ग्यारह पुल बह गए. एक अनुमान के अनुसार इस बाढ़ से बाईस हज़ार से ज़्यादा लोग प्रभावित बताए गए हैं. राज्य सरकार ने इस तबाही को प्राकृतिक आपदा घोषित कर दिया है. 

आखिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि तीस्ता नदी में विनाशकारी बाढ़ आ गई? इसका प्रथम दृष्टया कारण राज्य के उत्तर-पश्चिम में सत्रह हजार फीट की ऊँचाई पर स्थित दक्षिण लोनाक झील को बताया जा रहा है. लोनाक झील ग्लेशियर के पिघलने से बनी बड़ी हिमनद झील है. हिमनद के फटने से आई बाढ़, जिसे तकनीकी अर्थों में ग्लेशियर लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) कहा जाता है, ने तबाही मचा दी. जब ग्लेशियरों से बनी झील अपने मोराइन जो बर्फ, रेत, तलछट, प्राकृतिक मलबे आदि से बनते हैं, से मुक्त हो जाती है तो ग्लेशियल झील टूट जाती है. परिणामस्वरूप बड़ी मात्रा में पानी बहने से विनाशकारी बाढ़ आती है. जलवायु परिवर्तन के कारण से विगत वर्षों में जीएलओएफ़ की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है.

इस बाढ़ के पीछे दो कारणों पर विशेषज्ञों का ध्यान जा रहा है. इसमें एक तो बादलों का फटना अथवा भारी बारिश का होना है और दूसरा कारण नेपाल, दिल्ली सहित अनेक जगह आने वाले भूकंप हैं. भारी बारिश को लेकर मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि दक्षिणी सिक्किम में अवश्य भारी बारिश हुई किन्तु उत्तरी सिक्किम में ऐसा कुछ नहीं रहा. भारी बारिश से इतर भूकंप को जीएलओएफ के लिए जिम्मेवार माने जाने सम्बन्धी अटकलें इसलिए व्यक्त की जा रही हैं क्योंकि लोनाक झील और भूकंप केंद्र के बीच मात्र सात सौ किमी की दूरी है. संभव है कि नेपाल और दिल्ली में आये भूकम्पों की श्रृंखला ने एक ट्रिगर का काम किया हो.

सिक्किम में आई इस बाढ़ के पीछे कारण कुछ भी रहा हो मगर ये सत्य है कि जलवायु परिवर्तनों की इसमें बहुत बड़ी भूमिका है. ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन के कारण ग्लेशियर लगातार पिघल रहे हैं. एक रिपोर्ट के अनुसार उत्तरी सिक्किम में स्थित दक्षिण लोनाक ग्लेशियर कथित तौर पर सबसे तेजी से पीछे हटने वाले ग्लेशियरों में से एक है. 1962 से 2008 तक 46 वर्षों में यह ग्लेशियर अपने स्थान से लगभग दो किमी पीछे चला गया. इस कारण इसका क्षेत्रफल भी बढ़ता जा रहा था. वर्ष 1990 में जब इसमें पानी भरना आरम्भ हुआ तो उस समय मात्र सत्रह हेक्टेयर क्षेत्रफल वाली इस झील का विस्तार लगभग 168 हेक्टेयर में हो चुका था. स्पष्ट है कि इस पीछे हटने से बनी झील में पानी की मात्रा लगातार बढ़ती रही. एक अनुमान के अनुसार जिस समय लोनाक झील टूटी, उसमें छह हजार करोड़ लीटर पानी था.

राज्य सरकार ने इस तबाही को प्राकृतिक आपदा घोषित कर दिया है. बचाव कार्य चल रहे हैं. त्रासदी के कारण भी तलाशे जा रहे हैं. इन सबके बीच सबसे आवश्यक कदम पर्यावरण संरक्षण को लेकर उठाने सम्बन्धी है. इसके साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में हिमनद झीलों की वृद्धि और स्थिरता पर नज़र रखने के लिये एक व्यापक निगरानी प्रणाली की स्थापना करना भी आवश्यक है. उपग्रह, ड्रोन आदि के द्वारा इन  झीलों की स्थिति का, उनकी जल मात्रा का नियमित आकलन किया जाना चाहिए. प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, बाढ़ सुरक्षा उपायों, सुरक्षात्मक अवरोधों, जनजागरूकता, निचले प्रवाह क्षेत्रों में निकासी प्रक्रियाओं, सुरक्षा उपायों को मजबूत किया जाये. ऐसी घटनाओं से सबक लिया जाये न कि महज एक हादसा मानकर भुला दिया जाये. 

30 मई 2023

जी-7 में भारत की उपस्थिति के मायने

जापान का हिरोशिमा शहर एक बार फिर चर्चा में बना हुआ है. इस बार उसके चर्चा का कारण वहाँ आयोजित जी-7 शिखर सम्मलेन में भारत का आमंत्रित सदस्य के रूप में सम्मिलित होना है. यद्यपि जी-7 समूह का सदस्य न होने के बाद भी भारत इसके शिखर सम्मलेन में पहले भी अपनी सहभागिता कर चुका है तथापि इस बार उसकी उपस्थिति कई दृष्टिकोण से महत्त्वपूर्ण रही है. जी-20 शिखर सम्मलेन की अध्यक्षता भारत के पास होने के कारण भी उसकी सहभागिता प्रासंगिक रही. जी-7 शिखर सम्मेलन में गैर-सदस्य देशों को आमंत्रित किया जाना सन 2003 में आरम्भ हुआ था, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लिया था. वर्तमान में शिखर सम्मेलन में भारत की दसवीं भागीदारी है. जापानी प्रधानमंत्री किशिदा की आमंत्रित सदस्यों की सूची को ग्लोबल साउथ कहे जाने वाले देशों को प्रभावित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है. ग्लोबल साउथ का उपयोग एशिया, अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका के विकासशील देशों के लिए किया जाता है.

जी-7 शिखर सम्मलेन में भारत के अलावा दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, वियतनाम, इंडोनेशिया, कोमोरोस और कुक आइलैंड्स को आमंत्रित सदस्य के रूप में बुलाने का एक उद्देश्य यह भी है कि जलवायु परिवर्तन और खाद्य सुरक्षा पर व्यापक चर्चा के साथ-साथ चीन और रूस को भी सन्देश दिया जा सके. भारत की न केवल दक्षिण एशिया में मजबूत साख है वरन ग्लोबल साउथ देशों में भी उसकी प्रभावशाली भूमिका है. जी-7 समूह के देश इस बात को समझते हैं कि चीन के बढ़ते हस्तक्षेप को नियंत्रित करने के साथ ही रूस-यूक्रेन युद्ध के सन्दर्भ में ग्लोबल साउथ के देशों का साथ आवश्यक है. चीन फिलीपींस सहित कई अन्य देशों के क्षेत्रों में अपना दावा प्रस्तुत करता रहता है. अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने चीन के फिलीपींस पर दावे को खारिज कर दिया. इसके बाद भी चीन निर्णय को नजरअंदाज करते हुए फिलीपींस के आसपास कृत्रिम द्वीपों का निर्माण कर रहा है. चीन का यह रवैया वर्तमान अंतरराष्ट्रीय कानून को चुनौती है. भारत का भी चीन के साथ सीमा विवाद चल रहा है. ऐसे में जी-7 देश भारत को अपने साथ लाकर चीन के बढ़ते हस्तक्षेप को रोकना चाहते हैं.

रूस-यूक्रेन युद्ध के सन्दर्भ में भी भारत की उपस्थिति को जी-7 समूह अपने पक्ष में करवाना चाहता है. भारत में जापान के राजदूत ने कहा कि पुतिन को संदेश यह होना चाहिए कि रूस को यूक्रेन पर हमले के लिए भुगतान करना होगा. जहाँ एक तरफ जी-7 के सभी सदस्य देश रूस पर और अधिक प्रतिबंध लगाने पर एकमत हैं, वहीं दूसरी तरफ भारत अभी तक संतुलन बनाये हुए है. इसी संतुलन की अपेक्षा भारत से इसलिए भी थी क्योंकि जी-7 शिखर सम्मलेन में रूस और चीन को आमंत्रित नहीं किया गया था, जबकि यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को सम्मलेन में आमंत्रित किया गया था. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल यूक्रेन राष्ट्रपति से मुलाक़ात की बल्कि युद्ध को राजनीति या आर्थिक मुद्दा न मानते हुए उसे मानवीय मुद्दा, मानवीय मूल्यों का मुद्दा बताते हुए यूक्रेन को यथासंभव सहायता का आश्वासन भी दिया. चूँकि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान जी-7 देशों द्वारा रूस पर लगाये गए प्रतिबंधों का सर्वाधिक प्रभाव विकासशील देशों पर ही पड़ा है, ऐसे में खाद्य, उर्वरक और ऊर्जा सुरक्षा सहित विकासशील देशों पर पड़ने वाले असर के बारे में भारत का रुख ज्यादा महत्वपूर्ण है.

भारत की उपस्थिति चीन और रूस के सम्बन्ध में महत्त्वपूर्ण रहने के साथ-साथ जलवायु संकट और क्वाड देशों के बीच वार्ता के सन्दर्भ में भी प्रभावशाली रही. क्वाड चार लोकतंत्रों- भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के बीच एक अनौपचारिक रणनीतिक संवाद समूह है, जो भारत-प्रशांत क्षेत्र में समान हितों और मूल्यों को साझा करता है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जी-7 शिखर सम्मेलन में अपने उद्घाटन भाषण में जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा को वर्तमान दौर की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक मानते हुए जलवायु परिवर्तन को केवल ऊर्जा के परिप्रेक्ष्य में न देखते हुए उसको व्यापक दृष्टिकोण से देखने की बात कही. सम्मलेन में इसी क्रम में सन 2035 तक कार्बन मुक्त बिजली के उत्पादन का लक्ष्य रखने एवं कोयले को चरणबद्ध तरीके से हटाने की प्रक्रिया को तीव्र करने का संकल्प लिया गया. कोयले के स्थान पर ऊर्जा की कमी को दूर करने के लिए अस्थायी समाधान के रूप में गैस में निवेश की संभावना के साथ-साथ सौर तथा पवन ऊर्जा में निवेश को गति देने के लिए प्रतिबद्धता प्रदर्शित की गई. जी-7 देशों ने माना कि इन लक्ष्यों को प्राप्त करना जलवायु परिवर्तन पर अंतरसरकारी पैनल (इंटरगवर्नमेंटल पैनल ऑन क्लाइमेट चेंज-आईपीसीसी) की हालिया रिपोर्टों के अनुरूप करना होगा. इसके अलावा सन 2040 तक प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना भी निर्धारित किया गया.

जी-7 शिखर सम्मलेन के अवसर पर क्वाड देशों भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के प्रधानमंत्री तथा अमेरिका के राष्ट्रपति के बीच वार्ता हुई. एक संयुक्त बयान में पेरिस समझौते और इसके पूर्ण कार्यान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शायी गई. उनके बीच जहाँ स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन, नवाचार, अनुकूलन और लचीलापन पर सहयोग बढ़ाने की बात हुई वहीं तकनीकी सहायता, क्षमता निर्माण और वित्तपोषण तंत्र के माध्यम से हिंद-प्रशांत देशों में स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के परिनियोजन का समर्थन करने के लिये क्वाड क्लीन एनर्जी पार्टनरशिप की स्थापना करने पर सहमति बनी. क्वाड देशों के बीच संयुक्त अभ्यास, प्रशिक्षण और सूचना साझा करने के माध्यम से आपदा जोखिम में कमी तथा प्रबंधन पर सहयोग का विस्तार करना भी बातचीत का मुख्य बिन्दु रहा. वनों, आर्द्रभूमियों तथा मैंग्रोव जैसे पारिस्थितिक तंत्रों के संरक्षण के माध्यम से जलवायु शमन एवं अनुकूलन के लिये प्रकृति-आधारित समाधानों के समर्थन पर भी सहमति बनी.

भारत लम्बे समय से वैश्विक स्तर पर विभिन्न वैश्विक संस्थानों और समूहों में सुधार करने की बात करता रहा है. वह संयुक्त राष्ट्र संघ में भी सुधार का पक्षधर रहा है. जलवायु संरक्षण, पर्यावरण, परमाणु अप्रसार आदि मामलों में भारत लगातार सकारात्मक पहल करता रहा है. उसके सुधारात्मक उपायों, कदमों की वैश्विक स्तर पर सराहना भी होती रही है. इन्हीं तमाम प्रयासों, कार्यों, प्रतिबद्धताओं के कारण वर्तमान में जी-7 में उसकी भूमिका को महत्त्वपूर्ण समझा गया. इस सन्दर्भ में वर्ष 2020 में अमेरिका में आयोजित होने वाले शिखर सम्मलेन को कोरोना के कारण स्थगित करने के दौरान तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा जी-7 को एक पुराना समूह बताते हुए इसमें भारत को भी शामिल करने की बात कहना अब प्रासंगिक नजर आता है. यदि भारत जी-7 समूह का सदस्य बनता है तो यह वैश्विक स्तर पर एक नई भूमिका का प्रादुर्भाव होगा.  

08 मई 2023

पर्यावरण असंतुलन सुधारना हम सबकी जिम्मेवारी

विगत कुछ समय से मौसम असामान्य रूप से परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है. जिस समय भीषण गर्मी से जनसामान्य जूझ रहा होता था, उस समय उसे बारिश का सामना करना पड़ रहा है. ऐसा इसी वर्ष नहीं देखने को मिला है कि मौसम में असामान्य परिवर्तन हुआ है, पिछले कई सालों से मौसम में अप्रत्याशित रूप बदलाव देखने को मिलने लगे हैं. सामान्य से अधिक गर्मी पड़ना, कभी बारिश का असामान्य होना तो कभी सर्दी के गिने-चुने दिनों तक बना रहना. इसके लिए भले ही जनसामान्य में हँसी-मजाक के अवसर खोज लिए जाएँ मगर ये चिंता का विषय है. निश्चित समयानुक्रम में उस मौसम का प्रभाव न होना चिंताजनक भी है, नुकसानदायक भी है. इससे न केवल पर्यावरण को बल्कि जीव-जंतुओं को भी नुकसान उठाना पड़ता है. मौसम में होने वाले इस अप्रत्याशित बदलाव का कारण पर्यावरण असंतुलन ही है. 

प्रकृति के तीन प्रमुख तत्त्व जल, जंगल और जमीन माने जाते हैं. इसे मानने-समझने के बाद भी मानवीय लालच का हाल ये है कि लगातार इन तीनों तत्त्वों का भयंकर तरीके से दोहन किया जा रहा है. इसी का दुष्परिणाम यह है कि प्राकृतिक संतुलन डगमगा गया है और लगातार मानवीय सभ्यता को प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ रहा है. पर्यावरणीय असंतुलन के कारण जहाँ जनसामान्य को अनेकानेक प्रकार की बीमारियों से जूझना पड़ रहा है वहीं जीव-जंतुओं की अनेक प्रजातियाँ भी लुप्त हो रही हैं. इस प्राकृतिक असंतुलन के चलते प्रदूषण भी पर्याप्त रूप से अपना भयानक असर दिखा रहा है. प्रकृति में जितने भी तरह के जीव-जंतु, वनस्पतियाँ, पेड़-पौधे पाए जाते हैं, सबका अपना ही महत्त्व है. इनका व्यवस्थित क्रम ही न केवल इनका स्वयं का विकास करता है बल्कि प्राकृतिक संतुलन को भी स्थापित करता है. किसी भी प्रकार का पर्यावरण हो, उसके लिए एक निश्चित ढाँचा मान्य है. इसमें जैविक और अजैविक पदार्थों का अपना निश्चित अनुपात पर्यावरण को सकारात्मकता प्रदान करता है. इन्हीं घटकों में किसी भी तरह के परिवर्तन से, उनके अनुपात में विचलन से उत्पन्न होने वाली स्थिति को पर्यावरणीय प्रदूषण कहते हैं. प्राकृतिक असंतुलन का एक कारण यह प्रदूषण भी है. इसके द्वारा हवा, पानी, मिट्टी, वायुमंडल आदि नकारात्मक ढंग से प्रभावित होते हैं.

पर्यावरण के असंतुलन के दो प्रमुख कारण हैं. एक बढ़ती जनसंख्या और दूसरा बढ़ती उपभोक्ता पृवृत्ति. बढ़ती जनसंख्या के चलते मानव को अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अधिकाधिक ढंग से प्रकृति पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है. इसके चलते वह बिना सोचे-समझे दोहन करने में लगा है. बढ़ते औद्योगीकरण और पेड़ों की कटाई के कारण उत्पन्न पर्यावरण असंतुलन ने पर्यावरण में जहरीली गैसों को बढ़ा दिया है. उनको अवशोषित करने वाले पेड़ों को काटा गया मगर उनके स्थान पर किसी भी तरह से भरपाई नहीं की गई है. इसी तरह सुख-सुविधाओं के चलते, उपभोक्तावादी प्रकृति के चलते मानव द्वारा अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है. इससे उत्सर्जित होने वाली गैसों के कारण भी पर्यावरण असंतुलन उत्पन्न हुआ है. ओजोन परत में छेद का होना हो, ग्रीन गैसों का मामला हो, तापीय प्रदूषण आदिके द्वारा मानवीय सभ्यता को ही संकट का सामना करना पड़ रहा है. हमारी ही कारगुजारियों के कारण वायुमंडल में कार्बन मोनोक्साइड, नाइट्रोजन, ओजोन आदि का प्रदूषण इतना बढ़ गया है कि मानवीय सभ्यता को इन्हीं खतरनाक गैसों के साये में रहकर अपना जीवन गुजारना पड़ रहा है. किसी समय जीवन देने वाली हवा में अब इन प्रदूषित तत्वों की उपस्थिति बढ़ गई है. इसके चलते इंसानों को साँस की बीमारियों के साथ-साथ टीबी, कैंसर, त्वचा रोग आदि जैसी कई असाध्य बीमारियों से दोचार होना पड़ रहा है. उद्योग हों या फिर घरेलू अपशिष्ट, सभी के द्वारा पैदा गंदगी, मल-मूत्र, हानिकारक तत्त्व आदि स्वच्छ जल स्रोतों में मिलते जा रहे हैं. औद्योगिक अम्लीय कचरा के द्वारा नदियों का पानी भी जहरीला होता जा रहा है. इससे बदतर स्थिति तो यह होती जा रही है कि बहते जल के साथ-साथ भूमिगत जल भी अब संक्रमित होने लगा है. इससे भी निकट भविष्य में पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न होने वाली है.

दुनिया में पर्यावरण को लेकर तमाम तरह की योजनायें चल रही हैं, अनेक तरह के कार्यक्रम बने हुए हैं मगर धरातल पर कोई भी स्पष्ट रूप से क्रियान्वित होता नहीं दिख रहा है. पर्यावरण सुरक्षा, जागरूकता के नाम पर एक तरह की खाना-पूर्ति कर ली जाती है.  ग्लोबल वार्मिंग के चलते धरती के गरम होने की चिंता हो, ओजोन परत में होने वाले छेद को लेकर वैश्विक वार्ता हो, धरती से अनेक वनस्पतियों और जीव-जंतुओं की प्रजातियों के लुप्त होने की बातें हों सभी तरह की समस्याओं पर मानव समाज सिर्फ और सिर्फ सरकार की तरफ देखने लगता है, उसे ही एकमात्र जिम्मेवार बताने लगता है. वर्तमान स्थिति इस तरह की है कि अब सिर्फ सरकारी प्रयासों मात्र से काम नहीं चलने वाला. हम सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए सजग होना पड़ेगा. ये हम सभी को समझना होगा कि प्रकृति के साथ हम सभी किसी न किसी रूप में छेड़छाड़ कर रहे हैं. अतः उसका खामियाजा हमें ही भुगतना होगा और उससे बचने का रास्ता भी हमें ही निकालना होगा.

पर्यावरणीय असंतुलन के बढ़ते खतरों के मद्देनजर हमें स्वयं सोचना होगा कि हम अपने स्तर पर प्रकृति संरक्षण के लिए क्या योगदान दे सकते हैं. सरकार द्वारा पॉलीथीन पर पाबंदी लगाने के लिए समय-समय पर कदम उठाए गए लेकिन हम अपनी तरफ से इस ओर सजगता नहीं दिखा सके हैं. आज भी हम सभी अपनी सुविधा को प्राथमिक मानते हुए पॉलीथीन का उपयोग कर रहे हैं और पर्यावरण संकट में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहे हैं. हम सभी को मिलकर प्रकृति संरक्षण के लिए कुछ करना होगा. कोशिश की जाये कि हमारे दैनिक उपभोग में ऐसे पदार्थों का कम से कम इस्तेमाल हो जिनके द्वारा किसी भी रूप में प्रकृति को, पर्यावरण को नुकसान होता हो. उपभोक्तावादी संस्कृति में जीवन बिताना मजबूरी हो सकती है मगर प्राकृतिक स्त्रोतों का दोहन उसी रूप में किया जाये, जिससे कि प्रकृति को संकट न हो. ऊर्जा के लिए रासायनिक पदार्थों, पेट्रोलियम आदि के उपभोग से ज्यादा सौर-ऊर्जा पर निर्भरता को बढ़ाना होगा. पेड़-पौधों की कटाई रोकने के साथ-साथ हम सभी को खाली पड़ी जगहों पर अधिक से अधिक पौधारोपण करने की आदत डालनी होगी. अच्छा हो कि हम अन्य किसी पर दोषारोपण करने के स्थान पर स्वयं जागें और प्रकृति संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लें.

09 जुलाई 2022

पर्यावरण के लिए घातक है ई-कचरा

पर्यावरण के प्रति सामाजिक रूप से सभी चिंतित दिखाई देते हैं. बचपन से पर्यावरण की एक रटी-रटाई परिभाषा ‘परि+आवरण’ के साथ आगे बढ़ते रहने के कारण जल, वायु, ध्वनि, मृदा प्रदूषणों पर सबकी चिंता देखने को मिलती है मगर अपना विकराल रूप धारण कर चुके इलेक्ट्रॉनिक कचरे की तरफ अभी समाज बहुत गम्भीर नहीं दिखता है. आज भी बहुत बड़े जनमानस की तरफ से समझने की कोशिश न हो रही कि इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट भी भयानक तरीके से पर्यावरण के लिए, मानव के लिए खतरा बन गया है. 

इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट को सामान्य बोलचाल में ई-कचरा के रूप में जाना जाता है. इस शब्द का प्रयोग चलन से बाहर हो चुके पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिये किया जाता है. ई-कचरा सूचना प्रौद्योगिकी और संचार उपकरण तथा उपभोक्ता इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स के रूप में निकलता है. इसमें मूलतः सेलफोन, स्मार्टफोन, कम्प्यूटर, कम्प्यूटर से सम्बंधित उपकरण, माइक्रोवेव, रिमोट कंट्रोल, बिजली के तार, स्मार्ट लाइट, स्मार्टवॉच आदि शामिल हैं.

सामाजिक रूप से यह बहुत बड़ी समस्या है क्योंकि समाज का जिस तेजी से डिजिटाइजेशन हो रहा है, उसी तेजी से ई-कचरा उत्पन्न हो रहा है. आधुनिक तकनीक और मानव जीवन शैली में आने वाले बदलाव के कारण ऐसे उपकरणों का उपयोग दिन-प्रति-दिन बढ़ता जा रहा है जो विषैले, हानिकारक पदार्थों के जनक बनते हैं. ट्यूबलाइट, सीएफएल जैसी रोज़मर्रा वाली वस्तुओं में पारे जैसे कई प्रकार के विषैले पदार्थ पाए जाते हैं, जो पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को नकारात्मक रूप से प्रभावित करते हैं.

ऐसा अनुमान है कि पूरी दुनिया में लगभग 488 लाख टन ई-कचरा उत्पन्न हो रहा है. संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक ई-कचरा मॉनिटर 2020 के अनुसार दुनिया भर में वर्ष 2019 53.6 मिलियन मीट्रिक टन ई-कचरा उत्पन्न हुआ. संयुक्त राष्ट्र विश्वविद्यालय की एक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2019 में एशिया में ई-कचरे की सर्वाधिक मात्रा लगभग 24.9 मीट्रिक टन उत्पन्न हुई. रिपोर्ट के अनुसार कुल ई-कचरे में स्क्रीन और मॉनिटर 6.7 मीट्रिक टन, लैंप 4.7 मीट्रिक टन, आईटी और दूरसंचार उपकरण 0.9 मीट्रिक टन शामिल हैं. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार भारत ने 2019-20 में 10 लाख टन से अधिक ई-कचरा उत्पन्न किया जो 2017-18 के 7 लाख टन से काफी अधिक है. इसके विपरीत 2017-18 से ई-कचरा निपटान क्षमता 7.82 लाख टन से नहीं बढ़ाई गई है. एक रिपोर्ट कहती है कि ई-कचरा उत्पादक देशों अमेरिका, चीन, जापान और जर्मनी के बाद भारत का स्थान है.

ई-कचरे में मरकरी, कैडमियम और क्रोमियम जैसे कई विषैले तत्त्व शामिल होते हैं. इनके निस्तारण के असुरक्षित तौर-तरीकों से मानव स्वास्थ्य पर असर पड़ता है. इससे अनेक तरह की बीमारियाँ होने की आशंका रहती है. भूमि में दबाने से ई-कचरा मिट्टी और भूजल को दूषित करता है. जब मिट्टी भारी धातुओं से दूषित हो जाती है तो उस क्षेत्र की फसलें विषाक्त हो जाती हैं, जो अनेक बीमारियों का कारण बन सकती हैं. भविष्य में कृषियोग्य भूमि को भी अनुपजाऊ हो सकती है. मिट्टी के दूषित होने के बाद ई-कचरे में शामिल पारा, लिथियम, लेड, बेरियम आदि भूजल तक पहुँचती हैं. धीरे-धीरे तालाबों, नालों, नदियों, झीलों आदि का पानी अम्लीय और विषाक्त हो जाता है. यह स्थिति मानवों, जानवरों, पौधों आदि के लिए घातक हो सकती है. ई-कचरा में शामिल विषाक्त पदार्थों का नकारात्मक प्रभाव मस्तिष्क, हृदय, यकृत, गुर्दे आदि पर बहुत तेजी से दिखाई देता है. इसके साथ-साथ मनुष्य के तंत्रिका तंत्र और प्रजनन प्रणाली को भी यह प्रभावित कर सकता है.

ई-कचरा के निपटान की अपनी स्थितियाँ, अपनी चुनौतियाँ हैं. इस कारण सबसे ज्यादा जोर इसके पुनर्नवीनीकरण पर दिया जा रहा है. पुनर्नवीनीकरण के द्वारा प्लास्टिक, धातु, काँच आदि को अलग-अलग करके उसको पुनरुपयोग योग्य बनाया जाता है. संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक ई-कचरा मॉनिटर 2020 रिपोर्ट में कहा गया है कि अब वैश्विक स्तर पर उन देशों की संख्या 61 से बढ़कर 78 हो गई है जिन्होंने ई-कचरे से संबंधित कोई नीति, कानून या विनियमन अपनाया है. इसमें भारत भी शामिल है किन्तु इसके बाद भी भारत में ई-अपशिष्ट के प्रबंधन से सम्बंधित अनेक चुनौतियाँ हैं. सबसे बड़ी चुनौती जन भागीदारी का बहुत कम होना है. इसके पीछे उपभोक्ताओं की एक तरह की अनिच्छा है जो इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की रीसाइक्लिंग के लिये बनी रहती है. इसके अलावा हाल के वर्षों में एक और चुनौती इस रूप में सामने आई है कि देश में बहुत से घरों में ई-कचरे का निस्तारण बड़े पैमाने पर होने लगा है. यह स्थिति तब है जबकि भारत में ई-कचरे के प्रबंधन के लिये वर्ष 2011 से कानून लागू है जो यह अनिवार्य करता है कि अधिकृत विघटनकर्त्ता और पुनर्चक्रणकर्त्ता द्वारा ही ई-कचरा एकत्र किया जाए. इसके लिये वर्ष 2017 में ई-कचरा (प्रबंधन) नियम 2016 अधिनियमित किया गया है.

उपलब्ध आँकड़ों के अनुसार भारत में ई-कचरे का पुनर्नवीनीकरण करने वाली कुल 312 अधिकृत कंपनियाँ हैं जो प्रतिवर्ष लगभग 800 किलो टन ई-कचरे का पुनर्नवीनीकरण कर सकती हैं. हालाँकि अभी भी भारत में औपचारिक क्षेत्र की पुनर्चक्रण क्षमता का सही उपयोग संभव नहीं हो पाया है क्योंकि ई-कचरे का बहुत बड़ा भाग अभी भी अनौपचारिक क्षेत्र द्वारा नियंत्रित किया जाता है. ऐसा माना जाता है कि देश का लगभग नब्बे प्रतिशत ई-कचरे का पुनर्नवीनीकरण अनौपचारिक क्षेत्र में किया जाता है.

तकनीक, आधुनिक जीवनशैली, आवश्यकता आदि की आड़ लेकर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग भले ही अंधाधुंध तरीके से किया जाने लगा हो मगर यह स्वीकारना होगा ई-कचरा भविष्य के लिए खतरा बनता जा रहा है. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, गैजेट्स का जीवन बहुत लम्बा नहीं होता है और बहुतायत समाज का इन्हीं पर निर्भर होते जाना खतरे का सूचक है. आज की युवा पीढ़ी के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुविधा के लिए कम, पैशन के लिए ज्यादा उपयोग किया जा रहा है. ऐसे में उनके द्वारा उपकरणों को जल्दी-जल्दी बदल दिया जाता है. नवीन तकनीक के कारण भी बहुतेरे उपकरण आउटडेटेड हो जाते हैं. यह भी ई-कचरा की मात्रा को बढ़ाने का काम कर रहा है.

पर्यावरण की, मानव, जीवों की सुरक्षा की खातिर लोगों को केवल हवा, पानी, भूमि, पेड़-पौधों को बचाने के बारे में ही सजग नहीं होना है बल्कि ई-कचरा के प्रति भी सावधान होने की आवश्यकता है. बेहतर हो कि जीवनशैली को संयमित, नियंत्रित किया जाये. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का अत्यावश्यक होने पर ही उपयोग किया जाये. उनके निस्तारण के लिए औपचारिक क्षेत्र की सहायता ली जाये. संभव है कि मानव समाज कुछ हद तक आने वाले खतरे को टाल सके.

.

04 जून 2022

23 मार्च 2022

पॉलीथीन पर नियंत्रण आवश्यक

सम्पूर्ण विश्व अनेकानेक संकटों से गुजरने के साथ-साथ पर्यावरण संकट के दौर से भी गुजर रहा है. सत्यता यह है कि यह संकट मनुष्य द्वारा ही उत्पन्न किया गया है. इन्सान इस संकट के लिए किसी शक्ति, परमात्मा, प्राकृतिक कारकों को दोषी नहीं ठहरा सकता है. पर्यावरण संकट आज मानव समाज के सामने एक चुनौती के रूप में खड़ा हुआ है. इसके मूल में तमाम कारण होते हुए भी सबसे प्रमुख है इन्सान का विकास की अंधी दौड़ में लगे रहना. इस दौड़ ने मनुष्य को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने दायित्वों से विमुख कर दिया है. आदिमानव से महामानव बनने की अदम्य लालसा में इस बात की परवाह किये बिना कि उसकी संतति प्रकृति से क्या पाएगी, उसने प्रकृति का अंधाधुंध दोहन किया है.

ओजोन परत में छेद होना, ग्लेशियरों का पिघलना, अम्लीय वर्षा का होना, बेमौसम की बरसात का होना, बर्फ़बारी की घटनाएँ आदि इस असंतुलन का दुष्परिणाम हैं. कल-कारखानों से निकलने वाला धुआँ, वाहनों से निकलती कार्बन मोनो आक्साइड तथा अन्य जहरीली गैसें, बिजली ताप घर से निकलती सल्फर डाई आक्साइड, धूम्रपान से निकलता विषैला धुआँ, तथा अन्य रूप में वातावरण में मिलती निकोटिन, टार, अमोनिया, बेंजापाईरिन, आर्सेनिक, फीनोल, मार्श आदि जहरीली गैसें व्यक्तियों, जंतुओं, वनस्पतियों आदि को व्यापक रूप से नुकसान पहुँचा रही हैं. मनुष्य के उठते लगभग प्रत्येक कदम से आज पर्यावरण को नुकसान पहुँच रहा है. इसमें भी सबसे ज्यादा नुकसान उसके द्वारा प्रत्येक छोटे-बड़े कामों के लिए उपयोग में लाई जा रही पॉलीथीन से हो रहा है.

सामान्य रूप से पर्यावरण का पारिभाषिक सन्दर्भ संस्कृत के परि उपसर्ग में आवरण शब्द को सम्बद्ध करने से लगाया जाता है अर्थात ऐसी चीजों का समुच्चय जो किसी व्यक्ति, जीवधारी, वनस्पति आदि को चारों तरफ से आवृत्त किये हो. पर्यावरण के सामान्य अर्थ से इतर यदि इसका सन्दर्भ निकालने का प्रयास किया जाये तो ज्ञात होता है वर्तमान में जो कुछ भी ज्ञात-अज्ञात हम अपने आसपास देख-महसूस कर रहे हैं, वो सभी पर्यावरण है. हमारे आसपास, हमारे लिए जीवन की एक सम्पूर्ण व्यवस्था का निर्माण करता है, उसे हम पर्यावरण कहते हैं. जल, धरती, आकाश, वायु आदि सभी के साथ वर्तमान में उसका व्यवहार दोस्ताना नहीं रह गया है वरन इनका अधिक से अधिक उपभोग करने की मानसिकता के साथ मनुष्य काम कर रहा है.

पॉलीथीन से पर्यावरण को सर्वाधिक नुकसान होता समझ भी आ रहा है, दिख भी रहा है. इसमें पाली एथीलीन के होने के कारण उससे बनने वाली एथिलीन गैस पर्यावरण क्षति का बहुत बड़ा स्त्रोत है. पॉलीथीन में पालीयूरोथेन नामक रसायन के अतिरिक्त पालीविनायल क्लोराइड (पीवीसी) भी पाया जाता है. इन रसायनों की उपस्थिति के कारण पॉलीथीन हो या कोई भी प्लास्टिक उसको नष्ट करना संभव नहीं होता है. जमीन में गाड़ने, जलाने, पानी में बहाने अथवा किसी अन्य तरीके से नष्ट करने से भी इसको न तो समाप्त किया जा सकता है और न ही इसमें शामिल रसायन के दुष्प्रभाव को मिटाया जा सकता है. यदि इसे जलाया जाये तो इसमें शामिल रसायन के तत्व वायुमंडल में धुंए के रूप में मिलकर उसे प्रदूषित करते हैं. यदि इसको जमीन में दबा दिया जाये तो भीतर की गर्मी, मृदा-तत्त्वों से संक्रिया करके ये रसायन जहरीली गैस पैदा करते हैं, इससे भूमि के अन्दर विस्फोट की आशंका पैदा हो जाती है. पॉलीथीन को जलाने से क्लोरोफ्लोरो कार्बन गैस धुंए के रूप में वायुमंडल से मिलकर ओजोन परत को नष्ट करती है. इसके साथ-साथ पॉलीथीन को जमीन में गाड़ देना भी कारगर अथवा उचित उपाय नहीं है क्योंकि यह प्राकृतिक ढंग से अपघटित नहीं होता है इससे मृदा तो प्रदूषित होती ही है साथ ही ये भूमिगत जल को भी प्रदूषित करती है. इसके साथ-साथ जानवरों द्वारा पॉलीथीन को खा लेने के कारण ये उनकी मृत्यु का कारक बनती है. 

सबकुछ जानते-समझते हुए भी आज बहुतायत में पॉलीथीन का उपयोग किया जा रहा है. यद्यपि केन्द्रीय सरकार ने रिसाइक्लड, प्लास्टिक मैन्यूफैक्चर एण्ड यूसेज रूल्स के अन्तर्गत 1999 में 20 माइक्रोन से कम मोटाई के रंगयुक्त प्लास्टिक बैग के प्रयोग तथा उनके विनिर्माण पर प्रतिबंध लगा दिया था किन्तु ऐसे प्रतिबन्ध वर्तमान में सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गए हैं. इसका मूल कारण पॉलीथीन बैग की मोटाई की जांच करने की तकनीक की अपर्याप्तता है. ऐसे में पॉलीथीन के दुष्प्रभाव को रोकने का सर्वाधिक सुगम उपाय उसके पूर्ण प्रतिबन्ध का ही बचता है. पॉलीथीन के द्वारा उत्पन्न वर्तमान समस्या और भावी संकट को देखते हुए नागरिकों को स्वयं में जागरूक होना पड़ेगा. कोई भी सरकार नियम बना सकती है, अभियान का सञ्चालन कर सकती है किन्तु उसे सफलता के द्वार तक ले जाने का काम आम नागरिक का ही होता है.

इसके लिए उनके द्वारा दैनिक उपयोग में प्रयोग के लिए कागज, कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग किया जाना चाहिए. नागरिकों को स्वयं भी जागरूक होकर दूसरों को भी पॉलीथीन के उपयोग करने से रोकना होगा. हालाँकि अभी भी कुछ सामानों, दूध की थैली, पैकिंग वाले सामानों आदि के लिए सरकार ने पॉलीथीन के प्रयोग की छूट दे रखी है, इसके लिए नागरिकों को सजग रहने की आवश्यकता है. उन्हें ऐसे उत्पादों के उपयोग के बाद पॉलीथीन को अन्यत्र, खुला फेंकने के स्थान पर किसी रिसाइकिल स्टोर पर अथवा निश्चित स्थान पर जमा करवाना चाहिए. ये बात हम सबको स्मरण रखनी होगी कि सरकारी स्तर पर पॉलीथीन पर लगाया गया प्रतिबन्ध कोई राजनैतिक कदम नहीं वरन हम नागरिकों के, हमारी भावी पीढ़ी के सुखद भविष्य के लिए उठाया गया कदम है. इसको कारगर उसी स्थिति में किया जा सकेगा, जबकि हम खुद जागरूक, सजग, सकारात्मक रूप से इस पहल में अपने प्रयासों को जोड़ देंगे.

.

07 जून 2019

पर्यावरण संरक्षण हेतु छोटे-छोटे कदमों की आवश्यकता

वर्तमान दौर में पर्यावरण असंतुलन की सबसे बड़ी समस्या ग्लोबल वॉर्मिंग है. इस कारण से पृथ्वी का तापमान बढ़ रहा है, जिससे मानव जीवन के कदम विनाश की ओर बढ़ रहे हैं. ऐसे में अगर हमने पर्यावरण को बचाने के लिए कोई बड़ा कदम नहीं उठाया तो वह दिन दूर नहीं, जब हमारा अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा. पर्यावरण संरक्षण के लिए हम सभी के बहुत छोटे-छोटे प्रयास भी बहुत बड़े साबित हो सकते हैं. इसके लिए हम सभी निम्न कदम अपना सकते हैं - 

(1) नागरिकों को पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित किया जाये. भले ही कम पौधे लगाये जाएँ किन्तु उनकी विधिवत देखभाल की जाये. अपने पारिवारिक सदस्यों के जन्मदिन या किसी भी यादगार क्षण पर पौधे लगाकर उन यादों को चिरस्थायी बनाया जाये.
(2) मकान बनाते समय पेड़-पौधारोपण के लिए अतिरिक्त जगह छोड़ी जा सकती है. जहाँ वर्तमान में जगह नहीं है वहां अपने आंगन में थोड़ी सी जगह में गमलों के द्वारा हरियाली की जा सकती है. यही तापमान कम करेगी.
(3) पॉलिथीन से प्रदूषण फैलता है अत: पॉलिथीन का उपयोग न करते हुए रद्दी-पेपर से बनी थैलियों और कपड़े से बनी थैली और बैग्स का उपयोग ज्यादा से ज्यादा करना चाहिए.
(4) पर्यावरण जागरूकता हेतु जल-संरक्षण भी आवश्यक है. इसके लिए हम सभी को कम से कम पानी का उपयोग करना चाहिए. शॉवर की जगह बाल्टी में पानी लेकर नहाएं. आंगन या फर्श सीधे पानी से धोने की बजाए झाडू लगाकर बाद में पोंछा लगा सकते हैं.
(5) घर में नल को टपकने न दें. प्लम्बर बुलाकर तुरंत ठीक करवाएं. इसके साथ-साथ सार्वजनिक जगहों में बहते नल को बंद करके पानी बचाया जा सकता है.
(6) घर के कचरे को बाहर खुले में फेंकने से बचा जाये. इसके साथ-साथ गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग जगहों पर एकत्रित किया जाना चाहिए.
(7) जल-संरक्षण के साथ-साथ बिजली की बजट करके भी पर्यावरण जागरूकता लाई जा सकती है. ऑफिस हो या घर बिजली का किफायती उपयोग करें. कमरे से बाहर निकलते समय बिजली से चलने वाले सभी उपकरण बंद कर दें.
(8) एसी, फ्रिज खरीदते समय ध्यान रखें कि ऐसे उपकरण पर्यावरण को नुकसान न पहुँचायें. विद्युत उपकरणों का समय-समय से रखरखाव करें.
(9) इसके साथ-साथ घर-घर जाकर लोगों को पर्यावरण बचाने के प्रति जागरूक किया जा सकता है. जिससे लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ने से प्रकृति की रक्षा करने में मदद मिलेगी.
(10) इसी तरह नई पीढ़ी को प्रकृति, पर्यावरण, पानी व पेड़-पौधों का महत्व समझाएं. उनको इसके प्रति संवेदनशील बनायें. पृथ्वी हरी भरी होगी तो पर्यावरण स्वस्थ होगा, पानी की प्रचुरता से जीवन सही अर्थों में समृद्ध व सुखद होगा.

++

पर्यावरण संरक्षण हेतु आवश्यक नहीं कि सिर्फ एक दिन विशेष पर ही जागरूक हुआ जाये. रोज ही छोटे-छोटे कदमों से, सामान्य से उपायों के द्वारा पर्यावरण की रक्षा की जा सकती है.  आइये हम सब एकसाथ आगे बढ़ें.