परिवर्तन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
परिवर्तन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

30 जुलाई 2020

नई शिक्षा नीति के साथ-साथ कड़े कदम उठाने होंगे

एक और शिक्षा नीति देश के सामने आ गई है. इस बारे में अभी कुछ नहीं कहेंगे क्योंकि इसके बारे में अभी पढ़ना नहीं हो सका है. बिना पढ़े ऐसी किसी भी नीति के बारे में, नियमों के बारे में कुछ भी कहना सही नहीं. राजनीति के नजरिये से प्रत्येक कदम को देखना उचित नहीं. संभव है कि इस नीति में अच्छे बिंदु उठाये गए हों, ये भी संभव है कि इसमें कुछ बिन्दुओं पर अभी भी विमर्श की, बदलाव की आवश्यकता हो मगर इनके बारे में जानकारी के बाद ही कुछ कहना सही रहेगा.



अभी बात महज इतनी कि शिक्षा नीति लागू करने के साथ-साथ कुछ कठोर कदमों को भी उठाया जाना अपेक्षित है. उच्च शिक्षा क्षेत्र से जुड़े होने के कारण इस क्षेत्र की बहुत सी कमियाँ आये दिन सामने आती हैं. इसके अलावा बहुत से मित्रों का, परिजनों का प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण इस क्षेत्र की कमियों से भी सामना होता रहता है. अभी हाल ही में प्राथमिक क्षेत्र में एक बड़ा घोटाला सामने आया जबकि एक महिला लगभग दो दर्जन जगहों पर नियुक्त पकड़ में आई. इसके बाद पूरे प्रदेश में शिक्षकों की जाँच का कदम उठाया गया. ये तो महज एक स्थिति है. उच्च शिक्षा क्षेत्र में आये दिन निजी क्षेत्रों के महाविद्यालयों द्वारा किसी न किसी रूप में नियमों की अवहेलना करने की घटनाएँ सामने आती हैं. प्रवेश से लेकर परीक्षा करवाने तक के कई कदमों में उनके द्वारा नियमों-कानूनों की धज्जियाँ उड़ाते हुए अपना उल्लू सीधा किया जाता है.


ये स्थिति अकेले महाविद्यालयों की नहीं है वरन निजी क्षेत्र के तमाम शिक्षण संस्थान इसी तरह की गतिविधियों में लिप्त हैं. यहाँ जब भी बदलाव की, परिवर्तन की बात की जाती है तो प्रबंध-तंत्र प्रशासन पर दोष लगाता है और प्रशासन निजी संस्थानों के प्रबंध-तंत्र को कटघरे में खड़ा कर देता है. ऐसे में अपेक्षित सुधार की सम्भावना शून्य ही हो जाती है. इन शिक्षण संस्थानों द्वारा पुस्तकों को लेकर, फीस को लेकर आये दिन के फसाद किसी से छिपे नहीं हैं. ऐसे में जबकि देशव्यापी तंत्र में खराबी समझ आती है तब महज एक नई नीति का निर्माण किसी बड़े परिवर्तन का सूचक नहीं हो सकता है. निजी संस्थानों पर लगाम लगायी जानी चाहिए, जिनके द्वारा शिक्षा का, पुस्तकों का, फीस का घनघोर बाजारीकरण किया जा चुका है.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

07 जुलाई 2020

कीबोर्ड वाले मोबाइल का अपना आकर्षण

समय के बदलाव के साथ विगत कुछ वर्षों में जिस तेजी से परिवर्तन आये हैं वे अकल्पनीय हैं. समाज के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक रूप से परिवर्तन देखने को मिले हैं. तकनीक के विकास ने बहुत सी वस्तुओं में क्रांतिकारी बदलाव किये हैं. बदलाव के बहुत सारे क्षेत्रों में मोबाइल और ऑटो-मोबाइल में जबरदस्त परिवर्तन देखने को मिल रहा है. पिछले कई सालों के सामाजिक, तकनीकी परिवर्तन पर नजर दौड़ाई जाये तो जिस तेजी से इन दो क्षेत्रों में बदलाव आया है, उतना किसी और क्षेत्र में नहीं आया है.


मोबाइल को हाथ में लेकर टहलते, दौड़ते, भागते या फिर किसी भी काम को करते-करते बतियाते समय एक पल को याद आता है एक डोर से बंधा, सीमित दूरी तय करने वाला बेसिक फोन. बेसिक फोन के साथ याद आता है घंटों नंबर डायल करने के लिए पुराने समय के फोन में लगी रिंग का घुमाया जाना. इसमें भी बदलाव उस समय हुआ जबकि रिंग की जगह बटनों ने ले ली. फोन में बदलाव आया मगर नंबर लगने की जटिलता में कमी नहीं आ सकी. इक्का-दुक्का घरों की शान बने फोन को ललचा कर देखने वालों की संख्या में कमी उस समय आनी शुरू हुई जबकि गली-गली, कोने-कोने में पीसीओ का खुलना शुरू हो गया.



वह दौर भी अपने आपमें अलग अनुभव देने वाला रहा है. एक दौर वो था जबकि फोन कॉल की दो दरें ही काम किया करती थीं. दिन भर फुल चार्ज वाला हिसाब और रात आठ बजे से आधी दरों पर एसटीडी कॉल की सुविधा. इसी में आगे जाकर अलग-अलग तीन-चार तरह की दरें निर्धारित की गईं. यही वो दौर था जबकि पीसीओ सुविधा के कारण लोगों से बातचीत करना सहज होता जा रहा था. पीसीओ में लगी लाइन और लोगों की आँखें कॉल मीटर पर लगी रहतीं. यदि एक बार में किसी व्यक्ति का नंबर नहीं मिलता और पीसीओ पर भीड़ है तो फिर उस व्यक्ति को तीन-चार बार ही रीडायल करने की सुविधा भीड़ की सहमति से मिल पाती थी.

तकनीक में परिवर्तन का दौर आ चुका था. बेसिक टेलीफोन में भी परिवर्तन आना ही आना था. मोबाइल आने के पहले बेसिक टेलीफोन ने अपने बदलाव की आहट को सुन-समझ लिया था. ऐसा इसलिए कहा जा सकता है क्योंकि हमें लगता है कि उसी बदलाव ने मोबाइल को जन्म दिया होगा. संभव है कि आप लोग अंदाजा लगा चुके हों, उस बदलाव के बारे में. बेसिक टेलीफोन और मोबाइल के बीच की कड़ी में बेसिक का ही अवतार बनकर उभरा कॉर्डलेस फोन. वैसे यह एक तरह से बेसिक टेलीफोन के उस उपकरण का विकास था किन्तु जिस तरह से उसे लेकर दस-बीस मीटर तक की पहुँच बना ली गई, तारों की बंधी-बंधाई सीमा-रेखा से मुक्ति मिली, उसने निश्चित ही एक बड़ा बदलाव किया होगा. इसी के चलते मोबाइल का जन्म हुआ. 

बेसिक फोन में भी परिवर्तन देखने को मिला और वह मोबाइल के रूप में बिना किसी तार के लोगों की जेब तक पहुँच गया. आज के स्मार्ट फोन को अपनी ज़िन्दगी बना चुकी इस पीढ़ी के लिए यह समझना ही कठिन होगा कि कैसे मैसेज टाइप करने के दौरान कुछ अक्षरों को टाइप करने के लिए एक बटन को तीन-तीन, चार-चार बार दबाना होता था. आज लगभग मुफ्त कॉलिंग वाली स्थिति का अनुभव कर रही पीढ़ी के लिए यह सोच पाना भी मुश्किल है कि उस समय जब मोबाइल का जन्म हुआ तो न केवल आउटगोइंग कॉल के लिए पैसे देने पड़ते थे बल्कि इनकमिंग कॉल का भी भुगतान करना पड़ता था. मोबाइल का होना उस समय एक स्टेटस सिम्बल तक बन गया था.

तकनीक के इस तीव्र विकास में एक गैजेट ऐसा भी आया था जो अपना विकास देख पाने के पहले ही एकदम से गायब हो गया था. याद आया आपको वह गैजेट? पेजर को भूले नहीं होंगे वे लोग जिन्होंने उसे देखा, उपयोग किया होगा. स्मार्ट फोन के साथ कुश्ती लड़ती आज की पीढ़ी ने शायद पेजर नाम सुना भी नहीं होगा. बहरहाल, उस समय जबकि मोबाइल का किसी व्यक्ति के पास स्टेटस सिम्बल हुआ करता था, तब हमारे एक परिचित अपने परिचितों पर रोब दिखाने के लिए मोबाइल की जगह पर टीवी का रिमोट कसे रहते थे. याद आ गया होगा, बेल्ट में बंधा एक कवर और उस कवर में बड़ी हिफाजत से रखा गया मोबाइल. चूँकि इनकमिंग कॉल भी खर्चीली होती थी, इस कारण न सबको नंबर दिया जाता था, न सबकी बात करवाई जाती थी. सो किसी को क्या खबर कि कमर में कवर में मोबाइल सुरक्षित रखा हुआ है या फिर टीवी का रिमोट मगर हमारे उन परिचित ने इसी तरह महीनों अपने परिचितों पर कथित मोबाइल की हनक बनाये रहे.


आज के स्मार्ट फोन के साथ एप्प का होना उसकी सजावट बना हुआ है. बहुत हुआ तो कोई अच्छा सा डिजायनर कवर उसकी शोभा बढ़ाने लगा. इसके उलट कीबोर्ड वाले मोबाइल के दौर में तमाम सारे साजो-सामान उनको सजाने के लिए आया करते थे. मोबाइल में बाँधने वाली रंग-बिरंगी डोरी, पारदर्शी कवर, कॉल-मैसेज आने के पहले उनके सिग्नल पाकर चमकने वाले स्टीकर, गुच्छे आदि मोबाइल को शोभायमान बनाया करते थे. बाद में मोबाइल की कई तरह की रंग-बिरंगी बॉडी बाजार में आ जाने के बाद मोबाइल का बाहरी आवरण भी बदलने लगा था. उपभोक्ताओं की मानसिकता, उनकी रुचि के अनुसार मोबाइल कंपनियों ने भी कई तरह के बदलाव अपने मोबाइल में करना शुरू कर दिए थे. कॉल आने के साथ लाइट का चमकना, कीबोर्ड का रंगीन बनाया जाना, रंगीन बॉडी का आना, मोबाइल में अलग-अलग तरह की लाइट का लगातार चमकते रहना आदि उस दौर के मोबाइल को खूबसूरत बनाने में लगे थे.

उन सादा मोबाइल के साथ-साथ स्लाइडिंग मोबाइल, फोल्ड होने वाले मोबाइल, दो सिम के मोबाइल का आना भी लोगों को सम्मोहित कर रहे थे. आज बहुतेरे व्यक्ति हजारों-लाखों रुपये के मोबाइल अपने हाथों में लिए घूमते हैं, स्लिम मोबाइल, घड़ी वाले मोबाइल सहित तमाम तरह के कीमती मोबाइल बाजार में उपलब्ध हैं मगर वे उस तरह का आकर्षण पैदा नहीं कर पा रहे हैं, जैसा कि बटन वाले मोबाइल पैदा करते थे.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

09 जनवरी 2019

बदलना इंसानी स्वभाव का


समय बदलता रहता है, समय के साथ बहुत कुछ भी बदलता रहता है. यह बदलाव व्यक्तियों में भी दिखाई देता है. यह अपने आपमें सार्वभौम सत्य है कि परिवर्तन प्रकृति का नियम है मगर किसी के प्रति स्वभाव में परिवर्तन हो जाना प्राकृतिक परिवर्तन नहीं कहा जा सकता. दिन होना, फिर रात का आना, सूरज का निकलना और अस्त होना, चाँद का विभिन्न कलाओं से युक्त होना, वृक्षों का कभी हरियाली ओढ़े दिखाई देना और कभी पुराने पत्तों को त्याग कर फिर-फिर सजने की तैयारी करना, ऋतुओं का बदलना आदि सबकुछ परिवर्तन के रूप में ही स्वीकार किया जाता है. इस परिवर्तन से, जो वाकई प्राकृतिक अवस्था में होता है किसी भी व्यक्ति का मन प्रसन्न हो जाता है. ऐसे परिवर्तन की चाह व्यक्ति स्वयं भी करता है.


इसके अलावा व्यक्तियों की अपनी इच्छाओं, मानसिकता, शौक आदि में भी समयानुसार परिवर्तन होते रहते हैं. वह अपने खान-पान, रहन-सहन की स्थिति, पहनावा, कार्य आदि में बदलाव करता रहता है. ऐसा करने के पीछे उसकी स्थिति उन परिवर्तनों के द्वारा अपने मन-मष्तिष्क को नई ऊर्जा से भरना होता है. इन परिवर्तनों के द्वारा अपनी मानसिक खुराक को कुछ और सार्थकता प्रदान करना होता है. एक जैसी स्थिति देखते रहने से, एक जैसी स्थिति के बने रहने से अक्सर मन-मष्तिष्क परिपूर्णता की स्थिति में आ जाता है. यह स्थिति किसी भी व्यक्ति में आलस्य का भाव पैदा कर सकता है. उसे अपने आसपास एक तरह की उदासी का अनुभव होने लगता है. सबकुछ रुका-रुका सा प्रतीत होने लगता है. इसी कारण वह बदलाव की चाह रखता है. इसी चाह में वह अपने कमरे का स्वरूप, अपने बैठने-उठने की जगह, सामानों की स्थिति में परिवर्तन आदि करते हुए कुछ न कुछ नवीनता लाने की चेष्टा करता है. 

प्रकृति के और मानवजनित इस बदलाव का अपना महत्त्व है. इस तरह के बदलाव के द्वारा नवीनता का संचार होता है. एक तरह की प्रफुल्ल्ति करने वाली स्थिति का अवतरण होता है. ऊर्जा का स्त्रोत अपने आसपास से आता हुआ, उत्प्रेरक का कार्य सा करता प्रतीत होता है. इन सकारात्मक बदलाव, परिवर्तनों के सापेक्ष कुछ नकारात्मक बदलाव भी समाज में देखने को मिलते हैं. ये बदलाव प्राकृतिक न होकर मानवजनित ही होते हैं. ऐसे बदलावों के तौर पर व्यक्तियों के स्वभाव का बदलना, उनके व्यवहार में परिवर्तन, उनकी बातचीत का ढंग आदि बदलना प्रमुखता से होता है. ऐसा बहुधा किसी व्यक्ति के द्वारा पद, प्रस्थिति में धनात्मक परिवर्तन के बाद दिखाई देने लगता है. यह परिवर्तन आपसी संबंधों में, आपसी रिश्तों में, कार्य-व्यवहार में सहज रूप से दिखाई देने लगता है. सामाजिक दृष्टि से और मानवीय दृष्टि से ऐसे परिवर्तन घातक होते हैं.

बदलाव के इस दौर में जबकि सदी बदल चुकी है, लगातार वर्ष बदल रहे हैं, समय बदल रहा है तब प्राकृतिक, मानवजनित सकारात्मक परिवर्तनों पर मानवीय स्वभाव का नकारात्मक रूप से बदलना भारी पड़ता जा रहा है. इस बदलाव ने परिवारों को, दोस्ती को, संबंधों को, रिश्तों को बोझिल बनाया है, उनका ध्वंस किया है, उनको कलंकित किया है. आज ऐसे बदलावों से इन्सान को बचने की आवश्यकता है.