अकेलापन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अकेलापन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

18 अप्रैल 2024

स्व की अनुभूति में तन्हा लोग

सामाजिक गतिशीलता के दौरान अक्सर ऐसे बिंदु भी आते हैं जबकि समाज के सक्रिय लोगों की पहचान सहजता से हो जाती है. ऐसे अनेक अवसरों पर समाज के ऐसे लोगों का दोहरा चरित्र, दोहरा चेहरा सामने आता है. जिस तरह के कृत्य ऐसे लोगों के द्वारा सामने आते हैं उनसे दोहरा शब्द का उपयोग बंद कर दिया जाना चाहिए. अनेकानेक चेहरे-चरित्र रखने वाले ऐसे लोग समाज में सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ते देखे जाते हैं.

 

अक्सर हम मित्रों के बीच ऐसे विषय चर्चा के लिए उपस्थित हो जाते हैं. बीते दिनों की बातों को याद करते हुए, गुजरे समय में साथ आये हुए लोगों के व्यवहार को देखते हुए हम सभी उनका तुलनात्मक अध्ययन करने लगते हैं. ये एक सामान्य सी प्रक्रिया है, मानव स्वभाव की और इसी के कारण व्यक्ति सही गलत का आकलन भी कर पाता है. इसी तुलनात्मकता में एक बात स्पष्ट रूप से सामने आ रही है कि अब व्यक्ति भीड़ में होने के बाद भी अकेला होता जा रहा है. संबंधों का निर्वहन करना तो दूर, अब उसके द्वारा संबंधों का लिहाज भी नहीं किया जा रहा है. स्व की अनुभूति को उसने इस कदर अपने ऊपर हावी कर लिया है कि उसे सिवाय अपने कोई और नजर ही नहीं आता है. यह स्थिति न केवल उस व्यक्ति के लिए बल्कि समाज के लिए भी ख़राब है. 





 

25 मार्च 2023

भावनात्मकता से दूर होता समाज

आये दिन खबरें आ रही हैं युवाओं की मौत की. बहुत बड़ी संख्या में मौत का शिकार बन रहे युवाओं में बहुत कम ऐसे हैं जो सामान्य जीवन व्यतीत करते हुए मौत की नींद सो गए. समाचारों, जानकारियों के अनुसार बहुत बड़ी संख्या में अवसाद के कारण, किसी बीमारी के कारण, हार्ट अटैक के कारण, आत्महत्या करके युवा मौत का शिकार बन रहे हैं. इन युवाओं की उम्र बहुत अधिक नहीं है. इनमें से बहुत तो किशोरावस्था के होंगे. बहरहाल, इन युवाओं की उम्र कुछ भी रही हो, वह चिंता का विषय हो उससे बड़ी चिंता का विषय उनका असमय चले जाना होना चाहिए. किसी भी युवा की मौत पर कुछ दिन का मातम मना लिया जाता है, उसके कामों के कारण उसे याद कर लिया जाता है और फिर सभी अपने-अपने काम पर लग जाते हैं. इस तरफ ध्यान देने की कोई आवश्यकता महसूस नहीं की जा रही कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की मौत क्यों हो रही है? सभी युवा आत्महत्या नहीं कर रहे हैं मगर बहुत बड़ी संख्या ऐसे युवाओं की है हो हार्ट अटैक का शिकार बने हैं. ये भी सोचने का विषय होना चाहिए कि आखिर ऐसी किस तरह की जीवन शैली समाज में चलन में आती जा रही है कि तीस से चालीस वर्ष तक के युवा भी हृदयाघात का शिकार होने लगे हैं?




वैसे यदि हम सकारात्मकता के साथ अपने आसपास निगाह डालें, अपनी ही दिनचर्या पर विचार करें, अपने संपर्क और लोगों से मेल-मुलाक़ात पर ध्यान दें तो हमें खुद एहसास होगा कि किस तरह से हम सभी लगातार एकाकी जीवन जीने की तरफ बढ़ रहे हैं. दिन-दिन भर सोशल मीडिया पर आभासी संपर्क भले बना रहे मगर व्यक्तिगत रूप से हम लोग आपस में बहुत कम मिल रहे हैं. बातचीत तो लगभग बंद सी ही है. अब बातचीत का सहारा सोशल मीडिया के तमाम मंच बन गए हैं. सुबह-शाम के सन्देश पर उसी के अनुसार स्माइली भेजकर सामने वाले को जवाब भी दे दिया जाता है. जिस औपचारिकता से सन्देश भेजा गया होता है, उसी औपचारिकता से भेजी गई स्माइली को भी स्वीकार कर लिया जाता है. एक पल रुक कर यह भी विचार नहीं किया जाता है कि कम से कम एक बार सामने वाले को फोन लगाकर बात कर ली जाये, उसके हालचाल ले लिए जाएँ.


यह एक सार्वभौम सत्य है कि किसी भी व्यक्ति के मन का, उसकी मानसिकता का, हावभाव का पता मोबाइल पर भेजे जाने वाले, पाए जाने वाले संदेशों से, स्माइली से कदापि नहीं हो सकता है. सन्देश, फोटो, वीडियो या स्माइली आदि किसी भी तरह से व्यक्ति के तात्कालिक मनोभावों को नहीं बता सकते. इसका अंदाजा तो बस आपस में बातचीत के द्वारा हो सकता है. बात करने के लहजे से, सामने वाले के बोलने के अंदाज से समझ में आसानी से आता है कि वह खुश है या दुखी है. बातचीत को हम सभी लोग जैसे समाप्त ही कर चुके हैं. मोबाइल के युग में, इंटरनेट के युग में आज एक ही घर में आपस में बातचीत न के बराबर हो रही है. ऐसे में जाहिर है कोई युवा, किशोर यदि किसी भी तरह की समस्या में घिरा है तो इसकी जानकारी नहीं हो पाती है. वर्तमान दौर में प्रत्येक व्यक्ति को अनेक तरह की समस्याओं से सामना करना पड़ता है. किसी को पढ़ाई की समस्या है तो किसी के सामने कैरियर की दिक्कत है. कोई पारिवारिक समस्याओं से दो-चार हो रहा है तो कोई आर्थिक रूप से तंगहाली से गुजर रहा है. ऐसे में भावनात्मक सहारा, संबल न मिल पाने के कारण युवा, किशोर या तो अवसाद में ग्रसित हो जाते हैं या फिर वे हताशा में कोई गलत कदम उठा लेते हैं.


जीवन सिर्फ जिन्दा रहने के लिए नहीं है वरन खुलकर आनंद लेने के लिए है. हताशा, निराशा, असफलता के दौर तो सबके साथ आते जाते हैं मगर यदि उसको भावनात्मक संबल मिल जाये तो वह इन सबसे सहजता से उबर आता है. अपने युवाओं को, किशोरों को असमय मौत के मुँह में जाने से रोकने के लिए आइये हम सब फिर से उसी दुनिया को बनाने का प्रयास करें जहाँ मोबाइल, इंटरनेट ने हमारे रिश्तों को, संबंधों को, भावनात्मकता को नहीं खाया था. 







 

21 जुलाई 2022

मोबाइल का उपयोग और व्यक्ति का अकेलापन

आज लगभग हर हाथ मोबाइल से और सभी मोबाइल इंटरनेट सुविधा से सुसज्जित हैं. हम सभी अपने आसपास ऐसे लोगों को अवश्य ही देखते होंगे जो लगातार मोबाइल को ही निहारते रहते हैं. मोबाइल की स्क्रीन पर अपनी उंगलियाँ घुमाते रहते हैं. जबरदस्त व्यस्तता से भरे दिखाई पड़ने वाले ऐसे लोग वास्तविकता में अन्दर से किस कदर अकेलेपन से घिर चुके होते हैं, न उनको इसका भान होता है और न ही हम सब उसे समझ पाते हैं. इस अकेलेपन को न समझ पाने का एक बहुत बड़ा कारण यह भी होता है क्योंकि हम सब भी कहीं न कहीं इसी तरह की स्थिति का शिकार होते हैं.


निश्चित ही तकनीकी दौर में बिना तकनीक के आगे बढ़ना संभव नहीं है. इंटरनेट और स्मार्ट फोन ने यकीकन काम को गति दी है, सुविधाजनक बनाया है मगर इस गति और सुविधा ने व्यक्तियों को अकेला कर दिया है या कहें कि उनमें अकेलापन भर दिया है. ये चौंकने वाली बात नहीं है, बस इस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है, अपने आसपास जो घटनाएँ हो रही हैं उनका विश्लेषण करने की आवश्यकता है. हम सभी को वो दौर याद होगा जबकि हमें डाटा की बहुत अधिक कीमत चुकानी पड़ती थी. उन दिनों में भी काम हुआ करते थे, नेट का उपयोग हुआ करता था मगर उसमें एक तरह की सीमितता थी. उस समय डाटा के उपयोग में मन-मष्तिष्क में एक तरह की किफ़ायत करने का भी भान हुआ करता था. उन दिनों के उलट आज देखें तो असीमित रूप में हम सबको डाटा मिला हुआ है मगर इसका कितना सदुपयोग किया जा रहा है या कहें कि हो रहा है ये सोचने वाली बात है.


लगभग मुफ्त के भाव मिलते डाटा ने और इंटरनेट की दुनिया में उपलब्ध अनेकानेक सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ने जैसे हम सबके आसपास एक तरह का कल्पनालोक बना दिया है. सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म की जबरदस्त उपलब्धता से व्यक्ति अपने आसपास की वास्तविक दुनिया से दूर होता गया और स्क्रीन पर दिखाई पड़ती दुनिया के करीब आता गया. इसी का दुष्परिणाम व्यक्तियों के अकेले होने के रूप में सामने आ रहा है. इसकी परिणति अवसाद, निराशा, कुंठा, अपराध, नशे की प्रवृत्ति आदि के रूप में दिखती हुई आत्महत्या तक जा पहुँची है. इसे कोई बनाई हुई आभासी स्थिति न कहिये बल्कि महसूस कीजिये.




हम, आप सभी सुबह-सुबह मोबाइल पर आते अनेकानेक सुप्रभात अथवा दार्शनिक संदेशों से दो-चार होते हैं. अक्सर इन संदेशों के प्रत्युत्तर में या तो सन्देश ही भेज दिया जाता है अथवा किसी इमोजी को भेज दिया जाता है. सन्देश भेजने वाले ने अपने दायित्व का निर्वहन कर लिया और उस सन्देश के प्रत्युत्तर में हम, आप ने अपने कर्तव्य का निर्वाह कर लिया. ये क्रम सामान्य दिनों में ही नहीं अपितु विशेष दिनों, अवसरों पर भी बना रहता है. जन्मदिन, वर्षगाँठ, पर, त्यौहार अथवा किसी भी ख़ुशी या ग़म के अवसर पर अब फोन करके बात करने जैसी स्थिति न के बराबर दिखाई पड़ती है. अब घनिष्ट यार-दोस्तों में भी देर-देर रात तक चैट करने की प्रवृत्ति पनप चुकी है. परिजनों के बीच, मित्रों के बीच, सहयोगियों के बीच, शहर-मोहल्ले के परिचितों के बीच आज एक तरह का अबोलापन सा बना हुआ है. कहने को पूरे दिन चैट होती है मगर बातचीत हुए महीनों बीत जाते हैं.


इस स्थिति को सहज समझना ही नादानी है और समाज में अकेलापन भर रही है. कोई भी व्यक्ति हो वह अपनी लगातार की दिनचर्या में कभी परेशान भी होता है, कभी खुश भी रहता है. कभी उसे अपने कार्यक्षेत्र में कोई उलझन आती है तो कभी वह पारिवारिक समस्या से जूझता है. किसी समय में आपस में बातचीत से ऐसी समस्याओं, परेशानियों का हल निकल आया करता था, यदि हल न भी निकलता था तो अपनी बात कह लेने से, सामने वाले से सांत्वना के दो बोल मिल जाने से भी मन हल्का हो जाया करता था. अब मैसेज के द्वारा न तो सामने वाले की मनोस्थिति समझ आ रही है और न ही उसकी ख़ुशी, ग़म के बारे में समझना हो पा रहा है.


अपने आसपास भीड़ होने, देखने के बाद भी व्यक्ति नितांत अकेला अपने मोबाइल की स्क्रीन में ही केन्द्रित है. सोशल मीडिया, इंटरनेट के अनकहे से सम्मोहन में व्यक्ति सबकुछ भुला बैठा है. होना यह चाहिए कि जिस तरह से आये दिन युवाओं में, किशोरों में अवसाद, हताशा, निराशा, नाराजगी, चिडचिडापन, आक्रोश आदि देखने को मिलने लगा है, उसके समाधान के लिए प्रयास किये जाएँ. परिवार में, सहयोगियों में आपस में बातचीत के पुराने दौर वापस लाये जाएँ. संपर्क बनाये रखने से ज्यादा आवश्यक है कि आपस में सम्बन्ध बनाये जाएँ. शाम को निश्चित रूप से सभी को मोबाइल, सोशल मीडिया, इंटरनेट से बाहर निकल एक-दूसरे से मिलने-जुलने को अनिवार्य बनायें. युवाओं और किशोरों को इंटरनेट की आभासी रील वाली दुनिया से वास्तविक संबंधों, रिश्तों वाली दुनिया की सैर करवाएं. मोबाइल का उपयोग अत्यंत आवश्यक होने की दशा में ही करने के प्रयास किये जाने चाहिए.


यह सत्य है कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में तकनीकी बहाव को रोका नहीं जा सकता है, उससे बचा भी नहीं जा सकता है मगर अपने व्यवहार से, मानसिकता से उस पर नियंत्रण अवश्य लगाया जा सकता है. जिस तरह प्राकृतिक रूप से सर्दी, गर्मी, बरसात को रोका नहीं जा सकता परन्तु उनसे बचने के उपाय अवश्य किये जा सकते हैं, कुछ ऐसा ही हम सबको मोबाइल, इंटरनेट, सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर करना होगा. स्क्रीन की भीड़ भरी आभासी दुनिया में अकेलेपन का शिकार होने से बचने के लिए अपने आसपास की वास्तविक दुनिया से पहले की तरह सम्बन्ध बनाने होंगे.


.

08 अप्रैल 2022

सोशल मीडिया से बढ़ता अकेलापन

 हम सभी लोग अक्सर सामान्य बातचीत में आपस में पनपते जा रहे खामोश माहौल की चर्चा करने लगते हैं. यह चर्चा कहीं भी, कभी भी शुरू हो जाती है. चर्चा तो हो जाती है, चर्चा में लगभग सभी लोगों का शामिल होना भी हो जाता है मगर उस चर्चा का कोई सकारात्मक पहलू सामने नहीं आता है. ऐसा नहीं है कि चर्चा एकपक्षीय रहती हो. चर्चा में अकेलेपन के बहुत सारे बिन्दुओं पर गौर किया जाता है, उनसे सम्बंधित पहलुओं पर भी रौशनी डाली जाती है. इसके बाद भी ऐसा क्या हो जाता है कि समाज में लोगों के बीच पसरा अकेलापन दूर होने का नाम नहीं लेता? कहीं ऐसा तो नहीं कि इंसान स्वयं ही अपना अकेलापन दूर करने की मानसिकता नहीं रख रहा है?


इधर विगत कुछ वर्षों से लोगों के अकेलेपन, बच्चों की कार्यप्रणाली, उनकी मानसिकता आदि पर एक तरह का अघोषित अध्ययन बना हुआ है. ये नहीं कहा जायेगा कि यह अंतिम सत्य है मगर यह निश्चित रूप से कहा जा सकता है कि हम सबके सोशल मीडिया में आवश्यकता से अधिक व्यस्त हो जाने ने अकेलेपन को बढ़ाया है. सोशल मीडिया के बहुत सारे मंचों का उपयोग हम सभी लोग जानकारियों के, सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए करते हैं. ऐसा करने को ही हम संबंधों का निर्वहन समझने लगे हैं. दिन में मिल जाने पर संभव है कि आपस में किसी तरह का वार्तालाप न होता हो मगर सोशल मीडिया के मंचों से सुबह, शाम औपचारिक अभिवादन अवश्य ही होता है. इस अभिवादन के पीछे मंशा सामने वाले के हालचाल लेना नहीं होता है बल्कि अपनी तरफ से एक तरह की औपचारिकता का निर्वहन कर लेना होता है.




असल में यही महज निर्वहन कर लेने की सोच ही सर्वाधिक कष्टकारी है. टेक्स्ट मैसेज के द्वारा, चित्रों के द्वारा हम एक-दूसरे तक अपनी बात को तो पहुँचा सकते हैं मगर किसी भी रूप में उसकी मानसिकता को, उसकी मनोदशा को, उसकी स्थिति को नहीं समझ सकते हैं. जाने कितने-कितने चेहरों को अपने चेहरों पर लगाये बैठे लोग कष्ट के दौरान भी मैसेज में हँसने की स्माइली भेजते हैं. किसी मैसेज के जवाब में मिलने वाली स्माइली, किसी कार्टून से सामने वाले की मनोदशा का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है. ऐसे में औपचारिकता का निर्वहन दोनों तरफ से होने के कारण एक तरह का नितांत खालीपन संबंधों में आने लगता है. यही खालीपन अकेलेपन को बढ़ाता जाता है.


यहाँ ये तो नहीं कहा जा सकता है कि जो चंद उपाय, चंद कदम दिमाग में आते हैं वे पूरी तरह से लोगों के अकेलेपन को समाप्त कर देंगे पर ये अवश्य कह सकते हैं कि उस अकेलेपन को बहुत हद तक दूर कर सकते हैं, कम कर सकते हैं. बहुतायत समय मोबाइल, लैपटॉप आदि में गुजारने की बजाय आपस में मिलना-जुलना करने से संबंधों में प्रगाढ़ता तो आती ही है, आपसी खालीपन को दूर करने में भी सहायता मिलती है. बेहतर हो कि सोशल मीडिया के द्वारा आपसी हालचाल लेने-देने के बजाय फोन करके, आमने-सामने मिलकर, बातचीत करके एक-दूसरे का हालचाल लिया-दिया जाये. संभव है कि सबके पास समय एक तरह से खाली न रहता तो मगर ऐसा भी नहीं कि दस-पंद्रह दिन में एक दिन भी खाली न निकलता हो. एक ऐसे दिन का, समय का चुनाव करें जबकि एकसाथ मिला-बैठा जाये, खूब हँसी-मजाक किया जाये, जीवन की समस्याओं को आपस में कह-सुनकर उनका समाधान खोजा जाये.


यहाँ ध्यान यह रखने की आवश्यकता है कि जब सभी लोग आपस में साथ होंगे तो समस्याएँ भी दूर होंगी और अकेलापन भी दूर होगा.


.

04 अप्रैल 2022

बढ़ते अवसाद का कारण है अकेलापन

भारतीय समाज में मानवीय आधार पर निर्मित अनेकानेक मान्यताओं, परम्पराओं का अपना वैज्ञानिक आधार रहा है. उसके अनुपालन के पीछे संस्कारों का निर्माण, संस्कृति का संवर्धन, सहयोग की भावना का विस्तारण करना रहा है. वसुधैव कुटुम्बकम महज एक विचार नहीं, चंद शब्द नहीं वरन अपने आपमें एक समृद्ध अवधारणा है, जिसके द्वारा इंसान को न केवल इंसान से बल्कि इंसान को प्रकृति के अंग-अंग से समन्विति बनाये रखने को बल मिलता है. आधुनिकता के वशीभूत हमने न केवल वसुधैव कुटुम्बकम की अवधारणा को छिन्न-भिन्न किया वरन अपने आपको नितांत अकेलेपन का शिकार बना लिया. तकनीकी, ज्ञान, कार्य की असीमित व्यस्तता के बीच भी इंसान किस कदर अकेला पड़ गया है इसे महानगरों के साथ-साथ छोटे-छोटे नगरों, कस्बों में भी सहजता से देखा जा सकता है.

 

आधुनिकता का आलम ये है कि उत्सव, त्यौहार, आयोजन अब हर्ष-उल्लास का विषय नहीं वरन विवाद का विषय बनने लगे हैं, ऐसे में इंसान को भरे-पूरे होने का एहसास कैसे हो? दोस्तों की महफ़िल कहीं दूर हो गई है, सांझ ढलने से देर रात चलने वाली हँसी-मस्ती की आवारगी अब देखने को नहीं मिलती है. बच्चों के लिए खेल के मैदानों को बड़ी-बड़ी इमारतों ने निगल लिया है, अब वे मैदान में मस्ती करने के स्थान पर मोबाइल, टीवी, वीडियो गेम के सामने अकेले-अकेले अपनी सक्रियता प्रदर्शित करते हैं. इस स्थिति के दुष्प्रभाव का हाल ये है कि आज एक घर में कई-कई घर देखने को मिल रहे हैं. अपने-अपने कमरे की चहारदीवारी में अपना-अपना एक अलग संसार बनाकर लोग उसी में ख़ुशी तलाश रहे हैं. अपने आपसे घिरे नितांत अकेले अपने में ही अपने को खोज रहे हैं.

 



इक्कीसवीं सदी को औद्योगीकरण की, भूमंडलीकरण की, वैश्वीकरण की, तकनीक की सदी घोषित कर दिया गया. इसके चलते लोगों के लिए एकमात्र उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ धनोपार्जन करना बन गया है. इसके लिए जीवन को यंत्रवत सा बना लिया गया है. धनोपार्जन की आपाधापी में अभिभावकों का संलिप्त रहना, युवाओं का भागमभाग में जुट जाना, अपनी आँखों के सपनों को जिंदा बनाये रखने के लिए संवेदना को मारकर आगे बढ़ते जाना आदि ऐसा कुछ हुआ जिसने समूचे समाज को उल्टा खड़ा कर दिया. अनियमित होती जीवनशैली, परिवार से दूर रहने की मजबूरी, अधिकाधिक भौतिक संसाधनों की प्राप्ति करना, चकाचौंध भरी जिंदगी को जीने की लालसा ने इंसान को इंसान की जगह मशीन बना दिया. रिश्ते, नातों, परिवार, बच्चों, दोस्तों आदि को उसने सिर्फ बाज़ार की दृष्टि से देखा, सब जगह उसने हानि-लाभ का समीकरण लगाया और उसी के अनुसार अपने आपको संबंधों-रिश्तों के साँचे में उतारा. इस यांत्रिक जीवन का दुष्परिणाम यह हुआ कि सारे रिश्ते समाप्त से होते दिखे. बच्चों के लिए माता-पिता और माता-पिता के लिए बच्चे नोट छापने की मशीन मात्र बनकर रह गए. रिश्तों का मोल महज संबोधन के लिए होता दिखने लगा.

 

ये यांत्रिक ज़िन्दगी न केवल धनोपार्जन के लिए वरन बचपन, शिक्षा, घर-परिवार आदि में भी दिखने लगी है. किसी समय मौज-मस्ती, शैतानियों, शरारतों आदि के लिए बचपन को याद किया जाता था किन्तु अब ऐसा लगता है जैसे बचपन की भ्रूण हत्या कर दी गई है. हँसते-खेलते बच्चों की जगह बस्तों का बोझ लादे, थके-हारे से, मुरझाये से बच्चे दिखाई देते हैं. शरारतों, शैतानियों की जगह उनके चेहरों पर बड़ों-बुजुर्गों जैसी भाव-भंगिमा, सोच-विचार दिखाई देता है. नीले आकाश के नीचे उन्मुक्त खेलते, तितली बनकर उड़ते बच्चों को अब कमरों में बंद कर दिया गया है. किसी समय में दादा-दादी, नाना-नानी के आँचल में छिपकर परियों, वीरों के किस्से-कहानियाँ सुन-सुनकर बड़े होने वाले बच्चे टीवी सीरियल्स के कथित लाइव शो को देखकर बड़े हो रहे हैं, स्मार्टफोन की इंटरनेट दुनिया के कारण समय से पहले ही स्मार्ट हो रहे हैं. ऐसी स्थिति में अकेलापन बढ़ना स्वाभाविक ही है और वैसा हुआ भी. धन, भौतिक संसाधन, आधुनिकतम उपकरण, तकनीक की भरमार हो गई और इंसान एकदम अकेला हो गया.

 

इस अकेलेपन को दूर करने के लिए तनहा इंसान ने सबक न लिया; अपनी तन्हाई को दूर करने के लिए अपनों का सहारा नहीं लिया; अपने अकेलेपन को दूर करने के लिए इंसानों का सहयोग नहीं लिया क्योंकि विडम्बना ये है कि आधुनिकता के बाज़ार में इंसान दिख ही नहीं रहे हैं. चारों तरफ सिर्फ मशीन ही मशीन हैं, यंत्र ही यंत्र हैं. इससे अकेलापन कम होने की बजाय बढ़ता जा रहा है. इंसान के भीतर एक तरह का खोखलापन बढ़ता जा रहा है. ऐसी स्थिति में अंत नितांत दुखद होता है. जब आँख खुलती है तो व्यक्ति को सबकुछ पीछे छूट जाने के दुःख होता है, अपनों के कहीं दूर चले जाने का भाव जगता है. यही सबकुछ व्यक्ति में और अधिक दुःख, हताशा, निराशा का संचार कर देता है. यही वे हालात हैं जिसका शिकार न केवल वयस्क हो रहे हैं वरन बच्चों को, किशोरों को भी इसका शिकार होते देखा जा रहा है. संयुक्त परिवार की संकल्पना का ध्वंस करके एकल परिवार अस्तित्व में लाये गए किन्तु उनमें भी आज एक-दूसरे के लिए समय का अभाव दिख रहा है. अकेलेपन की इस त्रासदी के चलते बच्चे, किशोर, युवा, वयस्क आदि, वो चाहे पुरुष हो या स्त्री, किसी अनजाने की खोज में लगे रहते हैं. ये अकेलापन उनको एहसास कराता है कि कोई उनको पसंद नहीं करता है, कोई उनको समझने का प्रयास नहीं करता है, उनके लिए किसी के पास समय नहीं. ये स्थिति ऐसे लोगों को चिड़चिड़ा बना देती है, बात-बात में आक्रोशित होना, अकारण किसी से झगड़ा कर बैठना ऐसे लोगों का स्वभाव बन जाता है.

 

ऐसे में व्यक्ति या तो अवसाद की अवस्था में चला जाता है या फिर आत्महत्या जैसा जघन्य कृत्य कर बैठता है. ज़ाहिर है कि अकेलेपन का इलाज मशीन नहीं, बाज़ार नहीं, तकनीक नहीं वरन अपने लोग हैं, घर-परिवार है. आवश्यकता इस सत्य को समझने की है. यदि ऐसा नहीं होता है तो कारण कुछ भी बताये जाएँ, लोगों में अकेलापन हावी रहेगा, लोगों का मौत के आगोश में चलते चले जाना जारी रहेगा.

 


23 नवंबर 2021

एकांत का सौन्दर्य

बहुत बार मन करता है एकदम एकांत में रहने का. तकनीक के दौर में सबकुछ सर्वसुलभ होने के बाद भी मन का इस तरह की सोच रखना लोगों के लिए आश्चर्य का विषय हो सकता है. असल में तकनीक ने यदि सबको पास लाने का काम किया है तो निजी जीवन में हस्तक्षेप करवाने का भी काम किया है. तकनीक के बढ़ते और सुलभ होते प्रभावों ने इन्सान के खुद से जुड़ने की संभावनाओं को समाप्त सा किया है. सार्वजनिक जीवन में रहने वालों का तो एक-एक पल किसी न किसी रूप में जनमानस से जुड़ा होता है पर ऐसे लोग जो नितांत व्यक्तिगत जीवन का निर्वहन करते हैं वे भी तकनीक की सुलभता के कारण एकांत खोजते हैं. ऐसे लोगों के एकांत खोजने वाली स्थिति और हमारे मन के द्वारा एकांत में जाने की स्थिति में बहुत अंतर है. सार्वजनिक जीवन की समागमता के कारण बहुत सारे संपर्क स्थापित हो जाते हैं और ऐसे में तकनीक की सुलभता ने सबकुछ सार्वजनिक सा कर दिया है. नया सोचने का, नया करने का, नया स्थापित करने का, खुद से खुद का संपर्क स्थापित करने का समय निकाल पाना मुश्किल सा लगने लगता है. ऐसे में एकांतवास, अज्ञातवास का अपना महत्त्व है, इसे समझना आवश्यक है.




एकांत शब्द बहुत से लोगों के लिए भयावहता का अनुभव कराता होगा. बहुत से लोगों के लिए यह सोच पाना ही संभव नहीं कि कोई व्यक्ति अकेले कैसे रह सकता है? अपने आपको अपने से कैसे जोड़ सकता है? तकनीक भरे इस दौर में बिना किसी गैजेट्स के कैसे रह सकता है? असल में एकांत अपने आपमें एक मधुर स्थिति है, बस इसे समझने की आवश्यकता है. यहाँ पहले तो यही समझना पड़ेगा कि एकांत का अर्थ यहाँ अकेलेपन से नहीं, किसी तन्हाई से नहीं वरन अपने अन्दर से अपने को जोड़ने का नाम एकांत है. यहाँ एकांत का मतलब सूनापन नहीं, सुनसान सा जीवन नहीं वरन अपने भीतर के संगीत को सुनना है, अपने अन्दर के समाज को पहचानना है. इस एकांत से बहुत से लोग आजीवन कोई सम्बन्ध स्थापित नहीं कर पाते हैं. दुनिया भर से सम्बन्ध बनाये रखने वाले लोग अपने भीतर के समाज से बहुत कटे-कटे से रहते हैं. सामाजिक गतिविधियों में सक्रियता से भाग लेने वाले बहुतेरे लोग अपने भीतर की गतिविधि से साम्य नहीं बना पाते हैं, उसके संगीत का आनंद नहीं उठा पाते हैं. यहाँ एकांत का अर्थ खुद का खुद से सम्मिलन है. यह किसी जंगल में जाने जैसा नहीं है, किसी गुफा में जाने जैसा नहीं है, किसी अँधेरे में जाने जैसा नहीं है. इस एकांतवास का सम्बन्ध अपने भीतर की ऊर्जा को नए रूप में बाहर लाने का नाम है. आत्मविश्वास को और सशक्त बनाने का नाम एकांतवास है.


कभी एक स्थिति पर विचार कीजिये, जब हम घर में निपट अकेले हों. घर-परिवार का कोई सदस्य न हो. आस-पड़ोस वाला भी कोई न हो. कोई यार-दोस्त भी उस समय न हो, बस हम ही हम हों तब भी हम अपने आपमें सामाजिकता का निर्वहन करते रहते हैं. कहने का तात्पर्य यह कि उस निपट अकेलेपन में भी हम न तो रसोई में नहाने का काम करते हैं. न ही फ्रिज में या कपड़ों की अलमारी में जूते-चप्पल रखने का काम करते हैं. न बाथरूम को बेडरूम की तरह इस्तेमाल करते हैं. उस अकेलेपन में, उस एकांत में भी हम अपने भीतर के समाज के सामने सबकुछ सामाजिकता के साथ संपन्न करते हैं. एक ऐसे समय में जबकि आप निपट अकेले हों तब भी आपका अपने घर के भीतर असामाजिक न होना सिद्ध करता है कि हम अपने भीतर के समाज को जिन्दा बनाये हुए हैं. कुछ इसी तरह की स्थिति को एकांतवास में इन्सान को अपने आपको जिन्दा रखने के लिए करनी चाहिए. समयांतराल के साथ-साथ कभी-कभी अपनाया जाने वाला एकांतवास यदि व्यक्ति पूरी ईमानदारी के साथ व्यतीत करता है तो वह अपने भीतर की उस ऊर्जा से ओतप्रोत हो जाता है, जिस ऊर्जा को वह सामाजिक-पारिवारिक कर्तव्यों को पूरा करते रहने की अंधाधुंध होड़ में, दौड़ में भुला चुका होता है.


एकांतवास में किसी जागरूक, सजग, सक्रिय व्यक्ति का जाना उसे और सक्रियता प्रदान करता है. ऐसी स्थिति में उसका साक्षात्कार खुद से होता है. ऐसे समय में ही वह अपने शौक, अपनी खूबियों को पल्लवित करने का काम करता है. यहाँ उसके द्वारा यह ध्यान रखना आवश्यक होता है कि वह जिन स्थितियों से बचने के लिए, उनसे उबरने के लिए एकांतवास की राह चला है वहाँ उन स्थितियों को साथ लेकर न आये. एकांतवास में अपने से अपने का साक्षात्कार व्यक्ति को अपने शक्ति से परिचित करवाता है. गैजेट्स पर निर्भर बने रहने की उसकी पराधीनता को तोड़ने का भी काम करता है. देखा जाये तो जीवन का सञ्चालन व्यक्ति खुद करता है. तकनीकी संपन्न गैजेट्स उस सञ्चालन को सरल-सहज बनाने का काम करते हैं. ऐसे में यदि व्यक्ति खुद से खुद का परिचय करना चाहता है, एकांतवास का लाभ अपने लिए, भविष्य के लिए लेना चाहता है तो उसे ऐसे कृत्रिम गैजेट्स वाले जीवन से बचने की कोशिश करनी चाहिए. यदि कोई ऐसा कर ले जा रहा है तो वह एकांतवास का सदुपयोग करके खुद को एक नई ऊर्जा के साथ समाज-निर्माण में लाने का ही कार्य करता है.


.

10 सितंबर 2020

खुद को अकेला समझने ने बनाया आत्महत्या का रास्ता

आत्महत्या, क्या अब ये महज एक शब्द बनकर रह गया है? एक आत्महत्या का अर्थ है एक व्यक्ति का चले जाना. यह ऐसा कदम है जहाँ दुःख भी होता है, क्षोभ भी होता है मगर बहुत सारे अनुत्तरित से सवाल शेष रह जाते हैं. तमाम तरह की अनिश्चितता सामने आ जाती हैं. संभावनाओं-असंभावनाओं के इस दौर में लोगों का अनिश्चय के साये में ज़िन्दगी बिताना और फिर हताशा के चलते मौत के आगोश में चले जाना समझ से परे है. लोगों में अनिश्चय हावी है, हताशा हावी है, निराशा जारी है, इंसान का मरना जारी है, युवाओं का मरना ज़ारी है. इस हावी रहने में, बहुत कुछ जारी रहने में सबसे बुरा है सपनों का मरते जाना, विश्वास का मिटते जाना. यांत्रिक रूप से गतिबद्ध ज़िन्दगी नितांत अकेलेपन के साथ आगे बढ़ती दिखती है किन्तु आगे बढ़ती सी लगती नहीं. इक्कीसवीं सदी को औद्योगीकरण की, भूमंडलीकरण की, वैश्वीकरण की, तकनीक की सदी घोषित कर दिया गया. इसके चलते समाज में अर्थ को महत्त्वपूर्ण माना जाने लगा. लोगों के लिए एकमात्र उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ धनोपार्जन करना बन गया है. इसके लिए जीवन को यंत्रवत सा बना लिया गया है. 

अब विद्रूपता ये कि ये यांत्रिक ज़िन्दगी न केवल धनोपार्जन के लिए वरन बचपन, शिक्षा, घर-परिवार आदि में भी दिखने लगी है. किसी समय मौज-मस्ती, शैतानियों, शरारतों आदि के लिए बचपन को याद किया जाता था किन्तु अब ऐसा लगता है जैसे बचपन की भ्रूण हत्या कर दी गई है. हँसते-खेलते बच्चों की जगह बस्तों का बोझ लादे, थके-हारे से, मुरझाये से बच्चे दिखाई देते हैं. शरारतों, शैतानियों की जगह उनके चेहरों पर बड़ों-बुजुर्गों जैसी भाव-भंगिमा, सोच-विचार दिखाई देता है. नीले आकाश के नीचे उन्मुक्त खेलते, तितली बनकर उड़ते बच्चों को अब कमरों में बंद कर दिया गया है, उड़ान के लिए उनके हाथों में लैपटॉप, मोबाइल थमा दिए गए हैं. किसी समय में दादा-दादी, नाना-नानी के आँचल में छिपकर परियों, वीरों के किस्से-कहानियाँ सुन-सुनकर बड़े होने वाले बच्चे टीवी सीरियल्स के कथित लाइव शो को देखकर बड़े हो रहे हैं, स्मार्टफोन की इंटरनेट दुनिया के कारण समय से पहले ही स्मार्ट हो रहे हैं.



धनोपार्जन की आपाधापी में अभिभावकों का संलिप्त रहना, युवाओं का भागमभाग में जुट जाना, अपनी आँखों के सपनों को जिंदा बनाये रखने के लिए संवेदना को मारकर आगे बढ़ते जाना आदि ऐसा कुछ हुआ जिसने समूचे समाज को उल्टा खड़ा कर दिया. अनियमित होती जीवनशैली, परिवार से दूर रहने की मजबूरी, अधिकाधिक भौतिक संसाधनों की प्राप्ति करना, चकाचौंध भरी जिंदगी को जीने की लालसा ने इंसान को इंसान की जगह मशीन बना दिया. मशीन बनते इस इंसान ने मशीन बनते ही सबसे पहले अपने भीतर की संवेदना को समाप्त कर उसकी जगह एक बाज़ार को जन्म दिया. रिश्ते, नातों, परिवार, बच्चों, दोस्तों आदि को उसने सिर्फ बाज़ार की दृष्टि से देखा. सब जगह उसने हानि-लाभ का समीकरण लगाया और उसी के अनुसार अपने आपको संबंधों-रिश्तों के साँचे में उतारा. इस यांत्रिक जीवन का दुष्परिणाम यह हुआ कि सारे रिश्ते समाप्त से होते दिखे. बच्चों के लिए माता-पिता और माता-पिता के लिए बच्चे नोट छापने की मशीन मात्र बनकर रह गए. रिश्तों का मोल महज संबोधन के लिए होता दिखने लगा. ऐसी स्थिति में अकेलापन बढ़ना स्वाभाविक ही है और वैसा हुआ भी. धन, भौतिक संसाधन, आधुनिकतम उपकरण, तकनीक की भरमार हो गई और इंसान एकदम अकेला हो गया.

इस अकेलेपन को दूर करने के लिए तन्हा इंसान ने सबक न लिया; अपनी तन्हाई को दूर करने के लिए अपनों का सहारा नहीं लिया; अपने अकेलेपन को दूर करने के लिए इंसानों का सहयोग नहीं लिया क्योंकि विडम्बना ये है कि आधुनिकता के बाज़ार में इंसान दिख ही नहीं रहे हैं. चारों तरफ सिर्फ मशीन ही मशीन हैं, यंत्र ही यंत्र हैं. अकेलेपन का उपाय मोबाइल में, लैपटॉप में, छलकते जाम में, सिगरेट के छल्लों में, नशे के बादलों में, दैहिक आकर्षण में, बिस्तर की सिलवटों में खोजा जा रहा है. सेल्युलाइड के परदे की चकाचौंध को ही अपने जीवन की वास्तविकता मान लिया जा रहा है. आभासी दुनिया के नकलीपन को ही अपने जीवन का असलीपन बना लिया जा रहा है. इससे अकेलापन कम होने की बजाय और बढ़ता जा रहा है. इंसान के भीतर एक तरह का खोखलापन बढ़ता जा रहा है. यही कारण है कि पिता अपनी ही बेटी से कुकृत्य करने में लगा है. भाई-बहिन के बीच शारीरिक सम्बन्ध बन रहे हैं. इंसानी देह महज भोग की वस्तु बनती जा रही है. यौनेच्छा पूर्ति के लिए हवसी बच्चियों, वृद्धाओं, शवों तक को नहीं बख्श रहे हैं. दैहिक संबंधों को मानसिक संबंधों पर वरीयता दी जाने लगी है. 

ऐसी स्थिति में अंत नितांत दुखद होता है. जब आँख खुलती है तो व्यक्ति को अपने चारों तरफ आभासी दुनिया का एहसास होता है, नितांत भ्रम का एहसास होता है, सबकुछ पीछे छूट जाने के दुःख होता है, अपनों के कहीं दूर चले जाने का भाव जगता है. यही सबकुछ व्यक्ति में और अधिक दुःख, हताशा, निराशा का संचार कर देता है. ऐसे में व्यक्ति या तो अवसाद की अवस्था में चला जाता है या फिर आत्महत्या जैसा जघन्य कृत्य कर बैठता है. ज़ाहिर है कि अकेलेपन का इलाज मशीन नहीं, बाज़ार नहीं, तकनीक नहीं वरन अपने लोग हैं, घर-परिवार है. आवश्यकता इस सत्य को समझने की है. यदि ऐसा नहीं होता है तो कारण कुछ भी बताये जाएँ, लोगों में अकेलापन हावी रहेगा, लोगों का मौत के आगोश में चलते चले जाना जारी रहेगा.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

24 जुलाई 2020

पल भर के लिए कोई हमें प्यार कर ले.....

एक बहुत पुराना मधुर गीत है, पल भर के लिए कोई हमें प्यार कर ले, झूठा ही सही. इस गीत को जितनी बार सुनो, एक अलग तरह का सन्देश देता है. अब यह सन्देश सभी सुनने वालों के लिए एक जैसा होता होगा या नहीं, कहा नहीं जा सकता. इस गीत को दो तरह से समझने की आवश्यकता है. एक तरफ यदि इस गीत को देखा जा रहा है तो यह गीत विशुद्ध रूप से दो व्यक्तियों के बीच की आपसी स्थिति को दर्शाता है. इन दो लोगों में एक प्रेमी है, एक प्रेमिका है; एक स्त्री है, एक पुरुष है. देखने के सन्दर्भ में इस गीत के मायने प्रेमी-प्रेमिका के बीच की स्थिति से जुड़ते हैं. यही दृश्य समूचे गीत को प्रेमी-प्रेमिका वाले प्रेम के साथ संदर्भित भी करता है. देखा जाये तो यह गीत भी इसी तरह के दृश्य की पूर्ति करता हुआ आगे बढ़ता है.



इसके सापेक्ष यदि इस गीत की आरंभिक पंक्ति पर ध्यान दिया जाये तो यह गहन अर्थ का सन्दर्भ देती है. पल भर के लिए कोई हमें प्यार कर ले, झूठा ही सही, यह पंक्ति महज प्रेमी-प्रेमिका के दृश्य को उद्घाटित नहीं करती है. यदि इस एक पंक्ति के सन्दर्भ निकाले जाएँ, भावार्थ निकाले जाएँ तो समझ आता है कि प्यार को पाने के लिए कोई व्यक्ति कितना लालायित है, भले ही वह झूठा प्यार ही क्यों न हो. आखिर लोगों के जीवन में प्यार की इतनी कमी कैसे हो गई है? या फिर प्यार का सन्दर्भ महज प्रेमी-प्रेमिका के प्यार से लगाया जाने लगा है? क्या व्यक्ति का एकाकी होना उसके प्यार में कमी का परिचायक बनता जा रहा है? क्या व्यक्ति का अकेलापन उसके भीतर प्यार की कमी का एहसास करवा रहा है?


देखा जाये तो लगता है कि इस कोरोना काल में ही नहीं वरन बहुत पहले से व्यक्ति खुद में निपट अकेलापन महसूस करता रहा है. इस अकेलेपन में उसे कोई ऐसा साथ चाहिए होता है जो उसकी भावनाओं को समझ सके, उसके साथ दो पल हँस कर बिता सके. यहाँ समर्पण, विश्वास, प्रेम की बहुत आवश्यकता होती है. जिस तरह का समाज, जिस तरह की दुनिया विगत वर्षों में हम बना चुके हैं उसे देखते हुए लगता है कि व्यक्ति अकेले रहने में बहुत स्वतंत्र है, खुश है मगर वास्तविकता इसके कहीं उलट है. जीवन के तमाम सुखद पलों के बीच भी एक पल ऐसा आता है जबकि प्रत्येक व्यक्ति को किसी न किसी साथी की, किसी न किसी दोस्त की आवश्यकता महसूस होती है. इसी आवश्यकता के सन्दर्भ में इस गीत की पहली पंक्ति महत्त्वपूर्ण समझ आती है. कोई अकेला व्यक्ति कैसे किसी के प्यार को पाने की चाह रखता है, भले ही वह दो पल का हो, भले ही वह झूठा ही हो.

ये समय ऐसा है जबकि हम सभी निपट अपने में ही समय नहीं बिता रहे हैं या कहें कि बिता नहीं पा रहे हैं. ऐसे में हमें अपने आसपास के लोगों का, अपने साथियों का, अपने दोस्तों का भी ध्यान रखने की आवश्यकता है. उसे भी हमारे साथ की, हमारे प्यार की आवश्यकता है. उसकी यह आवश्यकता दो पल की न हो, झूठी न हो इसका हमें ध्यान रखना होगा. यदि इतना ध्यान हम सभी रख सके तो सभी एक-दूसरे का प्यार, साथ पा रहे होंगे, वो भी सच्चा वाला, सदा-सदा के लिए.


.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

12 जुलाई 2020

तन्हा, एकाकी समाज का आधार रखते हम नागरिक

क्या आने वाले दिनों में ऑनलाइन समारोह समाज की पहचान बनेंगे? क्या आने वाले दिनों में लोगों का विचार-विनिमय का माध्यम ऑनलाइन ही होगा? क्या आने वाले दिनों में हम सभी को अपनी बात कहने के लिए सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों का ही उपयोग करना होगा? समाज जिस तरह से एकाकी रूप में बदलता जा रहा था क्या इस चीनी वायरस कोरोना के चलते इस व्यवस्था को सहज स्वीकृति मिल जाएगी? जी तरह से सभी लोग स्वार्थ में लिप्त होकर सिर्फ और सिर्फ खुद के लिए ही काम करने में लगे थे क्या भविष्य में इसी सोच को स्वीकार्यता मिल जाएगी?



ऐसे और भी बहुत से सवाल हैं जो विगत तीन महीनों में दिमाग में कौंधते रहे. पिछले दिनों एक कार्यालय में अत्यावश्यक कार्य से जाना हुआ. वहाँ एक अत्यंत वृद्ध व्यक्ति को आवश्यकता से अधिक ऊँची एक सीढ़ी चढ़ने में दिक्कत हो रही थी. वे लगभग तीन-चार मिनट से प्रयास कर रहे होंगे, ऐसा उनकी हालत देखकर लग रहा था. उनके आसपास खड़े लगभग दस-पंद्रह लोगों में से किसी ने उनका हाथ पकड़ कर उनको ऊपर चढ़ाने में सहायता नहीं की. इत्तेफाक की बात कि उसी सीढ़ी से हमें भी चढ़ना था. अपने साथ-साथ एक हाथ से खुद को और एक से उन बुजुर्ग सज्जन को सहारा देकर ऊपर चढ़ाया. इस पर सबसे पहली टिप्पणी यही मिली कि अपने हाथ सेनेटाइज कर लीजिये, आपने इनको छू लिया है. समझ न आया कि आखिर हम किस तरह के पढ़े-लिखे समाज में पहुँचा दिए गए, एक वायरस के द्वारा?


कोरोना वायरस को समझना किसी राकेट साइंस का हिस्सा नहीं इसके बाद भी हम सभी जबरदस्त तरीके से एक-दूसरे को भ्रमित करने में लगे हैं. बहरहाल, आज कोरोना पर नहीं वरन उससे उपजी मानसिकता पर इतनी बात कहनी है कि इसने उन सभी स्वार्थी लोगों को मजबूत किया है जो कभी भी किसी की सहायता नहीं करते थे. वे अब कोरोना संक्रमण के नाम पर खुद को अलग किये हुए हैं. ऐसे लोग जो मदद के लिए आगे आते थे, उनको ऐसे लोगों ने कोरोना से सम्बंधित आँकड़ेबाजी में उलझाकर दूर कर दिया है. ऐसी स्थिति में बहुत कम लोग बचे हैं जो इस स्थिति में भी सहायता के लिए आगे आ रहे हैं. समझना होगा कि कोरोना आज नहीं तो कल चला ही जायेगा. भले ही समाप्त न हो मगर बहुत हद तक नियंत्रण में आ जायेगा मगर सोचना होगा कि हम आज इस दौर में किस तरह का भावी समाज निर्मित करने में लगे हैं?

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

29 जून 2020

एकाकी होता जाता इंसान

चीनी वायरस कोरोना के कारण जन-जीवन अस्तव्यस्त होता नजर आ रहा है. लॉकडाउन के चार चरणों के बाद जब देश में अनलॉक की प्रक्रिया आरम्भ हुई तो भी लोगों में एक तरह का डर बैठा हुआ है. ये और बात है कि बहुत से लोग इस डर का प्रदर्शन कर दे रहे हैं और बहुत से इसे छिपाने में सफल हो जा रहे हैं. कोरोना संकट के इन दिनों में व्यक्ति अपने परिजनों के साथ बना हुआ है. पिछले दो-तीन महीनों में उसके द्वारा अपने आपको व्यस्त रखने के कई उपाय किये गए. नए-नए कामों से लोगों को परिचित करवाया गया. इसके बाद भी बहुत से व्यक्ति अब इस सबसे ऊबन महसूस करने लगे हैं. रोज की एक बंधी-बंधाई सी दिनचर्या को बिताते-बिताते लोगों में आलस्य, ऊबन आना स्वाभाविक है.



असल में इन्सान अपने जीवन की आपाधापी में इस कदर खो गया था कि उसे अपना वर्तमान दिखाई देना बंद हो गया था. वर्तमान को पूरी तरह नजरंदाज करके वो सिर्फ और सिर्फ भविष्य को सुखमय बनाने के लिए भागा जा रहा था. उसके कामों से लोग अपने भविष्य को कितना सुरक्षित रख पाये हैं, ये तो इसी कोरोना काल में समझ आ गया है. भविष्य को लेकर सबके सब आज भी, अभी भी नितांत अनिश्चय में हैं. कितनी बड़ी विडम्बना है कि आज व्यक्ति घर-परिवार के बीच भी अकेला महसूस कर रहा है. विश्वग्राम की परिभाषा के बाद भी वह एकाकी दिख रहा है. लोगों में एक तरह की शून्यता भर गई है. इसका एक कारण खुद को किसी भी कला से न जोड़ पाना भी है. इस शून्यता में उन्हें व्यक्ति की कला उसके बाहरी आवरण, बाहर चकाचौंध से प्रभावित करती है, शेष दशा में कला उनके लिए क्षणिक मनोरंजन का माध्यम मात्र होती है.


.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

07 अप्रैल 2020

बुजुर्गों का अकेलापन दूर करना हमारी जिम्मेवारी

जितना हमने अनुभव किया है, इस संसार में किसी भी व्यक्ति के लिए अकेलापन सबसे बड़ा दुश्मन है और उसके बाद शायद पूर्वाग्रह का नंबर आता हो. पहले पूर्वाग्रह के बारे में थोड़ा सा स्पष्ट कर दें क्योंकि इस पर विस्तार से बाद में लिखा जायेगा. पूर्वाग्रह इस कारण दुश्मन है क्योंकि इसके बाद व्यक्ति सही, गलत का आकलन नहीं कर पाता है. उसके लिए वही बिंदु सही होता है जो वह मान बैठता है. इसके लिए भले ही वह कितनी भी हानि क्यों न उठाये. वर्तमान सन्दर्भों में इसे यदि चीनी कोरोना वायरस से जोड़कर देखें तो समझने में और आसानी होगी. तब्लीगी जमात के द्वारा तथा मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों द्वारा कोरोना को कुरान से निकला बताया जा रहा है. उनके द्वारा प्रचारित किया जा रहा है कि मस्जिद में एकसाथ बैठने से कोरोना नहीं होता है. इसी पूर्वाग्रह के चलते बहुतायत जगहों पर जुम्मे कि नमाज पर भी प्रशासन की सख्ती के बाद भी रोक नहीं लग सकी है. इसी पूर्वाग्रह ने डॉक्टर्स पर, स्वास्थ्यकर्मियों पर हमले करवाए हैं, आइसोलेशन वार्ड में कार्यरत लोगों के साथ अभद्रता करवाई है. पूर्वाग्रह महज इतना कि मोदी मुस्लिम विरोधी है, भाजपा मुस्लिम विरोधी है. एक पल को इसे सच मान लिया जाये तो इस देश का क्या कसूर, देशवासियों का क्या कसूर मगर नहीं पूर्वाग्रह से ग्रसित लोगों द्वारा ऐसा विचार बना लिया तो उसे सही करना ही है.


अकेलापन किसी उम्र विशेष के लिए दुश्मन नहीं है वरन हर उम्र के लिए दुश्मन है. बहुत लम्बे समय से सामाजिक क्षेत्र में काम करने के कारण ऐसे अनेक लोगों से परिचय होता रहा है जो किसी न किसी रूप में अकेले हैं या खुद को अकेला महसूस करते हैं. इसमें उम्रदराज लोग भी शामिल रहे तो युवा भी, बच्चे भी. आखिर ये अकेलापन है क्या? क्या किसी का साथ न मिला अकेलापन है? क्या आपके साथ किसी मित्र का न होना अकेलापन है? क्या किसी व्यक्ति को दूसरे किसी व्यक्ति का साथ न मिलना अकेलापन है? क्या किसी के साथ उसके परिजन का न होना अकेलापन है? अकेलापन वास्तव में मानसिक स्थिति है जो व्यक्ति की अपनी स्थिति के कारण उपजती है. ऐसा अनेक लोगों से मिलने के कारण कह सकते हैं. ये और बात है कि उम्र के अनुसार इस अकेलेपन के कारक बदल जाते हैं. बुजुर्ग लोगों के अकेलेपन के कारक अलग होते हैं और युवाओं के अकेलेपन के कारक एकदम अलग.

यहाँ किसी उम्र विशेष के लोगों के कारकों पर चर्चा करना, उनके बारे में विमर्श करना और उनका समाधान खोजना न तो आसान है और न ही व्यावहारिक. यहाँ इस बात की चर्चा करने का विचार महज इस कारण उपजा क्योंकि आज एक ऐसे व्यक्ति से मुलाक़ात हुई जो 92 वर्ष की अवस्था में भी खुद को सक्रिय बनाये हुए हैं. पारिवारिक पृष्ठभूमि भी ऐसी नहीं जहाँ कि साधन सहजता से उपलब्ध हुए हों मगर उनकी जिजीविषा ने और आगे बढ़ने की मानसिकता ने उनके लगातार सक्रिय बनाये रखा. आज उन्होंने अपने जीवन के अनेक संस्मरण सुनाये. जातिगत विभेद के, आर्थिक विभेद के, सामाजिक विभेद के, लोगों के सहयोग के, लोगों के असहयोग के, अपने परिजनों के साथ के, उनके अलगाव के और सबके बीच परिणाम वही निकला जो ऐसे सभी मामलों में निकलता रहा है.

अब बुजुर्गों के साथ बातचीत करने वाले युवा नहीं हैं, बच्चे नहीं हैं. हमने या हमारी उम्र के लोगों ने अपने जीवन का बहुत बड़ा समय अपने बाबा-दादी, नाना-नानी के साथ बिताया है. उनके जीवन का यह भाग हँसते-गाते कब बीत जाता था, किसी को पता ही नहीं चलता था. आज आलम ये है कि परिवार के बुजुर्ग कहीं दूर अकेले पड़े हुए हैं और उनके परिजन अपनी ही दुनिया में मगन हैं. ऐसी स्थितियों के कारण जहाँ बुजुर्गों को अकेलापन महसूस हो रहा है वहीं बच्चों को, युवाओं को इन बुजुर्गों से सीख नहीं मिल रही है. हमारे परिवार के ये बुजुर्ग अपने आपमें एक पाठशाला, एक विश्वविद्यालय हुआ करते हैं. इनसे न केवल सैद्धांतिक ज्ञान मिलता है वरन व्यावहारिक ज्ञान भी मिलता है. आज जबकि हम सभी भौतिकतावादी समाज में रहने के आदी होते जा रहे हैं, हम सभी को अपने बुजुर्गों के अकेलेपन को दूर करने का प्रयास करना चाहिए. हमारा एक पल यदि उनको असाधारण ख़ुशी देता है तो हमें इसके लिए अपने कई-कई पलों को न्योछावर कर देना चाहिए. ऐसा इसलिए क्योंकि हमें याद रखना होगा कि हमारे भविष्य की इमारत इन्हीं के अतीत की नींव पर निर्मित है.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

10 सितंबर 2019

एक कदम बढ़ाकर रोक लो उसे


आत्महत्या एक ऐसा शब्द है जो सिवाय झकझोरने के और कोई भाव पैदा नहीं करता. यह महज एक शब्द नहीं बल्कि अनेकानेक उथल-पुथल भरी भावनाओं का, विचारों का समुच्चय है. यह शब्द मौत की सूचना देता है. किसी व्यक्ति के चले जाने की खबर देता है. सम्बंधित व्यक्ति के परिचितों के दुखी होने का बोध कराता है. इतना ही नहीं है इस एक शब्द में. इसके अलावा न जाने कितनी त्रासदी, न जाने कितना कष्ट, न जाने कितने आंसू, न जाने कितने सवाल भी इसमें छिपे होते हैं. ऐसा नहीं है कि जिसने आत्महत्या की है वह इन सबसे परिचित न था. ऐसा भी नहीं कि जिसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया तो उसे मालूम नहीं था कि उसके इस कदम के बाद क्या होगा. ऐसा भी नहीं कि वह इस शब्द की विभीषिका के बारे में जानता नहीं था. सब कुछ जानते-समझते हुए भी कोई व्यक्ति आत्महत्या जैसा जघन्य कदम उठा लेता है. आखिर क्यों? आखिर कैसे? आखिर किसलिए?


ये तमाम सारे सवाल हैं जो व्यक्ति के चले जाने के बाद गूंजते रहते हैं. आत्महत्या जैसा कदम उठा लेने वाले परिजनों को परेशान करते रहते हैं. किसी भी व्यक्ति के चले जाने के बाद उसके आसपास की तमाम कड़ियों को, घटनाओं को आपस में जोड़-घटाकर आत्महत्या के कारणों का, कारकों का पता लगाने की कोशिश की जाती है. संभव है कि कई बार असलियत के करीब पहुँच भी जाया जाता हो और ये भी होता हो कि ऐसा किये जाने के पीछे के कोई कारण सामने न आ पाते हों. संभव है कि आत्महत्या करने वाला व्यक्ति क्षणिक भावावेश में इस तरह के कदम उठाता होगा या फिर यह कदम लम्बे समय से चली आ रही उसकी किसी भी स्थिति की सहनसीमा को पार करने के बाद उठा हो. किसी भी व्यक्ति के द्वारा आत्महत्या किये जाने के कारण, स्थिति, घटना कुछ भी रह सकता है किन्तु जहाँ तक समझ आता है कि सभी का मूल अकेलापन, अत्यधिक मानसिक तनाव, परेशानी आदि ही रहता होगा. इसमें भी मानसिक तनाव और अकेलापन सबसे अधिक प्रभावी होता होगा. इसके पीछे कारण यह है कि आत्महत्या जैसा भाव अचानक से नहीं आता होगा. ऐसा भाव सम्बंधित व्यक्ति के मष्तिष्क में कई बार उभरा होगा. ये और बात है कि परेशानी, तनाव या फिर किसी अन्य कष्ट की अधिकता के चलते वह किसी विशेष अवस्था में ऐसा कदम उठा लेता होगा. 

मूल रूप में आत्महत्या का सम्बन्ध दिमागी भावबोध से जुड़ा हुआ है. घर की स्थिति, सामाजिक स्थिति, खुद की शारीरिक-मानसिक स्थिति, काम का दवाब, किसी परीक्षा में पास होने का तनाव, पारिवारिक कलह या फिर अन्य कोई और स्थिति उस व्यक्ति को लगातार परेशान करती रहती होगी. ऐसे में उसके आसपास का अकेलापन, उसकी समस्या को किसी और के द्वारा न बांटने की स्थिति, उसकी परेशानी को न समझ पाने का कारण भी आत्महत्या की तरफ उसे ले जाता होगा. ऐसे में संभव है शत-प्रतिशत सफलता ऐसे कदमों को रोक पाने में न लगे मगर यदि हम सभी अपने परिजनों, अपने आसपास के लोगों, अपने परिचितों, अपने सहयोगियों के साथ परस्पर सम्बन्ध बनाये रखें, उनके साथ विचारों का आदान-प्रदान करते रहें तो ऐसे कदमों को रोकना संभव है. किसी भी समय में किसी भी व्यक्ति के लिए विचारों का आदान-प्रदान करने के रास्तों का समाप्त हो जाना, अपनी मानसिक समस्या के प्रकटीकरण की स्थिति का लोप हो जाना ही ऐसे कदमों का कारण बनता है. आज भीड़ के बाद भी व्यक्ति नितांत अकेला महसूस करता है. ऐसे में अपने आपको, अपने आसपास के वातावरण को अकेलेपन से मुक्ति दिलाने का प्रयास किया जाना चाहिए. आज वर्ल्ड सुसाइड प्रिवेंशन डे पर ऐसा संकल्प लेकर आत्महत्या रोकने की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ाया जा सकता है.

11 दिसंबर 2018

बढ़ता अकेलापन, बढ़ती आत्महत्या


एक कार्यक्रम में एक विशेषज्ञ युवाओं और किशोरों से सम्बंधित समस्या पर प्रकाश डाल रहे थे. बातचीत के दौरान उन्होंने आत्महत्या के दो बिंदु बताये. उनके द्वारा बताई चंद बातों का सार ये निकलता है कि एक स्थिति  में आत्महत्या करने वाला व्यक्ति इसकी पूरी तैयारी कर चुका होता है, बस वह समय का इंतजार कर रहा होता है. दूसरी स्थिति में आत्महत्या करने वाला ऐसा कदम उठाने का निर्णय एकाएक उठाता है. उसके इस कदम के बारे में उसके आसपास के लोग, उसे साथ के लोग सोच भी नहीं पाते, समझ भी नहीं पाते हैं. यदि उक्त दोनों स्थितियों को सत्य मानते हुए विचार करें कि भले ही आत्महत्या करने वाला व्यक्ति ऐसा कदम सोचविचार कर उठाये अथवा अकस्मात् उठाये दोनों ही स्थितियों में एक इन्सान की मृत्यु हो जाती है. एक व्यक्ति हमेशा के लिए परिवार से चला जाता है. एक व्यक्ति का चले जाना दुःख देता है, मगर तमाम सारे अनुत्तरित से सवाल पैदा कर जाता है.


संभावनाओं के इस दौर में भी समाज में अनिश्चय हावी है, हताशा हावी है, निराशा जारी है, इंसान का मरना जारी है, युवाओं का मरना ज़ारी है. इसमें सबसे बुरा है सपनों का मरते जाना, विश्वास का मिटते जाना. यांत्रिक रूप से गतिबद्ध ज़िन्दगी नितांत अकेलेपन के साथ आगे बढ़ती दिखती है किन्तु आगे बढ़ती सी लगती नहीं. इसके पीछे का कारण समाज में अर्थ को महत्त्वपूर्ण माना जाना भी है. लोगों के लिए एकमात्र उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ धनोपार्जन करना बन गया है. इसके लिए उन्होंने अपने जीवन को मशीन बना लिया गया है. यह यांत्रिक जीवन न केवल धनोपार्जन के लिए वरन बचपन, शिक्षा, घर-परिवार आदि में भी दिखाई देने लगा है. किसी समय मौज-मस्ती, शैतानियों, शरारतों आदि के लिए बचपन को याद किया जाता था किन्तु अब ऐसा लगता है जैसे बचपन की भ्रूण हत्या कर दी गई है. हँसते-खेलते बच्चों की जगह बस्तों का बोझ लादे, थके-हारे से, मुरझाये से बच्चे दिखाई देते हैं. शरारतों, शैतानियों की जगह उनके चेहरों पर बड़ों-बुजुर्गों जैसी भाव-भंगिमा, सोच-विचार दिखाई देता है. नीले आकाश के नीचे उन्मुक्त खेलते, तितली बनकर उड़ते बच्चों को अब कमरों में बंद कर दिया गया है, उड़ान के लिए उनके हाथों में लैपटॉप, मोबाइल थमा दिए गए हैं. किसी समय में दादा-दादी, नाना-नानी के आँचल में छिपकर परियों, वीरों के किस्से-कहानियाँ सुन-सुनकर बड़े होने वाले बच्चे टीवी सीरियल्स के कथित लाइव शो को देखकर बड़े हो रहे हैं, स्मार्टफोन की इंटरनेट दुनिया के कारण समय से पहले ही स्मार्ट हो रहे हैं.

धनोपार्जन की अंधी दौड़ में अभिभावक भी संलिप्त हैं, युवा अनावश्यक सी भागमभाग में जुटे हैं. अनियमित होती जीवनशैली, परिवार से दूर रहने की मजबूरी, अधिकाधिक भौतिक संसाधनों की प्राप्ति करना, चकाचौंध भरी जिंदगी को जीने की लालसा ने इंसान को इंसान की जगह मशीन बना दिया. मशीन बनते इस इंसान ने सबसे पहले अपने भीतर की संवेदना को समाप्त कर उसकी जगह एक बाज़ार को जन्म दे दिया. सब जगह उसने हानि-लाभ का समीकरण लगाया और उसी के अनुसार अपने आपको संबंधों-रिश्तों के साँचे में उतारा. इस यांत्रिक जीवन का दुष्परिणाम यह हुआ कि सारे रिश्ते समाप्त से होते दिखे. बच्चों के लिए माता-पिता और माता-पिता के लिए बच्चे नोट छापने की मशीन मात्र बनकर रह गए. रिश्तों का मोल महज संबोधन के लिए होता दिखने लगा. ऐसी स्थिति में अकेलापन बढ़ना स्वाभाविक ही है और वैसा हुआ भी. धन, भौतिक संसाधन, आधुनिकतम उपकरण, तकनीक की भरमार हो गई और इंसान एकदम अकेला हो गया.

इस अकेलेपन को दूर करने के लिए उसने अपनों का सहारा नहीं लिया; अपने अकेलेपन को दूर करने के लिए इंसानों का सहयोग नहीं लिया क्योंकि आधुनिकता के बाज़ार में उसे इंसान दिख ही नहीं रहे हैं. चारों तरफ सिर्फ मशीन ही मशीन दिख रही हैं. इससे अकेलापन कम होने की बजे और बढ़ता जा रहा है. इंसान के भीतर एक तरह का खोखलापन बढ़ता जा रहा है. यही सबकुछ व्यक्ति में और अधिक दुःख, हताशा, निराशा का संचार कर देता है. ऐसे में व्यक्ति या तो अवसाद की अवस्था में चला जाता है या फिर आत्महत्या जैसा जघन्य कृत्य कर बैठता है. ज़ाहिर है कि अकेलेपन का इलाज मशीन नहीं, बाज़ार नहीं, तकनीक नहीं वरन अपने लोग हैं, घर-परिवार है. आवश्यकता इस सत्य को समझने की है. यदि ऐसा नहीं होता है तो कारण कुछ भी बताये जाएँ, लोगों में अकेलापन हावी रहेगा, लोगों का मौत के आगोश में चलते चले जाना जारी रहेगा.