यातायात लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
यातायात लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

25 फ़रवरी 2026

इंडिकेटर की समस्या

वैसे तो हमारा बहुत सारा समय यात्राओं में निकलता है किन्तु पिछले पाँच-छह महीने से यात्राएँ कुछ ज्यादा ही हो रही हैं. इससे पहले भी और अभी भी रात की यात्रा में सबसे बड़ी जो समस्या देखने को मिली वो इंडिकेटर वाली. देखने में आया कि रात के समय अधिकतर वाहन दूसरे वाहन को पास देने के लिए उसी इंडिकेटर (पीली लाइट) का इस्तेमाल करते हैं, जिसके माध्यम से रास्ता माँगा जाता है. इसके चक्कर में कई बार संशय की स्थिति उत्पन्न होने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है.

ऐसी स्थिति को लेकर पिछले दो-तीन साल में मंत्रालय को कई बार पत्र लिखे गए किन्तु इस बारे में कोई सुधार नहीं हुआ. हमारा सुझाव ये है कि गाड़ियों में एक हरे रंग की लाइट और लगनी चाहिए, इसका उपयोग उस समय किया जाये जबकि पीछे से आने वाले वाहन को रास्ता देना हो. पीले रंग के इंडिकेटर का उपयोग रास्ता माँगने के लिए, मुड़ने के लिए ही किया जाये तो सही रहेगा.


28 सितंबर 2024

ड्राइविंग लाइसेंस की आवश्यकता

ड्राइविंग लाइसेंस की आवश्यकता के सन्दर्भ में अक्सर विचार करते हैं, शासन-प्रशासन के प्रयासों को देखते हैं. इसे कम से कम अब सही ढंग से समझने की कोशिश होनी चाहिए. हमारा सन्दर्भ है कि यदि एक बालिग व्यक्ति किसी दो-पहिया या चार-पहिया वाहन को अथवा उससे बड़े वाहन को चला लेता है तो फिर उसके लिए ड्राइविंग लाइसेंस लेने की बाध्यता क्यों? अपने देश में बहुतायत में ड्राइविंग लाइसेंस किसी भी स्थिति में व्यक्ति को कुछ सिखाते नहीं. न वाहन चलाना, न ट्रेफिक के नियम, न सड़क के नियम. यदि मान भी लिया जाये कि ड्राइविंग लाइसेंस देने से पहले वो सबकुछ सिखाया जाता है जो एक वाहन चालक के लिए आवश्यक है तब भी सड़क पर सबसे ज्यादा दुर्घटना उन्हीं के द्वारा होती हैं जो ड्राइविंग लाइसेंस धारक हैं.

 

यहाँ दो बातें ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन चालन के सन्दर्भ में याद रखनी चाहिए कि ड्राइविंग लाइसेंस की अहमियत यदि सिर्फ व्यक्ति की पहचान तक है तो फिर वर्तमान में बहुत से प्रमाण व्यक्ति की पहचान के हैं. आधार कार्ड इसमें सबसे आगे दिख रहा है. अब आगे बढिए, यदि सड़क पर किसी व्यक्ति द्वारा कोई दुर्घटना की जाती है या फिर उससे हो जाती है तो उससे सम्बंधित कई बिंदु हैं जो व्यक्ति की पहचान सिद्ध करते हैं. एक तो वह वाहन पंजीकृत होगा. उसका नंबर होगा. उसके आधार पर संदर्भित व्यक्ति की पहचान की जा सकती है.

 

दुर्घटना वाली स्थिति में व्यक्ति तीन तरह से मिल सकता है. घायल, मृत या फिर दुर्घटना स्थल से फरार. यदि व्यक्ति घायल है तो उसकी पहचान के लिए किसी प्रमाण की आवश्यकता नहीं क्योंकि वह स्वयं अपनी पहचान सिद्ध करेगा. यदि व्यक्ति मृत है तो फिर उसके पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की जाएगी. इसमें आधार कार्ड या कोई अन्य पहचान पत्र काम करेगा. इसके साथ-साथ यदि व्यक्ति फरार है तो फिर सम्बंधित वाहन का पंजीकरण, उसका नंबर सम्बंधित व्यक्ति तक पहुँचा देगा. अब यदि वाहन और व्यक्ति दोनों ही फरार हैं तो फिर ड्राइविंग लाइसेंस क्या चूं-चूं बोलेगा?

 

विगत कई सालों का व्यक्तिगत अनुभव है कि ड्राइविंग लाइसेंस के नाम पर व्यक्ति का शोषण किया जा रहा है. इस माध्यम से दलाली पनप रही है, रिश्वतखोरी को बढ़ावा मिल रहा है. अनाप-शनाप तरीके से, मनमाफिक ढंग से अधिकारियों, दलालों की मिलीभगत से ड्राइविंग लाइसेंस के नाम पर भ्रष्टाचार चरम पर है. सोचियेगा, ड्राइविंग लाइसेंस की आवश्यकता क्यों जबकि दुर्घटनाएँ तो लाइसेंस वाले भी कर रहे हैं?


22 जुलाई 2019

नाबालिग बाइक स्टंटबाज़ और जान हथेली पर


क्या आपने कभी बीच शहर में बाइक से स्टंटबाजी होते देखी है? शहर की उस सड़क पर ऐसा होते देखा है जहाँ आवागमन बहुतायत में रहता हो? क्या ऐसा कारनामा सड़क पर नाबालिगों द्वारा होते देखा है? बहुत से लोगों का जवाब इसके लिए न में होगा. आपमें से बहुतों का जवाब भले ही न में हो मगर हमारा शहर ऐसा ही है. यहाँ ऐसा ही होता है, बीच सड़क पर होता है, भीड़ भरी सड़क पर होता है, विद्यार्थियों द्वारा होता है. अंदाजा लगाइए, शहर का मुख्य मार्ग, लोगों की पैदल आवाजाही के बीच वाहनों का निर्बाध आवागमन और उसी के बीच स्टंट करते बाईकर्स. बाइक पर स्टंट करते ये लोग कोई व्यावसायिक अथवा प्रशिक्षित स्टंटबाज नहीं होते हैं. ये किसी बाइक कंपनी का प्रचार करने वाले भी नहीं हैं. इन स्टंट करने वालों को किसी भी तरह से बाइक बेचना नहीं है. किसी तरह का कोई पारिश्रमिक भी नहीं मिलना है इसके लिए. इसके बाद भी इनकी स्टंटबाज़ी लगातार ज़ारी रहती है. और तो और स्टंट करते समय ये बाइक पर अकेले भी नहीं होते हैं. इनका कोई निश्चित समय भी नहीं होता है स्टंट करने का. तेज रफ़्तार, अनियंत्रित ढंग से सड़क पर बाइक दौड़ाते ये बाईकर्स किसी तरह के यातायात नियमों का पालन भी नहीं करते हैं. चौंकिए नहीं, ये किसी फिल्म का, किसी टीवी सीरियल का सीन नहीं बल्कि उरई की स्टेशन रोड का नित्य का हाल है. सुबह हो या शाम, दोपहर हो या फिर रात सड़क खाली हो या फिर लोगों से भरी, ये बाइकर्स अपनी-अपनी बाइक पर करतब दिखाते यहाँ आसानी से दिख जाते हैं.


शहर के प्रसिद्द चौराहा जो कभी नगर के प्रसिद्द व्यापारी मच्छर मल सिन्धी के नाम पर मच्छर चौराहा के नाम से जाना जाता था अब इसे शहीद भगत सिंह चौराहा के नाम से जानते हैं, यहाँ से रेलवे स्टेशन तक बाइक वाले स्टंटधारियों की कलाकारी दिखती है. यह कलाकारी इतने तक ही सीमित नहीं रहती बल्कि इससे बाद उसी सड़क पर राठ रोड नवनिर्मित ओवर ब्रिज तक इनकी अनियंत्रित भागती बाइक को देखा जा सकता है. तेज गति से बाइक को दौड़ाना, एकसाथ दो-दो, तीन-तीन लोगों का बैठना, पूरी सड़क पर लहरा-लहरा कर बाइक का भगाना, बाइक के साइड स्टैंड को सड़क पर रगड़ करवा कर चिंगारी पैदा करना, कभी-कभी एक पहिये के सहारे बाइक को चलाने का स्टंट करना, तेज एक्सीलेटर के द्वारा फायरिंग की आवाज़ करवाना आदि को नियमित रूप से देखा जा सकता है. आश्चर्य की बात ये कि ये सभी बाइकर्स किशोरावस्था के हैं. विद्यालयों में पढ़ने वाले ये विद्यार्थी इस सड़क पर अपने करतब दिखाते नजर आते हैं. उन्हें न तो अपनी जान की परवाह रहती है और न ही उस सड़क पर आवागमन करते नागरिकों की. इस कारण आये दिन इस सड़क पर हादसे होते रहते हैं. कई बार यही बाइकर्स चोट-चपेट का शिकार बनते हैं तो कई बार ये आम नागरिकों को घायल करते हैं. विडम्बना ये है कि स्टेशन रोड के आसपास रिहायशी नागरिकों द्वारा, दुकानदारों द्वारा यदि इनको समझाने का प्रयास किया जाता है तो ये किशोर बाइकर्स लड़ने-झगड़ने पर भी आमादा रहते हैं. अनेक बार दुकानदार, नागरिक इनकी हिंसा का शिकार भी हुए हैं.  

ऐसा नहीं है कि इस सड़क को प्रशासन द्वारा बाइक स्टंट के लिए अनुमति दी गई है. बच्चों के बाइक पर स्टंट करने का एक कारण इस सड़क पर संचालित तमाम कोचिंग सेंटर्स, कॉलेज और फास्ट फ़ूड सेंटर्स हैं. यहाँ किशोरों की, युवाओं की बहुतायत में आमद रहती है. इनके एकसाथ आने-जाने के कारण तमाम सारे छोटे-बड़े ग्रुप सड़क पर अनियंत्रित ढंग से अपने क्रियाकलापों को संपन्न करते रहते हैं. इन बच्चों के परिवार वाले तो जैसे इनके प्रति, इनकी सुरक्षा के प्रति आँखें मूँदें ही हैं, प्रशासन भी इस सड़क पर इन बाइकर्स के खिलाफ किसी भी तरह की सख्त कार्यवाही करने से बचता है. शहर भर में जगह-जगह आये दिन वाहनों की जांच की जाती है. वहां चालकों के कानूनी कागजातों की जांच की जाती है. हेलमेट, सीट बेल्ट लगाये जाने के सन्देश प्रसारित किये जाते हैं. आये दिन स्कूल के बच्चों के साथ यातायात नियमों के पालन करने सम्बन्धी रैलियाँ निकाली जाती हैं. इन सबके बाद भी स्टेशन रोड प्रशासनिक सख्ती की आस निहारती रहती है. ये समझ से परे है कि आखिर प्रशासन स्टेशन रोड पर होते स्टंट पर, तेज रफ़्तार दौड़ती बाइक पर नियंत्रण क्यों नहीं कर रहा है? यहाँ बाइक दौड़ाते बच्चों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच क्यों नहीं की जाती है? सोचने वाली बात ये है कि इस सड़क की ये सारी गतिविधियाँ प्रशसन के संज्ञान में हैं. इसके बाद भी ऐसा लगता है जैसे कार्यवाही के लिए वह किसी बहुत बड़े हादसे के इंतजार में है.


22 जनवरी 2019

बच्चों को सिखाएँ जीवन का महत्त्व


कोचिंग सेंटर्स की बढ़ती संख्या और उसमें आने वाले बच्चों का सैलाब. कोचिंग क्लास छूटते ही सैकड़ों की संख्या में बच्चों का सडकों पर निकल आना किसी भी छोटे-बड़े शहर का आम नजारा हो गया है. वर्तमान दौर में अंकों की मारा-मारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का अथक दबाव, सबसे आगे रहने की गलाकाट प्रतिद्वंद्विता के चलते लगभग प्रत्येक बच्चा आज विद्यालयों में जाने की बजाय कोचिंग में जाता दिखाई दे रहा है. किसी बच्चे का कोचिंग जाना, अतिरिक्त रूप से पढ़ना किसी भी रूप में बुरा या गलत नहीं है. जिस तरह से वैश्वीकरण के दौर में समूचा विश्व एक जगह सिमटता दिखाई देने लगा है उसमें अधिक से अधिक जानकारी, ज्ञान किसी के लिए भी अपेक्षित है. समस्या कोचिंग सेंटर्स की बढ़ती संख्या से भी नहीं होनी चाहिए क्योंकि विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या के चलते इनका बढ़ना स्वाभाविक है. असल समस्या वह है जो दिखाई देने के बाद भी किसी को दिखाई नहीं दे रही है. आये दिन इन्हीं बातों पर शासन-प्रशासन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम चलाये जाते हैं. इसके बाद भी खुद प्रशासन इस तरफ से आँखें मूँदे बैठा है. 


कोचिंग क्लासेज के छूटते ही वहां से निकले बच्चों का बाइक रेस में शामिल हो जाना एक अनिवार्य सा कदम हो गया है. कोचिंग सेंटर्स में आते समय तो वे अलग-अलग होते हैं लेकिन वहाँ से एकसाथ बड़ी संख्या में निकलने के बाद उन नाबालिग बच्चों की बाइक, स्कूटी का सडकों पर अंधाधुंध तरीके से दौड़ना खतरे का ही सूचक है. बेतरतीब दौड़ती बाइक, एक-एक बाइक पर तीन-तीन लोगों का बैठे होना, बिना अपनी जान की परवाह किये दूसरे व्यक्ति की जान के लिए आफत बने इन बच्चों को अंदाजा भी नहीं होता कि कैसे एक चूक उनकी जान पर भारी पड़ जाएगी. अपने घर-परिवार, अपने माता-पिता की चिंता से बेफिक्र वे बस अपनी बाइक दौड़ाने में तत्पर रहते हैं. वैसे चिंता जैसा शब्द शायद यहाँ उचित नहीं क्योंकि यदि उनके घर-परिवार या माता-पिता को उन बच्चों की चिंता होती तो वे कम उम्र में उनके लिए तेज रफ़्तार बाइक, स्कूटी की व्यवस्था ही नहीं करते. यदि किसी मजबूरी या समय की बचत के लिए उनको ऐसा करवाया भी जाता तो वे अपने बच्चों को इसके लाभ-हानि के बारे में भी समझाते. ऐसा शायद बिलकुल नहीं हो रहा है क्योंकि किसी एक पल में लगता नहीं कि बाइक दौड़ाते इन बच्चों को उनके माता-पिता ने कोई सीख दे रखी है.

यहाँ प्रशासन को भी सजग होने की आवश्यकता है. उनके द्वारा ऐसे बच्चों के बाइक चलाने पर कठोर कदम उठाये जाने चाहिए. कोचिंग सेंटर्स के द्वारा किसी तरह की हिदायत ने देना, कोई सख्ती न करने के पीछे उनकी अपनी मजबूरी होती है, उनके अपने व्यावसायिक हित होते हैं मगर प्रशासन के सामने ऐसी कोई मजबूरी नहीं होती है. ऐसा तब जबकि आये दिन प्रशासन द्वारा यातायात जागरूकता कार्यक्रम संचालित किये जाते हैं. इस बारे में प्रशासन के साथ-साथ अभिभावकों को भी जागने की, सचेत होने की जरूरत है. भविष्य के खतरों को कुछ आवश्यक कदम उठाकर टालना हम सबके हाथ में है और उन पर अमल करना चाहिए.

17 जनवरी 2018

खुद रहें सुरक्षित औरों को भी रखें सुरक्षित

आज राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का अंतिम दिन है. हमारे देश में प्रत्येक वर्ष 11 जनवरी से 17 जनवरी तक यह सप्ताह मनाया जाता है. राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के द्वारा जनता को यातायात से सम्बंधित नियमों की आधारभूत जानकारी दी जाती है. शहरीकरण और सड़क यातायात बढ़ने के कारण सड़कों पर आये दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. दुनिया में भारत एक ऐसा देश है जहाँ सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक लोग मारे जा रहे हैं. इस कारण सड़क सुरक्षा बहुत ही गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है. सरकारें भी सुरक्षा के मुद्दे और इनके समाधानों पर गंभीरता से विचार कर रही हैं. अनुमान के अनुसार भारत में प्रति मिनट एक सड़क दुर्घटना और प्रति चार मिनट में सड़क दुर्घटना से एक मौत होती है. सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण से पता चला है कि 78.7 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं चालकों की गलती से होती हैं. इसके पीछे उनका नशीले पदार्थों का इस्‍तेमाल करना, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना, वाहनों में आवश्यकता से अधिक भीड़ होना, निर्धारित गति से अधिक तेज़ वाहन चलाना आदि होना है.


चालकों की उक्त गलतियों या कहें कि लापरवाहियों के साथ-साथ उनका यातायात के नियमों के प्रति संवेदनशील न होना भी दुर्घटना को बढ़ावा देता है. यातायात सम्बन्धी नियमों की अवहेलना करना, गलत तरीके से पार्किंग करना, बिना किसी तरह के संकेत दिए गाड़ी को मोड़ना या फिर रोक देना भी दुर्घटना का कारण बनता है. वर्तमान में युवाओं में एक तरह का फैशन चल पड़ा है तीव्र गति से गाड़ी को, कार को, बाइक को दौड़ाना. इसके चलते वाहन अनियंत्रित हो जाता है. ऐसी स्थिति में जरा सी गलती भी सड़क पर दुर्घटना को जन्म देती है. दुर्घटनाओं के आँकड़े देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा, राज्य सरकारों द्वारा सड़क सुरक्षा के विभिन्न प्रयास किये जा रहे हैं. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने देश में सड़क दुर्घटनाओं को न्‍यूनतम करने के लिए विभिन्‍न उपाय किये हैं-
  • सरकार ने एक राष्‍ट्रीय सड़क सुरक्षा नीति मंजूर की गई है. इसमें विभिन्‍न उपायों से जागरूकता बढ़ाना, सड़क सुरक्षा सूचना पर आंकड़ें एकत्रित करना, कुशल परिवहन अनुप्रयोग को प्रोत्‍साहित करना तथा सुरक्षा कानूनों को लागू करना शामिल है.
  • सड़क सुरक्षा पर चार स्‍तरों- शिक्षा, प्रवर्तन, इंजीनियरिंग (सड़क और वाहनों) और आपात देखभाल के स्‍तर पर सुदीर्घ नीति अपनाई गई है.
  • विभिन्‍न चुनिंदा राष्ट्रीय राजमार्ग, एक्‍सप्रेस मार्गों पर सुरक्षा लेखा/आंकड़ें भी एकत्रित किये जा रहे हैं.
  • वाहन चालकों को प्रशिक्षण देने के लिए संस्‍थान स्‍थापित किए गए हैं.
  • वाहन चलाते समय सुरक्षा उपायों, जैसे- हेलमेट, सीट बैल्‍ट, पॉवर स्‍टेयरिंग, रियर व्‍यू मिरर और सड़क सुरक्षा जागरूकता से संबंधित अभियान पर जोर दिया जा रहा है.
  • सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नवीन उपायों के तहत सड़क सुरक्षा सप्‍ताह, दूरदर्शन और रेडियो नेटवर्क से प्रचार, सड़क सुरक्षा पर सामग्री का प्रकाशन, वितरण, समाचार पत्रों में विज्ञापन तथा सड़क सुरक्षा पर सेमिनार, सम्‍मेलन और कार्यशालाओं का आयोजन कर रहा है.
  • केंद्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा छह से कक्षा बारह के पाठ्यक्रम में ऐसे लेख शामिल किए हैं जिनसे सड़क सुरक्षा की जानकारी मिलती है. राज्‍य सरकारों को राज्‍य शिक्षा बोर्ड के स्‍कूलों के पाठ्यक्रम में सड़क सुरक्षा से संबंधित लेख शामिल करने की सलाह भी दी गई है.


इसके बाद भी अभी जनमानस में सड़क सुरक्षा के प्रति पर्याप्त जागरूकता नहीं आ सकी है. हम सभी को अपनी सुरक्षा की दृष्टि से सड़क सुरक्षा सम्बन्धी नियमों का पालन हरहाल में करना चाहिए. हम सभी को अपनी जान की कीमत समझनी चाहिए. प्रत्येक इन्सान से न केवल वह खुद वरन उसका परिवार जुड़ा होता है. यदि इसे देश की कीमत पर जोड़ा जाये तो प्रत्येक व्यक्ति का सम्बन्ध देश से भी होता है. किसी एक व्यक्ति की मृत्यु देश की हानि होती है. ऐसे में अपने परिवार के नुकसान को बचाने के लिए, अपने देश की क्षति रोकने के लिए हम सबको सजग रहने की जरूरत है. सड़क पर खुद को सुरक्षित रखना है, सड़क पर चलने वालों को सुरक्षित रखना है. यदि हम सड़क सुरक्षा से सम्बंधित नियमों का ईमानदारी से पालन करने लगें तो सड़क दुर्घटनाएं भले ही समाप्त न हो सकें मगर कम अवश्य हो जाएँगी.