नागरिक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नागरिक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

26 फ़रवरी 2026

अनावश्यक ज्ञान बाँटते अज्ञानी-जन

 ऐसे बहुत से लोग होते हैं जिनसे अपना घर न सँभलता है; घर की किसी योजना में उनकी कोई राय नहीं ली जाती है; जिनका काम न केवल घर में बल्कि आस-पड़ोस में भी सिर्फ बकैती करना हो, वे लोग भी विदेश-नीति पर, वैश्विक सम्बन्धों पर, दक्षिण-एशिया के विविध बिन्दुओं पर अपनी राय दे रहे हैं. कई लोग विदेश नीति को असफल बताने में लगे हैं. हास्यास्पद ये भी है कि जो व्यक्ति विगत दो दशक से अधिक समय से संवैधानिक पद पर है, उसके निर्णयों पर, उसके कार्यों पर वे लोग सलाह दे रहे हैं, जिनके हिस्से में किसी तरह का सम्मान आज तक नहीं आया है.

 



यहाँ एक बात स्पष्ट कर दें कि जिस UGC का विनियम 2026 का सहारा लेकर अपने लोग ही अब पीठ में छुरा भोंकने की स्थिति में आ गए हैं, आस्तीन का साँप बने बैठे हैं, वे सहज भाव में UGC के विनियम 2012 को पढ़ लें. ध्यान देने की आवश्यकता है कि अमित शाह के द्वारा अर्बन नक्सलवाद का सफाया करने वाले कदम उठाये जाने के बाद से ही क्यों इस तरह के मुद्दे उभर कर सामने आने लगे? इसका एक सीधा सा उत्तर है कि नक्सलवाद से, वामपंथ से जुड़े लोगों को भली-भांति मालूम है कि मोदी की टीम में ऐसे बकबकी करने वालों की संख्या ज्यादा ही है. वे एक बार में ही बहकने वाली मुद्रा में आ जाते हैं, उनको बहकाया जाना आसान है.

 

बहरहाल, बहेलिया (वामपंथ, अर्बन नक्सलवाद) ने जाल बिछाया और बकवास करने वाले कबूतर उसमें फँस गए. अब उन फँसे कबूतरों को सरकार के, मोदी के और तो और और योगी के भी हर कदम, हर निर्णय गलत लग रहे हैं. अब क्या ही कहा जाये, जो इन लोगों के बापों के समय में नहीं हुआ, वो सब हो गया, इनको देखने को मिल गया तो बकबकी निकल रही जुबान से, नहीं तो छिलवा दिए गए थे किसी समय में.


25 अगस्त 2025

देश का सुरक्षा कवच सुदर्शन चक्र

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस को लाल किले से मिशन सुदर्शन चक्र की घोषणा करके भारतीय सामरिक शक्ति की मजबूती तथा सक्षमता का विश्वास व्यक्त किया था. भगवान श्रीकृष्ण के सुदर्शन चक्र से जोड़ते हुए मिशन को आधुनिक रक्षा नवाचारों में मार्गदर्शन के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक और पौराणिक विरासत से प्रेरणा लेने वाला बताया जा रहा है. यह अपने आपमें सुखद है कि सुदर्शन चक्र अभियान को एक तरफ देश की पौराणिक, सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ा जा रहा है वहीं यह देश की एक प्रमुख स्ट्राइक कोर से भी जुड़ा हुआ है. भारत की प्रमुख स्ट्राइक कोर 21 को भी सुदर्शन चक्र के नाम से जाना जाता है.

 

सुदर्शन चक्र प्रोजेक्ट के पहले चरण में कम और मध्यम दूरी के लिए परीक्षण का कार्य भी सफलतापूर्वक सम्पन्न कर लिया गया है. परीक्षण के पहले चरण में भारतीय रक्षा अनुसन्धान संगठन (डीआरडीओ) ने ओड़िशा के तट पर इंटीग्रेटेड एअर डिफेंस वेपन सिस्टम (आइएडीडब्ल्यूएस) का सफल परीक्षण किया. आगामी दस वर्षों में अर्थात 2035 तक देश के प्रमुख स्थलों, सामरिक और नागरिक क्षेत्रों को तकनीकी के अत्याधुनिक स्वरूप से सुसज्जित सुरक्षा कवच प्रदान किया जाएगा. इंटीग्रेटेड एअर डिफेंस वेपन सिस्टम अर्थात आइएडीडब्ल्यूएस वह रक्षा प्रणाली है जो एक दिशा में कार्य न करते हुए समग्रता में कार्य करेगी. इसके द्वारा किसी भी दुश्मन देश द्वारा एक साथ छोड़े गए अनेकानेक ड्रोन हमलों के विरुद्ध जवाबी कार्यवाही की जा सकेगी. व्यापक रूप से वायु रक्षा प्रदान करने के लिए इस प्रणाली को रडार, मिसाइल, कमांड-कंट्रोल यूनिट के द्वारा लक्ष्य को सटीक रूप से चुनने, उस पर निशाना साधने के सन्दर्भ में निर्मित किया जा रहा है.

 



विगत लम्बे समय से वैश्विक सुरक्षा की स्थितियों, सामरिक वातावरण, भू-राजनीतिक परिदृश्य में जिस तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं, उसमें सुरक्षा तंत्र का, सुरक्षात्मक प्रणालियों का विशेष महत्त्व बढ़ता जा रहा है. दो देशों के मध्य आपसी तनाव बढ़ने की स्थिति में, युद्ध की स्थिति में अब देखने में आ रहा है कि ड्रोन, मिसाइल के हमले आम बात हो गई है. विश्व भर में चल रहे अनेक युद्धों, देशों के आपसी तनाव के दौरान किये जाने वाले हमलों में इनका चलन बढ़ा ही है. अभी हाल ही में ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान देखने में आया था कि पाकिस्तान की तरफ से अनेक ड्रोन, मिसाइल ने केवल सैनिक क्षेत्रों में बल्कि नागरिक इलाकों में भी छोड़ी गईं. ऐसे में आवश्यक है कि न केवल सामरिक क्षेत्र बल्कि नागरिक क्षेत्र भी सुरक्षित रहें. सुदर्शन चक्र मिशन का मूल उद्देश्य यही है कि आने वाले समय देश के न केवल सामरिक इलाकों को बल्कि रिहायशी क्षेत्रों को भी सुरक्षात्मक रूप से मजबूत बनाया जाये.

 

वर्तमान दौर में युद्ध जैसी स्थिति में दुश्मन देश के द्वारा केवल सैनिक प्रतिष्ठानों को ही निशाना नहीं बनाया जाता है बल्कि बिजली व्यवस्था, ग्रिड, संचार साधनों, खाद्य आपूर्ति, यातायात, स्वास्थ्य सुविधाओं आदि को भी निशाना बनाया जाता है. ऐसा करने के पीछे दुश्मन की मानसिकता समूची व्यवस्था को पंगु बना देना होता है. युद्धकाल में अथवा किसी भी तरह की तनाव जैसी स्थिति में इस तरह की विषम से देश को बचाने के लिए सुदर्शन चक्र जैसी सुरक्षा प्रणाली की, एक सुरक्षा कवच की महती आवश्यकता है. यद्यपि सुदर्शन चक्र मिशन का अभी पहला चरण ही सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ है तथापि आने वाले दस वर्षों में इसके द्वारा दुश्मन के मिसाइल-ड्रोन हमलों का जवाब देने, साइबर हमलों को निष्प्रभावी बनाने, हैकिंग के खतरों को दूर करने आदि का कार्य पूर्ण क्षमता के साथ किया जाना सम्भव हो सकेगा. अब जबकि सुदर्शन चक्र जैसा सुरक्षा तंत्र अपने प्रभावी रूप में कार्य करने के लिए व्यावहारिक रूप धारण कर चुका है तो निश्चित ही यह अत्याधुनिक तकनीक, सशक्त सुरक्षा प्रणाली के द्वारा भारतीय सामरिक ढाँचे का प्रमुख आधार बनेगा.


29 मई 2025

चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का उत्साह??

22 अप्रैल 2025 को प्रकाशित अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट के अनुसार भारत दुनिया की सबसे बड़ी चौथी अर्थव्यवस्था बन गया है. भारत ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी इस बड़ी छलांग को लगाते हुए जापान को पीछे छोड़ दिया है. आईएमएफ की रिपोर्ट के बाद इसकी पुष्टि करते हुए नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रमण्यम ने बताया कि देश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वर्तमान में चार ट्रिलियन डॉलर से अधिक का हो गया है. इसके चलते भारतीय अर्थव्यवस्था अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हो गई ही. आईएमएफ की रिपोर्ट की पुष्टि करने के साथ-साथ उन्होंने बताया कि यदि देश की नीतियाँ ऐसे ही काम करती रहीं तो आने वाले कुछ वर्षों में हमारा देश जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है.

 



जीडीपी के आधार पर वर्ष 2023 के आँकड़ों में विश्व की प्रथम दस अर्थव्यवस्थाओं में देश की अर्थव्यवस्था पाँचवें स्थान पर थी. तब हमारे देश की अर्थव्यवस्था 3.56 ट्रिलियन डॉलर थी. तत्कालीन आँकड़ों के अनुसार भारत से आगे विश्व अर्थव्यवस्थाओं में चार देश अमेरिका (27.72 ट्रिलियन डॉलर), चीन (17.79 ट्रिलियन डॉलर), जर्मनी (4.52 ट्रिलियन डॉलर) और जापान (4.20 ट्रिलियन डॉलर) ही थे. इस वर्ष जारी की गई रिपोर्ट में आईएमएफ का कहना यह भी है कि वर्ष 2025 में भारत की विकास दर 6.2 प्रतिशत और वर्ष 2026 में 6.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में अधिक है. इन आँकड़ों का आईएमएफ की तरफ से जारी होने के कारण भी देश के आर्थिक क्षेत्र में तथा सत्ता पक्ष में उत्साह दिखाई दे रहा है.

 

वैश्विक स्तर पर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का प्रभाव न केवल देश की आंतरिक स्थिति पर बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई देगा. ऐसी स्थिति के चलते अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अनेक मंचों जैसे जी-20, विश्व बैंक, आईएमएफ आदि में भारतीय छवि का सकारात्मक स्वरूप नजर आएगा. इसके चलते विदेशी निवेश बढ़ने की भी सम्भावना है. विश्व स्तर की बड़ी-बड़ी कम्पनियाँ वैसे भी भारतीय बाजार में अपने उत्पादों के लिए ग्राहकों को लगातार तलाशती रही हैं. अब उनको भारत में एक आकर्षक बाजार नजर आ रहा होगा. देखा जाये तो भारत दक्षिण एशिया में लम्बे समय से नेतृत्वकर्ता की भूमिका में रहा है और विगत कुछ वर्षों में उसके क्षेत्र और विश्वास में भी वृद्धि हुई है. अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अनेकानेक मंचों पर, महाशक्ति समझे जाने वाले देशों में भारत की सकारात्मक एवं सशक्त छवि बनी है. देश की वर्तमान आर्थिक उपलब्धि के बाद उसके आर्थिक नेतृत्वकर्ता के रूप में भी आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त होता दिखता है. भारतीय अर्थव्यवस्था के चौथे स्थान पर आने के अपने-अपने सन्दर्भ तलाशे जा रहे हैं. इनको तलाशा भी जाना चाहिए, आखिर आम जनमानस को भी इसके सन्दर्भों से परिचित होने की आवश्यकता है. एक तरफ आर्थिक क्षेत्र में, सत्ता के गलियारों में उत्साह दिख रहा है, दूसरी तरफ आम नागरिक अभी भी शिक्षा, स्वास्थ्य, मँहगाई, बेरोजगारी, गरीबी आदि से जूझ रहा है.

 

देश के चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाने के बाद भी क्या भारतीय समाज की, सामान्य जन-जीवन की, भारतीय अर्थव्यवस्था की वास्तविकता से मुँह मोड़ा जा सकता है? अर्थव्यवस्था सम्बन्धी आँकड़ों को सामने लाने का कार्य मुख्य रूप से जीडीपी को आधार बनाकर किया जाता है. जीवन-शैली और आर्थिकी के सन्दर्भ में जीडीपी और जन-जीवन दो अलग-अलग स्थितियाँ हैं, दोनों के अलग-अलग स्वरूप हैं. जीडीपी से देश की अर्थव्यवस्था का आकार तो मापा जा सकता है किन्तु उसके द्वारा सामान्य जनजीवन के बारे में, आय और संपत्ति के वितरण के बारे में अनुमान नहीं लगाया जा सकता है. इसे इस तरह समझा जा सकता है कि चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाने के बाद भी प्रति व्यक्ति आय के सन्दर्भ में देश वैश्विक स्तर पर 144वें स्थान पर आता है. यह विडम्बनापूर्ण ही है कि अर्थव्यवस्था के सन्दर्भ में भारत से आगे मात्र तीन देश हैं लेकिन प्रति व्यक्ति आय के मामले में 143 देश हमसे आगे हैं. यदि जापान के सन्दर्भ में ही आँकड़ों को देखें तो भारत में प्रति व्यक्ति आय तीन हजार डॉलर से कम है जबकि जापान की प्रति व्यक्ति आय 34 हजार डॉलर है. जीडीपी के सन्दर्भ में हम भले ही जापान से आगे निकल आये हों किन्तु प्रति व्यक्ति आय, जीवन प्रत्याशा, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार, तकनीक आदि जैसे क्षेत्रों में जापान हमसे बहुत आगे है.

 

किसी भी देश के विकास में शिक्षा की गुणवता, नागरिकों का स्वास्थ्य, उनकी जीवन प्रत्याशा, जीवन-शैली, प्रति व्यक्ति आय आदि का बहुत बड़ा योगदान होता है. इनका सकारात्मक रूप और इसका स्तर किसी भी देश के सामाजिक जीवन में नवाचार को दर्शाता है. अपने देश की साक्षरता दर भले ही 75 प्रतिशत से अधिक की है लेकिन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास में कमी बनी हुई है. ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की स्थिति अत्यंत जटिल है. इसी तरह स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी सुखद नहीं कही जा सकती है. आय और सम्पत्ति के वितरण में भी व्यापक असमानता दिखाई देती है. देश के संसाधनों की बहुलता मुट्ठी भर लोगों के पास है और अधिसंख्यक नागरिकों के पास अत्यल्प संसाधन हैं. ऐसे में आँकड़ों के सन्दर्भ में, जीडीपी के आधार पर, वैश्विक स्थिति में वृद्धि होने को लेकर भले ही उत्साह दिखा लिया जाये मगर सामाजिक स्थिति के सन्दर्भ में, आम जनमानस के आधार पर आईएमएफ की इस रिपोर्ट पर अत्यधिक उत्साहित होने की, गर्वोन्नत होने की आवश्यकता नहीं है.

 

15 अगस्त 2024

स्वतंत्रता का सिर्फ जश्न न मनाएँ अपनी जिम्मेवारी भी निभाएँ

आज़ादी का जश्न मनाने वाला एक और दिन हम सबके बीच उपस्थित है. देश में स्वाधीनता दिवस हो या फिर गणतंत्र दिवस, इन दोनों दिनों में नागरिकों में, बच्चों-बड़ों में जबरदस्त उत्साह रहता है. आखिर इन दोनों दिनों में स्वतः ही गौरव की भावना की अनुभूति होती है. ऐसी अनुभूति के चलते सारा दिन उमंग में, उल्लास में गुजर जाता है. स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस मनाते हुए अक्सर मन में सवाल उठता है कि हम सब जितना प्रसन्न, जितने उल्लासित इन दो दिनों में रहते हैं उतना शेष दिनों में क्यों नहीं रहते हैं?

 

यह सवाल कतई आश्चर्यचकित करने वाला नहीं लगेगा क्योंकि ऐसा सवाल एक अकेले हमारे मन में नहीं उठता है बल्कि उन सभी नागरिकों के मन में उठता है जो किसी न किसी रूप में देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी से कर रहे हैं. यदि पूरी निष्पक्षता से, बिना किसी पूर्वाग्रह के विचार करें, इन दो दिनों पर दृष्टिपात करें तो स्पष्ट रूप से दिखाई देता है कि इन दो दिनों के उल्लास के समाप्त होने के बाद अगले दिन से दिल-दिमाग तिकड़म में व्यस्त हो जाता है. भ्रष्टाचार करने के उपाय किये जाने लगते हैं, काम निकालने को रिश्वत देने-लेने की चर्चा की जाने लगती है, स्वार्थ-लिप्सा में लिप्त कदम उठाये जाने लगते हैं.

 



सोचिए एक पल को कि क्या देश का वास्तविक विकास इसी तरह से हो सकेगा? क्या दो दिनों में अपनी राष्ट्रभक्ति दिखाने से ही देश की वास्तविक आज़ादी का मंतव्य पूरा होता है? सच्चाई तो ये है कि अब हम सभी आज़ाद हैं और अपनी स्वतंत्रता का जश्न किसी एक दिन नहीं, किसी विशेष दिन नहीं बल्कि प्रत्येक दिन मनाया जाना चाहिए. आखिर हम सभी अपनी ही आज़ादी का, अपनी ही स्वतंत्रता का एहसास स्वयं नहीं करेंगे तो कैसे अपेक्षा करेंगे कि विदेशी हमारी स्वतंत्रता का सम्मान करेंगे? इसके लिए सबसे पहले हम सभी को अपने-अपने दायित्वों, कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से पालन करने की आवश्यकता है. देश के विकास के लिए किसी दूसरे की तरफ ताकने के स्थान पर हम सबका प्रयास यही होना चाहिए कि स्वतः ही अपना सकारात्मक योगदान दे सकें. जब तक इस तरफ की भावना एक-एक नागरिक में नहीं होती है तो अपनी आज़ादी का हम सब सिर्फ जश्न ही मनाते रहेंगे, उसकी वास्तविकता का लाभ नहीं उठा सकेंगे.

 

04 अगस्त 2024

बांग्लादेश की हिंसा से भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता

एक अपील या एक निवेदन सभी से.

 

सोशल मीडिया पर आप सब जितना समय देते हैं, बिलकुल दें, उसे कम न करें मगर अब अपने आसपास भी ध्यान देने की आवश्यकता है. बांग्लादेश के घटनाक्रम के बाद और भी सजग होने की आवश्यकता है. ऐसा इसलिए क्योंकि वहाँ के हालात के केन्द्र में आरक्षण या कहें कि कोटा सिस्टम है. एक ऐसा कोटा सिस्टम जो कतिपय राजनैतिक सोच के चलते, राष्ट्रवादी सोच को स्थापित करने की दृष्टि से उन परिवारों को प्रदान किया जा रहा था जो बांग्लादेश मुक्ति वाहिनीं से सम्बंधित थे.

 

वहाँ जिस कोटा सिस्टम के विरुद्ध हिंसात्मक कार्यवाही की गई, यदि एक नजरिये से देखें तो वह कोटा वहाँ की राष्ट्रवादी सोच से सम्बंधित है, उस मुक्ति वाहिनी के परिजनों के लिए है जिन्होंने बांग्लादेश निर्माण में अपना साथ दिया. स्पष्ट है कि वे लोग ही उस कोटा के खिलाफ होंगे जो बांग्लादेश राष्ट्रवाद सोच के विरुद्ध होंगे. निश्चित ही इसके पीछे पाकिस्तानी समर्थकों का बहुत बड़ा हाथ होगा क्योंकि बांग्लादेश बनने का सबसे बड़ा कष्ट तो उसी को है. इस पूरे आन्दोलन को छात्र आन्दोलन का नाम लेकर न केवल उकसाया गया बल्कि उसे आक्रामक, हिंसात्मक रूप भी प्रदान किया गया. इसके पीछे स्पष्ट रूप से वे ताकतें दिखाई दे रही हैं जो प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से भारत-विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहती हैं.

 



आपके इंटरनेट पर, सोशल मीडिया पर व्यस्त बने रहने के साथ-साथ सजग, सतर्क रहने की आवश्यकता इस कारण से है क्योंकि बांग्लादेश की तरह की भूमिका अपने देश में भी बनती नजर आ रही है. राष्ट्रवादी सोच का लगातार विरोध किया जा रहा है. पाकिस्तान, फिलिस्तीन के पक्ष में खुलेआम नारेबाजी करने वाले इसी देश में हैं. पाकिस्तान समर्थक यहाँ अपना काम स्लीपर सेल के रूप में पिछले कई वर्षों से करते आ रहे हैं, ऐसी खबरें हम सभी आये दिन पढ़ते-सुनते हैं. अब बस आप सब सजग रहिये. अपने आसपास के ऐसे तत्त्वों को पहचानिए.


16 फ़रवरी 2023

अनुशासन का स्वयं में पालन करना सीखें

ऐसा बहुत बार सबके देखने में आता होगा कि उनके शहर में किसी न किसी संस्था के कार्यक्रम में किसी न किसी प्रशासनिक अधिकारी को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाता है. अतिथि रूप में शब्दों में बदलाव होते रहना अलग बात है. कोई मुख्य अतिथि के रूप में, कोई विशिष्ट अतिथि के रूप में. किसी कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी का आना उस कार्यक्रम के संयोजक के लिए मानो गर्व की बात होती है. एक तरफ हम सभी जनप्रतिनिधियों को, प्रशासनिक अधिकारियों को जनता का सेवक बताते नहीं थकते हैं मगर यदि इनको अपने किसी कार्यक्रम में बुलाना है तो ये किसी भगवान से कम नजर नहीं आते हैं. किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के या फिर जनप्रतिनिधि के आने से कार्यक्रम संयोजक को अपने आपमें बहुत अधिक गौरव की अनुभूति होने लगती है. उस समय वह भूल जाता है कि अभी कुछ दिन पहले ही वह इनको जनता का सेवक बताते हुए गरियाने में लगा हुआ था. 




बहरहाल, जनप्रतिनिधियों का हाल तो इस देश के नागरिकों ने पहले से ही ख़राब कर रखा है. एक सामान्य नागरिक भी ये मानने लगा है कि राजनीति बहुत गन्दी, बेकार चीज है. इसकी बात करना खुद को कलंकित करने जैसा है. इसके उलट आज भी देश के नागरिकों के लिए सिविल सेवा का अधिकारी किसी भगवान से कम नहीं. उसकी निगाह में किसी प्रशासनिक अधिकारी का चयन विश्व की सबसे कठिन परीक्षा के बाद होना होता है. एक सामान्य से व्यक्ति के लिए निश्चित ही कोई प्रशासनिक अधिकारी किसी भगवान से कम नहीं होता है, जब वह देखता है कि उस एक व्यक्ति के चारों तरफ जी-जी करने वालों की, जी-हुजूरी करने वालों की भीड़ लगी है. लाल-नीली बत्तियाँ भले ही उनकी गाड़ियों से उतर गई हों मगर जिस तरह से खाकी के कारण उनकी हनक बीच बाजार देखने को मिलती है, वह किसी भगवान से कम नहीं.


ऐसे हनक वाले भगवान को यदि कोई अपने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनाता है तो वह गलत नहीं करता है. गलत तो वे लोग होते हैं जो उस कार्यक्रम के दिए गए समय पर वहाँ पहुँच जाते हैं. समय पर पहुँचने पर जानकारी होती है कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशासनिक भगवान अभी आये नहीं हैं. उनको आने में अभी समय लगना है. कार्यक्रम संयोजक द्वारा आमंत्रित भगवान के दर्शन वह सामान्य नागरिक भी करना चाहता है, सो वह चुपचाप अपने समय की बर्बादी देखता हुआ वहाँ बैठा रहता है. यहाँ एक मूल बात प्रशासनिक अधिकारियों को समझने की आवश्यकता है कि आज भी बहुत सारे युवा ऐसे हैं जो उनको आदर्श मानते हुए सिविल सेवा की तैयारी में लगे रहते हैं. ऐसे युवाओं के लिए सिविल सेवा में जाना हनक के लिए नहीं बल्कि समाजसेवा के लिए होता है. ऐसी सोच के बाद जब वह देखता है कि उनका आदर्श प्रशासनिक अधिकारी स्वयं अनुशासित नहीं है, तो वह भी कहीं न कहीं उस हनक के वशीभूत वैसा ही आचरण करने की मानसिकता बना लेता है.


प्रशासनिक अधिकारियों को चाहिए कि वे स्वयं में अनुशासित रहकर अपनी आने वाली पीढ़ी को एक सकारात्मक सन्देश दें. प्रशासनिक अधिकारी आये दिन विद्यालयों, महाविद्यालयों के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होते रहते हैं, अपने पद के अहंकार में, उसकी हनक में वे सभी कार्यक्रमों में निश्चित रूप से बहुत अधिक विलम्ब से पहुँचते हैं. ऐसी स्थिति में वे उन बच्चों के सामने अथवा ऐसे किसी अन्य कार्यक्रम में किसी तरह का आदर्श प्रस्तुत नहीं कर रहे होते हैं. उन प्रशासनिक अधिकारियों को खुद में यह जिम्मेवारी महसूस करनी चाहिए कि वे समय का अनुपालन करें, स्वयं में अनुशासित रहे. ऐसा करके वे समाज को एक सन्देश दे सकते हैं. 







 

17 अप्रैल 2021

आम नागरिकों का लापरवाही भरा व्यवहार

पिछले कुछ दिनों में जिस तरह से कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है वह निश्चित ही चिंताजनक है. ऐसा इसलिए भी क्योंकि इस बार इसके कारण बहुत से लोगों को मौत ने छीन लिया है. जिस तरह से मीडिया में आ रहा है उससे लग रहा है जैसे चारों तरफ अव्यवस्था ही अव्यवस्था है. कहीं ऑक्सीजन की कमी दिखाई जा रही है, कहीं श्मशान घाटों पर भीड़ बताई जा रही है, कहीं से बेड न होने की समस्या है तो कहीं से दवाओं का न होना दिक्कत बढ़ा रहा है. जिस तरह से आम आदमी और सरकारी स्तर पर लापरवाही देखने को मिली है उसके बाद ऐसे हालात बन जाना कोई आश्चर्य की बात नहीं.


इधर लोग सरकार को कोसने में लगे हुए हैं. ये वही लोग हैं जो पिछली बार सरकार द्वारा लॉकडाउन लगाये जाने के बाद से हाहाकार मचाने लगे थे. इन लोगों ने उस समय सरकार के इस कदम का घनघोर विरोध किया था और लॉकडाउन को मजदूरों, कमजोरों आदि के लिए घातक बताया था. सरकार को, प्रधानमन्त्री को तानाशाह तक सिद्ध कर दिया था. आज यही लोग लॉकडाउन की माँग करने में लगे हैं. अब वे सरकार को, प्रधानमंत्री को लॉकडाउन न लगाने के कारण कोसने में लगे हैं. बहरहाल, इसके इतर बहुत सी जगहों पर किसी तरह की चिकित्सकीय सुविधा के अभाव के लिए सरकार को दोषी ठहराने वाले खुद को दोषमुक्त मान रहे हैं. क्या वाकई सिर्फ सरकार ही दोषी है? माना कि प्राथमिक व्यवस्था करना सरकार का काम होता है मगर क्या आम नागरिक की जिम्मेवारी नहीं कि वह सरकार के साथ ऐसे आपातकाल में खड़ा रहे?


चलिए एक पल को मान लिया जाये कि सरकार ने एक साल बाद भी किसी तरह के इंतजाम नहीं किये. उसे मालूम था कि कोरोना गया नहीं है, ऐसे में वैक्सीन की व्यवस्था किसने की? सरकार ने आम आदमी के किसी रिश्तेदार ने? जितनी भी ऑक्सीजन हॉस्पिटल में उपलब्ध है वह किसने करवाई किसी आम आदमी ने या सरकार ने? आम आदमी ने क्या किया, आपदा बढ़ती दिखी तो उसने दवाओं की कालाबाजारी शुरू कर दी. मुश्किल घड़ी सामने आई तो इंजेक्शन दस-दस गुने दामों पर बेचा जाने लगा. ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ने लगी तो उसकी जमाखोरी शुरू हो गई. कम से कम कीमत वाले मास्क तक के अच्छे-खासे दाम वसूले गए.


ये तो मानिए कि व्यापारी वर्ग की हालत थी. और लोगों को तो मालूम था कि कोरोना अभी गया नहीं है मगर उन्होंने क्या किया? अनलॉक होने के बाद से बहुतेरे घर में रहने को तैयार नहीं थे. सब बाहर सडकों पर निकल कर ऐसे जमा होने लगे जैसे अब सभी संकटों से पार पा गए हैं. एक बारगी यह भी मान लिया जाये कि घरों में बंद लोग अकुलाहट में ऐसा कर बैठे तो भी आम नागरिक ने आने वाले समय के लिए किसी तरह के चिकित्सकीय इंतजाम किये? ये सभी तरफ से बताया जा रहा था कि कोरोना अभी गया नहीं है ऐसे में क्या आम नागरिकों ने एक या दो लोगों के लिए आपातकाल के लिए अपने घर में दवाओं को रखा था? क्या किसी परिवार ने अपने बुजुर्गजनों का मेडिकल चेकअप करवाया ताकि उनको किसी खतरे की आशंका से बचाया जा सके? क्या किसी ने अपने बच्चों को सुरक्षित रहने के टिप्स दिए? नहीं न. जिसने दिए उनकी संख्या लगभग न के बराबर है.


एक ऐसे समय में जबकि सभी नागरिकों ने पिछले साल कोरोना की दहशत को देखा और झेला भी है इसके बाद भी वह सजग नहीं हो सका है. इसी लापरवाही का परिणाम है कि व्यवस्था अचानक से बोझ पड़ने पर चरमरा उठी है. हमें एक जिम्मेवार नागरिक की हैसियत से सरकार का साथ देना चाहिए न कि अपनी लापरवाहियों से उसके लिए परेशानी उत्पन्न करें.


.
वंदेमातरम्

29 अक्टूबर 2020

नागरिक बोध जगाना होगा

दिनांक 29-10-2020 के दैनिक जागरण के राष्ट्रीय संस्करण एवं बीपीएन टाइम्स समाचार पत्र के सम्पादकीय पृष्ठ पर प्रकाशित आलेख

इसे यहाँ से पढ़ा जा सकता है....
https://kumarendra.blogspot.com/2020/10/blog-post_27.html








#हिन्दी_ब्लॉगिंग

27 अक्टूबर 2020

वोट बनने की जगह अब नागरिक बनना होगा

समाज में एक नागरिक के रूप में यहाँ के मंत्री भी रहते हैं और एक साधारण सा काम करने वाला भी. इसी नागरिक के रूप में एक प्रशासनिक अधिकारी की पहचान होती है तो एक सामान्य से क्लर्क की. इसी में बहुत बड़ा व्यापारी भी शामिल होता है और इसी में एक अत्यंत गरीब व्यक्ति भी. पद, प्रतिष्ठा, धर्म, जाति के आधार पर किसी की नागरिकता का निर्धारण नहीं होता बल्कि सभी इसी समाज के नागरिक कहे जाते हैं. ये और बात है कि पद, प्रस्थिति, प्रतिष्ठा, धन आदि के द्वारा उसको अलग स्थान दिया जाने लगता है. इसी अलग स्थान दिए जाने की मानसिकता के कारण देश के सभी राजनैतिक दलों ने नागरिकों को अपने हाथों का खिलौना बना दिया है. ये नागरिक अब महज नागरिक न होकर जाति, धर्म, क्षेत्र, राजनैतिक विचारधारा के लोग बना दिए गए हैं.


समाज में किसी भी घटना के बाद हम सभी उसके पहले हुई घटना के सापेक्ष राजनैतिक दलों की प्रतिक्रिया की तुलना करने लगते हैं. एक पल रुक कर सोचिए कि क्या राजनैतिक दलों ने वाकई किसी भी घटना पर प्रभावित पक्ष के लिए संवेदनात्मक रूप से कार्य किया है? इसमें किसी एक दल को दोषी नहीं ठहराया जा रहा है बल्कि सभी दल एकसमान रूप से दोषी हैं. उनके लिए कोई भी घटना महज एक घटना ही नहीं होती वरन एक तरह का मंच होती है, जिसके माध्यम से वे अपने दल के लिए अधिक से अधिक सहानुभूति, अधिक से अधिक मतदाता, अधिक से अधिक वोट का जुगाड़ करने की कोशिश करते हैं. उनके किसी भी घटना के सन्दर्भ में उठने वाले कदमों की हम आलोचना करते हैं और उसी कदम की किसी अन्य घटना के सापेक्ष समर्थन भी करने लगते हैं. असल में एक नागरिक के रूप में हम सभी लोग ही स्थिर नहीं हैं. हमें किसी भी घटना के सापेक्ष खुद भी ज्ञात नहीं होता है कि हम चाहते क्या है? हम चाह क्या रहे हैं?




किसी भी घटना के हो जाने पर एक नागरिक के रूप में हमारी प्रतिक्रिया होने से पहले ही हम सभी खुद को धर्म, जाति, क्षेत्र, राजनैतिक विचारधारा के खाँचे में फिट कर लेते हैं. अब खाँचे में फिट हो जाने के बाद हम सभी की दृष्टि, सोच का दायरा सीमित हो जाता है. इसी सीमित दृष्टि के कारण हम उस घटना के सन्दर्भ में राजनैतिक दलों से किसी तरह की प्रतिक्रिया की अपेक्षा करने लगते हैं. समाज के नागरिक बनने के बजाय आलोचक बनके राजनैतिक दलों की पिछली किसी भी घटना पर उपजी प्रतिक्रिया की तुलना में लग जाते हैं. यही वह बिंदु होता है जहाँ कोई भी अपराधी अपने आपको मजबूत स्थिति में पाता है. वह समझ लेता है कि उसके अपराध का विरोध, उसके कृत्य का विरोध हम एक नागरिक के रूप में कभी करने की स्थिति में नहीं हैं. हम किसी भी अपराधी के कृत्यों के विरोध के लिए भी राजनैतिक दलों का मुँह ताकने लगते हैं.


इसी तरह की मानसिकता ने समाज में नागरिकों को कमजोर किया है और अपराधियों को बढ़ावा दिया है. हम सभी को एक नागरिक के रूप में स्वयं में सक्षम होना चाहिए. समाज में होने वाली किसी भी घटना के सन्दर्भ में हम सभी को एकजुट होकर अपराधियों का विरोध करना चाहिए. यदि समाज के सभी नागरिक एकसमान रूप से एकजुट होकर किसी भी अपराधी के कृत्य का विरोध करने उतर पड़ेंगे तो किसी भी बड़े से बड़े अपराधी की हिम्मत नहीं कि वह अगली बार किसी तरह का अपराध करे. घटना किसी भी प्रदेश में हो, किसी भी व्यक्ति के साथ हो, अपराधी का निशाना बेटी है या बेटा, युवा है या वृद्ध, गरीब है या अमीर इन सबका आकलन करने के बजाय अपराधी का विरोध होना चाहिए. यदि हम सभी एक नागरिक के रूप में एकजुट होकर ऐसा नहीं कर पाते हैं तो अपराधी खुलेआम सड़क पर अपराध करते रहेंगे, राजनैतिक दल हम नागरिकों को अपने वोट में बदलते रहेंगे.


.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

02 जून 2020

ध्यान रखना, लॉकडाउन और अनलॉक तुम्हारे लिए नहीं

लॉकडाउन के बाद अब नई शब्दावली चलन में आ गई है, अनलॉक. वैसे इन दोनों शब्दों से लोग पहले से परिचित रहे हैं मगर इस सन्दर्भ में पहली बार प्रयोग कर रहे हैं. इस लॉकडाउन लगने, खुलने को लेकर लोगों में अजब सी उथल-पुथल है. जब इसे लगाया गया था तो इनके पेट में मरोड़ उठी थी. उसके बाद जब इसका दूसरा भाग शुरू हुआ तो फिर ज्यादा मरोड़ हुई. पहले मरोड़ उठी थी लगने को लेकर फिर मरोड़ उठी एकाएक लगने को लेकर. श्रमिकों, मजदूरों के परेशान होने को लेकर. इन मरोड़धारियों को जानकारी नहीं थी कि ये क्या होने लगा है. इसी कारण से उस समय बमचक नहीं मचाई जबकि लॉकडाउन शुरू हुआ था. जब कुछ दिन बाद दिमाग ने इसका विश्लेषण, आकलन करना शुरू कर दिया तो सरकार के कदमों की समीक्षा होने लगी.


अब जबकि लॉकडाउन को खोल दिया गया है या कहें कि अनलॉक जैसी स्थिति का आरम्भ हो गया है तो इन्हीं लोगों को फिर समस्या होने लगी है. अब समस्या यह है कि आखिर लॉकडाउन हटाया क्यों जा रहा? इनकी समस्या ये भी है कि जब संख्या कम थी तो लॉकडाउन लगाया गया था, अब जबकि संख्या बढ़ने लगी है तो लॉकडाउन हटाया जाने लगा है. ऐसे लोगों की समस्या ठीक पहले दिन वाली है. तब भी अपना दिमाग न लगाते हुए बस विरोध करना था, आज भी दिमाग न लगाते हुए बस विरोध करना है. कभी सोचा है कि इतने लॉकडाउन के बाद भी संख्या बढ़ रही है तो यदि लॉकडाउन न किया होता तो यही संख्या मार्च के अंत में होती. फिर यही अतिबौद्धिक लोग सरकार के कार्यों की आलोचना करते. सरकार की तैयारियों की बुराई करते.


किसी ने कभी सोचा होगा कि देश को कभी इतनी बड़ी संख्या में पीपीई किट की आवश्यकता पड़ेगी? किसी ने कभी इसका आकलन किया होगा कि देश में कभी भी सामान्यजन को भी एन-95 मास्क की आवश्यकता होगी? किसी भी लैब ने या किसी भी चिकित्सकीय संस्थान सहित किसी भी बुद्धिजीवी ने विचार किया था कि देश को कभी कोरोना टेस्टिंग किट की आवश्कता पड़ेगी? क्या कभी किसी ने विचार किया था कि महज इसी एक बीमारी के लिए देश में प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोगों के सैंपल इकठ्ठा किये जायेंगे, उनकी जाँच की जाएगी? क्या किसी ने कभी अस्पताल जाने के दौरान सोचा होगा कि कोई दिन ऐसा भी आएगा जबकि किसी बीमार के लिए आइसोलेशन वार्ड जैसी जगह भी बनानी पड़ेगी? किसी ने भी ऐसा नहीं सोचा था. संभवतः ऐसा किसी भी देश की सरकार ने नहीं सोचा होगा.

ऐसे में जबकि आपके सामने, परिवार के सामने, देश के सामने, सरकार के सामने ऐसी कोई स्थिति आ जाये जो एकदम से नई हो तो क्या किया जाये? क्या उससे बिना तैयारी के लड़ना शुरू कर दिया जाये? क्या उससे निपटने के साधनों को उपलब्ध नहीं करवाया जाये? बस ध्यान रखें कि सरकार ने आरम्भिक दिनों में लॉकडाउन करके यही सब किया. इतने दिनों में लॉकडाउन के कारण मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ी. लोगों की आवाजाही कम रही, देश भर की सारी गतिविधियाँ ठप्प रहीं जिससे सरकार और उसके सहयोगीजनों को अपनी तैयारी करने का समय मिला. जो देश दे महीने पहले पीपीई किट बनाता न हो वह अब निर्यात करने की स्थिति में है. जिस देश में टेस्टिंग किट बनती न हो वह अब एक दिन में एक लाख से अधिक जाँच कर रहा है. जिस देश की चिकित्सा व्यवस्था को दोयम दर्जे का माना जाता रहा हो उसने रेलवे की बोगियों को महीने भर से कम समय में आइसोलेशन वार्ड में बदल दिया. अब लाखों की संख्या में बेड तैयार हैं, किसी भी असामान्य स्थिति से निपटने को. क्या ये आपके लिए संतोष की बात नहीं है?

संभव है कि बहुतों के लिए इसमें भी सरकारी हेरफेर दिखाई दे तो फिर स्पष्ट शब्दों में इसे ऐसे समझिये. सरकार ने लॉकडाउन आपके लिए नहीं लगाया था बल्कि अपनी तैयारियों के लिए लगाया था. सरकार ने अब अनलॉक किया है तो वो भी आपके लिए नहीं किया है बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को सँभालने के लिए किया है. दो महीने के लॉकडाउन में सरकार ने आपको खूब समझा दिया, तोते की तरह रटवा दिया कि कैसे बचना है कोरोना से. क्या-क्या सावधानियाँ अपनानी हैं. उसने आपको हर तरह से प्रशिक्षित कर दिया है. अब ये आपकी मनमर्जी पर है कि आप असावधानी में कोरोना को चपेटते हैं ये फिर कोरोना आपको अपने लपेटे में लेता है. अब ये आपके कदम बताएँगे कि आप अपने कार्य के लिए बढ़ रहे हैं या फिर कोरोना की तरफ जा रहे हैं. मर्जी आपकी क्योंकि स्वास्थ्य है आपका, परिवार है आपका, जान है आपकी.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

05 मई 2020

भुगतोगे यदि न सँभलोगे

देखिए, लॉकडाउन तो कभी न कभी हटाना ही होगा सरकार को। आखिर कोई सरकार कितने दिन ऐसी व्यवस्था बनाये रख सकती है? वैज्ञानिक नियम है कि वायरस मरेगा नहीं, सुसुप्त हो जायेगा. कभी न कभी अपने सापेक्ष वातावरण पाते ही सक्रिय हो जायेगा. ऐसे में आखिर कितने दिन लॉकडाउन? लॉकडाउन कोई विकल्प नहीं कोरोना संक्रमण से बचने का. शराब की दुकानों के खोले जाने पर सरकारों को एकदम से कटघरे में खड़ा कर दिया गया. वे लोग भी इसमें सुर मिलाने में लगे हैं जो कहीं न कहीं से शराब की जुगाड़ करने में लगे थे. शराब की दुकान तो बहाना है सरकार पर हमला करने का. ऐसा इसलिए क्योंकि हमारा मानना ये है कि शराब की दुकानों जैसी स्थिति बाजार में तब भी होगी, जब ये लॉकडाउन पूरी तरह खुलेगा. इसके बाद भी उस समय ये कोई नहीं कह सकेगा कि कोरोना का संक्रमण अब नहीं होगा.



जवाब खुद को देना है. सरकार तुम्हारे घर आई थी? सरकार ने तुमसे निवेदन किया था? सरकार ने कहा था कि लोगों के सिर पर चढ़ के खरीदो? सरकार ने कहा था कि चिपक के खड़े हो? सरकार ने ये कुछ भी न किया और सब लोग मरभुक्खों की तरह टूट पड़े. ऐसा लगा जैसे अमृत मिलने लगा हो. लोग बिना किसी बात की परवाह किये एकदम से दुकानों पर टूट पड़े. इसके उलट सरकार पिछले तीस-चालीस दिन से बराबर चिल्ला रही कि घर पर रहो. प्रधानमंत्री हाथ जोड़कर कह रहा घर पर रहो. प्रशासन बराबर सख्ती-नरमी से कह रहा घर पर रहो. इसकी सुनवाई ईमानदारी से न की जा सकी. लोग शराब की दुकानों के खुलने के पहले भी बाजार की सैर करने में लगे थे. आये दिन चालान करने की, प्रशासन द्वारा सजा देने की खबरें, वीडियो सोशल मीडिया पर आ रहे हैं. सोचो, सोचो दोषी कौन है? जो सरकार ने न कहा, वह तुमने लपक के किया और जिसे करने को चिल्ला-चोट मची उस पर तुम न चेते.

लॉकडाउन असल में सरकार की तरफ से टीचिंग है, कोरोना संक्रमण से बचने के सम्बन्ध में, जिसे सरकार ने अच्छे से पढ़ा-सिखा दिया. उसने अपील से, सख्ती से, नरमी से, गा-बजा के, कलाकारों के माध्यम से सबको बता दिया कि क्या करना है, क्या नहीं. बता दिया कि क्या करोगे तो संक्रमण का खतरा है. अब जब भी लॉकडाउन खुलेगा या ऐसी कोई छूट मिलेगी तो वह नागरिकों की परीक्षा होगी. कौन पास होगा, कौन फेल ये नागरिकों पर निर्भर करेगा. आप खुद तय करो कि फेल होना है या पास? बाकी इस परीक्षा के अंक देखने हों तो विश्व समुदाय के आँकड़े रोज ही सामने आ रहे हैं.

भुगतोगे यदि न सँभलोगे.


.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

23 मार्च 2020

कैद ही हमें ज़िन्दगी देगी

रविवार के अभूतपूर्व जनता कर्फ्यू के बाद का सोमवार उसी तरह आया जैसे कि शनिवार गया था. बाजार में सोमवार को ऐसा कतई नहीं लगा जैसे चंद घंटे पहले इन्हीं सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था. लग नहीं रहा था कि महज एक दिन पहले मोदी जी की एक अपील पर देशवासियों ने पूरी तरह बंदी रखी थी. सोमवार को कई जगहों पर लॉकडाउन किया गया मगर जनता द्वारा उसे जैसे स्वीकारा नहीं गया. प्रशासन द्वारा बार-बार सबको समझाया जा रहा कि दैनिक आवश्यकताओं की आपूर्ति बाधित नहीं होगी इसके बाद भी सड़कों पर भीड़ बनी ही रही. मजबूरी में सरकार को कई राज्यों में सीमाओं को बंद करना पड़ा, कई राज्यों में कर्फ्यू लगाना पड़ा.


आज सोमवार को केरल में कई नए संक्रमित पाए गए. कुछ और राज्यों में भी नए मरीज मिले. मौतों की संख्या भी बढ़ी. क्या हम शेष विश्व की हालत देख कर भी नहीं समझेंगे? क्या हम अनेकानेक मौतों के बाद सजग होंगे? अभी भी समय है. हम अपने आपमें सीमित रहें, अपने घर में कैद रहें. यही कैद ही हमें ज़िन्दगी देगी. 
.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

22 मार्च 2020

हर बार की तरह हम इस बार भी जीतेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश की जनता से कोरोना वायरस से बचाव के सम्बन्ध में अपने सन्देश में अनेक बातें, सुझाव, सावधानियाँ बताते हुए 22 मार्च, रविवार को जनता कर्फ्यू की बात कही. उन्होंने अपील की कि इस एक दिन सभी लोग सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक अपने-अपने घरों में रहें. व्यापारिक प्रतिष्ठान न खोले जाएँ. लोग सड़कों, बाजारों में न आयें. इसके पीछे का कारण समझ आ रहा था कि कोरोना वायरस की वह कड़ी टूटेगी जो संक्रमित गति बढ़ाने का काम करती है. इसके बाद लगातार इस बारे में चर्चाएँ की जाने लगीं. सभी लोग अपने-अपने तरह से इस बारे में जनता को, नागरिकों को जागरूक करने लगे. मीडिया में, सोशल मीडिया में इसे लेकर लगातार विचार विमर्श किया जाने लगा. 

शहर में हमारे कुछ साथियों ने अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करने का विचार बनाया. कुछ प्रचार सामग्री, जागरूकता फ़ैलाने वाले पैम्फलेट छपवाए गए और उनका वितरण विगत दो दिनों में किया गया. इस दौरान सभी की प्रतिक्रिया सकारात्मक ही मिली. इसके बाद भी बहुत से लोगों को आशंका थी कि जनता कर्फ्यू उरई में शत-प्रतिशत नहीं रहेगा. कुछ लोग तो अवश्य ही दुकान खोलेंगे. आज जबकि वह दिन आया, मीडिया मित्र के लिए कवरेज करने के लिए दोपहर बारह बजे के बाद निकले तो बाजार की स्थिति देखकर सुखद अनुभूति हुई. बाजार सौ प्रतिशत रूप से बंद था. सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी नहीं थी. अपने शहर के एक विशेष बाजार के प्रति सभी आशंका व्यक्त कर रहे थे मगर वहाँ भी किसी तरह की कोई दुकान नहीं खुली थी. न कोई बड़ी दुकान, न कोई छोटी दुकान, न कोई रेहड़ी वाला, न कोई गुमटी वाला, न कोई हाथठेला वाला. सबके सब मोदी की अपील का जैसे अक्षरशः पालन कर रहे थे.


इस अपील के साथ एक और अपील की गई थी मोदी जी के द्वारा. कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के इलाज में तत्पर सभी डॉक्टर्स के सम्मान में, उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए शाम पाँच बजे पाँच मिनट के लिए थाली, ताली, घंटा, शंख आदि बजाने के लिए. इस अपील का भी देशव्यापी असर देखने को मिला. हमारे मोहल्ले के साथ-साथ कई शहरों, राज्यों में निवास कर रहे मित्रों, रिश्तेदारों आदि के द्वारा जो चित्र, वीडियो देखने को मिले उसने साबित कर दिया कि देश पर किसी भी तरह की मुसीबत के समय हम सब एक होते हैं. जिस उत्साह से, उमंग से शाम को शंखनाद हुआ वह बताने को पर्याप्त था कि हम सभी नागरिक मुसीबत में भी हँसते हुए अपना जीवन निर्वहन करते हैं. वाकई अद्भुत नजारा कहा जायेगा. अपनी चालीस साल से ज्यादा की उम्र में ऐसा नजारा कभी देखने को नहीं मिला. ऐसी बंदी कभी नहीं देखी, ऐसा शंखनाद करती जनता नहीं देखी. कोरोना वायरस की मुसीबत अपनी जगह और हम सभी नागरिकों की एकजुटता अपनी जगह. इसने साबित किया कि हर बार की तरह हम इस बार भी जीतेंगे. मुसीबत को हराकर मानेंगे. 

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

25 फ़रवरी 2019

सोशल मीडिया का दुरुपयोग रोकने को सक्रिय रहिये


सोशल मीडिया की निर्बाध स्वतंत्रता किसी को कुछ भी कर गुजरने को प्रेरित करती है. कुछ लोग इस आज़ादी का सकारात्मक रूप से प्रयोग करते हैं तो कुछ इस आज़ादी का दुरुपयोग करते हैं. किसी समय सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों का उपयोग लोग अपनी पहचान बनाने के लिए किया करते थे. लोगों द्वारा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी इसके माध्यम से हुआ करता था. ऐसा इसलिए भी होता होगा क्योंकि आज से कोई दस-पांच साल पहले इंटरनेट की सुविधा सबके पास में नहीं थी. स्मार्टफोन की सुविधा सबके हाथ में नहीं थी. मोबाइल पर नेट चार्ज अत्यधिक मंहगा होने के कारण भी लोगों द्वारा बहुत ही किफ़ायत से इसका उपयोग किया जाता था. ऐसे में जबकि व्यक्ति की जेब से उसकी क्षमता से अधिक धन का व्यय हो रहा हो तब वह अपनी किसी भी सुविधा का सोच-समझ कर उपयोग करता है. तब नेटचार्ज अधिक होने के कारण व्यक्ति के पास फालतू विचारों, कामों के लिए समय नहीं निकलता था.


समय बदला, स्मार्ट फोन ने सबके हाथों में पहुँच बना ली. फोन करने की सुविधा देने वाली सिम में अनलिमिटेड इंटरनेट की सुविधा के आने ने व्यक्तियों को निरंकुश बना दिया. निश्चित और सीमित समय में इंटरनेट का उपयोग करने वाला व्यक्ति अब चौबीस घंटे के हिसाब से इंटरनेट का उपयोग करने लगा. कभी-कभी लैपटॉप, डेस्कटॉप के सामने बैठने वाला व्यक्ति लगातार अब अपने स्मार्टफोन को ही निहारने का काम करने लगा. किसी समय काम के लिए उपयोग करने के लिए नेट का उपयोग करने वाला व्यक्ति अब बिना काम के भी उसी में चिपका रहने लगा. किसी समय अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए उपयोग में लाने वाले मंच को उसने अपने अन्दर की कुंठा निकालने के लिए उपयोग करने का मंच बना लिया. यही कारण है कि अब बहुतायत में लोगों का अवसाद, कुंठा बाहर आ रही है. अकारण लोग एक-दूसरे को गाली देने का काम कर रहे हैं. रिश्तों, संबंधों, उम्र अनुभव की परवाह किये बिना, सारी शर्म, संकोच त्याग कर सोशल मीडिया के खुले मंच का दुरुपयोग नंगई फ़ैलाने के लिए किया जा रहा है. लोग सकारात्मकता के बजाय अपनी नकारात्मकता को सामने लाने का काम कर रहे हैं. राजनैतिक विद्वेष को व्यक्तिगत विद्वेष में बदलने लगे हैं. बिना यह जाने-समझे कि किसका क्या स्थान है, क्या महत्त्व है, क्या अहमियत है सामने वाले को सिर्फ छोटा करने की कोशिश की जा रही है. सामने वाले के लिए अभद्र भाषा, अशालीन शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है. 

सोशल मीडिया पर ऐसी घटनाएँ काफी समय से हो रही हैं. समय-समय पर लोगों द्वारा उनका जवाब भी दिया जाता है. इधर पुलवामा में सैनिकों पर हुए आत्मघाती हमले के बाद कुछ लोगों ने सैनिकों, शहीदों, उनके परिजनों के सम्बन्ध में आपत्तिजनक विचार दिए, पोस्ट लिखी. कुछ सजग, जागरूक लोगों द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ तुरंत कार्यवाही किये जाने सम्बन्धी कदम उठाया. ऐसी ही एक घटना के सन्दर्भ में प्रशासनिक अधिकारियों से मिलना हुआ. वर्तमान में ऐसे किसी भी घटनाक्रम से, जो कहीं न कहीं सैनिकों, शहीदों, भारतीय सेना के प्रति अशालीन, अभद्र व्यवहार को दर्शाता है न केवल प्रशासन सचेत है वरन आम नागरिक भी सक्रिय है. एक कवि महाशय की एक पोस्ट पर पहले तो वे उसी समय सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा जबरदस्त तरीके से समझाए गए. बाद में उनके खिलाफ शिकायत करने सम्बन्धी काम भी किया गया. ऐसे किसी भी घटनाक्रम पर, किसी भी पोस्ट पर जो किसी के स्वाभिमान के खिलाफ है, किसी के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करती है, किसी पर व्यक्तिगत आक्षेप लगाती हुई उसकी मान-मर्यादा को चोटिल करती है तो आम नागरिक को सचेत होने का परिचय देना चाहिए. हमें समझना होगा कि यही वे लोग होते हैं जो ऐसे छोटे-छोटे विचारों के द्वारा खाद-पानी पाते हैं और समय आने पर खुलेआम अपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो जाते हैं. हमारी आज कि सजगता, सक्रियता आने वाले कल के लिए सुरक्षित, खुशनुमा वातावरण तैयार करेगी.

19 मई 2018

दुर्घटनाओं से नहीं सीखेंगे

बनारस में निर्माणाधीन फ्लाईओवर की बीम गिरने से हुए हादसे को महज इसलिए संवेदनशील नहीं माना जा सकता कि वह देश के प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र का हादसा है. इस हादसे को इसलिए भी संवेदनशील माना जाना चाहिए क्योंकि इस हादसे का शिकार लोग वे मासूम नागरिक हैं जिनका कोई दोष नहीं. वे सभी के सभी सेतु निगम के अधिकारियों सहित समस्त कार्यशील लोगों की लापरवाही का शिकार हो गए. बीम के रखे जाने के समय अथवा उसके बाद सम्बंधित क्षेत्र में यातायात को न रोकने, उसका डायवर्जन न करने को हादसे का जिम्मेवार बता रहे हैं वे कहीं न कहीं हादसे की गंभीरता को कम कर रहे हैं. ये समझने वाली बात होती है कि जब इस तरह के बड़े निर्माण हो रहे होते हैं और उसे सार्वजनिक क्षेत्र की कोई बड़ी संस्था के द्वारा संपन्न किया जा रहा होता है तो आम नागरिकों का एक विश्वास बना होता है. तमाम तरह की विसंगतियों के बाद जैसे आम नागरिक लोकतंत्र पर भरोसा करता है, अपने-अपने प्रदेश, देश की सरकार पर विश्वास करता है, उसके कदमों-नीतियों की आलोचना करने के बाद भी उनके प्रति विश्वास व्यक्त करता है ठीक उसी तरह की स्थिति यहाँ बनी होती है. फ्लाईओवर जैसे निर्माण आनन-फानन में नहीं किये जाते. ऐसे विस्तारपूर्ण निर्माण के लिए सम्पूर्ण मशीनरी एकजुटता से कार्य करती है. इसके बाद भी यदि किसी तरह की चूक होती है तो माना जा सकता है कि सम्बंधित तंत्र अपनी जिम्मेवारी को समझ नहीं रहा था.


अब जबकि सेतु निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है. उनसे और बाकी सम्बंधित पक्षों से पूछताछ की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस तरह की कार्यवाही से आगे के लिए कोई सबक मिलेगा, ऐसा लगता नहीं है. निगम के कुछ उच्चधिकारियों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करा दिया गया है, इससे होगा क्या? अदालती प्रक्रिया में तारीखों पर तारीखें पड़ती रहेंगी. हादसे का शिकार परिवार मुआवजे के कुछ लाख रुपये लेकर अपने आँसुओं को रो-रोकर सुखा लेंगे. कई-कई साल बाद संभव है कि कुछ अधिकारियों को सजा, जुरमाना जैसा कुछ हो जाये, ये भी संभव है कि वे छूट भी जाएँ. छूटने की सम्भावना इसलिए भी प्रबल दिखाई दे रही है क्योंकि पूछताछ के दौरान एक तथ्य यह भी निकल कर आया कि बीम रखने सहित अन्य निर्माण सम्बन्धी कार्यों के लिए यातायात रोकने पर निगम के कर्मियों पर प्रशासन द्वारा प्राथमिकी दर्ज करवा दी गई थी. इससे भी साफ़ है कि देश के प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में सार्वजनिक संस्थाओं के बीच आपस में ही समन्वय नहीं है.

यदि प्राथमिकी दर्ज करवाए जाने की बात सत्य है तो यह भविष्य के लिए भी बुरा संकेत है. देश लगातार विकास की प्रक्रिया से गुजरता रहता है. इस चरण में बड़े-बड़े निर्माण समाज में आम नागरिकों के बीच ही संपन्न होते हैं. दैनिक जीवन-चर्या के बीच ऐसे निर्माणों में जोखिम भी बहुत ज्यादा रहते हैं. इन जोखिमों का शिकार कई बार कर्मचारी भी होते हैं और कई बार नागरिक भी इसका शिकार हो जाते हैं. ऐसे किसी भी मामले में सम्बंधित तंत्र को चाहिए कि उससे जुड़े जितने भी विभाग हैं, संस्थाएं हैं सभी में आपस में समन्वय स्थापित कर लिया जाये. इससे भविष्य में भले ही दुर्घटनाओं को, जोखिमों को रोका न जा सके किन्तु कम तो किया ही जा सकता है. इस दुर्घटना से संस्थाएं, शासन, प्रशासन, नागरिक क्या सबक लेंगे कहा नहीं जा सकता है क्योंकि ये कोई पहली या आखिरी दुर्घटना नहीं है. आये दिन मानव-रहित रेलवे क्रासिंग की दुर्घटनाओं को हम देखते-पढ़ते हैं. आये दिन निर्माणाधीन इमारतों का गिरना सुनाई देता है, अक्सर किसी न किसी सार्वजनिक, निजी संपत्ति के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं. देखने में आया है कि इन दुर्घटनाओं से कोई सीखने को तत्पर नहीं दिखता है. दुर्घटनाओं के होने के बाद भी न केवल मानव-रहित रेलवे क्रासिंग नागरिकों द्वारा पार की जाती है वरन जहाँ क्रासिंग है वहां भी दो-पहिया वाहनों वाले, पैदान नागरिक उसे पार करते देखे जाते हैं. सेल्फी मोड के चलते भी नौजवान अक्सर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं.

ये सवाल सबसे अहम है कि हम कब सीखेंगे? क्या हम हादसों को देख-सुनकर उन्हें विस्मृत करने का काम ही करते रहेंगे? दुर्घटनाओं के बाद सरकार, शासन, प्रशासन को कोसने का काम करते रहेंगे? मुआवजे के चंद रुपये किसी व्यक्ति की भरपाई नहीं कर सकते. ये बात सरकार को, हम नागरिकों को समझनी ही होगी. न केवल समझना होगा बल्कि प्रण करना होगा कि अब ऐसी लापरवाहियाँ और नहीं, वे चाहें सम्बंधित तंत्र की तरफ से हों या फिर नागरिकों की तरफ से. आखिर एक-एक जान की कीमत उसके परिवार को, देश को चुकानी होती है.

14 जनवरी 2018

विशेष के मायने तय करने होंगे अब

माननीय न्यायाधीशों का मीडिया के द्वारा देश के सामने आ जाना अपने आपमें आश्चर्यजनक है. इसको ऐसे किसी रूप में नहीं देखा जाना चाहिए कि चार न्यायाधीशों के मीडिया में दिए गए वक्तव्य से कोई तूफ़ान आ गया हो. इसे ऐसे भी नहीं समझना चाहिए कि ये किसी भी तरह से लोकतंत्र पर तमाचा है. किसी भी तरह के आकलन के पहले न्यायालयीन व्यवस्था को जानने-समझने की जरूरत है. और विडम्बना ये है कि बिना कुछ जाने-समझे हम सभी लोग किसी भी घटना के सन्दर्भ में अपने-अपने खाँचे में उसे फिट करने लगते हैं.


न्यायालयीन प्रक्रिया में पारदर्शिता से कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण निष्पक्षता को बनाये रखने के लिए एक तरफ की घोषित-अघोषित व्यवस्था की गई है कि न्यायाधीश किसी तरह से खुद को सार्वजनिक नहीं करेंगे. इसके अंतर्गत उनका समारोहों, कार्यक्रमों, प्रेस वार्ता आदि को लेकर किंचित नियम से बना दिए गए हैं. न्याय की, न्यायालय की, न्यायाधीशों की गरिमा बनी रहे इसके लिए उनके प्रति असम्मान दिखाए जाने को भी अत्यंत गंभीर अपराध सा माना गया है. न्याय प्रक्रिया के प्रति भले ही एक तरह का सम्मान-भाव समाज के सामने दिखाया जाता रहा हो किन्तु विगत कई वर्षों की न्यायिक प्रक्रिया के चलते आमजन का न्यायालयीन व्यवस्था से मोह भंग सा हुआ है. इसी मोह-भंग का परिणाम है कि बहुतेरे मामलों में जनता ने कानून को हाथ में लेकर खुद ही न्याय करना शुरू कर दिया है. न्यायालयों के प्रति, न्यायाधीशों के प्रति, अधिवक्ताओं के प्रति कतिपय कानूनी प्रक्रिया के दांव-पेंच में उलझने से बचने के लिए आमजन खुलेआम उसके प्रति अशिष्टता नहीं दिखा पा रहा है. ऐसा भले हो किन्तु सम्पूर्ण व्यवस्था के प्रति रोष तो है ही.

कहीं न कहीं ऐसा कुछ न्यायालयीन व्यवस्था में संलग्न लोगों में भी होता होगा. ऐसा संभव ही नहीं कि अपने भीतर की व्यवस्था, अव्यवस्था से परिचित न्यायाधीश नहीं होंगे. ऐसा भी संभव नहीं कि बरसों-बरस न्याय की आस में भटकती जनता के आक्रोश, रोष का भान माननीय न्यायाधीशों को नहीं होगा. जिस तरह से न्यायालय से बाहर अपने मनोनकूल वातावरण देखे जाने की व्यवस्था बना ली गई है, संभव है कि उसके भीतर कुछ इसी तरह की व्यवस्था बनने लगी हो. मनोनकूल व्यवस्था के चलते महत्त्वपूर्ण केस इधर से उधर हस्तांतरित किये जाने लगे हों, जैसा कि संकेत दिए गए. इस स्थिति के कारण उसी तरह की हताशा इन माननीयों में प्रकट होना ज़ाहिर है जैसी कि आमजन में अपने न्याय का रास्ता देखते-देखते पनपने लगती है. संभव है कि लगातार कई-कई मामलों में हस्तांतरण की गति देखने के बाद इनका मानसिक संतुलन उस संयम का परिचय न दे सका हो जैसा कि इनसे अपेक्षा की जाती है. इसके चलते वे माननीयजन कतिपय बयान देते नजर आये. समझने वाली बात है कि उनका किसी भी तरह का कोई सार्वजनिक जीवन नहीं दिखाई देता है. अपने कार्यकाल के दौरान वे माननीयजन सुख-सुविधाओं से परिपूर्ण कारागार सी स्थिति गुजार रहे होते हैं, जहाँ तमाम तरह की औपचारिकताओं की भरमार होती है. इनके मध्य संभव है कि अपने मन की अकुलाहट को अपने किसी बहुत ख़ास (विशेष) के सामने रखने की कोशिश में उसकी सलाह पर वे लोग मीडिया के सामने उतर आये.


आखिर 'देश में लोकतंत्र खतरे में है' के द्वारा किसी विशेष को नुकसान पहुँचाना और किसी विशेष को सहायता पहुँचाना अवश्य ही रहा होगा. कौन नुकसान में रहेगा, कौन फायदे में रहेगा इसका आकलन होना शेष है किन्तु मीडिया के सामने आकर न्यायाधीशों ने देशव्यापी एक नई बहस अवश्य ही आरम्भ करवा दी है. सामान्यजन जैसे उनके कदम से अब इस पर भी विचार किया जाना अपेक्षित है कि आखिर उनके विशेष स्थान, विशेष महत्त्व के क्या मायने हैं?