25 नवंबर 2026

लोकतान्त्रिक व्यवस्था का संकल्प है संविधान

किसी भी राष्ट्र का संविधान उसकी राजनीतिक व्यवस्था का आधार होने के साथ-साथ उसकी सामाजिक चेतना का आइना होता है. यह केवल शासन चलाने के लिए बनाए गए नियमों का संकलन नहीं होता बल्कि इसके द्वारा निर्धारित होता है कि राज्य की सत्ता का उपयोग किन उद्देश्यों के लिए किया जाएगा; नागरिकों तथा शासन के बीच सम्बन्धों की प्रकृति कैसी होगी. प्रतिवर्ष 26 नवम्बर को मनाया जाने वाला संविधान दिवस हमें याद दिलाता है कि कैसे भारत ने औपनिवेशिक शासन से मुक्त होने के बाद स्वयं को एक लोकतांत्रिक राज्य के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया था. यहाँ ध्यान रखना होगा कि संविधान दिवस का उद्देश्य केवल संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण करना नहीं है बल्कि इस पर विचार करना भी है कि जिस उद्देश्य को लेकर संविधान का निर्माण किया गया था, क्या देश उस उद्देश्य को प्राप्त कर सका है?

 

भारतीय संविधान निर्माण के पीछे स्वतंत्रता आंदोलन का लंबा संघर्ष, गुलामी के अनुभव, एक आधुनिक राष्ट्र के निर्माण की आकांक्षा विद्यमान थी. इसीलिए संविधान निर्माताओं के सामने एक ऐसी व्यवस्था विकसित करने की चुनौती थी जिसमें भविष्य में किसी भी प्रकार की निरंकुशता, शोषण, सामाजिक विद्वेष आदि के लिए कोई जगह न हो. इस महती सोच के साथ संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसम्बर 1946 को सम्पन्न हुई. दो वर्ष से अधिक समय तक चले विचार-विमर्श के बाद 26 नवम्बर 1949 को संविधान अंगीकृत किया गया. डॉ. राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में संचालित संविधान सभा ने देश की राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विविधताओं को ध्यान में रखते हुए संविधान का निर्माण किया. यह प्रक्रिया इस कारण भी महत्त्वपूर्ण मानी जाती है कि संविधान किसी एक व्यक्ति अथवा राजनीतिक विचारधारा का परिणाम नहीं बल्कि व्यापक विमर्श और सामूहिक बौद्धिक प्रयास की उपलब्धि है.

 

संविधान निर्माण का मूल उद्देश्य एक ऐसे राष्ट्र की स्थापना करना था जहाँ व्यक्ति की गरिमा सर्वोपरि हो; सत्ता जनता के प्रति जवाबदेह हो; प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार तथा अवसर प्राप्त हों. संविधान निर्माता जानते थे कि राजनीतिक स्वतंत्रता तभी सार्थक हो सकती है जब उसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचे. इसलिए संविधान में मौलिक अधिकारों के साथ-साथ राज्य के नीति-निर्देशक तत्त्वों को भी स्थान दिया गया. इसके बाद भी संविधान निर्माण के उद्देश्य और उसके वास्तविक परिणामों के बीच आज गम्भीर अंतर नजर आता है. यद्यपि देश ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को निरंतर बनाए रखा है तथापि सामाजिक और आर्थिक समानता की स्थिति अभी नहीं बन सकी है. जातिगत विभेद, सामाजिक विसंगति, आर्थिक असमानता, बेरोजगारी, लैंगिक विषमता आदि समस्याएँ आज भी मौजूद हैं.

 

संविधान निर्माण के इतने वर्षों बाद भी इन विषमताओं का होना संविधान के उद्देश्य पर, निर्माण पर, सम्पूर्णता पर प्रश्नचिन्ह लगाता है. इसी संदर्भ में संविधान संशोधनों का होते रहना भी आलोचना के अवसर प्रदान करता है. संविधान में संशोधन की व्यवस्था अनुच्छेद 368 के अन्तर्गत की गई है. देखा जाये तो कोई भी समाज स्थिर नहीं रहता है. समय के साथ उसमें अनेक बदलाव आते हैं. ऐसे में यदि संविधान में संशोधनों की कोई व्यवस्था न होती तो वह बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को परिवर्तित नहीं कर पाता. इस दृष्टि से संशोधन की व्यवस्था संविधान की अपूर्णता का प्रमाण नहीं बल्कि उसकी विकासशील प्रकृति का परिचायक है. यदि संशोधनों पर विचार किया जाये तो अभी तक हुए संशोधन एक ही तरह के नहीं हैं. कुछ संशोधन प्रशासनिक और संघीय व्यवस्था में किए गए; कुछ सामाजिक न्याय और आरक्षण से सम्बंधित रहे; कुछ आर्थिक नीतियों के लिए हुए; कुछ राजनीतिक तथा संस्थागत संरचनाओं के सम्बन्ध में किये गए. ऐसे में संशोधनों को केवल संविधान की कमियों की पूर्ति के रूप में देखना उचित नहीं होगा. संशोधन के सम्बन्ध में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रतिपादित मूल संरचना का सिद्धांत विशेष महत्त्व रखता है. यह सिद्धांत स्पष्ट करता है कि संसद संविधान में संशोधन कर सकती है लेकिन उसकी मूल संरचना को नष्ट नहीं कर सकती. लोकतंत्र, गणतंत्रात्मक व्यवस्था, धर्मनिरपेक्षता, संघवाद, न्यायिक समीक्षा और विधि का शासन जैसी बुनियादी संवैधानिक विशेषताओं की रक्षा इसी सीमा के अंतर्गत सुनिश्चित होती है.

 

वर्तमान संदर्भ में संविधान की स्थिति का मूल्यांकन करते समय हमें ध्यान देना होगा कि क्या हमने संविधान को केवल शासन और न्यायालयों तक सीमित कर दिया है? संविधान दिवस एक आधारभूत प्रश्न हम सबके सामने खड़ा करता है कि जिस भारत की कल्पना संविधान निर्माताओं ने की थी क्या हम उसका निर्माण कर पाए हैं? हमने लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक शासन की एक मजबूत आधारभूमि भले ही विकसित कर ली हो किन्तु सामाजिक और आर्थिक न्याय की स्थापना का कार्य अभी अधूरा है. इसके पीछे न तो संविधान की कोई कमी है और न ही समय-समय पर होने वाले संशोधन हैं बल्कि इसके पीछे उन प्रयासों का सकारात्मक रूप से प्रस्तुतीकरण न होना है जिन्हें संविधान की भावना के अनुरूप लगातार आगे बढ़ाया जाना था. संविधान को पूर्ण बनाने के लिए आवश्यक है उसके मूल उद्देश्यों को व्यवहार में पूर्णता प्रदान की जाये. संविधान की सफलता इस बात में नहीं है कि उसमें संशोधनों के द्वारा अधिक से अधिक क्षेत्रों में परिवर्तन के अवसर उद्घाटित कर दिए गए बल्कि सफलता इस बात में है कि इन अनेकानेक संशोधनों के माध्यम से कितने नागरिकों को न्याय प्राप्त हो सका; कितने लोगों को समान अवसर उपलब्ध करवाए जा सके; कितने वंचितों को सम्मानजनक जीवन प्राप्त हुआ. हम सभी को इसका एहसास रखना होगा कि संविधान कोई समाप्त होने वाली प्रक्रिया नहीं है बल्कि यह राष्ट्र के सामने प्रस्तुत किया गया एक सतत् संकल्प है. उसकी वास्तविक पूर्णता तभी सम्भव है जबकि संवैधानिक आदर्श दस्तावेजों और भाषणों में नहीं बल्कि भारतीय समाज की जीवन-पद्धति में, शासन-प्रशासन की कार्यसंस्कृति में भी दिखाई देने लगें.


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें