कुछ महीनों पहले गुलाबी रंग के महिला अधोवस्त्र ने ब्लॉग पर और समाज में धमाका मचाया था पर हमारा ऐसा कोई इरादा नहीं है। हमारा इस गुलाबी रंग के अति आंतरिक अति गोपनीय, अति व्यक्तिगत अधोवस्त्र से इतर कुछ आंतरिक-कुछ बाह्य, कुछ खुला-कुछ गोपन, कुछ व्यक्तिगत-कुछ ???? जैसी स्थिति वाले वस्त्र ‘ब्रा’ के बारे में कुछ कम-कुछ ज्यादा कहना है।
इस समय हम एक शोध प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं जो स्त्री-विमर्श पर आधारित है। इसी के अध्ययन के दौरान पढ़ने में आया कि 1970 के आसपास नारीवादी आन्दोलनों की अतिवादिता के चलते अमेरिका में ब्रा वर्निंग जैसी घटनाएँ होने लगीं थीं। महिलाओं ने समानता के अधिकार के लिए सड़कों पर अपनी चोलियों की होली जलानी शुरू कर दी थी। (इस आन्दोलन का विस्तार नहीं, इतना बताना ‘ब्रा’ को चर्चा में शामिल करना था।)
अभी कुछ दिनों पूर्व देश के एक प्रतिष्ठित प्रकाशन से आये उनके समाचार-पत्र से ज्ञात हुआ कि देश के विख्यात लेखक राजकिशोर की एक पुस्तक आई है ‘स्विमिंग पूल पर टॉपलेस’। इस पुस्तक के कुछ अंश उस समाचार-पत्र में प्रकाशित थे। चूँकि महिलाओं से सम्बन्धित पुस्तक (टॉपलेस जैसी शब्दावली महिलाओं के सम्बन्ध में ही प्रयोग की जाती सुनी है, इस कारण), राजकिशोर जैसा लेखक और हमारा शोधकार्य का महिलाओं से सम्बन्धित होने के कारण इस अंश को पढ़ने का लोभ संवरण नहीं कर सके।
प्रकाशित अंश में राजकिशोर जी ने महिलाओं की गरमी सम्बन्धी समस्या को बताते हुए लिखा कि कैसे पुरुष तो कमर के ऊपर निर्वस्त्र होकर अपनी गरमी का निदान खोज लेते हैं और बेचारी महिलाएँ ऐसा नहीं कर पातीं हैं। कुछ इसी तरह की समस्या के सम्बन्ध में उन्होंने डेनमार्क के समाचार का जिक्र भी किया है। डेनमार्क में महिलाओं ने स्त्री-पुरुष समानता की दिशा में एक लड़ाई जीतते हुए वहाँ के स्विमिंग पूलों में टॉपलेस होकर तैरने तथा पूल के इर्द-गिर्द टॉपलेस अवस्था में टहलने की स्वतन्त्रता प्राप्त कर ली है। टॉपलेस फ्रंट द्वारा एक वर्ष के अभियान के बाद यह सफलता मिली।
उनके इन्हीं विचारों के कुछ अंश के रूप में यह भी पढ़ने को मिला कि सोशलिस्ट पार्टी के नेता फ्रैंक हेडेगार्ड का कहना है कि ‘मेरी समझ में नहीं आता कि स्त्रियों के स्तनों को लेकर लोग इतने आक्रामक क्यों हो जाते हैं। यह फैसला इस आइडिया को फैलाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है कि स्त्रियों की देह केवल यौन की वस्तु नहीं है।’ इसी के आगे उन्होंने बताया है कि एक नारीवादी महिला ने घोषणा की है कि यह हम तय करेंगे कि हमारे स्तन कब यौनिकता का वहन करेंगे और कब नहीं।
राजकिशोर आगे अपना मत व्यक्त करते हुए लिखते हैं कि दूसरे देशों में शरीर के प्रति ऐसी निर्विकारता आने में पता नहीं कितना समय लगेगा। लेकिन एक बात निश्चित है कि आधुनिक सभ्यता आदिवासी संस्कृति के एक समृद्ध संस्करण की ओर बढ़ रही है। मेरा अपना अनुमान है कि इसके नतीजे सकारात्मक ही होने चाहिए।
इन दो ‘ब्रा’ सम्बन्धी घटनाओं के पढ़ने के बाद एक लगभग तीन वर्ष पुरानी घटना याद आ गई। हम अपने एक मित्र की दुकान पर खड़े थे। उसकी होजरी की दुकान है जिसमें स्त्री-पुरुषों से सम्बन्धित विभिन्न उत्पाद मिलते हैं। उसी समय दो युवा लड़कियाँ वहाँ आईं और कुछ सामान माँगा। हमारे मित्र ने सामान निकाल कर दे दिया। लड़कियों ने फिर इधर-उधर किया और दूसरी कम्पनी के सामान की माँग की। इत्तेफाक से दुकान पर उन दो लड़कियों, एक हमारे तथा हमारे मित्र और उसके दुकान के एक नौकर के अलावा कोई भी नहीं था। लगभग 15-20 मिनट की मेहनत के बाद भी उन लड़कियों ने कोई सामान नहीं लिया और वे वहाँ से गईं भी नहीं।
हमारा मित्र परेशान, उसका नौकर भी परेशान...तभी हमारा मोबाइल बजा, किनारे जाकर देखा तो उसी दुकान वाले मित्र का फोन। रिसीव करने से पहले कुछ बोलते कि उसने अपने होंठों पर उँगली रखकर फोन सुनने का इशारा किया। हमने आश्चर्य से फोन रिसीव किया तो उसी मित्र की आवाज आई ‘कुमारेन्द्र तुम दो-चार मिनट में आओ।’
हम कुछ समझे नहीं, पर दोस्त की बात थी सो वहीं से आवाज लगाई कि एक काम है दस मिनट में आते हैं। इधर-उधर घूमकर लगभग पाँच मिनट बाद दुकान पहुँचे। देखा दोनों लड़कियाँ गायब और हमारे मित्र महोदय हँसने में लगे थे। हमने पूछा तो बोला कुछ नहीं यार, इन लड़कियों को ‘ब्रा-पैंटी’ लेनी थी, तुम्हारे खड़े होने के कारण नहीं माँग रहीं थीं। जबकि वे दोनों लड़कियाँ हमसे किसी भी रूप में परिचित नहीं थीं। हम दोनों फिर बहुत दिनों तक इस घटना को लेकर आपस में चुहलबाजी करते रहे।
ऊपर पहले बताई दो घटनाओं में पढ़ने के बाद लगा कि आखिर वे दो लड़कियाँ हमारे सामने अपने अधोवस्त्र क्यों नहीं माँग पा रहीं थीं जबकि दुकानवाला भी एक लड़का ही था? इस प्रश्न का उत्तर तो आजतक नहीं खोज सके पर अब एक और प्रश्न खड़ा हो गया कि क्या महिलाओं का यह अधोवस्त्र ‘ब्रा’ सेक्स का प्रतीक है? अश्लीलता का प्रतीक है? इसका पुरुष द्वारा उच्चारण करना अथवा पुरुष के सामने इसका दिखना फूहड़ता, असभ्यता है?
---------------------
(पूरी पोस्ट अन्त में दिये गये सवालों में ही सिमटी है। बाकी तो सन्दर्भ हैं ‘ब्रा’ की चर्चा पर उठे सवालों के लिए। अन्त में कुछ हल्का-फुल्का हो जाये ‘ब्रा’ पर यदि किसी पुरुष का इस वस्त्र पर बोलना अश्लील नहीं हो, फूहड़ नहीं हो। )
---------------------
ब्रा के कुछ नये स्वरूप (मजाकिया अंदाज में)
1- गणितीय ब्रा -- एलजेब्रा (algeBRA)
2- चित्रकारी ब्रा -- जेब्रा (zeBRA)
3- अन्तर्राष्ट्रीय ब्रा -- ब्राजील (BRAzil)
--------------------
कृपया अन्तिम तीन बिन्दुओं को हल्के-फुल्के अंदाज में ही स्वीकारें।
