मौज-मस्ती लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मौज-मस्ती लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

13 अप्रैल 2023

कॉलेज की वो आंटी जी

अप्रैल का आना और हॉस्टल मीट का याद आना स्वाभाविक है. इधर लम्बे समय से प्लानिंग बनती जा रही है मगर क्रियान्वित नहीं हो पा रही है. हालाँकि ग्रुप के माध्यम से, सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से लगभग सभी के साथ जुड़ाव बना हुआ है मगर इसके बाद भी एक बार दिल-दिमाग में सबसे मिलने की उत्कंठा जागती है. बहरहाल, इस बार भी एकसाथ सबसे मिलना नहीं हो सकेगा. इधर आपसी बातचीत में हॉस्टल समय की, कॉलेज की कुछ चुहलबाजी याद की गई, उसी में याद आई एक आंटी जी. चूँकि ये घटना हमारे समय की है, वर्ष 1992-93 की, इसलिए हो सकता है कि उसके बाद वाले बैच के भाइयों के सामने इसका जिक्र न हुआ हो या हुआ हो तो उस घटना के साक्षी न होने के कारण याद न हो.

बातचीत के दौरान इसका जिक्र जब हमने किया तो उस घटना को फिर से बताने का आग्रह जहाँ छोटे भाइयों का रहा वहीं हमारे साथियों ने अपनी याददाश्त का हवाला देते हुए इसे फिर से बताने को कहा. घटना कोई बहुत विशेष नहीं है मगर इस कारण से विशेष बन जाती है कि वर्ष 1992-93 का समय था, हम स्नातक अंतिम वर्ष में थे. रोज की तरह कॉलेज में खाली समय में प्राचार्य कक्ष की तरफ बने बगीचे में तमाम साथियों के साथ बैठे हुए थे. उसी बगीचे के किनारे पर लगा सूचना पट उन दिनों हम दो मित्रों, हमारे और सुनील के लिए रचनात्मकता का केन्द्र बना हुआ था. सुनील दुबे अपनी दो-चार काव्यात्मक पंक्तियों को रोज बताते और हम उसका लेखन उस पर किया करते. उन दिनों अपनी तरह का यह नया प्रयोग था और सबको पसंद भी आ रहा था.

हम सभी मित्रगण बगिया के किनारे पर उसी जगह पर बैठे हँसी-ठहाके में मगन थे उसी समय हम में से किसी मित्र ने चिल्लाकर ‘आंटी जी’ की पुकार लगाई. एकबारगी तो हम सभी को समझ नहीं आया, इससे पहले कुछ समझ पाते, आंटी जी की आवाज़ दोबारा गूँजी और उसी आवाज़ के साथ हम लोगों के सामने एक लड़की खड़ी दिखी. साड़ी पहले वह लड़की उस समय का आश्चर्य का केन्द्र बनती उससे पहले उसने हम सबकी बोलती सी बंद कर दी. तेज आवाज़ में उसने गुस्से भरे शब्दों में कई बातें कहीं. उसके और ज्यादा उग्र होने के पहले ही हमने खड़े होकर उसके सवाल के जवाब में कहा कि हमने कहा तुमको आंटी जी, अब बताओ क्या करोगी तुम?

अपनी क्रिया की इतनी तीव्र और स्पष्ट प्रतिक्रिया देखकर वह एक पल को खामोश हुई और फिर बोली कि शर्म नहीं आती आप सीनियर्स को, इस तरह से मजाक उड़ाते हुए. उसको समझाते हुए कहा कि इतना गुस्सा करने की जरूरत नहीं है. कॉलेज में आपस में ऐसी बातें होती रहती हैं. इसे सामान्य हँसी-मजाक समझना चाहिए. और यदि न समझ आ रहा हो तो बुलाएं सीनियर्स लड़कियों को? उसके जाने के बाद इस आंटी जी संबोधन पर अलग-अलग राय बनती-बिगड़ती रही.

अगले दिन कॉलेज का एक लड़का हमारे पास आया और बोला कि भाईसाहब, बस आप इतना बता दो कि कल उस आंटी जी किसने कहा था. हमें लगा कि ये फसाद करने के मूड में है तो उसको बोला कि हमने ही कहा था. इस पर उसने कहा कि न, हम आपको बहुत अच्छे से जानते हैं, आप ऐसा नहीं कह सकते. हॉस्टल के कारण से वह लड़का हमसे बहुत अच्छे से परिचित था. बहुत लम्बी-चौड़ी हील-हुज्जत के बाद भी वह मानने को तैयार नहीं था. बातचीत के दौरान उसने बताया कि वह लड़की उसकी भाभी है. जल्दी शादी हो जाने के कारण पढ़ाई नहीं सो सकी थी. अब पढ़ना चाह रही हैं. यद्यपि उस लड़की की उम्र हमसे कम ही थी मगर उसके बाद पूरे साल भर हम उसे फिर आंटी जी कहकर ही बुलाते रहे. समय के साथ उसके मन से भी आंटी जी वाला गुस्सा जाता रहा. और तो और बाद में उसके घर पर दो-तीन पारिवारिक कार्यक्रमों में भी हमारा जाना होता रहा.  

22 अगस्त 2021

बारिश के आते ही बचपन का आ जाना

यूँ तो सभी मौसमों का अपना मजा है. हर मौसम में लोग अपनी तरह से उसका आनंद लिया करते हैं. किसी को गर्मी इसलिए अच्छी लगती है क्योंकि इस मौसम में वे देश-विदेश के बर्फीले स्थानों के भ्रमण का बहाना निकाल लेते हैं. कुछ लोगों को सर्दी इसलिए पसंद आती है क्योंकि उस मौसम का गुलाबीपन मनभावन होता है. कुछ लोगों को बरसात का मौसम उसकी रिमझिम के कारण, भीगते हुए मस्ती करने के कारण पसंद आता है. मौसमों की बदलती रंगत के चलते, अपनी विशेष प्रकृति के चलते ये नहीं कहा जा सकता कि सिर्फ यही मौसम सुहाना है या फलां मौसम ख़राब है. सबका अपना आनंद है, सबका अपना महत्त्व है. सामान्य रूप से सर्दी, गर्मी, बरसात के तीन मौसमों में से हमें भी बरसात का मौसम विशेष रूप से पसंद है. पसंद तो सर्दी भी है, गर्मी भी है मगर बरसात का आना खुद को बचपन में लौटा ले जाने जैसा अनुभव कराता है. बरसात का आना हमारे लिए आज भी भीगने का सन्देश लाने जैसा होता है. बचपन में तो भीगना, कागज की नाव बनाकर तैराना, एक साथ कई नावों को धागे से बाँधकर तेरा देना, भरे पानी में कूद कर खुद को भिगाते हुए बगल वाले को भिगो देना, मेंढकों की टर्र-टर्र को पकड़ना, बारिश बंद हो जाने के बाद भीगे पौधों को हिलाकर उनकी पत्तियों पर बैठी बूंदों के नीचे आकर भीगना आदि सहज भाव से होता रहता था.

समय गुजरता रहा. हम बचपन से युवावस्था की तरफ बढ़ते रहे. उम्र बढ़ती रही. समय के साथ कार्यशैली बदलती रही. कार्य बदलते रहे. जीवनशैली बदलती रही. प्रस्थिति बदलती रही. जिम्मेवारियाँ बढ़ती रहीं. इन सबके बदलते रहने के बीच बरसात हर साल अपनी रंगत में आती रही. ये और बात है कि पर्यावरणीय समस्याओं के चलते अब बरसात अपने उस रूप में नहीं आती जैसी कि हमारे बचपने में आती थी. क्या कुछ न बदला. समय बदला, बरसात की रंगत बदली, बारिश की समयसीमा भी बदली मगर यदि न बदला तो बरसात में मौज-मस्ती करने का हमारा अंदाज. उम्र अपनी जगह, जिम्मेवारी अपनी जगह, प्रस्थिति अपनी जगह, कार्य अपनी जगह और बरसात की मस्ती अपनी जगह. कई बार तेज बारिश में सड़क पर खुद को भिगाते घूमते समय लोगों को दुकानों में, किसी आड़ में, कहीं किसी स्थान पर दुबके खड़े लोगों को देखकर विचार आता है कि क्या इनके अन्दर बारिश में भीगने की इच्छा नहीं होती? बारिश में भीगने के डर से दुबके खड़े लोगों में युवाओं को देखकर तो उनके ऊपर तरस आता है. यदि वे इस अवस्था में खुलकर जीने का आनंद नहीं उठा पा रहे हैं तो उस समय क्या उठाएंगे जबकि उनके ऊपर परिवार की, अपने कार्य की, पद की जिम्मेवारी होगी.

कॉलेज में फुर्सत के पलों में बारिश का आनंद 

कई बार महसूस किया है हमने कि लोग अनावश्यक रूप से गंभीर बनने की कोशिश में जीवन जीना भूल चुके हैं. बढ़ती उम्र के लोग ये सोचकर बारिश में नहीं भीगते कि लोग क्या कहेंगे. वे बच्चों के साथ कागज की नाव इसलिए तैराने की हिम्मत नहीं जुटा पाते कि लोग उन्हें पागल न समझ लें. युवाओं में भी भीगने को लेकर, पानी में कूदने, नाव तैराने को लेकर संकोच का भाव है. आजकल के बच्चे, युवा अचानक ही अपनी उम्र से कई गुना अधिक बड़े-बुजुर्ग बन चुके हैं. जिम्मेवारियों से पहले ही उनके कंधों पर अनावश्यक जिम्मेवारियाँ डाल दी गई हैं. ऐसा नहीं हैं कि हमारे कंधों पर जिम्मेवारी नहीं, ऐसा भी नहीं है कि हमारे आसपास के वातावरण में, समाज में हमारी प्रस्थिति-स्थिति दोयम दर्जे की है मगर अपनी जिंदगी को अपने ढंग से जीने के लिए किसी की क्या परवाह करना. हाँ, हमारी उन्मुक्तता से, हमारी स्वच्छंदता से, हमारी मौज-मस्ती से किसी अन्य के जीवन पर, उसकी जीवनशैली पर, उसके आनंद पर, उसके रहन-सहन पर किसी तरह का नकारात्मक असर न पड़े, इसका ध्यान रखा ही जाना चाहिए. हम तो आज भी बारिश का इंतजार उसी बेसब्री से करते हैं जैसे कि बचपन में किया करते थे. आज भी बारिश होते ही शहर की सड़कों पर विचरना शुरू हो जाता है. भरे पानी में, बहते पानी में नाव का तैराना शुरू हो जाता है. 

तैर गईं कई नावें 

एक बार, एक पल को अपने आसपास सबकुछ भुलाकर खुद को बस बच्चा समझकर देखिये. अपने आसपास के लोगों की तरफ से आँखें हटाकर बस खुद को देखना शुरू कीजिये. महसूस कीजिये उस एक क्षण को जब सिर्फ और सिर्फ आप हैं और रूमानी अंदाज में हो रही बारिश. उस एक पल में सारी जिम्मेवारियों को कहीं किनारे लगा कर बस बारिश को अपने ऊपर हावी होने दीजिये. फिर देखिये, कैसे आपके दिल-दिमाग में जबरन घुसी बैठी समस्याएँ, परेशानियाँ कहीं दूर भागती नजर आती हैं. झमाझम होती बारिश के साथ एकाकार होने की कोशिश करिए फिर देखिये कैसे आपका बचपना आपके साथ खेलने-कूदने सामने आ जाता है. सबको नजरअंदाज करते हुए एक बार बहते पानी में कागज की नाव तैराकर देखिये आपको लगेगा कि आपके बचपन के साथी आपके साथ खिलखिला रहे हैं. जिंदगी की आपाधापी में से कुछ पल विशुद्ध अपने लिए निकालने के लिए आपको सबकुछ भूल-भुलाकर बच्चा बनना पड़ेगा, बचपन को आज में वापस लाना पड़ेगा.

+++++
बारिश होने पर आज फिर याद आ गई कुछ साल पहले की ये पोस्ट 

24 मई 2021

यार की यारी और रात की आवारगी

उस शाम अचानक से एक मित्रवर प्रकट हुए घर पर. लगभग सोलह-सत्रह साल बाद राहुल को अपने सामने देखकर आश्चर्य ही हुआ. बरसों-बरस की बातें शुरू हुईं तो फिर उस रात उसे उरई में रह रहे उसके रिश्तेदार के घर वापस न जाने दिया. अगली सुबह किसी जरूरी काम को निपटाने के बाद शाम को आने का कहकर महाशय चले गए.

उस शाम अगले का आना न हुआ. चूँकि जब महाशय उरई में पढ़ते थे तो उरई में जितनी जनसंख्या थी, उससे कहीं ज्यादा उनकी रिश्तेदारियाँ थीं. यही सोचकर कि पता नहीं किसके साथ अड्डेबाजी कर रहे होंगे, उसे फोन न किया. अगला दिन भी खाली निकल गया तो रात को लगभग दस बजे उसे फोन किया.

जैसा कि एक ही लँगोटी बाँधने वाले दोस्तों के साथ बातचीत होती है, वैसे ही अत्यंत शालीन (इतने शालीन कि उन शब्दों को यहाँ लिख नहीं सकते) शब्दों में उसके न आने का कारण पूछा तो अगले ने कहा कि बस दस मिनट में बताते हैं.

पाँच मिनट बाद ही राहुल का फोन आया कि हम घर आ रहे हैं मगर घर में न बैठेंगे. उरई घूमेंगे. हमने हामी भर दी और लगभग पंद्रह मिनट बाद अपनी चिर-परिचित मुस्कान, हड़बड़ी के साथ महाशय घर के दरवाजे पर थे. एक मिनट को भी न बैठने की जिद के साथ बस उरई घूमने की रट लगी हुई थी.

बिना एक पल की देरी किये हम दोनों स्कूटर पर सवार हो निकल लिए रात लगभग साढ़े दस बजे उरई की सड़कों पर. अभी अपनी गली से निकल कर सड़क पर आये ही थे कि महाशय ने अगली रट लगाईं हमारा स्कूटर चलाने की. अगल-बगल पहिये लगे होने के कारण स्कूटर एक तरफ को भागता है. हर एक के लिए चलाना सहज नहीं होता है. कुछ ऐसा ही राहुल के साथ हो रहा था मगर प्रत्येक काम को कुशलता से कर लेने के हुनर के चलते वह धीमी गति से स्कूटर को एक तरह से सड़क पर इधर-उधर लहराते हुए लुड़का सा रहा था. देर रात सुनसान सड़क पर ऐसे लहराते हुए स्कूटर चलाते देख कुछ दूर तक पुलिस की एक जीप हम लोगों के पीछे लग गई. किसी तरह की आपत्तिजनक स्थिति न देखकर जीप कुछ देर बाद आगे निकल गई.

इसके बाद स्कूटर की ड्राइविंग सीट पर बैठे हम और स्कूटर ने उरई की सड़कों को नापना शुरू किया. इधर-उधर की जगहों को घुमाने के बाद रेलवे स्टेशन की सैर करने पहुँच गए. वहाँ की चाय, रसगुल्ले के साथ हंगामा चलता रहा. ट्रेन के साथ फोटो, वीडियो बनाये गए तो प्लेटफ़ॉर्म पर मस्ती की जाती रही. लगभग चार बजे के आसपास राहुल ने उस ट्रेन की आने की स्थिति मालूम की, जिससे उसे जाना था. जानकारी मिली कि ट्रेन एक घंटे लेट है. उसके बाद वापस घर लौटना हुआ. घर की एक कप गरमागरम चाय को डकार कर राहुल अपने रिश्तेदार के घर को निकल पड़ा. हमने कहा कि रुको छोड़ आते हैं तो वो बोला, न रहने दो. अभी दौड़ते हुए जाकर बापू को उठाएँगे और कहेंगे कि देखो हम मॉर्निंग वाक करके भी लौट आये, आप अभी तक सो रहे हैं.

हँसी का ठहाका लगाते हुए महाशय भोर के धुंधलके में गुम हो गए. बाद में अगले का फोन आया जबकि ट्रेन ने उसको अपने अन्दर बिठा कर दौड़ना शुरू कर दिया था.

.

12 मई 2020

तीन बोर्ड परीक्षाएँ पास करने के पुरोधा

लॉकडाउन के इस सीजन में शैक्षणिक संस्थानों के सामने छूटी परीक्षाओं को करवाने का संकट मुँह बाए खड़ा है. इससे बचने का तो कोई उपाय है ही नहीं. संकट ने मुँह खोला है तो कुछ न कुछ करेगा ही. कहीं-कहीं से ऐसी खबरें भी आने लगीं हैं कि जून में, कहीं जुलाई में शेष रह गयी परीक्षाओं को करवाकर बच्चों का भला किया जायेगा. एक तरफ कोरोना से बचने के लिए दूरी बनाये रखने के उपाय समझाए जा रहे हैं, दूसरी तरफ परीक्षाओं के लिए कमर कसी जा रही है.

इधर एक तरफ संस्थाएँ परीक्षा करवाए जाने के लिए चिंतित हैं दूसरी तरफ इन्हीं संस्थानों में ऑनलाइन क्लासेज को लेकर नए नाटक चल रहे हैं. इसे नाटक ही कहेंगे, क्योंकि सबको मालूम है कि बाजार बंद है, स्टेशनरी मिलनी नहीं इसके बाद भी होमवर्क को नोट बुक पर करके अपलोड करना है. यहाँ न नोट बचे और बुक बाजार में हैं ही नहीं. बहरहाल, सरकार को दिखाने के लिए, अभिभावकों से फीस वसूलने के लिए, अध्यापकों को वेतन दिए जाने के बदले काम करवा लेने के संतोष के चलते ऐसा करना आवश्यक समझ आ रहा होगा.

ये सब अभी कोरोना, लॉकडाउन के चक्कर में शुरू हो गया है मगर देखा जाये तो भारतीय समाज में पढ़ाई को लेकर कुछ ज्यादा ही नौटंकी होने लगी है. छोटे-छोटे बच्चों की पीठ पर बोझ डालकर अभी से उनको बोझ उठाने की आदत डलवा दी जा रही है. भारी-भरकम पाठ्यक्रम के द्वारा सभी बच्चों को प्राथमिक शिक्षा के दौरान ही सिविल सेवा में चयनित करवाने की होड़ मची रहती है. आज बच्चों को पढ़ाई के बोझ से दबे देखते हैं तो अपना दौर याद आ जाता है. आज के दौर में बच्चों को दो-दो बोर्ड परीक्षाओं से पार होना पड़ता है, जबकि हमें तीन बोर्ड परीक्षाओं को पास करना पड़ा था. सुन कर आज के बच्चों को अजूबा लग रहा होगा सुनकर.

अजूबा आज के लिए हो सकता है मगर आपमें से बहुत से लोगों ने बोर्ड परीक्षा के तीन दौर निपटाए होंगे. कक्षा पाँच की परीक्षाएँ आने वाली थीं. स्कूल की दीदियाँ हम लोगों को समझाती थीं कि खूब पढ़ा करो, बोर्ड परीक्षा होगी. तब उस मासूमियत भरी उम्र में हम लोग समझ रहे थे कि बोर्ड में लिखना होगा. होते-करते वो दिन भी आ गया जबकि हमारी बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत हुई. सभी बच्चे निश्चित समय पर अपने स्कूल पहुँचे. वहाँ से दो अध्यापकों के साथ हम बच्चे पास के एक दूसरे स्कूल ले जाए गए. अपने स्कूल से अलग किसी स्कूल में परीक्षा देने का अपना ही आनंद समझ आ रहा था. परीक्षा से ज्यादा ध्यान उस स्कूल में लगे पेड़-पौधों की तरफ जा रहा था.

जिस तरह से परीक्षा होनी थी, हुई. तीन-चार दिन में कक्षा पाँच की और हमारी पहली बोर्ड परीक्षा संपन्न हुई. बचपन की उस बोर्ड परीक्षा का कोई महत्त्व आने वाले दिनों के लिए नहीं था मगर जिस बोर्ड परीक्षा का महत्त्व आने वाले दिनों के लिए था, वे भी उसी मस्ती और अल्लहड़ तरीके से पूरी की गईं. परीक्षा देने के समय ही हम दोस्तों के बीच निर्धारित कर लिया जाता था कि किस मैदान में क्रिकेट खेलने पहुँचना है, किस जगह पर बैडमिंटन की चिड़िया उड़ानी है. 

मस्ती और बेफिक्री के उस दौर के वापसी की बस कल्पना ही है और आये दिन उसी कल्पना में घूम-टहल लेते हैं.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

22 मई 2019

गुम हो गई गर्मियों की छुट्टियों की मस्ती

बच्चों की गर्मियों की छुट्टियाँ हो गईं. छुट्टियाँ होने के बाद भी बच्चे तनावमुक्त नहीं दिख रहे हैं. वे प्रफुल्लित नहीं दिख रहे हैं. उत्साह में, उल्लास में, मस्ती में, शरारत में, शैतानियों में नहीं दिख रहे हैं. उनके चेहरों पर आज भी वैसा ही तनाव दिख रहा है जैसा कि स्कूल खुले होने के समय दिखाई देता है. तब में और अब में बस इतना अंतर है कि तब तनाव में दिखते बच्चे स्कूल की ड्रेस में, पीठ पर भारी-भरकम बस्ता टाँगे दिखाई देते थे, अब इनके बिना तनाव में दिख रहे हैं. इसके पीछे स्कूल से मिलने वाला वो ढेर सारा काम है जिसके बोझ में बचपन गुम हो जाता है, छुट्टियों की मस्ती गुम हो जाती है. अब बच्चे गर्मियों की छुट्टियों में कुछ नया सीखते कम ही दिखाई देते हैं. अब बच्चों में गर्मियों की छुट्टियों में आपस में स्वस्थ प्रतियोगिता होते भी बहुत कम दिखाई देती है. बच्चे अब मैदानों में खेलने की बजाय या तो अपनी कॉपी-किताबों में खोये होते हैं या फिर मोबाइल में. अब उनके पास गर्मियों की छुट्टियों का आनंद उठाने का, उसमें कुछ नया सीखने का न तो समय है और न ही इसके लिए कोई प्रेरणा है.

ऐसे समय में याद आता है अपना बचपन जबकि हमें सर्दियों के शुरू होते ही गर्मियों की छुट्टी का इंतजार होने लगता. जैसे-जैसे महीने सरकते जाते वैसे-वैसे हम सबकी योजनायें बनती-बढ़ती जाती. कब क्या करना है, कैसे करना है, क्यों करना है आदि-आदि सवालों-जवाबों से खुद ही जूझते हुए गर्मियों की छुट्टियों का इंतजार किया जाता. कुछ न कुछ नया बनाने की होड़ मोहल्ले के बच्चों में लगी रहती. कुछ भी नया बनाया जाता, सीखा जाता वह एकदम सीक्रेट रखा जाता. ध्यान इसका रखा जाता कि सबसे पहले हम की मानसिकता के साथ सभी को कुछ नया बताया-दिखाया जाये और फिर बाकी लोगों की मान-मनुहार के बाद उसे सिखाया जाये. इस प्रतियोगिता के चक्कर में आये दिन कुछ न कुछ नया सीख भी लिया जाता और कभी-कभी कुछ न कुछ गड़बड़ कर दी जाती. कभी बिजली के सामानों का उपयोग करके फ्यूज उड़ा दिया जाता, कभी किसी नए सामान बनाने के चक्कर में किसी पुराने सामान की बलि चढ़ा दी जाती. गर्मी का ताप जैसे-जैसे चढ़ता जाता वैसे-वैसे हम लोगों की सक्रियता और भी तेज होती जाती. मोहल्ले भर का चक्कर, न लू-लपट का डर, न बुखार आने का भय, न किसी के द्वारा परेशान किये जाने की आशंका, न किसी घर से परायेपन का आभास. ऐसा लगता जैसे सभी मकान, सभी घर हमारे ही हैं, हम सभी एक ही परिवार का हिस्सा हैं. 

अब कुछ नया सीखने-सिखाने जैसी स्थिति ही नहीं दिखती क्योंकि सबकुछ इंटरनेट पर उपलब्ध माना जाने लगा है. अब बच्चों में कुछ नया सीखने की ललक से ज्यादा कुछ नया देखने की बनती जा रही है. अब वे आपस में अपने अनुभव शेयर करने के स्थान पर नए-नए वीडियो के लिंक शेयर करते हैं. कुछ नया बनाने की जगह पर वे ऊटपटांग हरकतों वाले वीडियो बनाते नजर आते हैं. मिलजुल कर घरों, गलियों में मस्ती-शरारत करने के स्थान पर सड़कों पर तेज रफ़्तार बाइक दौड़ाते नजर आते हैं. उनकी सक्रियता, उनकी रचनात्मकता को जैसे ग्रहण लग गया है. इसमें यदि वर्तमान समय दोषी है तो स्कूल भी दोषी हैं, शिक्षक भी दोषी हैं, अभिभावक भी दोषी हैं. जल्द से जल्द, अधिक से अधिक अंक लाने की अंधी दौड़ ने बच्चों को उनकी नैसर्गिक प्रतिभा से वंचित कर दिया है. ऐसे में वे जैसे किसी हाथ की कठपुतली बन गए हैं. उनके आचरण में, उनके व्यवहार में एक तरह की कृत्रिमता देखने को मिल रही है. बातचीत में, हावभाव में वर्तमान में प्रचलित कार्टूनों की छाया परिलक्षित हो रही है. इस बारे में समय को दोषी देकर खुद को बचाया नहीं जा सकता है. शिक्षकों को, अभिभावकों को इस तरफ ध्यान देने की आवश्यकता है. यह ध्यान देने की जरूरत है कि बचपन एक बार ही आता है और इस दौर में मस्ती, शरारत, अपनत्व के बीच अपनाई गई शिक्षा, सीखे गए काम सारे जीवन काम आते हैं.

26 जुलाई 2018

बारिश और बचपन का लौटना