विश्व हास्य दिवस लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
विश्व हास्य दिवस लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

05 मई 2019

हँसने के लिए दिन की नहीं दिल की आवश्यकता होती है


विश्व हास्य दिवस के दिन ये सोचना ही हास्य पैदा करता है कि अब हँसने के लिए भी एक दिन विशेष की आवश्यकता है. ये भी हँसने वाली बात है कि हँसने-हँसाने के लिए भी किसी शिक्षक की, प्रशिक्षक की आवश्यकता है. ये भी हास्यास्पद स्थिति है कि एक-दो देशों में नहीं वरन आज भारत समेत दुनिया के 108 देशों में छह हजार से भी अधिक हास्य क्लब या लाफ्टर क्लब खुल चुके हैं, जिनमें 25 हजार से ज्यादा विद्यार्थी हँसने का प्रशिक्षण लेते हैं, हँसते हैं. डॉ० मदन कटारिया के ये लाफ्टर क्लब या कक्षाएँ बिना फीस के चलती हैं. डॉ० मदन कटारिया को विश्व हास्य योग आंदोलन की स्थापना का जनक माना जाता है. इनके द्वारा ही विश्व हास्य दिवस का पहला आयोजन 11 जनवरी 1998 को मुंबई में किया गया था. उसके बाद से प्रतिवर्ष मई के पहले रविवार को विश्व हास्य दिवस मनाया जाने लगा.

इस बारे में कोई दोराय नहीं कि हँसना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है. हँसने से ऑक्सीजन का संचार अधिक होता है व दूषित वायु बाहर निकलती है. हँसने से ही शरीर के अंदरूनी अवयवों की कसरत स्वतः हो जाती है. इन्सान के शरीर में पेट और छाती के बीच में एक डायफ्राम होता है जो हँसने के दौरान क्रिया करता हुआ पेट, फेफड़े और यकृत की मालिश कर देता है. इससे इन सभी अवयवों को ताकत तो मिलती ही है, शरीर में रक्त संचार की गति बढ़ जाती है. इससे व्यक्ति का पाचन तंत्र और अधिक सक्रियता, कुशलता से कार्य करने लगता है. असल में हँसना अपने आपमें ही एक तरह की सकारात्मक को समेटे होता है. साफ़ सी बात है कि कोई व्यक्ति दुःख में हँस नहीं रहा होगा. कोई व्यक्ति तमाम सारे कष्टों को सहता हुआ हँसता नहीं है. हँसने का कारण ही व्यक्ति को मिलने वाली ख़ुशी, उसे मिलने वाला सुख है. इसका सीधा सा सम्बन्ध व्यक्ति की मानसिकता से है. हँसता हुआ व्यक्ति अपने आप ही ऊर्जावान बना रहता है. अपनी इसी ऊर्जा और जोश से वह अपने आसपास के माहौल को भी सक्रिय, ऊर्जावान बनाये रखता है.

इन सब बातों को जानने-समझने के बाद भी खुलकर हँसना, ठहाके लगाकर हँसना फूहड़ता की निशानी माना जाने लगा है. ठहाकों या खिलखिला कर हँसने की बात छोड़ दें तो अब हँसना ही जाहिल, गँवार होने की निशानी माना जाने लगा है. ऐसा अक्सर वहाँ महसूस किया जाने लगा है जहाँ कथित तौर पर बौद्धिकता का प्रदर्शन किया जाता है. ऐसे में व्यक्ति अपने कार्यालय में, किसी आयोजन में, बाजार में, बीच सड़क पर, अपने मोहल्ले में खुलकर हँसने से परहेज करने लगा है. अपनी कथित बौद्धिकता के चक्कर में वह अझेल तरीके की चुप्पी धारण करने लगा है. इसी के चलते वह अब सुबह-सुबह, भोर के अँधेरे में पार्कों के कोने में, कहीं खुले मैदानों में अकेले जोर-जोर से हँसने की कोशिश करने लगा है. इस बात का भान खुद में रखने के लिए कि वह हँसना नहीं भूला है, लाफ्टर क्लब में, हँसने की पाठशालाओं में हँसने की नौटंकी करने लगा है. बड़े-बड़े शहरों की बात ही कौन करे अब तो छोटे-छोटे शहरों, कस्बों में भी सुबह-सुबह हँसने के नाम पर पेट फुलाने का, हाथ हवा में तैराने का काम होने लगा है.

समझना चाहिए कि हँसी एक नैसर्गिक क्रिया है जो मन के, दिल के, दिमाग के, शरीर के प्रफुल्ल्ति होने की दशा में स्वतः उत्पन्न होती है. क्या किसी ने किसी बच्चे को हँसने के लिए धन, भौतिकतावादी सामानों, संसाधनों की मदद लेते देखा है? असल में हँसने के लिए किसी भौतिक वस्तु की आवश्यकता नहीं. किसी धन की आवश्यकता नहीं. किसी संसाधन की जरूरत नहीं. ये व्यक्ति के भीतर से उत्पन्न होने वाली स्व-स्फूर्त ऊर्जा है जो उसे हँसने को प्रेरित करती है. अब ये तो व्यक्ति को स्वतः ही निर्धारित करना पड़ेगा कि उसे किस बात से, किस कार्य से, किस स्थिति से सुख की, आनंद की प्राप्ति होती है. ये उसी व्यक्ति को तय करना होगा कि क्या-क्या उसके मन को, दिल को दिमाग को संतुष्टि देता है, उल्लास देता है, तरंगित करता है. कोई लाफ्टर क्लब, कोई कक्षा, कोई योग, हँसने सम्बन्धी कोई भी जबरन की जाने वाली क्रिया किसी भी व्यक्ति को पल दो पल को हँसने का, हँसाने का आभास तो करवा देगी मगर उसे वाकई हँसा नहीं सकती. इसके साथ-साथ एक बात और याद रखनी होगी कि यदि हँसने के लिए व्यक्ति को किसी लाफ्टर क्लब, किसी कक्षा, किसी योग-क्रिया की, किसी दिवस विशेष की आवश्यकता पड़ती है तो वह व्यक्ति बुरी तरह से बीमार है, शारीरिक रूप से भी, मानसिक रूप से भी. हँसने के लिए किसी बहाने की नहीं, अपने आसपास के माहौल को सकारात्मक बनाने की, सहज बनाने की, प्राकृतिक बनाने की आवश्यकता है. 


इसके बाद भी औपचारिकता में ही सही आज मई के पहले रविवार, 5 मई 2019 को विश्व हास्य दिवस पर शुभकामना कि आप सभी हँसते रहें, हँसते ही रहें.

06 मई 2018

हँसते रहे तो जिंदा रहोगे


ये जानकार आश्चर्य हुआ कि आज, 6 मई को विश्व हास्य दिवस मनाया जा रहा है. इसे हमारी सामान्य ज्ञान में कमी भले ही समझा जाये मगर हमने व्यक्तिगत रूप से कभी सोचा भी नहीं था कि ऐसा भी कोई दिन मनाया जाता होगा. इंसानी शारीरिक क्रियाओं में हँसना स्वाभाविक क्रिया है, जिसके लिए न किसी तरह की मेहनत करनी पड़ती है, न किसी तरह का श्रम करना पड़ता है. ऐसे में यदि इस स्वाभाविक क्रिया के लिए भी एक दिन निर्धारित करना पड़े तो इसका अर्थ है कि इन्सान हँसना-मुस्कुराना भूलता जा रहा है या भुला चुका है. मई माह के पहले रविवार को मनाया जाने वाले हास्य दिवस का उद्देश्य भयग्रस्त समाज को हँसने के द्वारा कुछ देर को ही सही, भय से दूर रखना है. हास्य दिवस का विश्व हास्य दिवस के रूप में पहला आयोजन 11 जनवरी 1998 को मुंबई में किया गया था. विश्व हास्य योग आंदोलन की स्थापना डॉ० मदन कटारिया द्वारा की गई और उनके ही प्रयासों से विश्व हास्य दिवस का आरंभ संसार में शांति की स्थापना, भाईचारे, सदभाव के उद्देश्य से हुआ. वर्तमान में इस दिवस की लोकप्रियता हास्य योग आंदोलन के माध्यम से पूरी दुनिया में फैल गई. ऐसा माना जा रहा है कि इस समय अधिकांश विश्व आतंकवाद के डर से सहमा हुआ है, इसलिए हास्य दिवस की अत्यधिक आवश्यकता है. आज से पहले दुनिया में इतनी अशांति देखने को नहीं मिली थी. आज हर व्यक्ति के अंदर द्वंद्व मचा हुआ है. चूँकि हंसी के द्वारा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, इस कारण प्रत्येक व्यक्ति को हँसी की महत्ता बताने के लिए इस दिवस का आरम्भ किया गया. समाज में वर्तमान में प्रचलित हास्य योग के अनुसार, हास्य सकारात्मक और शक्तिशाली भावना है, जिसमें व्यक्ति को ऊर्जावान और संसार को शांतिपूर्ण बनाने के सभी तत्त्व उपस्थित रहते हैं. यह व्यक्ति के विद्युत चुंबकीय क्षेत्र को प्रभावित करता है और व्यक्ति में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है. जब व्यक्ति समूह में हंसता है तो उत्पन्न सकारात्मक ऊर्जा पूरे क्षेत्र में फैल जाती है और क्षेत्र से नकारात्मक ऊर्जा हटती है.


विश्व हास्य दिवस के पीछे की वास्तविकता क्या है, सत्यता क्या है ये तो इसे मनाने वाले, अपनाने वाले जाने मगर व्यक्तिगत रूप से हमारा मानना है कि आज ही नहीं वरन समाज में भय सदैव से बना रहा है. वर्तमान और अतीत के भय में मूल अंतर यह था कि उस समय किसी भी स्थिति, परिस्थिति, घटना, दुर्घटना आदि से भयभीत होने वाला खुद को अकेला महसूस नहीं करता था. उस समय उसके सहयोगी, उसका परिवार, उसके मित्र, उसका पड़ोस उसके साथ दिखाई देता था. आज स्थिति इसके ठीक उलट है. आज व्यक्ति ख़ुशी को महसूस कर रहा है मगर अकेला है. अपनी खुशियों को बाँटने के अवसर उसके पास हैं मगर उसकी ख़ुशी को बाँटने वाले लोग उसके साथ नहीं हैं. ऐसे में किसी के भय के, डर के साथ कौन आकर खड़ा होगा. इसके अलावा एक और बात जो महत्त्वपूर्ण है कि आज इन्सान के भीतर अविश्वास बहुत गहरे तक बैठ चुका है. उसे अपने सगे सम्बन्धियों पर भरोसा नहीं. उसे अपने मित्रों पर भरोसा नहीं. उसे अपने सहयोगियों पर विश्वास नहीं. ऐसे में भी किसी विषम स्थिति में इन्सान खुद को अकेले महसूस करता है. और सीधी सी बात है कि अकेला आदमी कितनी देर हँस सकता है, कितना मुस्कुरा सकता है. वैसे भी हमारा समाज वह है जहाँ अकेले हँसने वाले को पागल, मानसिक दीवालिया समझा जाता है.

विश्व हास्य दिवस को भले ही मनाया जाए मगर सोचा जाये कि एक दिन की हँसी किस तरह डर को दूर करेगी? एक दिन का हास्य कैसे समाज में फ़ैल रहा भय दूर करेगा? बेहतर हो कि इन्सान आपस में संबंधों को मजबूत करे. सामाजिकता का जिस तरह से लोप हो रहा है उसे दूर करने की कोशिश करे. मिलने-मिलाने का जो माहौल आज समाप्त हो चुका है उसे पुनः जिन्दा किया जाये. संबंधों में खो चुके विश्वास को फिर से लाया जाये. घरों की चाहरदीवारी से बाहर आकर समाज के मैदान पर लोगों से मिला-जुला जाये. मोबाइल, कंप्यूटर, टीवी आदि पर फूहड़ कार्यक्रमों के खरीदे हुए कलाकारों को ठहाके लगाते देख हँसने की जबरिया कोशिश से बाहर निकल कर वास्तविक हास्य का आनंद लिया जाये. ऐसा नहीं कि समाज में ख़ुशी नहीं है, ऐसा नहीं है कि प्रकृति ने हास्य नहीं बिखेरा है बस खुद को जागरूक करने की आवश्यकता है. एक बार व्यक्ति अपने बनाये खोल से बाहर आने की कोशिश कर ले, एक बार वह अपने बनाये घरौंदे को तोड़ दे, एक बार वह कथित बुद्धिजीवी होने के ढोंग से बाहर निकल आये फिर उसके आसपास हास्य ही हास्य है. आज देखने में आता है कि सामाजिक रूप से किसी भी तरह की प्रस्थिति न होने के बाद भी लोग क्या कहेंगे की मानसिकता के चलते लोगों ने अपने चेहरे पर जबरन ही कठोरता चिपका रखी है. सार्वजनिक कार्यक्रमों में अकारण ही खुद को सबसे अलग दिखाने की कोशिश में हँसना भुला कर नाहक ही गंभीरता ओढ़े फिरते हैं. ऐसे लोग न खुद हँसने की कोशिश करते हैं और न ही दूसरों के हँसने में शामिल होते हैं. ऐसे लोगों ने ही हँसने को किसी दूसरे ग्रह की स्थिति बना दिया है.

जागिये, सोचिये, समझिये कि इस प्रकृति ने हमें स्वाभाविक क्रिया दी है जो न केवल खुद को प्रसन्न करती है वरन सामने वाले को भी मुग्ध करती है. पता नहीं क्यों, कब, कैसे ठहाके लगाकर हँसना, खुलकर हँसना फूहड़ता का प्रतीक बना दिया गया. हम तो आज भी खुलकर हँसते हैं, ठहाके मार कर हँसते हैं, सार्वजनिक जगहों पर खुलकर हँसते हैं, घर में बैठकर हँसते हैं, सबके साथ मिलकर हँसते हैं. मुस्कुराते चेहरे के साथ, हँसते रहने के कारण हमें तो आज तक आवश्यकता न हुई थी इस दिवस को मनाने की. कभी भय भी न लगा कि क्या होगा, कभी डर भी नहीं लगा कि क्या होने वाला है. सत्य यही है कि आने वाले समय को किसी ने नहीं देखा है, जो होना होगा वही होगा फिर आने वाले समय की अनिश्चितता के लिए वर्तमान को दुखद क्यों बनाया जाये? आज को बोझिल क्यों बनाया जाये? जो होगा गया यदि उसे बदलना हमारे हाथ नहीं तो दुखी बने रहने से क्या लाभ? इसलिए आज में जीना होगा, वर्तमान में खुद को स्थापित करना होगा और यह होगा खुद को सभी चिंताओं, डर, भय से मुक्त करके. खूब हँसिये, ठहाके लगाकर हँसिये फिर देखिये डर कैसे गायब होता है. भय कैसे दूर भागता है. हाँ, समय, स्थिति, काल, वातावरण के अनुसार सभी चीजें भली लगती हैं, हँसना भी उसमें शामिल है.