संयुक्त राष्ट्र संघ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
संयुक्त राष्ट्र संघ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

15 नवंबर 2023

संयुक्त राष्ट्र संघ में बदलाव की आवश्यकता

रूस-यूक्रेन जंग के बीच इजरायल-हमास युद्ध ने संयुक्त राष्ट्र संघ की भूमिका और उसकी प्रासंगिकता पर सवाल उठाये हैं. ऐसा माना जा रहा है कि संयुक्त राष्ट्र संघ की नाकामी की वजह से यूरोप और मध्य पूर्व के देशों में हिंसात्मक माहौल बना हुआ है. बौद्धिक वर्ग के साथ-साथ सोशल मीडिया पर लोग अपने विचारों द्वारा संयुक्त राष्ट्र संघ को नाकाम और अनुपयोगी बता रहे हैं. प्रसिद्ध मानवाधिकार कार्यकर्ता दीका यासीन ने तो संयुक्त राष्ट्र संघ को बंद करने की माँग तक कर डाली है. उनका कहना है कि जिस संस्था ने इस दीर्घावधि में किसी विवाद को सुलझाया न हो उसे बने रहने का कोई औचित्य समझ नहीं आता है. मानवाधिकार कार्यकर्ता का यह दावा प्रथम दृष्टया सही नजर आता है. इजरायल-हमास एकमात्र युद्ध नहीं है जिसे संयुक्त राष्ट्र संघ रोक नहीं सका है बल्कि अनेक विवाद ऐसे रहे जिनको संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा रोका नहीं जा सका है. इसमें इजरायल-हमास संघर्ष के बीच चलता हुआ रूस और यूक्रेन का युद्ध है. लगभग दो वर्ष से चला आ रहा यह युद्ध आज भी बेनतीजा है. यहाँ संयुक्त राष्ट्र संघ का कोई सशक्त एवं सकारात्मक हस्तक्षेप देखने को नहीं मिला. इसके साथ-साथ वियतनाम और अमेरिका का युद्ध, जो संयुक्त राष्ट्र के गठन के दस वर्ष बाद ही शुरू हो गया था. लगभग दस वर्षों तक चले इस युद्ध को भी संयुक्त राष्ट्र संघ रोकने में पूरी तरह विफल रहा था. सितम्बर 1980 को शुरू हुआ इराक और ईरान के मध्य का युद्ध, जो लगभग आठ सालों तक चला; रवांडा का नरसंहार, जिसमें किसी देश के आंतरिक युद्ध में लगभग आठ लाख लोग मारे गए थे, वहाँ भी संयुक्त राष्ट्र संघ पूरी तरह असफल रहा था. हालाँकि इजरायल-हमास युद्ध के सन्दर्भ में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एक बयान जारी करके इजरायल से विश्व कानून के तहत ही कार्रवाई करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अभी जो स्थिति बनी हुई है, उससे गाजापट्टी के हालात और भी खराब होंगे किन्तु इसे संयुक्त राष्ट्र संघ का कोई ठोस कदम नहीं कहा जा सकता है.

 



वर्तमान दौर में जिस तरह से आपसी अहं बहुत ज्यादा बड़े होते जा रहे हैं, उसी की परिणीति है कि सम्पूर्ण विश्व ने दो-दो विश्वयुद्धों को सहने के बाद भी युद्ध जैसी स्थितियों से अलग रखना नहीं सीखा है. इसका दुष्परिणाम आज दो युद्धों और अनेक देशों के मध्य सीमा-विवाद के रूप में दिख रहा है. संवाद और आपसी बातचीत के अभाव में संघर्षों का एक लम्बा सिलसिला चल निकलता है. इसे सम्पूर्ण विश्व ने दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान देखा था. विश्वयुद्ध तो समाप्त हो गया था लेकिन सम्पूर्ण विश्व दो खेमों में बंट गया था. इनके बीच शीतयुद्ध जैसी स्थिति बनी हुई थी. भविष्य में विश्वयुद्ध जैसी कोई स्थिति न बने इसके लिए वैश्विक रूप में एक संगठन की आवश्यकता महसूस की गई, जिसका उद्देश्य भविष्य में युद्धों को रोकना हो. परिणामस्वरूप विश्वशांति और मानव कल्याण को ध्यान रखते हुए 24 अक्टूबर 1945 को संयुक्त राष्ट्र संघ की स्थापना की गई. इसके चार्टर में संगठन का उद्देश्य अंतरराष्‍ट्रीय शांति और सुरक्षा को बनाए रखना, मानवाधिकारों की रक्षा करना, मानवीय सहायता प्रदान करना, सतत विकास को बढ़ावा देना और अंतरराष्‍ट्रीय कानूनों को बनाए रखना शामिल किया गया.

 

अपनी स्थापना के 75 वर्ष से अधिक समय में संयुक्त राष्ट्र संघ ने मानव हितार्थ अनेक महत्त्वपूर्ण कार्य किये मगर आज इसकी प्रासंगिकता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. इसका कारण बहुत सारे मुद्दों पर उसका अप्रासंगिक होना है. इन मुद्दों में विशेष रूप से दो देशों में मध्य युद्ध जैसी स्थितियाँ, समुद्री सीमा विवाद, आतंकवाद, मानव तस्करी, साइबर अपराध, जैविक हथियारों को बढ़ावा आदि हैं. इसके साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा बहुत सारे देशों की विस्तारवादी नीतियों पर नियंत्रण न लगा पाना भी उसकी विफलता माना जा रहा है. इस बिंदु पर आकर संयुक्त राष्ट्र संघ को इसलिए भी विफल माना जा रहा है क्योंकि रूस का संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य होने के बाद भी वह अपनी विस्तारवादी नीतियों के चलते यूक्रेन से युद्ध कर रहा है. रूस की तरह चीन भी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य होने के बाद भी अपनी विस्तारवादी नीतियों के चलते दक्षिण एशिया, आसियान, मध्य एशिया आदि के भौगोलिक क्षेत्रों पर अपना दावा ठोंकता रहता है.

 

देखा जाये तो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् की वीटो शक्ति पर नियंत्रण न कर पाना संयुक्त राष्ट्र संघ की संरचनात्मक कमजोरियों में से एक है. इसी कमजोरी के कारण संयुक्त राष्ट्र महासभा का महत्त्व कम हो जाता है. यही कारण है कि वर्तमान में 193 सदस्य देशों की संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा पारित किये जाने वाले प्रस्ताव बाध्यकारी नहीं हो पाते हैं. मानव जाति के कल्याण, वैश्विक नीतियों को सकारात्मक रूप से प्रभावित करने वाले प्रस्तावों, फैसलों को अंतिम माना जाना चाहिए मगर वास्तविकता में ऐसा नहीं हो पाता है. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् के सदस्य निजी लाभ के चलते वीटो शक्ति का उपयोग करते हैं, जिससे संयुक्त राष्ट्र का उद्देश्य विफल हो जाता है. मानवता की सेवा के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ की एक अलग पहचान है. द्वितीय विश्व युद्ध के बाद दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध की विभीषिका से बचाए रखना संयुक्त राष्ट्र की प्रमुख उपलब्धि कही जा सकती है. इसके बाद भी पिछले कुछ वर्षों में संयुक्त राष्ट्र संघ के घटते प्रभाव को दुनिया ने देखा है. इसी कारण से लम्बे समय से संयुक्त राष्ट्र संघ के संरचनात्मक ढाँचे में सुधार की आवश्यकता महसूस की जा रही है, समय-समय पर इसकी माँग भी उठ रही है. समय के अनुसार संयुक्त राष्ट्र को अपनी पुरानी नीतियों में बदलाव और सुरक्षा परिषद् में विस्तार की तरफ ध्यान देने की आवश्यकता है.

 




 

15 जून 2022

भाषाई संवर्द्धन में सहायक राष्ट्रीय शिक्षा नीति

देश के लिए भाषाई स्तर पर हाल की दो घटनाएँ निश्चित ही आह्लादकारी रही हैं. इनमें पहली घटना हिन्दीभाषी उपन्यास को बुकर पुरस्कार मिलना तथा दूसरी घटना संयुक्त राष्ट्र द्वारा अपनी भाषाओं में हिन्दी भाषा को शामिल करना रहा है. यह संयोग ही नहीं है कि एक तरफ भारत सरकार ने नई शिक्षा नीति में भारतीय भाषाओं, कला, संस्कृति के संवर्द्धन हेतु विशेष प्रावधान किये हैं और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय भाषा को एक अलग पहचान मिलनी भी दिखने लगी है. 


राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भारतीय भाषाओं, कला और संस्कृति के सम्बन्ध में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि ‘भारत की इस सांस्कृतिक सम्पदा का संरक्षण, संवर्धन एवं प्रसार देश की उच्चतम प्राथमिकता होनी चाहिए क्योंकि यह देश की पहचान के साथ-साथ अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण है. भारत में भ्रमण, भारतीय अतिथि सत्कार का अनुभव लेना, भारत के खूबसूरत हस्तशिल्प एवं हाथ से बने कपड़ों को खरीदना, भारत के प्राचीन साहित्य को पढ़ना, योग एवं ध्यान का अभ्यास करना, भारतीय दर्शनशस्त्र से प्रेरित होना, भारत के अनुपम त्योहारों में भाग लेना, भारत के वैविध्यपूर्ण संगीत एवं कला की सराहना करना और भारतीय फिल्मों को देखना आदि ऐसे कुछ आयाम हैं जिनके माध्यम से दुनिया भर के करोड़ों लोग प्रतिदिन इस सांस्कृतिक विरासत में सम्मिलित होते हैं, इसका आनंद उठाते हैं और लाभ प्राप्त करते हैं.’ कला, संस्कृति की यह विशालता निश्चित रूप से भाषा के साथ जुड़ती है. भाषा के माध्यम से ही किसी भी देश की संस्कृति, कला आदि से परिचय होता है, उसके साथ समन्वय बनता है. एक संस्कृति का दूसरी संस्कृति के नागरिकों संग बातचीत करना, एक देश का दूसरे देश के साथ तालमेल बैठाना, अपने अनुभवों को दूसरों से साझा करना आदि भाषा से ही संचालित होता है. यदि कहा जाये कि संस्कृति हमारी भाषाओं में समाहित है तो यह अतिश्योक्ति न होगी.




राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भारतीय भाषाओं के प्रति सजगता का एक बहुत बड़ा कारण है कि भारतीय भाषाओं के प्रति समुचित ध्यान नहीं दिया गया है. उनके संवर्द्धन, संरक्षण के प्रति भी सकारात्मक एवं ठोस कदम नहीं उठाये गए हैं. इस नकारात्मक वृत्ति का दुष्परिणाम यह रहा है कि विगत पचास वर्षों की कालावधि में देश ने अपनी दो सौ से अधिक भाषाओं को खो दिया है. यूनेस्को ने भी 197 भारतीय भाषाओं को लुप्तप्राय की श्रेणी में शामिल किया है. यह स्थिति किसी भी देश की भाषाई संस्कृति के लिए सुखद तो कदापि नहीं कही जाएगी. भारतीय भाषाओं की इसी दशा को देखते हुए शिक्षा नीति में प्रावधान किया गया है कि स्कूली स्तर पर ही कला, संगीत, हस्तकौशल पर विशेष ध्यान देते हुए शिक्षा का माध्यम मातृभाषा अथवा स्थानीय भाषा बनाया जाये. मातृभाषा अथवा स्थानीय भाषा में प्राथमिक शिक्षा को दिए जाने के पीछे भी सरकार की मंशा यही है कि कम से कम स्कूली शिक्षा, अध्ययन के माध्यम से ही मातृभाषा, स्थानीय भाषाओं का संरक्षण, संवर्द्धन हो सकेगा.


भाषा को लेकर यहाँ के नागरिकों में अनेक प्रकार के भ्रम फैले हुए हैं. शिक्षा क्षेत्र में ऐसे लोगों का विचार है कि विज्ञान विषयों का अध्ययन मातृभाषा में किया जाना सहज, संभव नहीं है. इसके लिए ऐसे राज्यों अथवा शिक्षण संस्थानों द्वारा अंग्रेजी को वरीयता दी जाती है. उनका मानना है कि उच्च माध्यमिक स्तर पर विज्ञान विषयों को अंग्रेजी माध्यम में ही पढ़ाना श्रेयस्कर है. इस बारे में देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम से सीख लेने की आवश्यकता है. यह सुनकर भाषाई विभेद करने वाले लोगों को आश्चर्य होगा कि डॉ. कलाम ने बारहवीं तक की सम्पूर्ण शिक्षा, जिसमें विज्ञान विषय भी शामिल हैं, अपनी मातृभाषा तमिल में ली थी. 


शिक्षा नीति में बहुभाषिक व्यवस्था को लागू करते हुए त्रिभाषा फार्मूला का यथाशीघ्र क्रियान्वयन किये जाने पर बल दिया गया है. त्रिभाषा फार्मूला के पीछे की भावना यही है कि हिन्दीभाषी राज्यों के विद्यार्थी दक्षिण अथवा अन्य राज्यों की एक भाषा सीखें, इसी तरह अहिन्दीभाषी राज्यों के विद्यार्थी हिन्दी सीखें. ऐसा करने से देश के विभिन्न राज्यों में फैली भाषाई कटुता को दूर करने में सहायता मिलेगी. राष्ट्रीय शिक्षा नीति में इस प्रकार की व्यवस्था भी की गई है जिसके अंतर्गत भारतीय भाषाओं के शिक्षण को बढ़ावा देने हेतु राज्य परस्पर अनुबंध कर भाषा शिक्षकों का आदान-प्रदान कर सकते हैं.  त्रिभाषा फार्मूला में संस्कृत भाषा को भी मुख्य धारा में शामिल करने के लिए इसे उच्चतर शिक्षा तक अपनाये जाने की व्यवस्था की गई है. इसे एक पृथक विषय के पढ़ाने से ज्यादा रुचिपूर्ण एवं नवाचारी तरीकों से जोड़ने का सकारात्मक कदम उठाया गया है. गणित, खगोलशास्त्र, योग आदि सहित अन्य समकालीन विषयों को संस्कृत के साथ जोड़कर संस्कृत विश्वविद्यालयों और अन्य उच्चतर शिक्षण संस्थानों को बहु-विषयक संस्थानों के रूप में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त किया गया है.


इन प्रावधानों के साथ ही शिक्षा नीति में अनुवाद को लेकर बहुत ही गंभीरता दिखाई गई है. अभी तक अनुवाद को मौलिक कार्य तो स्वीकारा ही नहीं जाता रहा है, इससे भी दुखद स्थिति यह रही है कि अनुवाद को दोयम दर्जे का माना जाता रहा है. इस दिशा में न तो बहुत ज्यादा कार्य हुआ हुआ है और न ही अनुवाद कार्य को प्रोत्साहित किया गया है. ऐसी स्थिति होने के कारण ज्ञान, विज्ञान, संस्कृति, इतिहास आदि विषयों के प्रसार का क्षेत्र संकुचित रह जाता है. किसी भी विषय का यदि उसी क्षेत्र की स्थानीय भाषा में अनुवाद करा दिया जाये तो उस ज्ञान से, उस विषय से सभी क्षेत्रों के नागरिक परिचित हो सकते हैं. यदि वैश्विक स्तर पर कोई ज्ञानवर्द्धक पुस्तक किसी भी भाषा में छपती है और यदि भारतीय भाषाओं में उसका अनुवाद उपलब्ध हो जाये तो निश्चित ही देश के नागरिक, विद्यार्थी वैश्विक साहित्य का लाभ अपनी भाषा में ले सकेंगे. राष्ट्रीय शिक्षा नीति में राष्ट्रीय अनुवाद संस्थान की स्थापना तथा अनुवाद के उच्च गुणवत्ता वाले पाठ्यक्रम चलाने का प्रावधन किया जाना दर्शाता है कि भाषा विकास हेतु सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया गया है.


कहा जा सकता है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भारत के विभिन्न भाषाओं, बोलियों, कला एवं संस्कृति के संवर्धन हेतु पर्याप्त प्रावधान किये गये हैं. यदि इन सभी प्रावधानों का शतप्रतिशत क्रियान्वयन हो गया तो भारतीय सनातन संस्कृति अपने गौरवशाली अतीत को पुनः प्राप्त कर भारत को विश्व के अग्रिम पंक्ति के देशों में स्थापित करने में सफल होगी. यहाँ हम सभी को स्मरण रखना होगा कि यदि नागरिकों में अपनी ही भाषा के प्रति स्वाभिमान नहीं होगा तो उनको विश्व में कहीं सम्मान नहीं मिल सकेगा.


.

11 जून 2022

संयुक्त राष्ट्र की भाषाओं में हिन्दी सम्मिलित

न्यूयॉर्क. संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने बहुभाषावाद(multilingualism) पर एक उल्लेखनीय पहल की है। भारत के लिए यह गौरव की बात है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा(UNGA) के कामकाज में अब हिंदी भाषा को भी जगह मिलेगी। UNGA ने 10 जून को इस दिशा में एक उल्लेखनीय पहल करते हुए  बहुभाषावाद (multilingualism) पर भारत की ओर से पेश किए गए प्रस्ताव को पारित कर दिया। यानी अब  UNGA के कामकाज में हिंदी के अलावा अन्य भाषाओं को भी तवज्जो मिलेगी। बता दें कि अरबी, चीनी, अंग्रेजी, फ्रेंच, रूसी और स्पेनिश संयुक्त राष्ट्र की 6 आफिसियल लैंग्वेज हैं, जबकि अंग्रेजी और फ्रेंच UN सेक्रेट्रिएट की कामकाजी भाषाएं हैं।




हिंदी के अलावा बांग्ला और उर्दू को भी मिली जगह

UNGA में शुक्रवार को पारित प्रस्ताव में कहा गया है कि हिंदी भाषा सहित ऑफिसियल और नन ऑफिसियल लैंग्वेजेज संयुक्त राष्ट्र के इम्पोर्टेंट कम्युनिकेशन और मैसेजेज के प्रसार को प्रोत्साहित करती हैं। इस साल पहली बार प्रस्ताव में हिंदी भाषा का उल्लेख है। इस प्रस्ताव में पहली बार बांग्ला और उर्दू का भी जिक्र है। यूनाइटेड नेशन में भारत के परमानेंट रिप्रेजेंटेटिव टीएस तिरुमूर्ति( TS Tirumurti) ने इस पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि बहुभाषावाद को UN की कोर वैल्यु के रूप में मान्यता दी गई है। तिरुमूर्ति ने बहुभाषावाद व हिंदी को प्राथमिकता देने के लिए यूएन महासचिव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत 2018 से यूएन के ग्लोबल कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट (DGC) के साथ पार्टनरशिप कर रहा है। यूएन की न्यूज  और मल्टीमीडिया कंटेंट्स को हिंदी में प्रसारित करने व मुख्यधारा में लाने के लिए अलग से फंड दे रहा है।


हिंदी @ यूएन प्रोजेक्ट

बता दें कि हिंदी को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत 'हिंदी @ यूएन' प्रोजेक्ट 2018 में शुरू किया गया था। इसका मकसद हिंदी भाषा के जरिये संयुक्त राष्ट्र की अप्रोच को और व्यापक बनाने के साथ दुनिया भर में लाखों हिंदी भाषी आबादी के बीच इंटरनेशनल मुद्दों के बारे में अधिक जागरुकता फैलाना रहा है। तिरुमूर्ति ने कहा-"इस संदर्भ में मैं 1 फरवरी, 1946 को पहले सेशन में अपनाए गए UNSC के प्रस्ताव 13(1) को याद करना चाहूंगा, जिसमें कहा गया था कि संयुक्त राष्ट्र अपने उद्देश्यों को तब तक प्राप्त नहीं कर सकता जब तक कि दुनिया के लोगों को इसके उद्देश्यों और एक्टिविटीज के बारे में पूरी जानकारी नहीं हो।" यानी तिरुमूर्ति का आशय भाषा की पहुंच से था।


क्या है संयुक्त राष्ट्र महासभा यानी UNGA

संयुक्त राष्ट्र महासभा (United Nations General Assembly) जिसे संक्षिप्त में UNGA भी कहते हैं, संयुक्त राष्ट्र (United Nations) के मुख्य 6 अंगों में से एक है।  यह एक इंटरनेशनल पॉलिटिकल फोरम है। यहीं से अंतरराष्‍ट्रीय सियासत के एजेंडे तय होते हैं। UNGA को दुनिया की लघु संसद भी कहा जाता है। इसकी पहली सभा 10 जनवरी 1946 को लंदन के मेथोडिस्ट सेंट्रल हॉल में आयोजित हुई थी। उस समय इसके सिर्फ 51 देश मेंबर थे। आज यह संख्‍या 193 हो चुकी है।


(उक्त आलेख इस वेबसाइट से ज्यों का त्यों लिया गया है. इसका किसी भी रूप में व्यावसायिक उपयोग नहीं किया जा रहा है. इसे जनहित में जानकारी प्रसारित करने के उद्देश्य से लगाया गया है.)

उक्त समाचार के बारे में कुछ अन्य जानकारी यहाँ क्लिक करके भी प्राप्त की जा सकती है.