अइया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अइया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

23 फ़रवरी 2026

अइया को याद करते हुए

संसार में आने वाले व्यक्ति को जाना होता ही है, ये विधान है. अवस्था कैसी भी हो अपने सदस्य के जाने का दुःख होता ही है. अईया के जाने का दुःख तो था ही. संतोष इसका था कि उनके अंतिम समय में पूरा परिवार उनके सामने था, उनके साथ था, जैसा कि बाबा के साथ न हो सका था. अईया के चले जाने के बाद के पच्चीस वर्ष बीत चुके हैं मगर एक-एक घटना, एक-एक बात जीवंत है. उनके कमरे के साथ, उनके सामान के साथ, उनकी यादों के साथ. जिस दिन उनको पेंशन मिलती, हम तीनों भाइयों को वे कुछ न कुछ देतीं मगर उस नाती को कुछ ज्यादा धनराशि मिलती जो उनको लेकर जाता था.

 

खाने-पीने को लेकर होती चुहल, उनके पुराने दिनों को लेकर होती बातें, उनकी कुछ बनी-बनाई धारणाओं पर हँसी-मजाक बराबर होता रहता, जो उनके बाद बस याद का जरिया है. अपने अंतिम समय तक वे इसे मानने को तैयार न हुईं कि सीलिंग फैन कमरे की हवा को ही चारों तरफ फेंकता है, उसमें किसी तरह का बिजली का करेंट नहीं होता है. वे अपनी त्वचा दिखाकर बराबर कहती कि ये पंखा बिजली से चलता है और बिजली फेंकता है. तभी हमारी खाल जल गई है. इसी तरह की धारणा रसोई गैस को लेकर बनी हुई थी. गैस की शिकायत होने पर वे कहती कि गैस की रोटी, सब्जी, दाल खाई जाएगी तो पेट में गैस ही बनेगी. ऐसी बहुत सी बातें हैं जो अईया की याद में आये आँसुओं को मुस्कान में बदल देतीं हैं.



पूज्य अइया के श्रीचरणों में सादर नमन 

23 फ़रवरी 2024

अइया के साथ अंतिम समय में

समय गुजरता जाता है मगर यादें नहीं गुजरती हैं. वे जहाँ कल थीं, वहीं आज भी दिखाई देती हैं. ये यादें हँसाती भी हैं, रुलाती भी हैं. इन्हीं यादों के साथ जीवन सहज-असहज तरीके से गुजरता हुआ अपनी अंतिम अवस्था तक पहुँच जाता है. यादों के केन्द्र में समाहित व्यक्ति जितना महत्त्वपूर्ण होता है, उससे कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण हो जाती हैं उस व्यक्ति से जुड़ी वस्तुएँ. इसका एक मुख्य कारण ये होता है कि जो व्यक्ति यादों के केन्द्र में है, वो हमें न तो दिखाई देता है और न ही उसका आभास हमें होता है. हम सभी अपनी यादों में, अपनी कल्पना में उसे याद करते हुए उसका एहसास करते रहते हैं. ऐसे में उससे जुड़ी वस्तुएँ, उसके द्वारा उपयोग किये गए सामान ही उसका स्थान ले लेते हैं, उसकी उपस्थिति का एहसास करवाते हैं.

 



कुछ ऐसी ही है ये स्केल, जिसका बहुत ज्यादा उपयोग अइया ने नहीं किया बल्कि सत्य तो ये है कि उन्होंने इसका उपयोग एक पल को भी नहीं किया मगर चंद घंटों के उपयोग के चलते यह उनसे जुड़ गई. असल में अइया को उनके घायल होने के बाद कानपुर में एक हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया. उनके बारे में जैसा सुनते रहे थे और देखते भी रहे थे, स्वभाव से कुछ जिद्दी थीं. इलाज के दौरान उनको विगो लगाईं जाती तो वे उसे किसी न किसी तरह से ख़राब कर देती थीं. इस कारण से उनके इलाज के दौरान चढ़ाई जाने वाली दवाएँ वगैरह उचित ढंग से उनको नहीं दी जा पा रही थीं. ऐसे में एक दिन हॉस्पिटल के डॉक्टर ने कहा कि ऐसे तो इलाज में बहुत दिक्कत आएगी, कैसे भी करके इनका विगो को डिस्टर्ब करना रोकिये. पिछले आठ-नौ दिन से लगातार विगो, इंजेक्शन लगने के कारण हॉस्पिटल के स्टाफ को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा था.

 

अइया के द्वारा विगो को डिस्टर्ब करने की समस्या का एक हल हमने सोचा और उसे अमल में लाने का विचार बनाया. हाथ में विगो लगाने के बाद उनकी कोहनी से इसी स्केल को हमने बाँध दिया. यहाँ एक बात और आप सबको बताते चलें कि अइया के उन हॉस्पिटल में एडमिट रहने वाले दिनों में उनके सारे बेटे-बहू, नाती-नातिन उनके पास थे मगर वे सिर्फ अम्मा-पिताजी का या फिर हमारा कहना मानती थीं. इसी कारण हमने उनको समझाया और कोहनी में स्केल बाँध दी. पता नहीं समय क्या कुछ दिखाना चाह रहा था. रात को अइया के हाथों में स्केल बाँधी उसके बाद उनका बातचीत करना कुछ और कम हो गया. अपने ऊपर लगाए गए इस बंधन को उनके द्वारा पूरे चौबीस घंटे भी स्वीकार नहीं किया गया. अगले दिन के शाम होने तक अइया ने हम सबको छोड़कर बाबा जी के पास जाने का मन बना लिया.

 

फरवरी का आज का ही दिन था. उस दिन से लेकर आज तक अइया के बिना एक पल न गुजरा. उनके साथ अंतिम समय में जुड़ी इस स्केल को भी हम भुला नहीं पाए. आज भी ये स्केल हमारी किताबों की अलमारी में सुरक्षित है. पता नहीं आज के समय के हिसाब से हम क्या हैं मगर इसे देखकर लगता है कि अइया आज भी हमारे साथ हैं. 





 

23 फ़रवरी 2021

अइया को याद करते हुए

कहते हैं कि समय घावों को भर देता है. इसके बाद भी कुछ बातें, कुछ यादें ऐसी होती हैं जिनको समय भी धुंधला नहीं कर पाता है. वे मन-मष्तिष्क पर ज्यों की त्यों अंकित रहती हैं. वे यादें, वे बातें अक्सर, समय-असमय सामने आकर खड़ी हो जाती हैं. गुजरता समय लगातार गुजरता रहता है. इस समय-यात्रा में बहुत कुछ बदलता रहता है. कुछ नया जुड़ता है, कुछ छूट जाता है. इस जुड़ने-छूटने में, मिलने-बिछड़ने में सजीव, निर्जीव समान रूप से अपना असर दिखाते हैं. इस क्रम में बहुत सी बातें स्मृति-पटल का हिस्सा बन जाती हैं. कुछ अपने दिल के करीब होकर, दिल में बसे होकर भी आसपास नहीं दिखते. उनकी स्मृतियाँ, उनके संस्मरण उनकी उपस्थिति का एहसास कराते रहते हैं. यही एहसास उनके प्रति हमारी संवेदनशीलता का परिचायक है. बरस के बरस गुजरते जाते हैं, दशक के दशक गुजरते जाते हैं मगर इन्हीं स्मृतियों के सहारे लगता है जैसे सब कुछ कल की ही बात हो. ऐसा उस समय और भी तीव्रता से सामने आता है जबकि वह तिथि विशेष आँखों के सामने से गुजर जाए.


23 फरवरी एक ऐसी ही तारीख है कि जब पीछे पलट कर देखते हैं तो दो दशक की यात्रा दिखाई देती है. इस तारीख से जुड़ी बातें स्वतः याद आने लगती हैं. बहुत कुछ स्मरण हो आता है. याद आता है बहुत से अपने लोगों का साथ चलना, बहुत से अपने लोगों का ही साथ होना. साथ होकर भी साथ न दिखना. साथ न दिखते हुए भी साथ रहना. ऐसे ही लोगों में एक हमारी अइया भी हैं. जी हाँ, अइया यानि कि हमारी दादी. इस तारीख को ही अइया हम सबको छोड़कर बहुत दूर चली गईं, जहाँ से न उनका आना संभव है और न हम लोगों का जाना. ये विधि का विधान है कि किसी को इस संसार में आना होता है और उस आने वाले को किसी न किसी दिन जाना होता है. अवस्था कैसी भी हो अपने सदस्य के जाने का दुःख होता ही है. अइया के जाने का दुःख तो था ही. संतोष इसका था कि उनके अंतिम समय में पूरा परिवार उनके सामने था, उनके साथ था, जैसा कि बाबा के साथ न हो सका था. अइया के चले जाने के दो दशक बाद भी एक-एक घटना, एक-एक बात जीवंत है. उनके कमरे के साथ, उनके सामान के साथ, उनकी यादों के साथ. जिस दिन उनको पेंशन मिलती, हम तीनों भाइयों को वे कुछ न कुछ देतीं मगर उस नाती को कुछ ज्यादा धनराशि मिलती जो उनको लेकर जाता था. (इस वर्ष यह दुर्भाग्य रहा हमारे परिवार का कि अइया के इन तीन नातियों में से एक नाती उनके पास चला गया. मिंटू ही उनको खूब परेशान करता रहता था. वह अक्सर अइया को यह कहते हुए परेशान करता कि पेंशन के पैसों से हमें ज्यादा पैसे दिया करो नहीं तो किसी दिन हम रात में पूरे रुपये निकाल लेंगे आपकी डोलची से.)




खाने-पीने को लेकर होती चुहल, उनके पुराने दिनों को लेकर होती बातें, उनकी कुछ बनी-बनाई धारणाओं पर हँसी-मजाक बराबर होता रहता, जो उनके बाद बस याद का जरिया है. अपने अंतिम समय तक वे इसे मानने को तैयार न हुईं कि सीलिंग फैन कमरे की हवा को ही चारों तरफ फेंकता है, उसमें किसी तरह का बिजली का करेंट नहीं होता है. वे अपनी त्वचा दिखाकर बराबर कहती कि ये पंखा बिजली से चलता है और बिजली फेंकता है. तभी हमारी खाल जल गई है. इसी तरह की धारणा रसोई गैस को लेकर बनी हुई थी. गैस की शिकायत होने पर वे कहती कि गैस की रोटी, सब्जी, दाल खाई जाएगी तो पेट में गैस ही बनेगी. ऐसी बहुत सी बातें हैं जो अइया की याद में आये आँसुओं को मुस्कान में बदल देतीं हैं.


उस दिन सामान्य से हँसी-मजाक के बीच उन्होंने अपनी मनपसंद गुझिया खायी और फिर अचानक ही दूसरे लोक की यात्रा के लिए जैसे चलने को तत्पर हो गईं. हम लोग बस देखते ही रह गए. ऐसा लगा जैसे वे अपनी विगत दस-बारह दिन की शारीरिक समस्या को जैसे एक झटके में दूर कर चुकी हैं. ऐसा लगा जैसे उन्हें सारे परिवार के एकसाथ होने का इंतजार था. फ़िलहाल तो अइया को गए काफी लम्बा समय हो गया मगर उनकी बहुत सी बातें आज भी ज्यों की त्यों दिल-दिमाग में बसी है.


आज उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित हैं.


24 फ़रवरी 2020

सूरज आ गया पकड़ में, अइया को याद करते हुए

बहुत से दिन, तिथियाँ भुलाए नहीं भूलतीं, ये और बात होती है कि हम सभी अपनी-अपनी व्यस्तता में उन्हें याद न कर पायें. ऐसी तारीखें स्मृति-पटल पर अंकित रहती हैं और वक्त-बेवक्त सामने आ खड़ी होती हैं. हरेक व्यक्ति के जीवन में ऐसी बहुत सी तारीखें होंगी, बहुत सी स्मृतियाँ होंगी जिनको वह चाह कर भी भुला न पाया होगा. ऐसी की अनेक तारीखों में एक तारीख आज की, हमारे जीवन में भी है. न सिर्फ आज की वरन गुजरे कल की तारीख भी आज की तारीख से जुड़ी हुई है. कल यानि कि 23 फरवरी और आज यानि कि 24 फरवरी, ऐसी तारीखें हैं जिसमें परिवार के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति को हम सबने खो दिया था. अपनी अइया को एक दिन पहले हमने अपनी आँखों के सामने अंतिम साँस लेते देखा था और आज अपनी आँखों के सामने ही उनको पंचतत्त्व में विलीन होते देखा था.

ये भी तारीखों का अपना मनोविज्ञान होता होगा. कल से ही मन कुछ उदास है. आज भी कुछ लिखने-पढ़ने का मन नहीं हुआ. पहले सोचा कि अपनी अइया के बारे में कुछ लिखें फिर इसका भी मन न हुआ. असल में व्यक्तिगत हमारे लिए अइया एक इन्स्टीट्यूट जैसी रहीं. उनकी शिक्षा-दीक्षा डिग्रियों के सापेक्ष बहुत नहीं रही हो मगर उनके व्यावहारिक अनुभव बहुत ही गंभीर और सीख देने वाले थे. उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला. (इस बारे में फिर कभी)

बस, आज मन न किया तो इधर-उधर का पिटारा खोलकर बैठ गए. कई बार कुछ भी लिखने-पढ़ने का मन नहीं होता. उस समय हम अपने चित्रों को खोलकर बैठ जाते हैं. बहुत सुकून मिलता है. ऐसे ही सुकून के क्षणों में ये चित्र सामने आये. आप भी देखिये. 





23 फ़रवरी 2019

समय के साथ यादें धुंधली नहीं होतीं


समय बहुत सी बातों को भुला देता है. बहुत सी बातें ऐसी होती हैं जो समय के साथ भले न भूली जाएँ मगर धुंधली हो ही जाती हैं. कहते भी हैं कि समय घावों को भर देता है. इसके बाद भी कुछ बातें, कुछ यादें ऐसी होती हैं जिनको समय भी धुंधला नहीं कर पाता है. वे मन-मष्तिष्क पर ज्यों की त्यों अंकित रहती हैं. वे यादें, वे बातें अक्सर, समय-असमय सामने आकर खड़ी हो जाती हैं. गुजरता समय लगातार गुजरता रहता है. इस समय-यात्रा में बहुत कुछ बदलता रहता है. कुछ नया जुड़ता है, कुछ छूट जाता है. इस जुड़ने-छूटने में, मिलने-बिछड़ने में सजीव, निर्जीव समान रूप से अपना असर दिखाते हैं. इस क्रम में बहुत सी बातें स्मृति-पटल का हिस्सा बन जाती हैं. कुछ अपने दिल के करीब होकर, दिल में बसे होकर भी आसपास नहीं दिखते. उनकी स्मृतियाँ, उनके संस्मरण उनकी उपस्थिति का एहसास कराते रहते हैं. यही एहसास उनके प्रति हमारी संवेदनशीलता का परिचायक है. बरस के बरस गुजरते जाते हैं, दशक के दशक गुजरते जाते हैं मगर इन्हीं स्मृतियों के सहारे लगता है जैसे सबकुछ कल की ही बात हो. ऐसा उस समय और भी तीव्रता से सामने आता है जबकि वह तिथि विशेष आँखों के सामने से गुजर जाए.


23 फरवरी एक ऐसी ही तारीख है कि जब पीछे पलट कर देखते हैं तो लगभग दो दशक (सत्रह वर्ष) की यात्रा दिखाई देती है. इस तारीख से जुड़ी बातें स्वतः याद आने लगती हैं. बहुत कुछ स्मरण हो आता है. याद आता है बहुत से अपने लोगों का साथ चलना, बहुत से अपने लोगों का ही साथ होना. साथ होकर भी साथ न दिखना. साथ न दिखते हुए भी साथ रहना. ऐसे ही लोगों में एक हमारी अईया भी हैं. जी हाँ, अईया यानि कि हमारी दादी. इस तारीख को ही अईया हम सबको छोड़कर बहुत दूर चली गईं, जहाँ से न उनका आना संभव है और न हम लोगों का जाना. ये विधि का विधान है कि किसी को इस संसार में आना होता है और उस आने वाले को किसी न किसी दिन जाना होता है. अवस्था कैसी भी हो अपने सदस्य के जाने का दुःख होता ही है. अईया के जाने का दुःख तो था ही. संतोष इसका था कि उनके अंतिम समय में पूरा परिवार उनके सामने था, उनके साथ था, जैसा कि बाबा के साथ न हो सका था. अईया के चले जाने के लगभग दो दशक होने को आये मगर एक-एक घटना, एक-एक बात जीवंत है. उनके कमरे के साथ, उनके सामान के साथ, उनकी यादों के साथ. जिस दिन उनको पेंशन मिलती, हम तीनों भाइयों को वे कुछ न कुछ देतीं मगर उस नाती को कुछ ज्यादा धनराशि मिलती जो उनको लेकर जाता था. खाने-पीने को लेकर होती चुहल, उनके पुराने दिनों को लेकर होती बातें, उनकी कुछ बनी-बनाई धारणाओं पर हँसी-मजाक बराबर होता रहता, जो उनके बाद बस याद का जरिया है. अपने अंतिम समय तक वे इसे मानने को तैयार न हुईं कि सीलिंग फैन कमरे की हवा को ही चारों तरफ फेंकता है, उसमें किसी तरह का बिजली का करेंट नहीं होता है. वे अपनी त्वचा दिखाकर बराबर कहती कि ये पंखा बिजली से चलता है और बिजली फेंकता है. तभी हमारी खाल जल गई है. इसी तरह की धारणा रसोई गैस को लेकर बनी हुई थी. गैस की शिकायत होने पर वे कहती कि गैस की रोटी, सब्जी, दाल खाई जाएगी तो पेट में गैस ही बनेगी. ऐसी बहुत सी बातें हैं जो अईया की याद में आये आँसुओं को मुस्कान में बदल देतीं हैं. 

अईया की यादों के साथ-साथ इस दिन से जुड़ी याद है उस दिन मानसिक रूप से बहुत परेशान स्थिति में किसी अपने को फोन करना. अचानक उसे ही फोन क्यों? अचानक उसी की याद क्यों? अचानक उसी से बात क्यों? कोई पूर्वनियोजित नहीं, बस अचानक से फोन उठाया और उंगलियाँ उसका नंबर डायल करने लगीं. सामान्य सी बातें हुईं. उन दिनों अपनी हॉस्पिटल भागदौड़ वाली स्थिति को बताया, अपनी परेशानी को छिपाते हुए भी परेशानी को बताया. बहरहाल, इस तारीख के साथ याद यह भी बात आती है. ऐसा इसलिए भी बातचीत के चंद मिनट बाद ही हम अईया के पास हॉस्पिटल में थे. सामान्य से हँसी-मजाक के बीच उन्होंने अपनी मनपसंद गुझिया खायी और फिर अचानक ही दूसरे लोक की यात्रा के लिए जैसे चलने को तत्पर हो गईं. हम लोग बस देखते ही रह गए. ऐसा लगा जैसे वे अपनी विगत दस-बारह दिन की शारीरिक समस्या को जैसे एक झटके में दूर कर चुकी हैं. ऐसा लगा जैसे उन्हें सारे परिवार के एकसाथ होने का इंतजार था.

फ़िलहाल तो अईया को गए काफी लम्बा समय हो गया, उनकी कोई भी बात आज भी ज्यों की त्यों दिल-दिमाग में बसी है. आज उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित हैं.

22 फ़रवरी 2018

अब यादें ही साथ हैं उनकी


समय लगातार गुजरता जाता है. बहुत कुछ इस यात्रा में बदलता जाता है. कुछ नया जुड़ता है, कुछ छूट जाता है. इस जुड़ने-छूटने में, मिलने-बिछड़ने में सजीव, निर्जीव समान रूप से अपना असर दिखाते हैं. इस क्रम में बहुत सी बातें स्मृति-पटल का हिस्सा बन जाती हैं. कुछ अपने दिल के करीब होकर, दिल में बसे होकर भी आसपास नहीं दिखते. उनकी स्मृतियाँ, उनके संस्मरण उनकी उपस्थिति का एहसास कराते रहते हैं. यही एहसास उनके प्रति हमारी संवेदनशीलता का परिचायक है. बरस के बरस गुजरते जाते हैं, दशक के दशक गुजरते जाते हैं मगर इन्हीं स्मृतियों के सहारे लगता है जैसे सबकुछ कल की ही बात हो.


पीछे पलट कर देखते हैं तो लगभग दो दशक की यात्रा दिखाई देती है. दिखाई देता है बहुत से अपने लोगों का साथ चलना, बहुत से अपने लोगों का ही साथ होना. साथ होकर साथ न दिखने वालों में हमारी अईया भी हैं. जी हाँ, अईया यानि कि हमारी दादी. वो दिन आज भी ज्यों का त्यों दिल-दिमाग में अंकित है. चिकित्सा कारणों से अईया को एक नर्सिंग हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था. लगभग एक सप्ताह से उनकी शारीरिक प्रक्रिया को सामान्य रूप में लाने की कोशिश की जा रही थी ताकि उनका ऑपरेशन किया जा सके. उनकी अवस्था चिकित्सकों को अनुमति नहीं दे रही थी कि वे अईया का ऑपरेशन कर सकें. अईया भी अपनी अवस्था से चिर-परिचित थीं और कष्टों के बाद भी लगातार सबके साथ समन्वय बनाये हुए थीं.

हमारी अईया लगातार हम लोगों के साथ रहने के चलते एक आदत स्वरूप में हम सबके लिए बनी हुईं थीं और हम सब भी जैसे उनकी आवश्यकता से ज्यादा अनिवार्यता के रूप में थे. हमारे न दिखने पर या फिर अम्मा के न दिखने पर वे उसी समय आवाज लगाना शुरू कर देतीं. हमारे तीनों चाचा लोगों यानि कि उनके तीनों बेटों के वहां होने, बहुओं, नाती-नातिनों के वहाँ होने के बाद भी यदि उनकी जरूरत किसी से पूरी होती तो बड़ी बहू यानि कि हमारी अम्मा से या फिर हमसे.

नर्सिंग होम में किसी दिन यदि वे उदास दिखतीं तो उनको हमारा सन्दर्भ देते हुए चिढ़ा दिया जाता कि अभी कैसे जाओगी हम सबको छोड़ कर. अभी नत-बहू देखना है, पंती खिलाना है. नर्सिंग होने के पलंग पर, पैर में ट्रेक्शन का भार लिए, हाथों में ड्रिप निडिल की चुभन समेटे अईया खुलकर मुस्कुरा देतीं. उनकी हलकी सी मुस्कराहट भी हम सबको प्रसन्न कर देती. उस आखिरी दिन उरई से पिताजी का आना हुआ. उन भर्ती के दिनों में वे बड़ी मुश्किल से खाना खाने को राज़ी होतीं मगर मिठाई की परम शौक़ीन अईया को जैसे ही बताया गया कि पिताजी बदनाम गुझिया लाये हैं तो वे झट से खाने को राजी हो गईं.

गुझिया उस दिन उनका अंतिम खाद्य-पदार्थ बना. उसके कुछ घंटों बाद उनके गले में घरघराहट सी हुई. हम बगल में ही उनका हाथ पकड़े बैठे हुए थे. ऐसा इस कारण से कि एक तो उनको हमारे होने का भान रहे, दूसरा जैसे ही उनका हाथ छोड़ो वे तुरंत हाथ मोड़ लेतीं. इससे अनेक बार ड्रिप चढाने के लिए लगाई गई वीगो को बदलना पड़ा. उनके हाव-भाव देखकर लगा जैसे उनको साँस लेने में दिक्कत हो रही है. उनके गले को धीरे से सहलाया, सीने पर हाथ फिराया किन्तु उनको आराम समझ नहीं आया. और बस अगले पल ही एक खांसी-हिचकी सी मिश्रित स्थिति बनी. उसी के साथ मुंह से काले तरल पदार्थ की पलटी हुई और बस अईया दूसरे लोक को चल दीं.

संसार में आने वाले व्यक्ति को जाना होता ही है, ये विधान है. अवस्था कैसी भी हो अपने सदस्य के जाने का दुःख होता ही है. अईया के जाने का दुःख तो था ही. संतोष इसका था कि उनके अंतिम समय में पूरा परिवार उनके सामने था, उनके साथ था, जैसा कि बाबा के साथ न हो सका था. अईया के चले जाने के लगभग दो दशक होने को आये मगर एक-एक घटना, एक-एक बात जीवंत है. उनके कमरे के साथ, उनके सामान के साथ, उनकी यादों के साथ. जिस दिन उनको पेंशन मिलती, हम तीनों भाइयों को वे कुछ न कुछ देतीं मगर उस नाती को कुछ ज्यादा धनराशि मिलती जो उनको लेकर जाता था. खाने-पीने को लेकर होती चुहल, उनके पुराने दिनों को लेकर होती बातें, उनकी कुछ बनी-बनाई धारणाओं पर हँसी-मजाक बराबर होता रहता, जो उनके बाद बस याद का जरिया है. अपने अंतिम समय तक वे इसे मानने को तैयार न हुईं कि सीलिंग फैन कमरे की हवा को ही चारों तरफ फेंकता है, उसमें किसी तरह का बिजली का करेंट नहीं होता है. वे अपनी त्वचा दिखाकर बराबर कहती कि ये पंखा बिजली से चलता है और बिजली फेंकता है. तभी हमारी खाल जल गई है. इसी तरह की धारणा रसोई गैस को लेकर बनी हुई थी. गैस की शिकायत होने पर वे कहती कि गैस की रोटी, सब्जी, दाल खाई जाएगी तो पेट में गैस ही बनेगी. ऐसी बहुत सी बातें हैं जो अईया की याद में आये आँसुओं को मुस्कान में बदल देतीं हैं.