हॉस्टल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हॉस्टल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

28 अक्टूबर 2025

खुराफाती पलों का बिंदास साथी

अपने पढ़ने के शौक के कारण ऐसा बहुत ही कम होता है कि कोई पुस्तक मँगवाई जाए और बिना पढ़े अलमारी में सज जाए. इसी तरह ऐसा तो बहुत कम ही पुस्तकों के साथ होता है कि आने के बाद कुछ ही घंटों में उसे चट कर दिया जाये. आज ही अपने कर्मकांडी मित्र अनुराग की पुस्तक हाथ लगी. ये बात कहने में कोई गुरेज नहीं कि आज किसी भी व्यस्तता में होते उसे छोड़कर पहला काम अनुराग के उपन्यास को पढ़ना रहता. हुआ भी कुछ ऐसा ही. कॉलेज से लौटते ही कोरियर वाले ने पुस्तक थमाई उसके बाद उसी को पढ़ने का काम शुरू हुआ.

उपन्यास की समीक्षा इस पोस्ट के बाद, अभी कुछ बातें अनुराग और अपने बारे में. 1990 में स्नातक की पढ़ाई के लिए जब ग्वालियर के साइंस कॉलेज में एडमिशन लिया तो हॉस्टल में सबसे पहली मुलाकात अनुराग से ही हुई. उस पहली मुलाकात में बहुत ही संक्षित सी बातचीत हुई मगर उसके बाद डिफ़ॉल्ट सेटिंग में इंस्टाल खुराफातों ने आजतक हमें और अनुराग को लगातार साथ बनाये रखा.

हॉस्टल की एक फोटो, 1991 

हॉस्टल के बहुत से मित्र आज भी साथ हैं, बहुत से सीनियर बड़े भाई की तरह अपना आशीष बनाये हुए हैं, बहुत से जूनियर छोटे भाई की तरह जीवन से जुड़े हुए हैं. सभी भाई किसी न किसी विशेषता के कारण सबसे अलग थे, आज भी अपनी उसी विशेषता के कारण अलग हैं. अनुराग पहले दिन से ही एकदम बिंदास, जिंदादिल, बेख़ौफ़ व्यक्तित्व से भरा हुआ लगा और ऐसा आजतक है. संभवतः इसी डिफ़ॉल्ट सेटिंग के कारण स्थलीय दूरी होने के बाद भी हम दोनों अलग-अलग नहीं हो सके.

हॉस्टल मीट, 2017

बिंदास, मौजियल स्वभाव के अनुराग के साथ मिलकर कितनी-कितनी खुराफातें रची गईं कहना मुश्किल है. उसकी एक बिंदास फोटो आज भी हमारे कलेक्शन को महकाती-चहकाती है. इसे आशीर्वाद ही कहा जायेगा कि 2017 में हॉस्टल मीट के दौरान मंच से हम लोगों के वार्डन रहे चंदेल सर ने अनुराग और हमारा ही नाम लेकर हमारी शरारतों का जिक्र किया. होली के ठीक पहले अनुराग के साथ मिलकर हाथ ठेला पर बिठाकर अपने एक सीनियर को रेलवे स्टेशन छोड़ने की घटना का जिक्र हम आज तक अपने दोस्तों के बीच किया करते हैं. अनुराग को पत्र मित्र कॉलम में कुमारी अनु के नाम से मिलने वाले हजारों-हजार पत्र आज भी हॉस्टल के साथियों के बीच मौज-मस्ती का बिन्दु बनते हैं.

आज अनुराग के उपन्यास को पढ़ते-पढ़ते तीस साल से अधिक पुराना हॉस्टल का समय बार-बार उभर आता, उस समय की शैतानियाँ सामने आ खड़ी होतीं. कई-कई बार होंठों पर मुस्कान उभर आती, ख़ुशी में आँखें नम हो जातीं.  

मौज-मस्ती, 2021

अनुराग के ऑफिस में, 2021



21 मई 2025

चाय की एक प्याली से बने रिश्ते की मिठास

1990 की बात है जबकि स्नातक की पढ़ाई हेतु ग्वालियर के साइंस कॉलेज में एडमिशन लिया और रहने के लिए आशियाना बनाया इसी कॉलेज के हॉस्टल को. प्रवेश की सारी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद अगस्त महीने में स्वतंत्रता दिवस के एक-दो दिन पहले हॉस्टल में अपना बोरिया-बिस्तर समेट कर आ गए. पहली मंजिल पर मिला कमरा नंबर 11. पिताजी के अभिन्न परिचित सदस्य के बेटे राजीव त्रिपाठी हमारे रूम-मेट थे. राजीव का उरई से ही होने के कारण किसी अनजाने मित्र के साथ कमरे में रहने का डर-भय समाप्त हो चुका था.

 

यहाँ तक एक परिचय हॉस्टल के आरम्भिक दिनों से. पोस्ट का असल विषय तो ये है कि हॉस्टल के दिनों में चाय के कारण एक ऐसा रिश्ता बन गया जो कभी सोचा नहीं था. आज इस पोस्ट को लिखने का कारण भी यही है कि आज 21 मई को अन्तर्राष्ट्रीय चाय दिवस है और ऐसे में मन में आया कि चाय की और कोई महत्ता हो या न हो मगर हमारे लिए एक महत्ता ये है कि एक रिश्ता चाय के कारण बना जो आज भी पूरी गरिमा और स्नेह के साथ चल रहा है.

 

हॉस्टल में रहते हुए करीब दो महीने हो गए थे. रैगिंग जैसी किसी डरावनी चीज से हॉस्टल का नाता नहीं था बल्कि हम सभी छात्रों में आपस में बड़े-छोटे का नाता था. यहाँ सर या किसी और औपचारिक सम्बोधन के स्थान पर अपने से बड़ों को भाईसाहब कहने का चलन था. हॉस्टल का माहौल भी पूरी तरह से पारिवारिक था. न तो किसी कमरे में कोई ताला लगाता था और न ही किसी सामान में ताला लगा मिलता था. ऐसा लगता था जैसे सभी सामान एक-दूसरे का है. सभी के बीच आपस में कोई औपचारिकता नहीं. मैस में खाना खाते समय एक-दूसरे के सामान का उपयोग करना हो अथवा अन्य किसी वस्तु का उपयोग, कहीं कोई संकोच नहीं हुआ करता था.

 

बाँए से - अक्षय भाईसाहब, हम, राकेश भाईसाहब (हॉस्टल के दिन-बलवंत भैया पहाड़ी पर-1991)

हॉस्टल के उन दिनों में कैसे अचानक से चाय पीने की आदत लग गई, पता नहीं. ऐसा इसलिए क्योंकि जितना याद आ रहा है, चाय पीने की आदत जैसी इंटरमीडिएट तक नहीं पड़ी थी उस समय तक सामान्य ढंग से जितनी चाय एक दिन में पीने को मिलती थी, उतनी ही पी जाती थी. इधर हॉस्टल में रहने के कारण चाय पीने पर कोई प्रतिबन्ध नहीं रहा सो खूब चाय पी जाने लगी. उस समय हॉस्टल में कई लोग थे जो चाय पीते थे मगर एक-दो लोग ही थे जो हॉस्टल में चाय बनाने की व्यवस्था किये थे. ऐसे एक-दो लोगों में एक हम थे, जिनके पास चाय से सम्बंधित समस्त सामग्री चौबीस घंटे उपलब्ध रहती थी. हमारे कमरे की कभी-कभी की बैठकी में कुछ मित्र, कुछ भाईसाहब के चाय का शौक पूरा हो जाया करता था.

 

उन्हीं दिनों हॉस्टल में कुछ नए साथियों का आना हुआ. शायद इसे ही संयोग कहा जायेगा या फिर पूर्व-निर्धारित लिखित विधि का विधान कि कई-कई नए सदस्यों के आने के बीच में दो लोगों से अनायास ही आकर्षण वाला परिचय हुआ, जैसे स्वतः ही. एक अक्षय कटोच भाईसाहब से और दूसरा नवीन शर्मा से. अक्षय भाईसाहब हमसे एक क्लास आगे थे और नवीन हमारे ही साथ. दो-चार दिनों की सामान्य मुलाकातों के बाद एक दिन मैस से रात का खाना खाकर निकलने पर अक्षय भाईसाहब ने रोका और बोले क्यों चिंटू, सुना है तुम अपने कमरे पर चाय बनाते हो? एकबारगी लगा कि कहीं ये कोई अपराध तो नहीं जो हमारे सीनियर द्वारा ऐसा सवाल किया गया मगर अगले ही पल खुद को संयमित करते हुए संक्षिप्त सा जवाब दिया, जी. ठीक है, जब रात में बनाओ तो एक कप हमें भी पिला दिया करना, अक्षय भाईसाहब का स्नेहिल आदेश हम तक आया और अक्षय भाईसाहब ग्राउंड फ्लोर के अपने कमरा नंबर 29 की तरफ चल दिए.

 

उसी रात को चाय बनाकर एक गिलास में चाय 11 नंबर कमरे से 29 नंबर कमरे तक जाती. ये क्रम लगभग हफ्ते-दस दिन चला कि एक दिन अक्षय भाईसाहब ने कहा कि क्यों अपने कमरे में अकेले चाय के लिए परेशान होते हो. यहीं आ जाया करो, सब लोग इकट्ठे चाय पिया करेंगे. उनका इकट्ठे चाय पीने के बारे में उनका खुद के साथ-साथ नवीन और राकेश शर्मा भाईसाहब की तरफ इशारा करना था. उसी रात जब चाय के लिए अक्षय भाईसाहब के कमरे में जाना हुआ तो चाय के सारे सामान के साथ उनका रूम भी सुसज्जित हमारा इंतजार कर रहा था. समय के साथ चाय, खाना-पीना, पढ़ाई, कॉलेज, बाजार आदि जाना एकसाथ होने लगा.

 



अक्षय भाईसाहब द्वारा उन्हीं दिनों कुछ बातें बहुत ही स्पष्ट रूप से समझाई गईं, जैसे कोई बड़ा समझाता है उसका सुखद परिणाम ये है कि आज हॉस्टल छोड़े हुए अक्षय भाईसाहब को 33 वर्ष और हमें 32 वर्ष हो गए हैं मगर हमारे और उनके बीच एक चाय के साथ बना बड़े-छोटे भाई का रिश्ता आज तक पूरी ईमानदारी, पावनता के साथ चल रहा है. भाभी का स्नेह भी हमे उसी तरह से मिलता है जैसे किसी देवर को मिलता होगा. अक्षय भाईसाहब को लेकर हमारे और भाभी के बीच में खूब मजाक होता है. अक्सर सामने होने पर भाईसाहब बस ख़ामोशी से हँसते हुए इधर-उधर हो लेते हैं.

 

वाकई सोच में, मानसिकता में, व्यवहार में, बर्ताव में यदि ईमानदारी है, निष्ठा हो, स्नेह हो, आदर हो तो एक प्याली चाय के साथ बने संबंधों में, रिश्तों में मिठास सालों-साल बनी रहती है.


23 अक्टूबर 2024

लला तुम फिरऊ न माने

कॉलेज टाइम की एक लय याद आ गई...

++++

लला के बब्बा बोले

होए

लला की दादी बोली

होए

लला की अम्मा बोली

होए

लला के बाप बोले

होए

लला बवाली से बचियो

होए

लला तुम रगड़े जैहो

होए

लला तुम फिरऊ न माने

होए

लला तुम अपनी पे अड़ गए

होए

लला तुमने अत्तई धर लई

होए

लला फिर बवाली न मानो

होए

लला वो अपनी पे आ गओ

होए

लला तुम गाली खा गए

होए

लला तुमाई कनपटी सिक गई

होए

लला तुम रगड़ के धर दए

होए

लला तुम चीं न कर पाए

होए

लला तुमाई ऐसी-तैसी

होए

लला अब जूते खैहो

होए

लला तुम अभऊँ मान जाओ

होए

लला तुम हार गए

होएएएएए

++++++++++++++

अब रगड़ाई रोज के रोज


07 फ़रवरी 2024

हमारी परिचित का लॉन टेनिस का मैच

लॉन टेनिस तो आज भी उसी तरह से चल रहा है जैसा कि नब्बे के दशक में चला करता था, इक्का-दुक्का मैचों की अधिकता हो गई हो तो कह नहीं सकते. लॉन टेनिस के साथ-साथ एक क्रिकेट ही ऐसा खेल हुआ करता था, जिसे हम पूरी निष्ठा, ईमानदारी के साथ न केवल खेला करते थे बल्कि उन दिनों में होने वाले मैचों के बारे में पर्याप्त जानकारी रखा करते थे. यहाँ उन दिनों का तात्पर्य नब्बे के दशक से ही है. उस दौर में क्रिकेट के प्रति ये दीवानगी थी कि शायद कभी पढ़ने के लिए सुबह पाँच बजे न उठे हों मगर क्रिकेट खेलने के लिए इस समय जबरदस्त चैतन्य भाव रहता था. घर के सदस्य जाग न जाएँ इस कारण से ‘पिन ड्रॉप साइलेंस’ वाली अवधारणा का पूरी शिद्दत से पालन किया जाता था. 




बहरहाल, क्रिकेट के प्रति जिस कदर मुहब्बत थी, वो उसी अनुपात में घृणा में बदल गई. ये घृणा क्रिकेट मैच देखने के सन्दर्भ में है. जिस समय हैन्सी क्रोनिये और अन्य लोगों सहित मैच फिक्सिंग का मामला सामने आया, उसके बाद से आज तक एक भी क्रिकेट मैच हमने नहीं देखा है. आज भले लोग कहते हैं कि सट्टाबाज़ी करना आसान नहीं रह गया है, सब तरफ से खिलाडियों पर नजर रखी जा रही है, टेक्नोलॉजी बदल गई है. हमारा आज भी पूरे विश्वास के साथ मानना है कि जिस तरह से क्रिकेट खेलने का अंदाज बदला है, उसी तरह से सट्टे का भी अंदाज बदला है. जिस तकनीक ने क्रिकेट को बदल दिया है तो वही तकनीक सट्टे को नहीं बदल सकती?


क्रिकेट की दीवानगी की तरह उस समय लॉन टेनिस के प्रति भी दीवानगी हुआ करती थी. इस दीवानगी के लिए सिर्फ और सिर्फ दो-तीन खिलाडी ही जिम्मेवार हुआ करते थे. इनमें एक खिलाडी स्टेफी ग्राफ, दूसरी खिलाडी गैबरीला सबातीनी, एक आंद्रे अगासी. उन दिनों, जबकि हम हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे तब भी कोशिश होती थी कि इन खिलाड़ियों का कोई मैच न छूटने पाए. उस समय एक कोई मैच स्टेफी ग्राफ का था, शायद कोई फाइनल मैच था. हॉस्टल का टीवी ख़राब पड़ा हुआ था, इस कारण वहाँ मैच देख पाना संभव नहीं था. आज के हजारों हजार चैनल के बीच यह आश्चर्य का विषय ही है मगर उन दिनों कुछ-कुछ मैचों का प्रसारण हुआ करता था. फिलहाल, हॉस्टल के टीवी पर तो स्टेफी ग्राफ के मैच के दर्शन होने न थे तो उसी शहर में रह रहे अपने चाचा जी के घर पहुँच गए. बात की बात में चाची ने कुछ कहा तो हमने कहा कि हमारी परिचित का मैच है, वही देखने आये हैं. इसके बाद तो न केवल चाची जी बल्कि हम भी जबरदस्त ठहाके लगा-लगा के दोहरे हो गए.




आज भी कभी-कभी समय निकाल कर लॉन टेनिस के मैच देख लेते हैं. नए-नए खिलाडियों ने तो मैचों का अंदाज बदल रखा है मगर उस दौर के खिलाड़ियों का अपना ही क्रेज था. संभव है कि आज की जबरदस्त फास्ट पीढ़ी को वे मैच कुछ स्लो समझ आएँ मगर हम तो इंटरनेट की सहायता से कभी-कभी उन मैचों को देखकर रोमांचित हो लेते हैं. आखिर हमारी परिचित के मैच जो होते हैं वे. 








 

13 अप्रैल 2023

कॉलेज की वो आंटी जी

अप्रैल का आना और हॉस्टल मीट का याद आना स्वाभाविक है. इधर लम्बे समय से प्लानिंग बनती जा रही है मगर क्रियान्वित नहीं हो पा रही है. हालाँकि ग्रुप के माध्यम से, सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से लगभग सभी के साथ जुड़ाव बना हुआ है मगर इसके बाद भी एक बार दिल-दिमाग में सबसे मिलने की उत्कंठा जागती है. बहरहाल, इस बार भी एकसाथ सबसे मिलना नहीं हो सकेगा. इधर आपसी बातचीत में हॉस्टल समय की, कॉलेज की कुछ चुहलबाजी याद की गई, उसी में याद आई एक आंटी जी. चूँकि ये घटना हमारे समय की है, वर्ष 1992-93 की, इसलिए हो सकता है कि उसके बाद वाले बैच के भाइयों के सामने इसका जिक्र न हुआ हो या हुआ हो तो उस घटना के साक्षी न होने के कारण याद न हो.

 

बातचीत के दौरान इसका जिक्र जब हमने किया तो उस घटना को फिर से बताने का आग्रह जहाँ छोटे भाइयों का रहा वहीं हमारे साथियों ने अपनी याददाश्त का हवाला देते हुए इसे फिर से बताने को कहा. घटना कोई बहुत विशेष नहीं है मगर इस कारण से विशेष बन जाती है कि वर्ष 1992-93 का समय था, हम स्नातक अंतिम वर्ष में थे. रोज की तरह कॉलेज में खाली समय में प्राचार्य कक्ष की तरफ बने बगीचे में तमाम साथियों के साथ बैठे हुए थे. उसी बगीचे के किनारे पर लगा सूचना पट उन दिनों हम दो मित्रों, हमारे और सुनील के लिए रचनात्मकता का केन्द्र बना हुआ था. सुनील दुबे अपनी दो-चार काव्यात्मक पंक्तियों को रोज बताते और हम उसका लेखन उस पर किया करते. उन दिनों अपनी तरह का यह नया प्रयोग था और सबको पसंद भी आ रहा था.

 

हम सभी मित्रगण बगिया के किनारे पर उसी जगह पर बैठे हँसी-ठहाके में मगन थे उसी समय हम में से किसी मित्र ने चिल्लाकर ‘आंटी जी’ की पुकार लगाई. एकबारगी तो हम सभी को समझ नहीं आया, इससे पहले कुछ समझ पाते, आंटी जी की आवाज़ दोबारा गूँजी और उसी आवाज़ के साथ हम लोगों के सामने एक लड़की खड़ी दिखी. साड़ी पहले वह लड़की उस समय का आश्चर्य का केन्द्र बनती उससे पहले उसने हम सबकी बोलती सी बंद कर दी. तेज आवाज़ में उसने गुस्से भरे शब्दों में कई बातें कहीं. उसके और ज्यादा उग्र होने के पहले ही हमने खड़े होकर उसके सवाल के जवाब में कहा कि हमने कहा तुमको आंटी जी, अब बताओ क्या करोगी तुम?

 

अपनी क्रिया की इतनी तीव्र और स्पष्ट प्रतिक्रिया देखकर वह एक पल को खामोश हुई और फिर बोली कि शर्म नहीं आती आप सीनियर्स को, इस तरह से मजाक उड़ाते हुए. उसको समझाते हुए कहा कि इतना गुस्सा करने की जरूरत नहीं है. कॉलेज में आपस में ऐसी बातें होती रहती हैं. इसे सामान्य हँसी-मजाक समझना चाहिए. और यदि न समझ आ रहा हो तो बुलाएं सीनियर्स लड़कियों को? उसके जाने के बाद इस आंटी जी संबोधन पर अलग-अलग राय बनती-बिगड़ती रही.

 

अगले दिन कॉलेज का एक लड़का हमारे पास आया और बोला कि भाईसाहब, बस आप इतना बता दो कि कल उस आंटी जी किसने कहा था. हमें लगा कि ये फसाद करने के मूड में है तो उसको बोला कि हमने ही कहा था. इस पर उसने कहा कि न, हम आपको बहुत अच्छे से जानते हैं, आप ऐसा नहीं कह सकते. हॉस्टल के कारण से वह लड़का हमसे बहुत अच्छे से परिचित था. बहुत लम्बी-चौड़ी हील-हुज्जत के बाद भी वह मानने को तैयार नहीं था. बातचीत के दौरान उसने बताया कि वह लड़की उसकी भाभी है. जल्दी शादी हो जाने के कारण पढ़ाई नहीं सो सकी थी. अब पढ़ना चाह रही हैं. यद्यपि उस लड़की की उम्र हमसे कम ही थी मगर उसके बाद पूरे साल भर हम उसे फिर आंटी जी कहकर ही बुलाते रहे. समय के साथ उसके मन से भी आंटी जी वाला गुस्सा जाता रहा. और तो और बाद में उसके घर पर दो-तीन पारिवारिक कार्यक्रमों में भी हमारा जाना होता रहा.  


 

21 मई 2022

चाय की चुस्कियों वाली महफ़िलें

सुबह की गरमागरम चाय पी लेने के बाद जब मोबाइल खोला तो मालूम चला कि आज अन्तर्राष्ट्रीय चाय दिवस है. चाय के बहुत बड़े चिलमची होने के बाद भी अक्सर इस दिन को भूल जाते हैं. ऐसा इसलिए भी हो सकता है क्योंकि अब चाय हमारी जीवन-शैली में ऐसे शामिल हो गई है, जैसे साँस लेना. न हम साँस लेना याद रखते हैं, न भूलते हैं. कुछ ऐसा ही चाय को लेकर है. हँसी-मजाक के दौर में हम अक्सर सबसे यही कहते हैं कि यदि किसी को अपनी कोई समस्या सुलझानी हो, कोई रुका काम करवाना हो तो हमारा नाम लेकर, दो कप चाय चढ़ा दिया करे, जब हम मिलें तो हमें पिला दिया करे. ऐसा करने से सारे बिगड़े काम बन जाते हैं. 


बहरहाल, चाय दिवस के बारे में जैसे ही जानकारी हुई तो बहुत सी बातें याद आने लगीं. चाय से जुड़ी बहुत सी कहानियाँ हमारे साथ जुड़ी हुई हैं. इसके पीछे का कारण यह है कि हमारे सभी परिचितों को हमारा चाय शौक बहुत अच्छे से पता है. हमारा एक दोस्त तो आज भी कहता है कि कभी यदि गलती से ज्यादा चाय बन जाये तो परेशान न हो, बस कुमारेन्द्र को बुला लो. ये चाय का बल्क कंज्यूमर है. ऐसा सच भी है. कॉलेज टाइम में अक्सर चाय को लेकर शर्त जैसी अघोषित स्थिति बनी रहती थी. एक-एक बैठकी में दस-बीस गिलास चाय ऐसे गटक ली जाती थी जैसे हवा गटक रहे हों. गरम चाय पीने की आदत शुरू से ही थी मगर इस आदत में वृद्धि हॉस्टल में रहने के दौरान हो गई. उन दिनों बहुत सीमित जेबखर्च मिला करता था. चाय की तलब घनघोर रहती थी. उस पर विपदा ये कि कभी अकेले चाय पीना होता नहीं था. दो-चार यार-दोस्त संग रहते ही थे. तब आर्थिक समस्या से निपटने के दौर में एक रास्ता खोजने की कोशिश की जाती कि जो सबसे अंत में चाय पिएगा, वही भुगतान करेगा. ऐसे में जल्दी-जल्दी चाय पीने की आदत भी बन गई. हालाँकि इस नियम का कोई गज़ट पास तो हुआ नहीं था कि ऐसा होना ही होना है, बस तफरी के लिए, हाहा-हीही के लिए यह भी मौज होती रहती थी.




चाय का ही कमाल कहा जायेगा कि उसने हॉस्टल में हमें बड़े भाई जैसे रिश्ते से भी परिचित करवाया. पहली साल थी हॉस्टल में. अभी कुछ महीने ही हुए थे हमको. चूँकि चाय के जबरदस्त शौक़ीन होने के कारण हम हॉस्टल में अपने कमरे में चाय का पूरा इंतजाम किये रहते थे. उन्हीं दिनों हमसे एक साल आगे अक्षय भाईसाहब का हॉस्टल में आना हुआ. वे भी खूब चाय पिया करते थे. चाय की महक उड़ती हुई ऊपर की विंग से नीचे की विंग तक पहुँची. अपने साथ-साथ हम भाईसाहब के लिए भी चाय बनाने लगे. उस चाय से बना बड़े-छोटे भाई का रिश्ता आज भी उसी जिन्दादिली से चल रहा है. भाईसाहब के साथ-साथ फिर तो चाय की चुस्कियों में और भी लोग शामिल होते चले गए.


समय के साथ यार-दोस्त अपनी-अपनी ज़िन्दगी में व्यस्त होते चले गए, हम भी अपनी दुनिया में खोते चले गए. इसी सब में चाय तो पी जाती रही मगर चाय की महफ़िलें ख़त्म हो गईं. हॉस्टल टाइम में कभी लल्ला, जगदीश के यहाँ की चाय की घंटों के हिसाब से लगती महफ़िलें, कभी देर रात सखा-विलास के ढाबों पर चाय की चुस्की बीच कहानियों का जन्म, कभी रेलवे स्टेशन की चाय के साथ बनते-बिगड़ते सपने आदि-आदि पीछे छूट गए. चाय का स्वाद तभी है जब यारों की महफ़िल हो, ठहाके हों, गप्पबाजी हो. चाय स्वाद भी तभी देती है जबकि हाथ में चाय का प्याला हो, गिलास हो और उसकी चुस्की के साथ कोई न कोई कहानी हो. चाय की वही पुरानी महफ़िल फिर गुलज़ार करने की कोशिश है.


.

24 जुलाई 2021

तिरंगे की छाँव में शपथ दिलवाने का रोमांच

टोक्यो ओलम्पिक आरम्भ हो चुके हैं. भारत की झोली में पहला पदक आ भी गया है. ओलम्पिक के शुरू होते ही सोशल मीडिया पर, ओलम्पिक के दीवानों के दिल-दिमाग में सिर्फ और सिर्फ ओलम्पिक खेल ही छाये हुए हैं. इस दीवानगी में उस समय और वृद्धि हो जाया करती है जबकि अपने तिरंगे को लहराते हुये देखते हैं. जब भी मीडिया में, सोशल मीडिया में किसी खिलाड़ी को तिरंगे के साथ देखते हैं तो अपने आपमें ही गर्व का एहसास होने लगता है. इस सुखद एहसास के साथ दिल-दिमाग में ओलम्पिक खेलने का जोश, उसका उत्साह भी उमड़ने-घुमड़ने लगता है. जो लोग खेलों के दीवाने हैं, शौक़ीन हैं, खिलाड़ी हैं वे निश्चित ही कल्पना-लोक में अपने आपको ओलम्पिक खेलों के बीच खड़ा पाते होंगे.


अब पता नहीं ऐसा सबके साथ होता है या नहीं मगर हमारे साथ बहुत जबरदस्त तरीके से होता है. खेलों का आयोजन अपने आपमें रोमांच भरता है और उस पर भी यदि बात ओलम्पिक की हो तो कहने ही क्या. हालाँकि एशियाई खेलों को लेकर भी एक अलग तरह का उत्साह रहता है मगर जिस तरह का जोश ओलम्पिक के आयोजन के समय खुद में नजर आने लगता है, उसकी बात ही निराली है. ओलम्पिक खेल, ओलम्पिक के पाँच गोलों का प्रतीक चिन्ह और उस पर तिरंगा ध्वज का लहराना रोम-रोम में जोश, ऊर्जा का संचार कर देता है. घर पर स्क्रीन के सामने बैठने के बाद भी यही लगता है जैसे उस सम्बंधित प्रतियोगिता में हम स्वयं भाग ले रहे हैं.


इस सुखद एहसास के पीछे का एक कारण हमारा खुद में खिलाड़ी होना भी है. कॉलेज में खेल-खेल में ही एथलेटिक्स में उतर आये थे, जिसके चलते पाँच हजार मीटर और दस हजार मीटर दौड़ के साथ-साथ भाला फेंक में भी सहभागिता होने लगी. स्नातक के अंतिम वर्ष में एथलेटिक्स टीम के कप्तान का दायित्व हमें सौंपा गया. जिस समय हमें इस दायित्व से अवगत कराया गया उस समय इसमें हमें कुछ विशेष समझ नहीं आया मगर जिस दिन कॉलेज में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आरम्भ हुआ उस दिन गर्व की अनुभूति हुई. प्रतियोगिताओं के आरम्भ होने के पहले एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेने वाले पचास के करीब खिलाड़ियों को खेल भावना का निर्वहन करने सम्बन्धी शपथ का दिलवाया जाना आज भी रोमांच से भर देता है. इस रोमांच का कारण एक तरफ इतनी बड़ी टीम का कप्तान होना तो था ही उससे ज्यादा रोमांच था तिरंगे की छाँव में खड़े होकर शपथ दिलवाना.




ये और बात है कि खेलों की तरफ कभी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, उसी क्षेत्र में कैरियर बनाने जैसा कुछ विचार नहीं किया. आज भले ही हम किसी खेल में देश का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं मगर स्क्रीन पर खेलते खिलाड़ी को देखकर खुद के खेलने का एहसास होता है, तिरंगे के साथ जोश-ऊर्जा में दिखाई देते खिलाड़ियों में अपने होने का एहसास होता है. ये एहसास तिरंगे का है, ये एहसास खेल का है, ये एहसास खेल भावना का है. 


.

07 जनवरी 2021

होनी तो हो के रहे, अनहोनी न होए

अक्सर ऐसा होता है कि कोई-कोई दिन बहुत ख़राब निकलता है. कई बार खुद का मन ही ऐसा होता है कि किसी काम में मन नहीं लगता है और कई बार ऐसा होता जाता है कि मन अपने आप ही ख़राब होता जाता है. इसी के साथ-साथ कई बार ऐसा भी होता है कि एक के बाद एक इस तरह से खबरें सामने आती जाती हैं कि पूरा दिन ख़राब समझ आता है. आज कुछ ऐसा ही हुआ.


सुबह-सुबह बाबा जी के निधन की खबर मिली. ये बाबा जी हमारे पिताजी के बड़े मामा जी थे. हमारे बाबा जी इस दुनिया को बहुत पहले ही छोड़कर चले गए थे और पन्द्रह वर्ष पहले हमारे पिताजी भी इस दुनिया को छोड़ अनंत यात्रा को चले गए थे. पिताजी के दो मामा थे. छोटे मामा जी यानि कि हमारे छोटे बाबा जी का बहुत साल पहले निधन हो गया था. बड़े बाबा जी से काफी समय तक संपर्क बना रहा किन्तु इधर कुछ वर्षों से उनसे बात नहीं हो सकी थी. बाबा जी से भले ही बात न हो पा रही हो मगर उनके बड़े बेटे, हमारे चाचा जी से संपर्क बना हुआ था. सभी के हाल-चाल मिल जाते थे, उनसे पारिवारिक कार्यक्रमों में मिलना-जुलना भी हो जाता था. इधर कुछ महीनों से इच्छा होती थी कि किसी दिन बाबा जी से फोन से बात की जाये. यह इच्छा बस इच्छा ही बनी रह गई और आज उनके निधन की खबर ने दुखी कर दिया. दुःख उनके जाने का तो हुआ ही, साथ ही दुःख इसका हुआ कि हम अपने जरा से आलस के चलते उनसे बात न कर सके.


बाबा जी के निधन की खबर अपने अन्य परिजनों को, चाचा लोगों को देने के लिए मोबाइल से संपर्क किया तो एक और बुरी खबर ने आकर घेर लिया. अम्मा से बाबा जी के सम्बन्ध में बात हुई तो जानकारी हुई कि गुड्डू चाचा का निधन हो गया है. इस खबर पर विश्वास ही नहीं हुआ. विश्वास इसलिए भी नहीं हुआ क्योंकि वे हमउम्र थे और ऐसी कोई आशंका भी नहीं थी. पहले लगा कि अम्मा के पास गलत खबर पहुँची होगी फिर मन न माना तो इस बुरी खबर की पुष्टि के लिए संपर्क साधा गया. बुरी खबरें शायद कभी गलत नहीं होतीं सो ये खबर भी गलत न निकली. गुड्डू चाचा हमारे पिताजी के मौसेरे भाई थे, उनकी असमय कल मृत्यु हो गई. उनसे इस रिश्ते के अलावा एक और अद्भुत रिश्ता बना हुआ था. उनके छोटे भाई हमारे साथ हॉस्टल में रहे थे. अध्ययन की स्थिति में हमसे एक वर्ष पीछे होने के कारण, हॉस्टल के रिश्ते के कारण एक दूसरा रिश्ता हम लोगों के बीच बना हुआ था. यह रिश्ता किसी भी रक्त-सम्बन्धी रिश्ते से बढ़कर उस समय भी था, आज भी है और कल भी रहेगा.


इन दो खबरों से गुजरते हुए दिन भर अजीब सी भागदौड़ रही. मन खिन्न रहा, उदास भी रहा. होनी-अनहोनी की अवधारणा को मानते हुए इन खबरों को भी स्वीकारना पड़ा. सबकुछ समय के हाथ होता है यही सोच कर मन को समझाया और इस कामना के साथ कि अब दिन किसी बुरी खबर की सूचना न दे, दिन के गुजरने का इंतजार करने लगे. दिल में यही शब्द गूँजते रहे कि होनी तो हो के रहे, अनहोनी न होए. 


.
वंदेमातरम्

21 जुलाई 2020

रामलला हम आ रहे, अबकी मंदिर ही बना रहे

इधर लगातार खबरें आ रही हैं कि पाँच अगस्त को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की आधारशिला रखी जानी है. इस खबर में कितनी सत्यता है, कितनी नहीं ये तो खबर प्रसारित करने वाले जानें मगर दिल को बहुत शांति मिली इस खबर के बाद. पिछले कई दशकों में अपने ही देश में अपने ही आराध्य को लेकर जिस तरह की जलालत झेलनी पड़ी है, वह असहनीय रही. इस खबर के बाद याद आ रहा है वह दौर जबकि किसी भी व्यक्ति के लिए अपना कैरियर बनाने का समय होता है. उस दौर में हमारे समय के लोगों को एक तरफ आरक्षण सम्बन्धी कानून की मार से जूझना पड़ा साथ में अपने मर्यादा पुरुषोत्तम की मर्यादा को बचाने के लिए लड़ना पड़ा.



उन दिनों को याद करते हुए आँखों में बार-बार नमी आ जाती है जबकि उन दिनों के अपने मित्रों के, अपने कार्यों को याद करते हैं. ये ईश्वर का आशीर्वाद कहा जायेगा कि हम लोग श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण देखने के लिए जीवित हैं, बहुत से कारसेवक ऐसे हैं जो किसी और के नेत्रों से इस दृश्य को देख रहे होंगे. उन दिनों जैसे जूनून सिर पर हावी था. कारसेवकों की सूची बनानी हो, लोगों को अयोध्या के सम्बन्ध में जागरूक करना हो, श्रीराम जन्मभूमि के बारे में जानकारी देना हो सब ऐसे होता था जैसे ये जीवन के लिए अनिवार्य हो. ऐसा नहीं कि सभी साथी इसी में अपने आपको झोंक दिए हों मगर कुछ साथी ऐसे थे जिनके लिए यही एकमात्र काम था. न भविष्य की चिंता, न कैरियर की चिंता, न नौकरी की चिंता बस दिमाग में एक ही बात रहती कि कैसे भी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि का सपना सच करवाना है.

हमारे हॉस्टल के बहुत से साथियों ने अपना सक्रिय योगदान इसमें दिया. बहुत से लोग दिन-रात एक करके इसी में लगे हुए थे. छोटे-छोटे ग्रुप बनकर सपने को सच करवाने के लिए लगे हुए थे. उस समय बस एक सपना सच हुआ कि एक विवादित ढाँचा गिरा. उसके बाद सपनों भरी आँखों ने और अधिक सपने सजा लिए. अबकी उन सपनों में मंदिर का निर्माण था. सपने समय के साथ सच होते हैं, ऐसा सुना था मगर आज देख लिया. तमाम कानूनी दांवपेंच, अवरोध दूर होते रहे और अब खबर आने लगी श्रीराम मंदिर निर्माण की. इन्हीं आँखों ने विवादित ढाँचा गिरते देखा था, यही आँखें श्रीराम मंदिर निर्माण भी देखेंगी.

जय श्रीराम


.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

16 जुलाई 2020

इस बार तुमने रुला दिया अशीम

उस दिन बहुत से चेहरों से दो दशक से अधिक समय बाद मिलना हो रहा था. बहुत से चेहरे तो ऐसे थे जिनसे पहली बार मिलना हो रहा था. उस दिन के पहले न कभी भी, कहीं भी मुलाकात हुई थी, न कभी कोई बात हुई थी, न फोन से कोई बात हुई थी इसके बाद भी उन तमाम नए चेहरों पर सम्मान भाव झलक रहा था, आदर का भाव स्पष्ट दिखाई दे रहा था.


कॉलेज के उस कैम्पस में, जिसे छोड़े हुए चौबीस साल हो गए थे बहुत सारे जाने-अनजाने चेहरों से आत्मीयता के साथ मिलना हुआ. उन्हीं पहली बार मिलने वाले चेहरों में से एक चेहरा ऐसा सामने आया जो बस परेशान सा करता दिख रहा था. परेशान करने का अंदाज भी ऐसा जिसमें परेशानी नहीं बल्कि अपनेपन का बोध झलक रहा था. लोगों के साथ हँसी-मजाक करने का ऐसा स्वरूप जो उस चेहरे के खिलंदड़ बोध को बता रहा था.

हॉस्टल मीट के दौरान चाय-नाश्ते के इंतजाम में खुद तत्पर अशीम 

उसकी तमाम उलटी-सीधी हरकतों के बीच हमारी चाय पीने की इच्छा को वह जग भर चाय लेकर पूरी करने आ गया. अपने उस परिवार में बड़े होने के हमारे बोध ने उस चेहरे के प्रति आकर्षण नहीं जगाया मगर इतना संकेत अवश्य करवाया कि ये व्यक्ति चुपचाप बैठने वालों में से नहीं है. चाय-नाश्ता बनने के दौरान उसकी तमाम हरकतों के बीच उस नए-नवेले चेहरे का परिचय अपने पुराने साथियों से लिया तो मालूम चला कि उस चेहरे का नाम अशीम है, अशीम प्रकाश जैन. उसकी तमाम हरकतों को देखते हुए मन ही मन एक प्रतिक्रिया उभरी कि हमारे परिवार का ये भी एक बवाली सदस्य समझ आ रहा है.


चूँकि उस दिन हम सभी हॉस्टल मीट के आयोजन पर दो दशकों से अधिक समय बाद मिल रहे थे तो सभी एक-दूसरे से मिलने, पुराने दिनों को याद करने, आपस में सबकी टांग खिंचाई में लगे थे. उसी दौरान अशीम की अपनी स्वाभाविक सी हरकतों के बीच किसी ने हमारी तरफ इशारा करते हुए उसे टोका भी कि न हुए तुम इन भाईसाहब के समय में न तो भूल जाते सब नौटंकी. उसकी प्रतिक्रिया में उसकी हँसी पर हम सब मुस्कुरा कर उसकी हरकतों का आनंद लेते रहे.

कॉलेज के हॉल में बैठने के बाद आपसी संवाद, परिचय, कार्यक्रम के दौरान अशीम की गतिविधियाँ निरंतर बिना किसी गतिरोध के, बिना किसी झिझक के चलती रहीं. मंच संचालक युवक-युवती से माइक छीन कर अपनी बात कहने लगना, परिचय के दौरान अपने साथियों पर कमेंट करना आदि हास्यबोध के रूप में बराबर बना रहा. उस दौरान उसे यह कहते हुए टोका कि अशीम अब न माने तो अभी मंच पर सबके सामने तुम्हारी रैगिंग ले ली जाएगी. इसी दौरान एक बड़े भाई द्वारा उसे एक टिप्पणी पर बुरी तरह से डाँट भी पड़ी मगर अशीम जैसे किसी सीमा में बंधा ही नहीं था. उसकी बालसुलभ हरकतें लगातार ज़ारी रहीं.


वो दिन सबके हंगामा काटने का ही दिन था, सबको एक-दूसरे को देखकर उत्साहित होने के दिन था, सबको पुराने दिनों में गोते लगाने का दिन था इसलिए सब अपनी ही रौ में मगन थे. उस दिन के बाद अशीम से मुलाकात का माध्यम सोशल मीडिया के मंच बने रहे. कभी-कभी उसकी वही हास्य से भरी इक्का-दुक्का टिप्पणी पढ़ने-देखने को मिलतीं, कभी-कभी फोटो-वीडियो से मुलाकात हो जाती मगर उस दिन के बाद आमने-सामने मिलना न हो सका.

इसके बाद भी जिस बंधन में हम सभी हॉस्टल के भाई बंधे हुए हैं वह आपस में आत्मीयता बनाये रहा. उसी आत्मीय माला के एक मोती के रूप में आज अशीम के सीमामुक्त हो जाने का समाचार मिला. एकबारगी विश्वास ही न हुआ. अभी महज बारह-पंद्रह दिन पहले उसके वीडियो देखे थे. आपस में टीका-टिप्पणी भी हुई थी और आज ये खबर. विश्वास न होने के कारण इधर-उधर संपर्क साधा गया और अंततः बुरी खबर के सत्य होने की पुष्टि हुई. हॉस्टल के भाइयों की माला का एक फूल असमय सूख गया. अचानक से 8 अप्रैल 2017 का वह दिन और अशीम की तमाम हरकतें आँखों के सामने घूम गईं.

उस दिन के बाद से हॉस्टल बगिया के दो फूल असमय मुरझाकर हम सबको रुला गए. बहुत कुछ सोचते थे, बहुत कुछ बस विचारों में ही रह गया. अब न अशीम को मिलना है, न उसकी उन हास्यबोध से भरी हरकतों से सामना होना है, न उससे रैगिंग लिए जाने की बात कह पाना है. अब बस वो हम सबकी यादों में है, यादों के सहारे ही हम सबके बीच है. जहाँ भी रहो, हमेशा वैसे ही हँसते-हँसाते रहो.


.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

02 जुलाई 2020

आज ओपीएस भाईसाहब नहीं रोकेंगे ज़िन्दाबाद कहने पर

आज ओपीएस भाईसाहब किसी को नहीं रोक रहे होंगे ज़िन्दाबाद कहने पर...



आज से लगभग तीन दशक पहले ऐसी स्थिति नहीं थी. तब ओपीएस भाईसाहब हम लोगों को रोकते थे अपने नाम की ज़िन्दाबाद बोलने पर. साइंस कॉलेज, ग्वालियर हॉस्टल का अपना स्वर्णिम इतिहास रहा है, उतना ही जगमगाता हुआ वर्तमान भी है. ये और बात है कि वर्तमान में हॉस्टल संचालित नहीं है मगर इसके आरम्भ होने से लेकर इसके चलने तक के सभी भाई आज भी एकसूत्र में बंधे हुए हैं.

वो 1990-91 का दौर था जबकि भाईसाहब को NSUI के जिलाध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी गई थी. हम हॉस्टल के सभी भाइयों को कांग्रेस और भाजपा से मतलब होते हुए भी व्यक्तिगत स्तर पर राजनैतिक दलों से कोई मतलब नहीं था, आज भी नहीं है. राजनैतिक स्थितियाँ सदैव किसी एक व्यक्ति के पक्ष में नहीं रहती हैं, कुछ ऐसा ही भाईसाहब के साथ भी था. वे तब माधवराव सिंधिया जी के बहुत करीब थे और उनका जिलाध्यक्ष बन जाना सिंधिया जी के अन्य बहुत से करीबियों को पसंद नहीं आया.

बहरहाल, हम लोगों के लिए यह प्रसन्नता का विषय था कि हमारे बड़े भाई को बड़ी जिम्मेवारी मिली है. हम सभी तत्परता से उनके साथ लगे हुए थे. उन्हीं दिनों माधवराव सिंधिया जी का ग्वालियर आना शताब्दी ट्रेन से होता था. हम सभी हॉस्टल के भाई ओपीएस भाईसाहब के निर्देशन में रेलवे स्टेशन सिंधिया जी के स्वागत में पहुँच जाते.

ट्रेन आने के बहुत पहले से लेकर ट्रेन आने तक तमाम बड़े-बड़े नेताओं की ज़िन्दाबाद होती रहती. हॉस्टल में चीखने-चिल्लाने के मामले में एमपीसिंह कुशवाह भाईसाहब और हमारा कोई जोड़ नहीं था. परीक्षाओं में बहुविकल्पीय की नक़ल के लिए बनाये गए रोलनंबर के लिए हम दो लोगों को कार्य सौंपा जाता था. (इस बारे में बाद में)

रेलवे स्टेशन पर बहुत सारे बड़े-बड़े नेताओं की ज़िन्दाबाद के बीच हम हॉस्टल के भाई ओपीएस भाईसाहब का नाम लेकर ज़िन्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर देते. हम सभी भाइयों की समवेत आवाज़ इतनी तेज होती कि पूरा स्टेशन भाईसाहब के नाम से गूँज उठता.

उस समय भाईसाहब दौड़ते-दौड़ते हम सबको शांत करने की कोशिश करते. चूँकि उनका जिलाध्यक्ष बनना बहुत से बड़े नेताओं को रास नहीं आ रहा था, वे सब भाईसाहब को हटवाने के लिए लगे हुए थे. ऐसे में भाईसाहब को डर लगता होगा कि हम भाइयों का उत्साह उनके लिए नकारात्मक न हो जाये.

ऐसा कभी नहीं हुआ. ओपीएस भाईसाहब ने जिस तरह धैर्य का परिचय दिया, अपनी लड़ाई को बीच में नहीं छोड़ा, उसका सुफल अब लगभग तीन दशक बाद उनको मिला. हम सब बहुत प्रसन्न हैं कि ये प्रतिफल अकेला उनका नहीं, हम भी हॉस्टल भाइयों का है. हम सबने भाईसाहब के संघर्ष को देखा है, उनकी सक्रियता को देखा है.

आज रेलवे स्टेशन पर नहीं बल्कि इस सार्वजनिक मंच से चिल्लाकर कहते हैं ओपीएस भदौरिया..... ज़िन्दाबाद..... भले ही इस आवाज़ में एमपीसिंह भाईसाहब स्वर नदारद है... मगर हम हॉस्टल के सभी भाई आवाज़ कम न होने देंगे, आज भाईसाहब भी अपनी ज़िन्दाबाद बोलने के लिए हमें क्या किसी को नहीं रोकेंगे.

हम सभी भाइयों की तरफ से.... ओपीएस भदौरिया भाईसाहब.... ज़िन्दाबाद.

.

#हिन्दी_ब्लॉगिंग

15 मई 2020

संस्कार की पाठशाला होता है परिवार

एक वो समय था जब हम सभी लोग एकसाथ बैठकर भोजन किया करते थे. हम सबके पास अपने-अपने काम हुआ करते थे मगर दोपहर में भोजन के समय कैसे भी करके सभी लोग एकसाथ जुड़ ही जाते थे. रात को भी यही क्रम अनिवार्य रूप से होता था. दिन के भोजन के समय और रात के भोजन के समय में एकजुटता में बस इतना अंतर हो जाता कि रात को हम तीनों भाई रसोई में ही भोजन करते. अम्मा गरम-गरम रोटियाँ सेंकतीं और हम तीनों भाई उनको घेर कर बैठते.


एकसाथ भोजन करने के ये संस्कार बचपन से ही मिले हुए थे. बचपन से देखते आ रहे कि होली, दीपावली पर सभी चाचा सपरिवार उरई इकट्ठे हुआ करते थे.  उस समय हम सब मिलकर भी एकसाथ भोजन किया करते थे. बस यहाँ इतना अंतर हो जाता कि हम सभी भाई बहिन एकसाथ, पिताजी-चाचा लोग एकसाथ और अम्मा-चाची लोग एकसाथ भोजन किया करते थे. समय के साथ सभी लोग अपनी-अपनी जगह कार्य हेतु निकल गए. समय बदलता रहा. सभी के परिवार बढ़ते रहे. धीरे-धीरे पर्वों-त्योहारों पर चाचा लोगों का आना कम होता रहा परन्तु हम सबका मिलना बंद न हुआ. जब भी सभी लोगों का मिलना होता तो भोजन एकसाथ ही होता है.


बहुत से परिवार आज भी ऐसे हैं जो एकसाथ रह रहे हैं, एकसाथ भोजन करते हैं. आज के दौर में परिवार का साथ रहना ही महत्त्वपूर्ण है मगर उससे भी कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण है एकसाथ मिलकर भोजन करना. यह स्थिति आपसी समन्वय, सामंजस्य की भावना को जन्म देती है. कई बार सीमित खाद्य-सामग्री के साथ सभी के द्वारा उसका स्वाद लेने का अपना ही आनंद है. यह भावना एक-दूसरे के प्रति समर्पण, सम्मान, रिश्तों की गरिमा को भी पुष्ट करती है.


अपने रक्त-सम्बन्धी परिजनों के साथ बने एक परिवार के साथ-साथ हमें अपने हॉस्टल परिवार के साथ भी ऐसा आनंद लेने का अवसर मिला है, आज भी मिल रहा है. आज भी बहुत अच्छे से याद है कि हॉस्टल में हम कई लोग दूध लिया करते थे. जाड़े के दिनों में विशेष रूप से सभी लोग अपना दूध एक बड़े से भगौने में इकठ्ठा कर लेते थे और उसमें रोटी मिला दी जाती थी. उस समय कितने-कितने हाथ एकसाथ उस दूध-रोटी का आनंद लेते, कोई खबर नहीं. न किसी का धर्म पूछा जाता, न किसी की जाति से कोई लेना-देना होता. इस दूध-रोटी के स्वाद में इसका अंत सबसे ज्यादा मस्ती भरा हुआ करता था. अंतिम दौर में दूध-रोटी का रबड़ी जैसा बन जाना सबको लालच देता था. उसके लिए जिस तरह की छीना-झपटी होती वह उस समय भी हास्य का माहौल बनाती थी, आज भी चेहरे पर मुस्कान ला देती है.


आज, विश्व परिवार दिवस पर कामना यही कि सभी परिवार सुख से रहें. इस लॉकडाउन में सबको सद्बुद्धि मिले और भविष्य में सभी परिवार आपसी मतभेद भूलते हुए एकसाथ रहें.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

03 मई 2020

इक पगली मेरा नाम जो ले... तो ये हाल हो जाए

सर्दी की कड़कड़ाती सुबह थी. चाय की तलब के आगे सर्दी, गर्मी, बरसात कहीं नहीं लगती थी. एक आदत बुरी यही पड़ी है, चाय पीने की. सुबह और शाम को एक बार पीनी ही पीनी है, चाहे क़यामत आ जाये. उस दिन सुबह शाल लपेट चाय पीने के लिए निकल पड़े. हॉस्टल के गेट से सड़क तक पहुँचने के लिए दो-ढाई सौ मीटर का रास्ता तय करना पड़ता था. सोचिये, कितनी कठिन तपस्या करनी पड़ती थी. सर्दी की कंपकंपाती सुबह, चाय की घनघोर तलब और इतना लम्बा रास्ता. चले जा रहे थे मुँह में चाय का स्वाद बनाते हुए. उसी समय सड़क पर कुछ डायोड, ट्रांजिस्टर जैसे अंग पड़े हुए थे. विज्ञान प्रगति, अविष्कार जैसी पत्रिकाओं के कारण छोटे-मोटे वैज्ञानिक बनने का प्रयास भी कर लेते थे. हालाँकि हर प्रयास में असफलता ही मिली किन्तु किसी न किसी दी सफलता मिलेगी, प्रयोग करते ही रहे. आगे के किसी प्रयोग में ये सब पार्ट्स काम आ सकते हैं, उठा लिए.


कुछ कदम और आगे बढ़े तो इसी तरह के दो-चार पार्ट्स और बिखरे दिखे. पहले सोचा कि पता नहीं किसने फेंके हैं, बेकार ही होंगे मगर फिर उनको भी उठा लिया. यहाँ अपने बाबा जी की एक बात याद आ गई कि सकल चीज संग्रह करे, काऊ दिन आबे काम. इसी सोच के साथ अभी उन दो-चार तत्त्वों को समेट कर जेब के हवाले कर भी न पाए थे कि आँखों के आगे कुछ और चीजें दिखाई दीं. अबकी दिखाई देने वाली चीजें कुछ परिचित सी समझ आईं. थोड़ा दिमाग दौड़ाया तो वे सब हिस्से अपने भाईसाहब के टेप रिकॉर्डर के समझ आये. जैसे ही उन सारे हिस्सों को देखा और कुछ बाहरी सा हिस्सा देखा तो साफ़ समझ आ गए कि ये टेप रिकॉर्डर ही है.

अब चाय का स्वाद गायब. दिमाग दौड़ने लगा टेप रिकॉर्डर की ऐसी दुर्गति के मूल में. इसके साथ ही आँखें तलाशने में लगी थीं बेचारे टेप रिकॉर्डर के अंग-प्रत्यंगों को. कुछ हिस्से सड़क किनारे लगे तारों के दूसरी तरफ बबूल के जंगल में नजर आये. तार कूद दूसरी तरफ जाकर लगभग पूरा का पूरा टेप रिकॉर्डर जरा-जरा से हिस्सों में बरामद कर लिया गया. ओढ़े हुए शाल में उसके बेजान हिस्सों को समेट कर बजाय चाय पीने के वापस हॉस्टल लौट सीधे भाईसाहब के कमरे में पहुँचे. तब तक इतनी सुबह हो चुकी थी कि वे सब लोग भी जाग चुके थे. नित्यक्रिया से निपटने के बाद चाय पीने की तैयारी में शेष पलटन भी लगी हुई थी. हमने बिना कुछ कहे पलंग पर शाल खोलकर सारे कल-पुर्जे बिखेर कर रख दिए. एक भाईसाहब को छोड़ सबकी आँखें खुली की खुली रह गईं.


कुछ घंटों पहले रात में जो कुछ हुआ, वो अब सबकी समझ आ गया था. असल में हम कुछ मित्र-मंडली हॉस्टल में एक कमरे में बैठे गपशप करने में लगे थे, सीनियर भाईसाहब को छोड़कर. वे ख़ामोशी से आँखों को आने हाथ से बंद किये लेते हुए थे. उनके ऐसे खामोश से लेते रहने का कारण हम दो दोस्तों को पता था. कॉलेज में जिस लड़की को वे पसंद करते थे, उससे कुछ अनबन हो गई थी. हम दोनों दोस्त कुछ देर पहले उन्हें इसी बात पर चिढ़ाते भी रहे थे, छेड़ते रहे थे. उनके चुप लेटने पर हम लोग अच्छा महसूस नहीं कर रहे थे. ऐसे में उनको सक्रिय करने के लिए, इस मनोदशा से बाहर लाने के लिए उनके पसंद की ग़ज़ल टेप रिकॉर्डर पर चला दी. गुलाम अली की आवाज़ में एक पगली मेरा नाम जो ले शरमाए भी, घबराए भी ग़ज़ल को हम लोग उसी लड़की से जोड़कर खूब सुनते थे.

अभी ग़ज़ल पूरी हो भी न पाई थी कि भाईसाहब ने उसी अवस्था में लेते-लेते आदेश दिया, टेप बंद करो. हम दोनों दोस्तों ने एक-दूसरे को देखा और मुस्कुरा कर टेप चलने दिया. कुछ देर में ग़ज़ल पूरी हुई तो हमने उसे रिवाइंड करके फिर शुरू कर दिया. टेप बंद करने का आदेश फिर हुआ. हम लोगों की वही प्रतिक्रिया रही. अबकी ग़ज़ल उसके आगे बढ़ न सकी थी कि भाईसाहब उठे और टेप बंद करके हम दोनों को गुस्से से घूरा और लेट गए. उनके गुस्से से हम सभी परिचित थे सो गुस्से का आदर भी करते थे, बचते भी थे. कुछ मिनट तक हम लोग भी चुप रहे फिर अपने-अपने काम में मगन हो गए.

ठण्ड खूब थी ही, सो रजाई में लिपटे आराम से लेते थे. तभी भाईसाहब का उठना हुआ और शाल लपेट कर एक झटके में बाहर निकल गए. यह सब इतनी तेजी से हुआ कि हम लोगों को कुछ समझ नहीं आया. उस रात ये अंदाजा हम में से किसी को नहीं था कि भाईसाहब झटके में टेप रिकॉर्डर को उठाकर बाहर निकल गए थे. बताने की आवश्यकता नहीं कि रात को उन्होंने हॉस्टल वाली सड़क पर गुम्मे के सहारे उस टेप रिकॉर्डर की, उस कैसेट की हत्या करके उसके अंग-प्रत्यंग सबूत मिटाने की दृष्टि से इधर-उधर बिखेर दिए. वही अंग सुबह हमारे हाथ लगे और एक मासूम की हत्या का राज़ खुला.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

02 मई 2020

गुलेल के रास्ते आया आँसुओं का ज़लज़ला

काफी देर तक समझाने के बाद भी उस लड़की के आँसू नहीं थम रहे थे. वे चार-पाँच लड़कियाँ गर्ल्स कॉमन रूम के एक कोने में खड़ीं आगे की कुछ योजना बनाने में लगी हुई थीं. उनके ग्रुप की एक दूसरी तेज-तर्रार लड़की बार-बार प्राचार्य से शिकायत करने पर जोर दे रही थी. हमारे एक मित्रवर, जो उन्हीं लड़कियों के साथ पढ़ा करते थे, लगातार समझाने की कोशिश कर रहे थे मगर न तो रोने वाली लड़की के आँसू रुक रहे थे और न ही वह तेज-तर्रार सी लड़की अपने हाव-भाव को नियंत्रित कर रही थी. 

हमारे मित्र वैसे तो बातें पुटकने में बहुत माहिर रहे हैं, आज भी हैं. ये तो संभव ही नहीं था कि वे कोई मामला, खासतौर से लड़कियों से सम्बंधित, सुलझाने जाएँ और वो सुलझे नहीं. बस ऐसे किसी भी मसले में शामिल होने पर वे अपनी इमेज का बहुत ख्याल रखते थे. जब उनको लगा कि बात, हालात उनके नियंत्रण से बाहर जा रहे हैं, स्थिति तनावपूर्ण होती जा रही है तो उन्होंने एक और दाँव फेंका.

वो बेर तुमको नहीं, इसे मारना था. तुमको तो ग़लती से लग गया. आँसू बहाती लड़की को समझाते हुए मित्रवर ने तेज-तर्रार लड़की की तरफ इशारा किया. उसका इतना कहना था कि उसके आँसू बहना रुक गए और दूसरी लड़की का शिकायत करने का सुझाव कहीं खो गया. अब उसने रोना शुरू कर दिया. तब तक हमारा भी वहाँ पहुँचना हो गया.

असल में जो काण्ड हुआ था, उसके बाद आती प्रलय, आँसुओं के ज़लज़ले को थामने के लिए ही अपने मित्र को भेजा गया था. उसे गए जब देर हो गई तो लगा कि मामला कहीं फँस रहा है. डर ये भी लगा कि कहीं अपनी इमेज बनाने के चक्कर में हमारे मित्र महोदय ज़लज़ले में सबकुछ न उलट-पुलट करवा दें. हमने देखा कि जो रोता हुआ चला था, वह अब शांत है और उसकी जगह कोई और आँसू बहाने में लगा है. हमने मित्र को देख इशारा किया तो उसने शांत रहने का इशारा किया.

जैसे ही उस तेज-तर्रार लड़की ने, जो अब रोने में लगी थी (रोते हुए बड़ी प्यारी लग रही थी. हम अपनी इमेज-फिमेज की चिंता नहीं करते थे, न तो ज़लज़ला आ ही जाने देते उस दिन) उसने जैसे ही हमें देखा तो बड़े गुस्से में बोली, ये सिखाते हो आप लोग अपने जूनियर को? तमीज नहीं कि किसके साथ कैसा व्यवहार करना है?

हमने उसे शांत रहने का इशारा किया मगर वो कहाँ मानने वाली. समझाते ही उसका स्वर और तेज हुआ. बोली, आज की सारी बात अपने भैया लोगों को बताएँगे. अब वे ही आकर निपटेंगे.

जैसे ही ये निपटने, निपटाने जैसे शब्द सुने तो हॉस्टल की पानी की टंकी में उबाल आ गया. समझाने-बात करने, मामला निपटाने के क्रम में मालूम चला कि उसके रिश्तेदारी में मिलाकर आठ-नौ भाई हैं. उससे हमने कहा, सुनो, भाइयों को पिटवाने का शौक हो तो बिलकुल बता देना. तुम्हारे आठ-नौ भाई हैं पर हम चालीस-पचास भाई हैं.

ये सोचकर कि बात न बिगड़े, मामला प्राचार्य तक न पहुँचे, उसे समझाया कि चुप हो जाओ. तुमको तो लगी भी नहीं. जिसे लगी है वह कुछ बोल नहीं रही. उस जूनियर को हम समझा देंगे.

इसके बाद शायद उसको समझ आया. उसने ख्यालों में अपने भाइयों की कुटाई भी देख-समझ ली होगी. आराम से आँसू पोंछ वह सबको लेकर गर्ल्स कॉमन रूम से बाहर निकल आई. हम अपने मित्र को दुखी दुखी सा देखते रहे. उसे लग रहा था कि उनके साथ पढ़ने वाली लड़कियों के सामने एक जूनियर की बदतमीजी ने उसकी इमेज को दाग लगा दिया.


++

असल में पूरा किस्सा उस दिन शुरू हुआ पानी की टंकी के पास गिरे बेरों से. उस दिन हम दोस्त पानी की टंकी के पास पड़ी खाली जगह पर बैठे हुए थे. वह जगह एक बेर के पेड़ के नीचे बनी थी. परीक्षा का समय नजदीक था. प्रैक्टिकल चल रहे थे, सो कक्षाएँ भी गिनी-चुनी लग रही थीं. कॉलेज में विद्यार्थियों का आना-जाना भी कुछ सीमित सा हो गया था. हॉस्टल वालों के पास कॉलेज जाना एक अनिवार्य कार्य हुआ करता था. ऐसा लगता था जैसे कॉलेज नहीं जाया जायेगा तो धरती पलट जाएगी, प्रलय हो जाएगी. उस दिन भी धरती को पलटने से बचाने के लिए, प्रलय को रोकने के लिए हॉस्टल की पलटन के कुछ सिपाही उसी जगह जमे हुए थे. हँसी-मजाक, शरारतों का दौर चल रहा था. बेर के पेड़ से टपकते कुछ बेरों का और कुछ गिराए गए बेरों का स्वाद लिया जा रहा था. इस हँसी-मजाक के बीच ही एकदम से हड़बड़ सी समझ आई.

जब तक समझ में बात आती, सामने लड़कियों के एक ग्रुप में से एक लड़की ने हमारी तरफ देखते हुए तीखी, तेज आवाज़ में चिल्लाते हुए कहा कि बैठे-बैठे बदतमीजी करवा रहे हो. उसका रोना साफ़ समझ आया. इससे पहले कि उनसे कुछ पूछते, वे सब वहाँ से तेजी से चल दीं. हमारे पास खड़े एक जूनियर ने बड़े ही तीरंदाजी वाले स्टाइल में हँसते हुए बताया कि उसने गुलेल से बेर मार दिया. उसके मुँह से कुछ और निकलता उसके पहले एक तेज कंटाप से उसे शांत कर दिया. बात को सँभालने के लिए अपने मित्र को भेजा क्योंकि वे लड़कियाँ उसके साथ पढ़ा करती थीं.

++


हम हॉस्टल वाले भाई खूब शैतानियाँ, शरारतें करते थे, खूब लड़ाई-दंगे जैसी स्थिति भी बनती थी मगर लड़कियों को परेशान करने, उनको छेड़ने जैसी किसी भी हरकत का समर्थन नहीं करते थे. यही कारण था कि उसी समय गलती का परिणाम एक तमाचे के रूप में उसे मिला. 

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

24 अप्रैल 2020

ये उन दिनों की बात है

सोशल मीडिया पर इन दिनों अपनी बीस वर्ष की उम्र की फोटो शेयर करने का ट्रेंड चलने में लगा है. अच्छा है यह, इस बहाने फुर्सत के पलों में सबको अपने पुराने दिनों में सैर करने का अवसर मिल रहा है. फोटो एल्बम आज से पंद्रह-बीस साल पहले घरों का विशेष आकर्षण हुआ करते थे. मेहमानों के आने पर कुछ देर की बातचीत के बाद एक निश्चित कार्यक्रम हुआ करता था, एल्बम दिखाने का. उन दिनों फोटो खींचना, खिंचवाना और उसके बाद उनका एल्बम बनवाया जाना मुख्य काम में शामिल हो जाया करता था. एल्बम आने के बाद उसे देखने के लिए परिवार में मारा-मारी भी आम बात हुआ करती थी. लॉकडाउन के इस दौर में उन दिनों की याद बीस वर्ष की उम्र की फोटो के चक्कर में बहुत से लोगों ने कर ली होगी.


हमने भी उस उम्र की फोटो खोजने के चक्कर में कई-कई एल्बम देख मारे. घर के, हॉस्टल के, कॉलेज के, दोस्तों के साथ के और एक-एक फोटो के साथ घंटों के हिसाब से कहानियों का सुनना-सुनाना. हम अपनी उस समय की ऐसी फोटो खोज रहे थे जिसमें किसी न किसी तरह की गतिविधि करते हों. उस समय कई फॉर्म वगैरह के चक्कर में सादा पासपोर्ट आकार की फोटो खिंचवाई गईं थीं, जिनमें से कुछ के रंग उड़ गए हैं और कुछ बीस साल की उम्र से इधर-उधर की हैं.


इसी में एक फोटो मिली अपने कॉलेज के समय की. उस समय हम स्नातक अंतिम में थे. उस समय हम बीस वर्ष से महज छह माह पीछे थे. उस फोटो में हमारे जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के कुलपति महोदय हैं. उनके द्वारा एक कार्यक्रम में हमें कॉलेज की एथलेटिक टीम के कप्तान और एथलेटिक प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया था.

कुलपति महोदय, जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर (मार्च 1993)

दूसरी फोटो उस समय की है जबकि हम बीस वर्ष की उम्र से दो-तीन महीने आगे निकल गए थे. उस समय हमने अपने नए बने मकान के एक कमरे को स्टडी रूम बना रखा था. उसी में अचानक से इस फोटो को खींच लिया गया था.


फोटो के सहारे बीते दिनों में गोते लगाते-लगाते वापस वर्तमान में आना बहुत मुश्किल लगता है. इसके बाद भी आना तो होता ही है. सो एल्बम बंद करके वापस आज में लौट आये, अपनी वे फोटो लगाने को जो बीस वर्ष की उम्र से इधर-उधर की हैं.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

21 अप्रैल 2020

बने विश्व विजेता कुत्तों के बिस्किट के नाम पर

आजकल सभी फुर्सत में हैं और उसी फुर्सत में वे सभी लोग एक-दूसरे से पूरी तबियत से जुड़ते जा रहे हैं जो दिल से जुड़े हुए हैं. इसी जोड़ लगाने में हमारे हॉस्टल के भाई बड़े काबिल हैं. ग्रुप के माध्यम से दिन भर किसी न किसी की मौज ली जाती है. इसमें छोटे, बड़े किसी को नहीं छोड़ा जाता है पर ध्यान यही रखा जाता है कि मौज के लिए की जा रही किसी भी बात से, मजाक से, घटना से किसी बड़े भाई का अपमान न हो. रिश्तों की आत्मीयता, गरिमा बनाये रखते हुए बीते दिनों की बातें याद करते हुए दिन भर किसी न किसी रूप में हँसी-ठठ्ठा चलता रहता है. 


इसी में कुछ ऐसी बातें भी याद आ जाती हैं जो कहीं कोने में दब-छिप गईं हैं. ऐसी ही एक घटना याद आ रही हॉस्टल के समय की जबकि हम लोगों का सामना गोल आकार के बिस्किट से हुआ था. शायद ये बहुत से लोगों को आश्चर्य लग रहा होगा मगर सच यही है. ये बात वर्ष 1992 की है. उस समय तक पारले के चौकोर बिस्किट से ही हमने अपना स्वाद बनाया हुआ था. संभव है कि उस समय और भी बिस्किट आते हों मगर हमारी किस्मत में वही पारले का बच्चा था. एक शाम हम कुछ मित्र अपनी नियमित दिनचर्या के हिसाब से चाय पीने के लिए निकले. सड़क किनारे कई ट्रक रुके खड़े हुए थे. आगरा-बॉम्बे रूठ वाली ये सड़क ट्रकों के आवागमन से भरी रहती थी.


ट्रक खड़े देखे तो शैतानी सूझ उठी. हॉस्टल की वानर सेना में कुछ एक ज्यादा ही सक्रिय थे, हमारे जैसे, बस इधर-उधर से चढ़ने की जुगाड़ बनाई गई. ये शायद ट्रक में रखे सामान की किस्मत थी कि उसे हम सबके हाथ से सुशोभित होना था, सो एक किनारे से ट्रक पर बंधा हुआ कारपेट खुला था. संभव है कि हमारे ही अन्य भाइयों ने अपनी कलाकारी हमसे पहले दिखा ली हो और उसी का परिणाम ये खुली जगह रही हो. बहरहाल, इन सब बातों पर विचार किये बिना उसी खुले जगह से हाथ घुसाते हुए मुँह घुसाने तक की जगह बनाई. अँधेरे में सफल तीर मारने की अद्भुत क्षमता की धनी हॉस्टल सेना ने ट्रक में रखे गत्ते में तीर मार ही दिया.

कुछ पैकेट पकड़ में आये. रंगीन, चिकने से पैकेट कुछ अलग तरह के लगे. जल्दी-जल्दी कोई पंद्रह बीस पैकेटों को बंद गत्ते से आज़ाद करवाने के साथ ही हम सब दौड़ते हुए वापस हॉस्टल आ गए. जंगल की आग की तरह ये खबर हॉस्टल में फ़ैल गई. हमारी तरह के दो-तीन अलग-अलग ग्रुपों ने भी ट्रक में चढ़कर हमारी ही तरह कई-कई पैकेटों को मुक्ति दिलवाई. आपके संदेह को दूर करते चलें. उन बेचारे पैकेटों को आज़ादी दिलाने में आसानी इस कारण रही क्योंकि ट्रक के ड्राईवर, क्लीनर आदि आसपास के होटल, ढाबों में पेट भरने में लगे थे. वे पेट भरने में लगे थे और हम लोग गत्ते खाली करने में लगे थे. लालच न करते हुए बस दो-तीन राउंड लगाकर कुछेक बचे-खुचे पैकेटों को भी आज़ादी दिलवाई और फिर ख़ामोशी से हॉस्टल में आकर बैठ गए.


कमरा बंद करके, बड़ी ही गोपनीयता से पैकेट खोला तो उसमें से कुछ और पैकेट मुक्ति पा गए. उनको फाड़कर देखा तो गोल बिस्किट पलंग पर दर्शनार्थ बिखर गए. बिस्किट के चिर-परिचित आकार से अलग तरह के बिस्किट निकलते ही मूड ऑफ हो गया. पहली बार गोल बिस्किट देखे तो लगा कि ये हम लोगों के लिए नहीं बल्कि कुत्तों के खाने वाले बिस्किट हैं. जितनी ख़ुशी और जोश के साथ पैकेट थामे हॉस्टल में विजयी मुद्रा में लौटे थे वह गायब हो गई. इसके बाद भी हार न मानी. पैकेट उठाकर पढ़ने की कोशिश की मगर विशुद्ध अंग्रेजी भाषा के चलते सबकुछ दिमाग के ऊपर निकल गया.

अब चूँकि हार मानना तो सीखा नहीं था सो ग्रुप के सीक्रेट को छिपाते हुए कुछ मित्रों को काम दिया गया कि कैसे भी हो कल ही इसका पता लगाया जाये कि ये बिस्किट आदमियों के लिए हैं या जानवरों के लिए. बस अगले दिन का टास्क तय हो गया. दोपहर तक इसमें सफलता भी मिल गई कि ये बिस्किट अभी नए-नए आये हैं और इंसानों के लिए ही हैं. सफलता की एक ख़ुशी पर शाम तक तुषारापात हो गया जब पता चला कि दूसरे ग्रुप के पास हम लोगों से ज्यादा पैकेट हैं. अब क्या किया जाए? जो ग्रुप पूरे हॉस्टल में, कॉलेज में सबसे उत्पाती, सबसे बवाली, सबसे जोशीला, सबसे खुरापाती, सबसे सक्रिय आदि-आदि माना जाता हो, उसी के पास पैकेट कम. ये भी अपने आपमें हार समझ आई. आखिर हमारे रहते कोई और क्यों जीते? वो भी हमारा ही प्रतिद्वंद्वी ग्रुप.

अब इसका भी तोड़ निकालना था क्योंकि हारना नहीं था. बस फिर योजना बनाई गई. अब ये नहीं पता कि हमारी तरह का संशय दूसरे ग्रुप के पास था कि नहीं क्योंकि वे बड़ी चैतन्यता से बिस्किट खाते हुए दिख रहे थे. यही हम लोगों की योजना थी. जिसे ही उनको बिस्किट खाते देखते, हम मित्र हँसकर उनकी मौज लेने लगते. ऐसा दो-तीन बार हुआ तो उन्होंने इसका कारण पूछा. तो उनको बताया कि अबे तुम सब कुत्तों के बिस्किट खा रहे हो. उनको जानकारी थी कि हम लोग भी वे पैकेट निकाल कर लाये हैं मगर हममें से किसी को उन्होंने खाते नहीं देखा. बिस्किट का गोल होना उनको भी अचरज में डाले होगा. हमारे पैकेटों के बारे में उनको बता दिया कि एक दोस्त के घर कुत्ते हैं, उसको दे दिए.

इस पूरी योजना में, उनको समझाने में इतना अधिक विश्वास झलक रहा था कि वे इसे सही मान गए. इसी में उनके बिस्किट के कई पैकेट हम लोगों के हत्थे चढ़ गए. अब हमारा ग्रुप सबसे अधिक पैकेटों के साथ विश्व विजय की अनुभूति कर रहा था. कुछ दिन बाद सभी ने मिलजुल कर उन बिस्किट का स्वाद लिया और उसी स्वाद में दूसरे ग्रुप को बेवकूफ बनाये जाने पर हम सब बहुत दिन तक मौज लेते रहे.  

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग