गरिमा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गरिमा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

23 मई 2015

देह की भूख कहाँ ले जाएगी समाज को


भूख, ये शब्द अपने आपमें एक तरह की कमी दर्शाता है तो साथ में अन्य दूसरे तरह की विकृति भी दिखाता है. प्रत्येक व्यक्ति को किसी न किसी तरह की भूख सताती रहती है और इसकी पूर्ति के लिए वो कोई न कोई प्रयत्न करता है. नाम की भूख, धन की भूख, पेट की भूख, देह की भूख, सत्ता की भूख की तरह से और भी न जाने कितनी भूख लेकर मनुष्य समाज में विचरण करता घूम रहा है. भूख मिटाने के अनेक प्रयत्नों में सार्थक, निरर्थक प्रयास लगातार दिखाई देते हैं. इधर देखने में आ रहा है कि इन्सान ने अपनी भूख मिटाने के लिए समाज के बने-बनाये नियम-कानूनों-कायदों का ध्वंस करना आरम्भ कर दिया है. ऐसा नहीं है कि पूर्व में समाज के नियमों, रीतियों आदि का ध्वंस न किया जाता रहा हो किन्तु वर्तमान में स्थिति अत्यंत भयावह हो चुकी है. भूख की पूर्ति के लिए व्यक्ति का रहन-सहन, जीवन-शैली, व्यवहार इस तरह के हो गए हैं कि कई बार उसको इन्सान कहते हुए भी संदेह होता है. एक-एक कृत्य के द्वारा मनुष्य स्वयं को ही पूरी तरह से नकारते हुए किसी न किसी रूप में खुद में जंगलीपन के दर्शन करवाता है.
.
इस तरह के वातावरण में समझना होगा कि आखिर हम इन्सान अब किस तरह के समाज का निर्माण करना चाहते हैं. क्या कहा जायेगा उस समाज को जहाँ महज छह माह की बच्ची के साथ बलात्कार किया जाता है? क्या कहेंगे ऐसे समाज को जहाँ एक पंचायत फरमान सुनाकर आरोपी पिता से ही उसकी बेटी की शादी करने को कहती है? किस दिशा में जा रहा है समाज जहाँ पारिवारिक मर्यादाएं पूरी तरह से ताक पर रख दी गई हों? क्या एक ऐसे समाज का जहाँ स्वतंत्रता के नाम पर यौन स्वच्छंदता का नंग-नाच देखने को मिल रहा हो? क्या एक ऐसे समाज का जहाँ भ्रष्टाचार-रिश्वतखोरी-ऊपरी कमाई को सामाजिक रूप से स्वीकार्यता प्राप्त होती हो? क्या एक ऐसे समाज का जहाँ इन्सान किसी दूसरे इन्सान के कष्टों का, दुखों का लाभ उठाता दिखे? ऐसे समाज का जहाँ कोई किसी के काम न आये, सिर्फ और सिर्फ स्वार्थपूर्ति ही होते दिखे? किसी और को नहीं, खुद हमें समझना होगा कि हमें किस तरह के समाज-निर्माण की आवश्यकता है.
.
क्या देह की भूख इतनी प्रबल बन चुकी है कि यहाँ रिश्तों का कोई भान नहीं? क्या सेक्स किसी भी व्यक्ति के जीवन में इस तरह घर कर चुका है कि पल-पल सिर्फ बलात्कार की खबरें सुनाई देती हैं? समाज के लिए कार्य कर रहे लोगों को, समाज विज्ञान पढ़ा-सिखा रहे लोगों को, अपने नाम के साथ भारी-भरकम समाजशास्त्री शब्द जोड़कर देश-विदेश की यात्रा करने वालों को अब इस दिशा में शोध कार्य करने की आवश्यकता है. छेड़छाड़, बलात्कार आदि को महज एक घटना मानकर विस्मृत कर देना अब उचित नहीं है. इस मानसिक विकृति का इलाज करना अब अनिवार्यता में शामिल किया जाना अपेक्षित हो गया है. राष्ट्र स्तर पर अनेक अभियान, आयोजन छेड़े जाते हैं, अब एक अभियान ऐसे लोगों की मनोदशा सुधारने, उनको सही रास्ते पर लाने के लिए चलाये जाने की जरूरत है. ये आवश्यक नहीं कि महज ज्ञान देने भर से, नैतिक शिक्षा का पाठ पढ़ा देने भर से, संस्कारों की दुहाई दे देने भर से ऐसे लोगों में सुधार लाया जाए, जहाँ आवश्यकता समझ आये, ऐसे लोगों पर दंडात्मक कार्यवाही भी की जाये. अब जबकि समाज में रिश्तों का मोल नहीं समझा जा रहा है, इंसानियत को ताक पर रख दिया गया हो, मर्यादा तार-तार करके बिखेर दी गई हो तब किसी न किसी रूप में कठोर कार्यवाही की महती आवश्यकता प्रतीत होती है.

.

09 अगस्त 2014

सिर्फ रक्षा करने का वचन न दें आत्मनिर्भर भी बनायें बहिनों को



भाई-बहिन के प्रेम का पर्व ‘रक्षाबंधन’; बहिनों द्वारा भाइयों की कलाई में एक रेशमी धागे का बाँधा जाना और भाइयों द्वारा उनकी रक्षा का वचन देना, परम्परा के रूप में अनवरत जारी है. समय बदलता रहा पर इस पावन पर्व की पावनता नहीं बदली और न ही बदली इसमें छिपी भावना, ये और बात है कि आज के दौर में इंसान ही बदल गया है. आज जिस तरह का वातावरण समाज में चारों तरफ दिख रहा है, उसमें इस बात का प्रचार किया जाने लगा है कि “मैं राखी नहीं बांधूंगी” जबकि जरूरत बहिनों के भाइयों के विरुद्ध नहीं वरन अपराधियों के विरुद्ध खड़ा करने की है. ऐसा लग रहा है कि या तो राखी के कच्चे धागों की शक्ति क्षीण पड़ी है, जिसमें भाइयों के स्वाभिमान को जगाने की सामर्थ्य नहीं रही या फिर भाइयों के आत्मविश्वास में गिरावट आई है जो महज औपचारिकता के चलते बहिनों की रक्षा का वचन देते हैं किन्तु वास्तविकता में आगे नहीं आ पाते हैं. अवश्य ही कुछ ऐसा है जो समूची पावनता को नष्ट, क्षतिग्रस्त सा करता चला जा रहा है. अब रिश्ते में दूर की बहिन, मुँहबोली बहिन को बचाना तो दूर, विकृत मानसिकता के कई भाइयों के चलते सगी बहिन की इज्जत तक सुरक्षित नहीं रह गई है. आधुनिकता की चकाचौंध में सामाजिक मूल्यों में गिरावट इस कदर हावी है कि रिश्तों की गरिमा, मर्यादा का ख्याल ही नहीं किया जा रहा है.
.
ये बात सभी को याद रखनी होगी कि रक्षाबंधन महज एक पर्व नहीं है; कलाई में सजती राखी महज एक धागा नहीं है बल्कि इसमें भावनाओं की पावनता है; विश्वास की अभिव्यक्ति है. भले ही किसी कालखंड में बहिनों की रक्षा का वचन भाई लेते थे किन्तु वर्तमान परिदृश्य में भाइयों को भी अपने वचन को आधुनिक बनाना होगा. अब उन्हें न केवल अपनी बहिनों की वरन दूसरों की बहिन की रक्षा करने का भी वचन देना होगा. यदि सभी भाई अपनी बहिन के साथ-साथ दूसरों की बहिन की रक्षा का संकल्प ले लें तो किसी भी अपराधी की हिम्मत नहीं कि वो लड़कियों की तरफ बुरी नजर से देख सके. भाइयों को राखी बंधवाने के बाद इस बात का भी वचन अपनी बहिन को देना होगा कि उनके द्वारा सभी महिलाओं को आदर-सम्मान की दृष्टि से देखा जायेगा. इसी के साथ एक वचन उन्हें बहिनों को आत्मविश्वासी बनाने के लिए, संकट के समय धैर्य न खोने, मुकाबला करने के लिए भी लेना होगा. भाइयों को न केवल रक्षा करने का वरन अपनी बहिनों को आत्मनिर्भर बनाने, जागरूक बनाने, उन्हें संगठित करने, हौसला देने, शक्तिशाली बनाने, अपराधियों से लड़ने की क्षमता विकसित करने आदि का भी कार्य करना होगा.
.
वर्तमान में ये भी एक समस्या है कि समाज ने घर की महिलाओं को पुरुषों पर निर्भर बना दिया है. छोटे से छोटे काम के लिए और बड़े से बड़े काम के लिए बहुसंख्यक महिलाएं पुरुषों का मुँह ताकती रहती हैं. घर की बेटी के घर से लेकर बाहर तक के, कॉलेज से लेकर ऑफिस तक के काम, बाजार-हाट से लेकर सहेलियों के यहाँ तक जाने तक का काम घर के लड़कों पर निर्भर करता है. ऐसे में लड़कियों में, महिलाओं में खुद-ब-खुद असुरक्षा की भावना घर कर जाती है. इस निर्भरता से बाहर निकलने का प्रयास स्वयं लड़कियों को करना होगा. रक्षाबंधन को आज महज पर्व के रूप में नहीं वरन अपराध के विरुद्ध खड़े होने के रूप में, अपराधियों को पस्त करने के रूप में, नैतिकता के रूप में, कर्तव्यबोध के रूप में, आत्मनिर्भरता के रूप में, जागरूकता के रूप में मनाये जाने की आवश्यकता है. राखी न बाँधने से यदि महिलाओं के साथ होती हिंसा, अत्याचार, अनाचार, शारीरिक शोषण, बलात्कार, हत्या आदि बंद हो रहे हों तो आइये सभी भाई भी संकल्प लें कि वे राखी नहीं बंधवाएँगे. रक्षाबंधन पर्व न मनाना पलायन का संकेत दे रहा है न कि सशक्तता से खड़े होने का, अपराध से लड़ने का. 
. 
चित्र गूगल छवियों से साभार 

27 अगस्त 2013

रिश्तों को सशक्त करें, दोस्ती को पवित्र करें



समाज जिस तेजी से विकास की ओर अग्रसर है, उसी तेजी से उसमें विकार भी आते जा रहे हैं. कहीं न कहीं संबंधों में, रिश्तों में कुछ बिखरता सा, छीजता सा नजर आ रहा है. रक्त-संबंधों में, पारिवारिक संबंधों में, रिश्ते-नातेदारी में अपनत्व का, भावनात्मक लगाव का होना स्वाभाविक है किन्तु इन संबंधों के अलावा दोस्ती का रिश्ता तथा पति-पत्नी का रिश्ता विशेष महत्त्व रखते हैं. इन रिश्तों में लगाव, अपनत्व, भावनात्मकता का होना अपने आपमें अद्भुत ही है. बिना किसी रक्त-सम्बन्ध के एक अजब सा बंधन एक-दूसरे को ताउम्र जोड़े रखता है. समाज के बिखराव के मध्य इन पवित्र रिश्तों में भी गिरावट देखने को मिल रही है. वैसे समाज में रिश्तों का, संबंधों का बिखराव उसके सशक्त विकास के लिए सही नहीं है किन्तु दोस्ती के, पति-पत्नी के संबंधों में आती कड़वाहट किसी भी रूप में समाज के लिए सुखद संकेत नहीं है.
.
हमेशा से कहा जाता रहा है कि पति-पत्नी जीवन रुपी गाड़ी के दो पहिये हैं, जिनका एकसमान होना, एकसाथ चलना ही जीवन को गति प्रदान करता है; सफलता की मंजिल तक ले जाता है. इधर देखने में आ रहा है कि पति-पत्नी जीवन रुपी एक गाड़ी के दो पहिये न होकर जीवन-पथ पर चलने वाले दो वाहन हो गए हैं. ये दोनों वाहन अलग-अलग रूप के, अलग-अलग सोच के हैं, जो कभी एक साथ चलते हैं, कभी एक दूसरे को पीछे छोड़ने की होड़ में लग जाते हैं, कभी आमने-सामने आते हैं और कभी-कभी तो आपस में टकरा कर स्वयं को क्षतिग्रस्त कर बैठते हैं, जीवन-पथ को भी नुकसान पहुँचाते हैं. दाम्पत्य-जीवन के बिखराव के लिए, पति-पत्नी के आपसी विश्वास में कमी के लिए दोनों प्राणी ही दोषी हैं. स्वयं को दूसरे से श्रेष्ठ समझने का अहम्, खुद को दूसरे से उच्च समझने का घमंड इस पवित्र रिश्ते को आये दिन कलंकित कर रहा है, इसके लिए किसी उदाहरण की आवश्यकता नहीं.
.
इसी तरह से कृष्ण-सुदामा की दोस्ती का उदाहरण देने वाले समाज में आज दोस्ती भी कलंकित होते दिख रही है. आये दिन देखने में आता है कि एक दूसरे पर जान देने वाले दोस्तों ने एक दूसरे की जान ले ली. सगे सम्बन्धियों से, रक्त-सम्बन्धियों से बढ़कर माना गया ये रिश्ता भी अपनी पावनता को नष्ट कर रहा है. लड़कों के बीच की दोस्ती हो, लड़कियों के बीच की दोस्ती हो या फिर लड़के और लड़कियों के बीच की दोस्ती (हालाँकि इस विपरीतलिंगी दोस्ती के अभी समाज स्वयं ही सकारात्मक सोच के साथ नहीं देखता है) सभी में एक दंभ सा दिखाई देने लगा है. दोस्तों के बीच होने वाला हल्का-फुल्का हँसी-मजाक भी अब दोस्ती में दरार पैदा करने की दम रखने लगा है. नितांत अनौपचारिक इस रिश्ते में भी घनघोर औपचारिकता देखने को मिल रही है. एक दूसरे को अपना अभिन्न मित्र बताने वाले लोगों में आपस में छिपी वैमनष्यता, कटुता, असहयोग, विश्वासघात जैसी कु-स्थितियाँ आज आम हो चुकी हैं.
.
ऐसा नहीं है कि उक्त दोनों पवित्र रिश्ते पूर्णतः अपनी विश्वसनीयता गँवा चुके हैं. आज भी हमारे बीच में सैकड़ों उदाहरण इस तरह के हैं जो अनुकरणीय कहे जा सकते हैं. इसके बाद भी बहुसंख्यक रूप में इन संबंधों में गिरावट ही देखने को मिल रही है. किसी अदृश्य डोर से बंधे, प्रेम-स्नेह की रक्त-मज्जा से बनी रिश्तों की बुनियाद को आज के परिप्रेक्ष्य में बचाए रखना परम आवश्यक हो गया है. नितांत खोखले होते चले जा रहे समाज को दृढ़ता प्रदान करने के लिए, खोते जा रहे विश्वास को पुनः प्राप्त करने के लिए, औपचारिकता को जीवन का एक अंग बना चुके लोगों के बीच भावनात्मकता जगाने के लिए, मशीन की तरह से चलायमान इन्सान को संवेदित इन्सान बनाये रखने के लिए रिश्तों का मजबूत होना, विश्वास्परक होना अनिवार्य है. आइये संबंधों को मजबूत करें, रिश्तों को सशक्त करें, दोस्ती को पवित्र करें.
. 

20 अगस्त 2013

आधुनिकता से परिपूर्ण दौर में संस्कृति, संस्कार, रिश्ते, मर्यादा, पावनता महत्त्वपूर्ण ही नहीं - 750वीं पोस्ट

पोस्‍ट यहॉं पेस्‍ट करें 


पिता ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया, भाई ने बहिन की अस्मत लूटी, देवर ने भाभी का शारीरिक शोषण किया, चाचा-फूफा-मामा-मौसा आदि सहित तमाम रिश्तों के अपनी पारिवारिक महिला-बच्ची के साथ इस तरह की शर्मसार करने वाली ख़बरें लगातार नियमित रूप से हम सभी पढ़ रहे हैं. किसी समय में जब आत्मीय और निकटतम रिश्तों के द्वारा इस तरह के कुकृत्य किये जाने की खबर सुनाई देती थी तो मन व्याकुल हो उठता था. सम्बंधित खबर से व्यक्ति का सम्बन्ध न होने के बाद भी पीड़ित के प्रति संवेदना का भाव होता था और अपराधी के प्रति एक प्रकार का रोष, घृणा उत्पन्न होती थी. आज अतिशय रूप में ऐसी खबरों के आने ने समाज की स्थिति को तो सामने रखा ही है, व्यक्ति की सुसुप्तावस्था को भी जाहिर किया है. हाँ, कभी-कभी किसी मामले में दूध की तरह उबाल आकर शांत हो जाता है.
.
इधर सोशल मीडिया में, बाज़ार में, मीडिया में रक्षाबंधन पर्व की पावनता का बखान किया जा रहा है; बुद्धिजीवी भाई-बहिन के रिश्ते की पावनता-मर्यादा को सबके सामने अपने-अपने अनुभव के साथ पेश कर रहे हैं; बहिनें उत्साह के साथ राखी की खरीददारी करने में लगी हुई हैं; भाई भी पूरे जीजान से बहिनों की रक्षा करने का प्रण लेने में लगे हुए हैं, ये सब महज एक दिन की कहानी सा लगता है. एक दिन का पर्व, एक दिन का उत्साह, एक दिन का अनुभव, एक दिन की मर्यादा, एक दिन की पावनता, एक दिन का प्रण....फिर वही हाल-चाल. ये स्थितियाँ कई बार निराशा पैदा करती हैं. आज जो बहिन बड़े उत्साह के साथ राखी खरीदने में लगी हुई है वही कल अकेले बाज़ार जाने से डरती है; आज जो भाई पूरे उत्साह से अपनी ही नहीं पूरे देश की बहिनों को बचाने का दम भरते दिखते हैं वे ही कल कहीं झुण्ड में किसी न किसी लड़की को छेड़ते मिलते हैं.
.
आखिर पतन की ये स्थिति बन कैसे गई? रिश्तों में इस तरह की गिरावट आई कैसे? रिश्तों की पावनता-मर्यादा कहाँ गुम हो गई? आज रक्षाबंधन के उत्साह-उमंग में शायद इन सवालों के जवाब देने के लिए कोई समय भी न निकाले, हो सकता है इन हालातों को कोई स्वीकार करने को भी तैयार न हो पर सत्यता यही है. आज रक्षा करने वाले हाथ ही भक्षण करने में लगे हैं, अपने ही विश्वास का खून करने में लगे हैं, परिवार के लोग ही रिश्तों को दीमक की तरह चाट डालने को आतुर हैं. ऐसे में रक्षासूत्र बाँधने-बँधवाने से कोई हल नहीं निकलने वाला. रिश्तों में आई गिरावट को, पतन को रोकने के लिए मानसिक स्तर को मजबूत करना होगा, संस्कृति, संस्कार के सूत्र को मजबूत करना होगा....पर समस्या वही कि आज के भौतिकतावादी समय में, आधुनिकता से परिपूर्ण दौर में संस्कृति, संस्कार, रिश्ते, मर्यादा, पावनता लोगों के लिए महत्त्वपूर्ण रहे ही नहीं हैं.
.

इस ब्लॉग पर ये हमारी ७५०वीं पोस्ट है.... :-)
 

14 अगस्त 2013

सच्ची सलामी के इंतज़ार में तिरंगा अभी भी है



पहली बार आधी रात को तिरंगा फहराते समय हवा हमारी थी, पानी हमारा था, जमीन हमारी थी, आसमान हमारा था. गर्व के साथ-साथ तब जन-जन की आँखों में नमी थी. अपने प्यारे तिरंगे को पहली बार खुली हवा में सलामी देने के लिए उठे हाथों में एक कम्पन था मगर आत्मा में दृढ़ता थी, स्वभाव में अभिमान था, स्वर प्रसन्नता से भरे थे, सिर गर्व से ऊपर उठे हुए थे. तिरंगा हमेशा फहराया जाता रहा, हर वर्ष फहराया जाता रहा, सलामी हर बार दी जाती रही किन्तु गर्व से भरा सिर हर बार झुकता रहा, आत्मा की दृढ़ता हर बार कम होती रही. यह एहसास साल दर साल बढ़ता ही रहा. हाथों का कम्पन, आँखों के बहते आंसू हर बार तेज़ी से बढ़ते रहे. पहली बार हमारे हाथों का कांपना हमारे स्वाभिमान का परिचायक था, अब यही कम्पन हमारे नैतिक, चारित्रिक पतन को दिखा रहा है. पहली बार बहते हुए आँसू ख़ुशी के थे मगर अब लाचारी, बेबसी, हताशा, भय, आतंक, अविश्वास के हैं.
.
लहराता प्यारा तिरंगा हर बार हमसे हमारी स्वतंत्रता का अर्थ पूछता है, शहीदों के सपनों का सच होना पूछता है. हम हर बार निरुत्तर हो जाते हैं. क्या हम शहीदों के सपनों को सच कर पाए हैं? शिक्षा के लिए भटकते लोगों को किताब-कलाम के स्थान पर हथियार थमा दिए. पानी को नजरंदाज़ करके हाथों में जाम थमा दिए गए. कलात्मक हाथों को विध्वंसकारी बना दिया गया. विकास की ऐसी स्थिति हमारे शहीदों का सपना नहीं थी. स्वतन्त्र भारत पर जाति, धर्म, वर्ग विशेष का अधिकार उन्होंने नहीं चाहा था. गर्व करने वाली संस्कृति के स्थान पर पश्चिमी अन्धानुकरण उन्होंने नहीं माँगा था. हमारी सोच संकुचित हुई है, रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, भाई-भतीजावाद, जातिवाद, क्षेत्रवाद हम पर हावी हो चुका है.
.
जब भी सामने लहराता हुआ तिरंगा देखते हैं तो उन शहीदों की याद आती है, उनके सपनों की तस्वीर नजर आती है. यही कारण है कि हम अब लहराते तिरंगे से अपनी आँखें नहीं मिला पाते. सलामी देने को उठते हाथों में कम्पन साफ़-साफ़ दिखाई देता है. सिर गर्व से उठा नहीं रहता है. ‘जयहिन्द’ ‘वन्देमातरम’ की आवाज़ हमारे कंठ से बाहर नहीं निकल पाती. हमारी बेबसी, वीर शहीदों की शहादत से किया गया विश्वासघात हमें भीतर तक कंपा जाता है. उनके सपनों को चूर-चूर कर डालने की हमारी प्रवृत्ति हमें शर्मिंदा करती है मगर हम फिर भी नहीं सुधरते. प्रतिवर्ष तिरंगे के सामने कुछ पल सिर झुका कर अगले वर्ष सुधार लाने की सोचकर पुनः आकंठ बुराई में डूब जाते हैं. क्या हम कभी औपचारिकताओं का त्याग कर उनकी चिताओं पर मेले लगने का उनका स्वप्न कभी पूरा कर सकेंगे? कभी तिरंगे को सच्ची सलामी देने की हिम्मत जुटा सकेंगे? प्रत्येक देशवासी को स्वयं से ये सवाल पूछने होंगे.
.