ब्लॉगर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
ब्लॉगर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

04 मई 2023

ब्लॉगिंग के पंद्रह वर्ष

आज इस ब्लॉग के पंद्रह वर्ष हो गए. इस ब्लॉग के क्या, ब्लॉगिंग करते हुए ही पंद्रह वर्ष बीत गए. इन पंद्रह वर्षों में जीवन के उतार-चढ़ाव तो देखे ही, ब्लॉगिंग जगत के भी जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखे. बहुत से मित्रों ने माइक्रो-ब्लॉगिंग के नाम से चलने वाले मंचों पर अपनी उपस्थिति बना ली, कुछ मित्र अभी भी यहीं सक्रिय हैं. हमने भी अपनी सक्रियता यहाँ बनाये रखी, उसका कारण ये रहा कि विगत कुछ समय से माइक्रो-ब्लॉगिंग के तमाम मंचों पर संवाद की स्थिति, विमर्श की स्थिति में जबरदस्त गिरावट आई है. यदि नाम लेकर कहा जाये तो फेसबुक पर, ट्विटर पर अब उस तरह की सामग्री, उस तरह का विमर्श देखने को नहीं मिलता है, जैसा कि कभी हुआ करता था.




इंटरनेट की दुनिया में जब ऑरकुट, फेसबुक आदि का चलन बढ़ा तो इस तरफ भी हाथ आजमाए. जैसा अनुभव ब्लॉगिंग के आरंभिक दिनों में मिला था, वैसा ही अनुभव यहाँ भी हुआ. खैर अभी बात ब्लॉगिंग की, जहाँ एक तरफ हम आज भी सीखने की अवस्था में हैं, वहीं हमारी सक्रियता देखते हुए बहुत से लोग उसी आरंभिक दौर में हमसे सीखने के लिए प्रयासरत थे. जितना संभव हुआ करता, हम सीखते और उनको भी सिखाते. ये बात है सन 2008 के बाद की. उस समय ब्लॉगिंग पर बहुत सारे सामूहिक ब्लॉग हुआ करते थे. खुद को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने की लालसा में बहुत सारे सामूहिक ब्लॉग से जुड़ना भी हुआ. इसी क्रम में बहुत से अच्छे लोगों से जुड़ना हुआ तो बहुत से बुरे लोग भी जुड़े. बहुत से लोग ऐसे भी जुड़े जो किसी भी समय मदद करने को, ब्लॉग सम्बन्धी समस्या का समाधान करने को तत्पर रहते. इसी तरह कुछ लोग ऐसे जुड़े, जिनकी मानसिकता में कुछ लोगों के ब्लॉग की रेटिंग को कम करवाना, उस पर पाठकों का कम से कम पहुँचना हो, ये काम होता था. बावजूद इसके भी ब्लॉगिंग की दुनिया से बहुत कुछ सकारात्मक सीखने को मिला.


शुरू के कुछ साल ब्लॉग के माध्यम से वाकई ज्ञानार्जन के रूप में गुजरे. कालांतर में एक ऐसा राजनैतिक दौर आया जिसने बहुत कुछ बदल दिया. उसी राजनैतिक बदलाव ने लोगों की विचारधारा को सामने ला दिया. लम्बे समय से चले आ रहे राजनैतिक और ऐतिहासिक विभ्रम से पर्दा हटा तो वर्षों के ब्लॉगिंग मित्र नाराज हो गए. ब्लॉगिंग के माध्यम से माइक्रो-ब्लॉगिंग में आये ऐसे मित्रों ने ब्लॉग की जगह ब्लॉक करना शुरू कर दिया.


बहरहाल, आज पंद्रह साल बाद भी ब्लॉगिंग पहले की तरह नियमित है. न केवल हम ब्लॉगिंग कर रहे हैं बल्कि नए लोगों को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं. ये दुनिया कब तक रहेगी पता नहीं मगर जब तक रहेगी हम ब्लॉगिंग करते रहेंगे, ब्लॉग-पोस्ट लिखते रहेंगे. 








 

16 नवंबर 2021

ब्लॉगिंग का वो सुनहरा दौर

ब्लॉगिंग करते हुए उस समय तक लगभग चार साल हो गये थे। उस समय के सक्रिय एग्रीगेटर पर हमारे ब्लॉग की उपस्थिति होने लगी थी। उन्हीं दिनों रात के लगभग 11 बजे मोबाइल पर अपरिचित नम्बर से कॉल आई। एक महिला का गम्भीर स्वर उभरा। चंद औपचारिकताओं के बाद, परिचय के बाद उन्होंने ब्लॉग बनाने में मदद करने को कहा। हमारी समझ में न आया कि ब्लाॅग जगत के तमाम नामचीन महारथियों को छोड़ वे हमसे क्यों मदद चाह रहीं हैं?


फिलहाल बाकी सोचा-विचारी बंद करके उनके इस कदम की, सोच की सराहना उनसे ही की। इसका कारण उनका लगभग 65-70 वर्ष की आयु का होना था। बहुत खुशी हुई हमें उनका ब्लॉग बनवाने पर, उस सम्बन्ध में मदद करने पर। उनको यह स्पष्ट कर दिया था कि हम खुद ब्लॉग संसार के विद्यार्थी हैं, जितना सीख सके उतनी सहायता अवश्य कर देंगे। उसके बाद उनके लगातार फोन आते रहे, घंटों के हिसाब से वे मोबाइल से ही अपनी समस्या का समाधान प्राप्त करतीं।


उनको बार-बार यह निवेदन करने के बाद कि हम देर रात जागते रहते हैं, काम करते रहते हैं वे हर बार बड़े संकोच भाव से क्षमा करने की बात करतीं।  खुशी की बात ये कि उन्होंने बहुत जल्दी ब्लॉग लेखन की तमाम समस्याओं को सुलझा लिया। ब्लॉग लेखन की तमाम बारीकियों को सीख लिया। जल्दी ही उनके कई ब्लॉग पूरी सक्रियता, गम्भीरता से पाठकों के बीच लोकप्रिय हो गये।


सुखद ये है कि वे आज भी पूरी तरह से, नियमित रूप से ब्लॉग लेखन में सक्रिय हैं। साहित्यिक रचनाओं के साथ-साथ बाल साहित्य पर उनका बहुत ही सराहनीय कार्य है। हम आज भी प्रयास करते हैं कि अधिक से अधिक लोग ब्लॉग लेखन में सक्रिय हों। इसके लिए लोगों को प्रेरित भी करते हैं, अपनी सामर्थ्य भर मदद भी करते हैं।


आप भी बनाइए अपना ब्लॉग और शुरू करिए लेखन। आखिर कुछ न कुछ तो लिख ही रहे हैं न।


.

25 मई 2021

कमर के एक ठुमके से भीड़ छाँट देने वाला मित्र

हमें ब्लॉगिंग का चस्का लगा वर्ष 2008 में. लिखास और छपास रोग ने इंटरनेट के तत्कालीन बेहतरीन मंच से परिचित करवाया. उस दौरान खूब लिखा जाता और खूब पढ़ा जाता. अब इधर बहुत से ब्लॉगर मित्र सोशल मीडिया के दूसरे-दूसरे मंचों पर सक्रिय हो गए हैं जिसके कारण बहुत से ब्लॉगर साथी अब ब्लॉग पर कम दिखाई पड़ते हैं. बहरहाल, उन दिनों खूब लिखने, पढ़ने, टिप्पणी करने के कारण बहुत से ब्लॉगर मित्रों से आत्मीय सम्बन्ध भी बन गए थे.


आपस में अपनत्व का भाव भी खूब था. एक-दूसरे की मदद करने को भी बहुत से लोग आगे रहते थे. नए-नए लोगों को आगे बढ़ाने का काम भी बहुत से लोग करते थे. ब्लॉगिंग ने बहुत सारे मित्र बनवा दिए थे मगर मिलना उस समय किसी से नहीं हुआ था. एक तो हमारी आवागमन की समस्या बनी हुई थी, साथ ही ऐसा कोई अवसर नहीं मिल पा रहा था कि ब्लॉग जगत के साथियों से मिलना हो सके.


उन्हीं दिनों लखनऊ में ब्लॉगिंग से जुड़ा हुआ एक आयोजन हुआ. जानकारी मिली कि उसमें बहुत से ब्लॉगर साथी आ रहे हैं. लखनऊ पहुँचना मुश्किल नहीं था सो हम भी निश्चित दिन पर अपना पंजीकरण करवा कर पहुँच गए. उस आयोजन में मंच की अपनी व्यवस्था थी, जिस पर उस समय के प्रतिष्ठित ब्लॉगर साथियों का कब्ज़ा था. बहुत से वरिष्ठ और प्रतिष्ठित ब्लॉगर हॉल में अपनी गरिमामयी उपस्थिति बिखेरने में लगे थे. मंचासीन वक्ता अपने विचार रखने में मगन थे तो नीचे श्रोताओं में ज्यादातर लोग आपस में मिलने-जुलने में व्यस्त थे. मिलने वालों के चेहरे पर उत्साह था, ख़ुशी झलक रही थी.


अभी तक फोटो और विचारों के द्वारा परिचित कुछ साथियों को हमने पहचाना तो कुछ साथियों ने हमें पकड़ लिया. इसी पकड़ा-पकड़ाई में हमें शिवम भाई ने जकड़ लिया. ब्लॉगिंग में उस समय हम नए-नए उसी तरह संकोच में थे जैसे कोई नया विद्यार्थी हॉस्टल में संकोच में रहता है. शिवम ने ही हमारा कई ब्लॉगर साथियों से परिचय करवाया. मेल-मिलाप के इसी क्रम में भोजन का समय भी आ गया.


जब हम लोग गपियाते हुए भोजन हॉल के पास पहुँचे तो वहाँ पर्याप्त भीड़ थी. उस भीड़ को देखकर हम लोग बाहर आकर प्रतीक्षा करने लगे. लग रहा था जैसे भीड़ कम नहीं होने वाली. एक तो भोजन और उसके साथ भोजन करते हुए सभी से मिल लेने की उत्कंठा, सो हॉल के अन्दर जाने वाला बाहर आने का नाम नहीं लेता. ऐसे में शिवम ने मौज लेते हुए कहा कि यदि अब भीड़ कम न हो तो कहिये अन्दर घुसकर कमर का एक ठुमका लगायें, आधी भीड़ छंट जाएगी. चार-छह लोगों को एक झटके में इधर-उधर कर देने वाली उनकी कमर का आकार देख हम सभी ठहाका मार कर हँस दिए.


लखनऊ के उस ब्लॉगर सम्मलेन ने बहुत से साथियों से परिचय करवाया, संपर्क करवाया. बहुत से मित्र आज भी संपर्क में हैं. बहुत से आत्मीय संबंधों में हैं. शिवम मिश्रा भाई उन्हीं में से एक हैं. उनकी वो बरसों पुरानी बात हमें कभी न भूली और एक दिन वही याद दिलाते हुए उनको खूब हँसाया.


(उस समय हमारे पास कैमरा नहीं था और कैमरे वाला मोबाइल भी नहीं हुआ करता था. शिवम भाई ने ही ये फोटो उपलब्ध करवाई थी.)

15 जून 2020

क्या ब्लॉगर भी चोरी, सीनाजोरी जैसी हरकतें करने लगे हैं?

कल रात नियमित भ्रमण पर हमारीवाणी पर टहलना हो रहा था. अभी ज्यादा दूर जाना नहीं हो सका था कि एक पोस्ट का शीर्षक हमें अपनी कविता जैसा दिखा. ब्लॉगर का नाम भी पहचाना हुआ था. इसलिए लगा नहीं कि हमारी कविता वहाँ पोस्ट की गई होगी. इसके बजाय लगा कि कहीं हमारी कविता के बारे में तो कुछ लिखा तो नहीं गया है. ऐसा विचार आते ही पोस्ट लिंक पर क्लिक कर दिया. पोस्ट खुली तो हमारी आँखें खुलीं. पूरी की पूरी कविता उस पोस्ट में थी मगर हमारे नाम के बिना. पेज दो-तीन पर रिफ्रेश करके भी देखा, कहीं नेटवर्क कोई होशियारी न कर रहा हो मगर ऐसा नहीं था. हमारा नाम लेखक ने लिखा नहीं था सो वहाँ था ही नहीं. कहीं और भी किसी रूप में ये प्रदर्शित नहीं हो रहा था कि वो पोस्ट हमारी है.


बहरहाल, इस तरह की घटनाओं से आये दिन दो-चार होते हैं. सोशल मीडिया के विशाल जंगल में, इस भूलभुलैया में कब कौन चोर बनकर आपकी रचनाओं के सहारे प्रसिद्धि पाता रहे, कहा नहीं जा सकता. अक्सर घूम-फिर कर हमारी ही रचनाएँ हमें टैग करके भेजी जातीं हैं, किसी और के नाम पर. ऐसे में इस ब्लॉग पोस्ट पर अपनी कविता देखना आश्चर्य का विषय नहीं लगा. उन्हीं की तरह का कदम फेसबुक पर एक महाशय और उठाए हैं, उनको भी संकेत कर दिया है. इन्हीं महाशय के नक्शेकदम पर चलते हुए वे भी हमारी उसी कविता को अपनी पोस्ट में जिंदा किये बैठे हैं. दिमाग में आया कि हो सकता है कि ब्लॉगर गलती से नाम न लिख सके हों. चूँकि ब्लॉगर का नाम खासा जाना-पहचाना हुआ है ब्लॉगिंग में, सो यह सोचा ही नहीं कि किसी तरह की चोरी के उद्देश्य से ऐसा किया गया होगा. ऐसा इसलिए भी नहीं लगा क्योंकि हम इतना बड़ा नाम नहीं कि वे ब्लॉगर हमारी रचना चुराएं.

किसी और ब्लॉग पर लगाई गई हमारी कविता 

दिमाग में ऐसी बातें चलते-चलते उनकी उसी पोस्ट में हमने टिप्पणी के द्वारा उनको कविता के मूल के बारे में बताया. साथ ही अपने ब्लॉग पोस्ट की, जिसमें वो कविता लिखी थी, उनको भेज दी. ब्लॉगर द्वारा टिप्पणी को मॉडरेशन में लगाया गया है इस कारण टिप्पणी उस समय प्रकाशित न हुई. आज भी कई बार देखा तो न टिप्पणी प्रकाशित हुई, न ही कविता में हमारा कोई जिक्र हुआ और न ही वह पोस्ट हटाई गई. पहले लगा कि शायद उन्होंने टिप्पणी देखी न हों मगर जब उनके ब्लॉग पर नजर मारी तो महाशय ने आज ही तीन पोस्ट लगाई हैं. इसका सीधा सा अर्थ यही है कि उन्होंने जानबूझ कर टिप्पणियों को नजरअंदाज किया है. हम स्वयं भी कई बार अपनी ब्लॉग पोस्ट में किसी अन्य की पोस्ट को प्रकाशित करते हैं मगर उसके नाम के साथ, उसकी अनुमति के साथ. ब्लॉग पोस्ट को न हटाया जाना या फिर उसमें हमारी कविता का चर्चा न करना कहीं यह सिद्ध तो नहीं कर रहा है कि अब ब्लॉगर भी चोरी, सीनाजोरी जैसी हरकतें करने लगे हैं?

ये हमारी पोस्ट 

फ़िलहाल तो आज फिर उनको टिप्पणी के द्वारा संकेत कर दिया है, देखना है वो करते क्या हैं. यहाँ कविता के चोरी किये जाने से समस्या नहीं क्योंकि यह घटना तो दिख गई, पकड़ में आ गई. जो चोर परदे के पीछे हैं, हम सबकी निगाह से छिपे हैं उनका कोई क्या कर ले रहा है. यद्यपि इस बारे में एक हम ही नहीं बहुत से लोग परेशान हैं तथापि इसके खिलाफ कदम बढ़ाने का प्रयास कोई कर नहीं रहा है. शायद आरम्भ हमें ही करना होगा. आगे क्या करना है ये तो आगे देखेंगे मगर दुःख हो रहा है कि नामचीन ब्लॉगर भी इस जमात में शामिल होते दिखने लगे.

+

हमारे मित्र द्वारा फेसबुक पर लिखी पोस्ट 

आप सभी को अवगत कराएँ कि वह कविता हमने सन 2018 में लिखी थी. उस कविता के बारे में हमारे मित्र ने फेसबुक पर एक पोस्ट भी लिखी थी, उसी सन 2018 में.

ये हमारी कविता की पोस्ट लिंक
https://kumarendra.blogspot.com/2018/11/blog-post_16.html
++
ये उस पोस्ट की लिंक जहाँ ब्लॉगर महाशय ने हमारी कविता लगा रखी है

https://akhtarkhanakela.blogspot.com/2020/06/blog-post_60.html 
++
ये वो लिंक जो फेसबुक पर हमारी कविता की है, किसी और की पोस्ट पर 

हमारी एक कविता, दो जगह, बिना हमारी जानकारी 

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

06 मई 2020

हमारी ब्लॉगिंग तीरंदाजी के बारह वर्ष

लॉकडाउन की हड़बड़ में यही भूल गए कि अभी दो-तीन दिन पहले हमारे ब्लॉग का जन्मदिन निकल गया. वो तो आज बिटिया रानी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर चलने वाली तैयारियों के चलते याद आ गया. हमने अपना ये ब्लॉग मई माह के आरम्भ में बनाया था किन्तु पहली पोस्ट 4 मई को लिखी थी, वर्ष 2008 में. उसी वर्ष, उसी माह 7 तारीख को हमें कन्या-रत्न प्राप्त हुआ. इसी मई में ब्लॉग और बिटिया दोनों बारह वर्ष के हो गए. तबसे से लेकर आज वर्ष 2020 तक की बारह साल की ब्लॉग-यात्रा अनेक अनुभवों से समृद्ध कर गई है. अनेक अनुभव मधुर हुए और अनेक अनुभव तो बहुत ही बुरे रहे. बुरे अनुभवों की पोटली बनाकर हमने अपने घर के पास बहते नाले में फेंक दी है. उनके द्वारा जो सीखना था, वो उसी समय सीख लिया था. अब बस अच्छा ही अच्छा अनुभव करते हैं.


इस अच्छे में एक बात हमें अपने आपमें बहुत सुकून देती है कि हमने ब्लॉगिंग का भरपूर तरीके से आनंद उठाया, आज तक उठा रहे हैं. उन दिनों जबकि हमने ब्लॉगिंग आरम्भ की तो पहले-पहल तो समझ से बाहर ही रहा कि लिखने वाली पोस्ट को लोगों तक कैसे भेजा जाये? अपना ब्लॉग सबके बीच ले जाने की तृष्णा के चलते कई-कई सामूहिक ब्लॉग से भी जुड़ना हुआ. इसमें भी कई बार खूब जूतम-पैजार हुई. ऐसी स्थिति में कई बार हमने ही ब्लॉग छोड़ दिया और कई बार हमें ही भगा दिया गया. इन सबमें भी खूब मजा आने लगा था.

इसी मजे में खुद अपना लिखा अपने अन्य परिचितों को पढ़वाने के लिए अनेक मित्रों के, परिजनों के ब्लॉग बनवाए. लोगों को खूब प्रेरित किया ब्लॉग बनाने को, लिखने को. कुछ तो गधे से घोड़े बन गए मगर कुछ गधे के गधे बने रहे. हमारे ऐसे मित्र आज भी उसी गधे की श्रेणी में पड़े हैं, हमारा ब्लॉग देख-पढ़ लेते हैं मगर खुद लिखने का कष्ट नहीं उठाते. बहरहाल, बिना किसी की सहायता के अपना ब्लॉग बना लेने के बाद, उसका सञ्चालन उचित ढंग से करने का अनुभव होने के बाद ब्लॉग बनवाने में, पोस्ट लिखवाने में खुद को तीरंदाज समझने लगे थे. सो खूब तीर मारे. आज भी मार रहे हैं. अभी इसी माह दो लोगों को ब्लॉग जगत में खींच कर लाये मगर वही ढाक के तीन पात, उन लोगों ने ब्लॉग बना लिए मगर उस पर लिखना शुरू नहीं किया. जल्द ही उनको भी इसका चस्का लगवाते हैं.


जब ब्लॉगिंग करते-करते काफी समय बीत गया, ब्लॉग एग्रीगेटर्स के चलते लोगों की पहुँच हमारे ब्लॉग तक हो गई, हमारी पहुँच दूसरों के ब्लॉग तक हो गई तो बहुत से लोगों ने ब्लॉग बनाने के लिए हमसे संपर्क किया. उसी में आज भी एक अनुभव बहुत अच्छे से याद है. एक बुजुर्ग महिला ने कई-कई दिनों तक देर रात फोन के माध्यम से ब्लॉग बनाने के बारे में, पोस्ट लिखने के बारे में जानकारी ली. हर बार वे बड़े ही स्नेह से आशीर्वाद देतीं. आज वे खूब सक्रिय हैं और कई-कई ब्लॉग के द्वारा साहित्यिक, सामाजिक लेखन में रत हैं.

इसी कई-कई ब्लॉग में याद आया, उस समय हमें ब्लॉगिंग करते कुछ महीने ही हुए होंगे. ब्लॉग बनाने, लिखने के बारे में समझ आ गया था. एक-दो सामूहिक ब्लॉग से भी जुड़ गए थे. एग्रीगेटर से भी सहारा मिल गया था. इसके बाद भी कुछ विषयों में बड़ा संशय रहता था. हमें लगता था कि विषयवार अलग-अलग ब्लॉग बनाये जाने चाहिए, जिससे लोगों को अपने मन का ही पढ़ने की सुविधा हो. हमारा मानना था कि ऐसा किये जाने से जहाँ पाठकों की संख्या बढ़ेगी और लोगों को भी अपने विषय से इतर अन्य पोस्ट देखने की जहमत नहीं उठानी पड़ेगी. इसकी चर्चा एक दिन हमने किसी पोस्ट के द्वारा करते हुए लोगों की राय माँगी. उसमें मिली कई-कई टिप्पणियों में एक टिप्पणी आजतक नहीं भूली. किसी ने कहा कि एक ब्लॉग पर ही अलग-अलग लेवल बनाकर लिखिए. अलग-अलग ब्लॉग बनायेंगे तो आप अखबार बन जायेंगे. खुद को समेटना मुश्किल हो जायेगा.

उस समय हम नए-नए ब्लॉगर बने थे सो किसी वरिष्ठ की सलाह को, राय को स्वीकारते हुए अनेक ब्लॉग बनाने का विचार त्याग दिया. इसके बाद भी हमारा मानना आज भी यही है कि यदि विषयवार अलग-अलग ब्लॉग बनाये जाएँ, उन पर सम्बंधित पोस्ट को लिखा जाये तो निश्चित ही उसका प्रसार अधिक होगा. कहते हैं न कि बारह साल बाद तो घूरे के दिन बदल जाते हैं, सो सोच रहे कि अपने विचार के दिन बदल कर देख लें. वैसे ब्लॉग पोस्ट के हिसाब से भले न अनेक ब्लॉग बनाये हों मगर अलग-अलग प्रकृति के हिसाब से अनेक ब्लॉग अवश्य बनाये.

फिलहाल तो आगे क्या करेंगे, क्या नहीं कहा नहीं जा सकता किन्तु अभी यही कह सकते हैं कि ब्लॉगिंग आज भी रोज करते हैं, आने वाले समय में भी रोज करते रहेंगे.

.

आप सभी को यह बताने का लोभ संवरण नहीं हो पा रहा कि यह पोस्ट हमारे इस ब्लॉग की 1753वीं पोस्ट है. पहली ब्लॉग पोस्ट से इस ब्लॉग को बारह वर्ष 04 मई को हुए. उस दिन लिखी गई पोस्ट इस ब्लॉग की 1751वीं पोस्ट थी. (क्लिक करिए और देखिये, क्या है ब्लॉग-जन्मदिन पर)

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

16 अप्रैल 2020

ब्लॉगिंग पुनर्जीवन की उठती गिरती राहें

इंटरनेट पर एक समय वो था जबकि ब्लॉग की हनक दूर-दूर तक सुनाई पड़ती थी. बहुत सारे लोग अपनी पूरी सक्रियता, ऊर्जा के साथ ब्लॉग जगत का चमकता सितारा बने हुए थे. रोज ही किसी न किसी विषय पर पोस्ट. कभी गंभीर जानकारी तो कभी हास्य की फुहार. कभी कोई तकनीकी विषय का ज्ञान तो कभी कला, संस्कृति का दृश्य. खबर, जानकारी, ज्ञान, शिक्षा, चिकित्सा, कला, विज्ञान, खेल, पाककला, खेल, साहित्य आदि-आदि सहित क्या-क्या न था ब्लॉग संसार में. नियमित लिखने वाले भी थे, अनियमित लिखने वाले भी थे. नए लोगों को प्रोत्साहित करने वाले सक्रिय लोग भी थे तो बस अपने में ही सिमटे रहने वाले कुछ गुमसुम लोग भी थे. कुछ विद्रोही स्वभाव वाले ब्लॉगर थे तो कुछ अत्यंत सहज, सरल अंदाज वाले. सबके बीच एक अनाम सा रिश्ता बना हुआ था. उस समय भी समय में राजनीति होने के बाद भी आपस में राजनीति नहीं थी.


इस हँसते-खेलते ब्लॉग संसार के साए में सोशल मीडिया के अन्य दूसरे मंच सजने लगे. वे धीरे-धीरे पल्लवित, पुष्पित होने लगे. जो पौधे ब्लॉग जगत की विराट भूमि के पार्श्व में उग रहे थे वे एक दिन जबरदस्त वटवृक्ष बनकर उसी ब्लॉग जगत को डसने लगे. ब्लॉग जगत के अनियमित लोग तो जैसे गायब ही हो गए, आश्चर्य ये हुआ कि नियमित लेखन वाले ब्लॉगर भी आराम से किनारा करने लगे. इस किनारा कर चुके, लगभग समाप्त से दिखते ब्लॉग संसार में पुनः प्राण-प्रतिष्ठा करने का बीड़ा कुछ वरिष्ठ ब्लॉगर ने उठाया. ऐसा इसलिए क्योंकि ऐसे बहुत से लोग अपने भीतर की उस कसक को पूरी तरह से मिटा नहीं सके थे जो ब्लॉग संसार की चमक धूमिल करने से उपजी थी. ब्लॉग लेखन के प्रति उनकी आंतरिक चेतना लगातार काम करती रही और यही कारण रहा कि ऐसे लोग व्यस्तता के बाद भी ब्लॉग लेखन से अलग नहीं हुए. व्यस्तता के बीच वे खुद को ब्लॉग से जरा सा अलग करते हुए सोशल मीडिया के अन्य दूसरे मंचों पर दिखाई देने लगे. ब्लॉग संसार की छवि का धूमिल होते जाने और सोशल मीडिया के दूसरे मंचों के आलोकित होते जाने के अपने कारण है, वे अलग चर्चा का विषय हैं.

समय की कमी की दुहाई देते बहुत सारे वरिष्ठजनों को लॉकडाउन ने जैसे समय तो दिया ही, ब्लॉग जगत को पुनः चमकाने के लिए वरदान सा दे दिया. सोशल मीडिया के जिन मंचों ने ब्लॉग जगत की चमक को छीनने का काम किया उसी के सहारे पुनः ब्लॉग जगत को चमकाने की कोशिश की जाने लगी. पहले प्रयास में सबकी सक्रियता या कहें शाब्दिक उत्साह देखकर लगा कि ब्लॉग जगत अपनी पुरानी प्रतिष्ठा को प्राप्त कर लेगा. इस आशा के साथ-साथ जिस तरह की आशंका को महसूस किया जा रहा था, कई साथियों ने इसके बारे में चर्चा भी की, वह आशंका भी निर्मूल न रही. सबसे पहले हम, सिर्फ हम ही हम जैसी मानसिकता के चलते बौद्धिकता को सबके ऊपर हावी करने का कदम बढ़ाया गया. अनावश्यक रूप से विमर्श किया जाने लगा. जिस ब्लॉग जगत की चमक वापस लाने का संकल्प आपस में लिया गया, उसके पहले ही सब मिलकर आपसी संबंधों की चमक को मिटाने लगे.

बहरहाल, वरिष्ठजन संकल्पित हैं. हम जैसे नवांकुर सीखने की ही स्थिति में हैं. देखने की स्थिति में हैं. देखते हैं कि जो कदम उठे हैं, वे कहाँ तक जाते हैं? ब्लॉग जगत की चमक को कितना लौटा पाते हैं?

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

14 अप्रैल 2020

ब्लॉगर पर ब्लॉग बनाना सीखें

ब्लॉग जगत के वरिष्ठ और सक्रिय साथियों द्वारा एक बार फिर ब्लॉग जगत को उसकी पुरानी रौनक लौटाने का प्रयास किया जा रहा है. इस सम्बन्ध में बहुत से पुराने साथियों के साथ-साथ कुछ नए साथियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है. अपने ऐसे नए साथियों के लिए ब्लॉगर पर ब्लॉग बनाये जाने का तरीका यहाँ चित्र के माध्यम से प्रस्तुत कर रहे हैं. वैसे तो इंटरनेट पर अनेक वेबसाइट और ब्लॉग पर ब्लॉग बनाने के वीडियो, चित्र उपलब्ध हैं इसके बाद भी सहयोग भाव से यह पोस्ट उन नए साथियों के लिए जो ब्लॉग जगत से जुड़ने की अभिलाषा रखते हैं. आशा है कि आप नए साथियों को अवश्य ही मदद मिलेगी.

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग



















यदि ब्लॉग बनाने में किसी तरह की समस्या आये तो कृपया टिप्पणी में अपनी समस्या से अवगत करा सकते हैं अथवा kumarendra.com@gmail.com पर हमें मेल कर सकते हैं. 

ब्लॉग बनाने वाले सभी साथियों से अनुरोध है कि ब्लॉग बनाने के बाद अपनी पहली पोस्ट तुरंत ही लिखें और हमें लिंक भेजकर अवश्य ही अवगत कराएँ. आपका ब्लॉग जगत में स्वागत करने को हम तत्पर हैं.