ज्ञान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
ज्ञान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

05 सितंबर 2024

गुरु और शिक्षक का अंतर

ओ फ़ेसबुक की भेड़चाल में बहकने वाले/वालियो

 

आप सबने ज़िन्दगी से सीखा, माता-पिता पहले गुरु रहे, प्रकृति से ज्ञान प्राप्त किया, इससे लिया, उससे बटोरा, कण-कण ने दिया, वक्त ने सिखाया आदि-आदि. सारी बातें सही हैं, आदर्श विचारक हैं मगर बहकते-भटकते कुछ और जानकारी भी सीख लो, सहेज लो. गुरु कोई भी हो सकता है, कोई भी से मतलब कोई भी. ज्ञान किसी से भी मिल सकता है, किसी से भी माने किसी से भी. ये लोग माता-पिता, कोई रिश्तेदार, सहयोगी, मित्र, कोई भी कामगार, किसी भी व्यवसाय का व्यक्ति, किसी भी संस्थान का सदस्य, निरक्षर, साक्षर आदि कोई भी हो सकते हैं. ये गुरु हो सकते हैं पर शिक्षक नहीं.

 

हर कोई शिक्षक नहीं बन सकता. हर किसी को शिक्षक नहीं कहा जा सकता. प्रशासनिक अधिकारी प्रशासनिक अधिकारी ही होगा. पुलिस वाला पुलिस वाला ही रहेगा. डॉक्टर को डॉक्टर ही कहा जायेगा. इंजीनियर इंजीनियर ही रहेगा. व्यापारी भी यही रहेगा. हाँ, ये गुरु हो सकते हैं. इनको गुरु माना-समझा-कहा जा सकता है. इससे इतर शिक्षक एक निश्चित प्रक्रिया के बाद शैक्षिक संस्थान में नियुक्त व्यक्ति होता है. निश्चित डिग्री, निश्चित अर्हता, निश्चित प्रक्रिया के बाद ही कोई व्यक्ति शिक्षक कहलाता है.

 

शिक्षक दिवस देश के एक शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के सम्मान में उनके जन्मदिन पर मनाते हैं. यह दिन उनके जन्मदिन पर शिक्षकों का सम्मान करने का दिन है. इनसे इतर किसी और से ज्ञान पाने वाले को गुरु कहिए, उनका सम्मान गुरु पूर्णिमा को करिए.


09 फ़रवरी 2023

Insert Learning : पूर्णतः अनभिज्ञ विषय से परिचय

ज्ञान का, जानकारी का संसार इतना विशाल है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है. ज्ञान सागर में ऐसे-ऐसे मोती हैं, जिनको पाने के लिए उसमें गहराई तक उतरना होता है. ऐसा अनुभव हर बार किसी न किसी प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्राप्त होता है, किसी न किसी वर्कशॉप के द्वारा ऐसा अनुभव मिलता है. इन दिनों अपने अध्यापन कार्य में अनिवार्य रूप से किये जाने वाले पुनश्चर्या पाठ्यक्रम (रिफ्रेशर कोर्स) में सहभागिता की जा रही है. ऑनलाइन चल रहे इस पाठ्यक्रम में अभी तक जो जानकारी दी गई उसने हमें व्यक्तिगत रूप से आश्चर्यचकित ही किया है. इंटरनेट की दुनिया में दिन-रात किसी न किसी रूप में विचरण करते रहने के बाद भी एक ऐसे विषय से परिचय हुआ, जिसके बारे में उससे पहले हमने देखा-सुना ही नहीं था.




ऐसा शायद सबके लिए संभव नहीं होता है कि वह सभी विषयों का, सभी क्षेत्रों का जानकार हो. हमारे साथ तो ऐसा बिलकुल भी नहीं है. दो-चार क्षेत्र ही ऐसे हैं, जिनके बारे में अल्प-जानकारी, अल्प-ज्ञान ही प्राप्त कर सके हैं. इंटरनेट तो वैसे भी अत्यंत वृहद् है, जहाँ जितना मिले, जितना ग्रहण किया जाये उतना ही कम है. Insert Learning एक ऐसा विषय हमारे सामने आया जिसके बारे में हमारे पास जानकारी शून्य थी. रिफ्रेशर कोर्स में जब इस बारे में बताया गया तो इसके बारे में जानकर आश्चर्य हुआ. इसके द्वारा किसी भी वेब पेज में दी गई जानकारी में अपनी जानकारी, यूट्यूब लिंक को जोड़कर विद्यार्थियों के लिए अथवा ऐसे लोगों के लिए जिनको जानकारी देनी हो, ज्ञानवर्द्धक सामग्री उसी वेब पेज पर तैयार की जा सकती है. जब सम्बंधित विशेषज्ञ द्वारा इस बारे में बताना आरम्भ किया गया तो एकबारगी लगा कि ऐसे कैसे संभव है कि किसी वेबपेज में किसी तरह से अन्य सामग्री को जोड़ा जा सके? बाद में Insert Learning टूल की सहायता से जब ऐसा खुद किया तो बड़ा अच्छा लगा. आश्चर्य भी लगा कि ऐसे विषय से हम आज तक अनजान थे.


फिलहाल, अभी तो पुनश्चर्या पाठ्यक्रम चल रहा है. निश्चित ही और भी ऐसे विषय हमारे सामने आयेंगे, जो हमारे लिए नए होंगे. निश्चित ही ऐसे अन्य विषयों से परिचय होकर बहुत कुछ नया सीखने को मिलेगा. 






 

27 जनवरी 2022

रुके अकादमिक कार्यों को फिर शुरू करना है

अकादमिक रूप से अनिवार्य चार सप्ताह के फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम में दिसम्बर 2021 के आखिरी सप्ताह से जुड़ना हुआ. यह कार्यक्रम 22 जनवरी 2022 तक चला. इस अवधि में प्रतिदिन चार सेशन होते थे, जिनमें देश के अलग-अलग हिस्सों से, अलग-अलग विद्वानों के व्याख्यान से परिचय हुआ. इस प्रोग्राम में देश भर के तीस प्रतिभागी ऑनलाइन ही जुड़े हुए थे. कोरोना के कारण से विगत दो वर्षों में बहुतायत गतिविधियाँ ऑनलाइन ही सम्पन्न हो रहीं हैं. इनके यदि अपने फायदे हैं तो इनके नुकसान भी हैं. ऑनलाइन रहने से लोगों को आवागमन की समस्या नहीं रही, सम्बंधित संस्थान को तमाम व्यवस्थाएँ नहीं करनी पड़ीं मगर इसी ऑनलाइन का नुकसान यह हुआ कि देश के विभिन्न प्रदेशों से, विभिन्न फैकल्टी के आये लोगों से मिलने का अवसर न मिला. दिन भर के व्याख्यान सत्रों के बीच के समय में सभी प्रतिभागी एक-दूसरे से संपर्क बना कर आपस में वैचारिक आदान-प्रदान करते.


कार्यक्रम समाप्ति तक विभिन्न विद्वानों के विचारों से, उनके ज्ञान से परिचित होने का अवसर मिला. अपने विषय के साथ-साथ अन्य विषयों के बारे में भी जानकारी हुई. बहुत से ऐसे बिन्दुओं के बारे में भी गहराई से जानने-समझने का अवसर मिला, जिनके बारे में पढ़ रखा था मगर ऊपरी स्तर पर. इस अवधि में खुद अपने ज्ञान को जाँचने-परखने का भी मौका मिला. लगा कि कितना कुछ ऐसा है जो अभी तक जाना ही न था, कितना कुछ ऐसा है जिसके बारे में जानते हुए भी लगा कि कुछ नहीं जानते हैं. ज्ञान के अपार, अथाह सागर में हम जैसे किनारे पर भी बैठे हुए से नहीं हैं. महसूस हुआ कि जैसे बहुत दूर बैठे इस ज्ञान-सागर की छवि को निहार रहे हैं.


इस फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम का क्या और कितना लाभ मिलेगा ये तो भविष्य की बात है मगर इसका लाभ हुआ कि विगत काफी लम्बे समय से तमाम अकादमिक कार्यों में अवरोध जैसा या कहें कि रुकावट ही आ गई थी, उसे पुनः आरम्भ करने का मन बन गया है. मन फिर से भटक पर अपनी पुरानी अवस्था में न चला जाये, इससे पहले खुद को और मन को तत्परता से अकादमिक कार्यों की तरफ ले जाना है.

25 सितंबर 2018

कठिन डगर से एकात्म मानववाद तक का सफ़र


दीनदयाल उपाध्याय, जिनका आज जन्मदिवस है, एक प्रखर विचारक, उत्कृष्ट संगठनकर्ता तथा ऐसे नेता थे जिन्होंने जीवनपर्यंन्त व्यक्तिगत ईमानदारी और सत्यनिष्ठा को महत्त्व दिया. वे भारतीय जनता पार्टी के लिए वैचारिक मार्गदर्शन और नैतिक प्रेरणा के स्रोत हैं. उनकी पुस्तक एकात्म मानववाद (इंटीगरल ह्यूमेनिज्म) है, जिसमें साम्यवाद और पूंजीवाद की समालोचना की गई है.


उनका जन्म 25 सितंबर 1916 को मथुरा के गाँव नगला चंद्रभान में हुआ था. उनके पिता का नाम भगवती प्रसाद उपाध्याय तथा माता का नाम रामप्यारी था. रेलवे की नौकरी में व्यस्तता के कारण उनके पिता ने उनको और उनकी माता जी को ननिहाल भेज दिया. तीन वर्ष की उम्र में उनके पिता का देहांत हो गया. विपत्ति ने यहाँ ही पीछा न छोड़ा. सात वर्ष की उम्र में उनकी माँ का भी निधन हो गया. कुछ समय बाद बीमारी के कारण उनके भाई का भी देहान्त हो गया. अपने मामा के सहयोग से उनकी शिक्षा होती रही. सन 1937 में इण्टरमीडिएट की परीक्षा में उन्होंने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया. बिड़ला कॉलेज में इससे पूर्व किसी भी छात्र के इतने अंक नहीं आए थे. दीनदयाल जी को स्वर्ण पदक प्रदान करते हुए बिड़ला जी ने उन्हें छात्रवृत्ति प्रदान की. इसके बाद दीनदयाल जी बी०ए० करने के लिए कानपुर आ गए. यहाँ उनमें राष्ट्रसेवा का बीज अंकुरित हुआ. दीनदयाल जी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रमों में रुचि लेने लगे. सन 1939 में प्रथम श्रेणी में बी०ए० उत्तीर्ण करने के बाद वे एम०ए० करने के लिए आगरा चले गये. यहाँ नानाजी देशमुख और भाऊ जुगाडे के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गतिविधियों में हिस्सा लेने लगे. इसी बीच उनकी चचेरी बहन का बीमारी से निधन हो गया. इस घटना से वे बहुत उदास रहने लगे और एम०ए० की परीक्षा नहीं दे सके.

आगरा से वे लखनऊ आये और यहाँ से राष्ट्रधर्म प्रकाशन संस्थान की स्थापना की. यहीं से एक मासिक पत्रिका राष्ट्रधर्म सहित पांचजन्य (साप्ताहिक) तथा स्वदेश (दैनिक) का प्रकाशन शुरु किया. दीनदयाल जी ने 21 सितम्बर 1951 को उत्तर प्रदेश में एक राजनीतिक सम्मेलन आयोजित करके भारतीय जनसंघ की नींव डाली. सन 1968 में उन्हें अध्यक्ष बनाया गया. दीनदयाल उपाध्याय जी ने राजनीति के साथ-साथ विचारात्मक योगदान भी दिया. उन्होंने अनेक महत्त्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे. जिनमें एकात्म मानववाद, लोकमान्य तिलक की राजनीति, जनसंघ का सिद्धांत और नीति, जीवन का ध्येय राष्ट्र जीवन की समस्यायें, राष्ट्रीय अनुभूति, कश्मीर, अखंड भारत, भारतीय राष्ट्रधारा का पुनः प्रवाह, भारतीय संविधान, इनको भी आज़ादी चाहिए, अमेरिकी अनाज, भारतीय अर्थनीति, विकास की एक दिशा, बेकारी समस्या और हल, टैक्स या लूट, विश्वासघात, द ट्रू प्लान्स, डिवैलुएशन ए, ग्रेटकाल आदि प्रमुख हैं. उनके लेखन का एकमात्र लक्ष्य भारत की विश्व पटल पर पुनर्प्रतिष्ठा और विश्व विजय स्थापित करना था. विलक्षण बुद्धि, सरल व्यक्तित्व एवं नेतृत्व के अनगिनत गुणों से संपन्न दीनदयाल उपाध्याय जी की मृत्यु मात्र 52 वर्ष की उम्र में 11 फ़रवरी 1968 को मुग़लसराय के पास रेलगाड़ी में यात्रा करते समय संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी. उनका पार्थिव शरीर मुग़लसराय स्टेशन के वार्ड में मिला था. 

भारतीय राजनीतिक क्षितिज के इस प्रकाशमान सूर्य को, जिसने सभ्यतामूलक राजनीतिक विचारधारा का प्रचार एवं प्रोत्साहन करते हुए अपना सर्वस्व राष्ट्र को समर्पित किया, उनके जन्मदिवस पर सादर नमन.

27 फ़रवरी 2009

हमारे प्राकृतिक ज्ञान को कौन बचायेगा?

एकदम से सरदी का जाना और फरवरी के अन्त में ही गरमी जैसा मौसम दिखना बताता है कि मौसम का मिजाज कुछ बदलने वाला है। अब क्या बदलेगा और कैसे बदलेगा, यह तो पता नहीं पर जो जानकार हैं वे बता सकते हैं कि क्या बदलेगा? मौसम के मिजाज को देखकर, हवाओं के रुख को देखकर, बारिश के होने न होने को देखकर गाँव के बुजुर्ग बता दिया करते थे कि आगे क्या होने वाला है। हो सकता है कि गाँवों में आज भी कुछ लोग इस तरह के आज भी हों जो मौसम को देखकर आगे की जानकारी दे सकते हैं। यह सब उन नये लोगों के लिए आश्चर्य का विषय हो सकता है जो गाँव से सीधे-सीधे सम्बन्ध नहीं रखते हैं पर वे सभी लोग अवश्य ही इससे परिचित होंगे। अब गाँव को भी शहरों में बदलने का कार्यक्रम चल रहा है। तकनीक का आना और उसका उपयोग किसी भी रूप में बुरी बात नहीं है किन्तु तकनीक के नाम पर अपनी संस्कृति को और ज्ञान को भुला देना अवश्य ही गलत बात है। गाँव में भी आज जिस तरह से सांस्कृतिक वातावरण का विकास हो रहा है (इसे विकास न कहें तो शायद बेहतर होगा) वह किसी भी रूप में स्वस्थ परम्परा की स्थापना नहीं कर रहा है। हमारा जो भी प्राकृतिक ज्ञान था आज उसकी ओर किसी का भी ध्यान नहीं जा रहा है। जो बुजुर्गवार आज भी इस धरोहर को संभाले बैठे हैं वे अपनी विद्या किसी न किसी को सिखाना चाहते हैं पर युवा वर्ग इस ओर आकर्षित ही नहीं हो रहा है। इस तरह के माहौल से हमारा ज्ञान सदा-सदा को विलुप्त हो रहा है। क्या यह सम्पदा सुरक्षित रह पायेगी? क्या कोई इस ओर भी सकारात्मक प्रयास करेगा? काश! कोई विदेशी इस पर किसी तरह से अपनी नजरें इनायत कर दे तो सम्भव है कि इस प्राकृतिक ज्ञान का भी भला हो जाये। हम भारतीयों के हाथ में तो बहुत कुछ वैसे भी नहीं रहता है...........हमारी तरक्की, हमारी प्रतिभा को तो विदेशी ही तय करते हैं???