चीन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
चीन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

03 जून 2020

चीनी उत्पाद विरोध के बाद की संभावनाएँ

चीनी उत्पादों के खिलाफ भारत में एक आन्दोलन सा खड़ा होता दिखने लगा है. अगर यह आंदोलन चीन के विरुद्ध सफल हो जाता है तो भारत को इसके अनेक दीर्घकालिक लाभ होंगे.


इसमें पहला लाभ तो चीन को भारत से होने वाले राजस्व में जबरदस्त कमी आएगी. यह कमी लगभग 5 लाख करोड़ रुपये तक के होने का अनुमान है. ऐसा माना जाता है कि इस राजस्व का उपयोग चीन कहीं न कहीं भारत के खिलाफ सीमाओं पर करता है. यदि वाकई इस राजस्व में कमी आती है तो यह धन देश में ही उपयोग में लाया जा सकता है.

इसके अलावा अनेक हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर तथा दूसरे अन्य उत्पाद बनाने वाली कंपनियों को भारतीय बाजार में अपना अस्तित्व खोजना पड़ेगा. ऐसा उनको अपनी हिस्सेदारी में भारतीय भाग के खोने के डर के कारण करना पड़ेगा. ऐसी स्थिति में वे कम्पनियाँ अपनी उत्पादन कंपनियों, कार्यालयों आदि को भारत में लगाने पर विचार करने पर विचार कर सकती हैं.

यह भी संभव है कि भारतीय स्टार्टअप और उद्योगों के लिए चीनी उत्पादों और सेवाओं के रूप में एक विकल्प भी मिल सके. यदि ऐसा होता है तो भारत में विकसित चीनी विकल्पों के लिए भी एक नया रास्ता मिलने की सम्भावना है.

ऐसी स्थिति में कच्चे माल के स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं के लिए योजनाबद्ध रूप से श्रमिक, मजदूर भी उपलब्ध होने की सम्भावनाएं होंगी. इसके साथ-साथ अपने सामान के बेचने हेतु उनको बाजार का विकसित स्वरूप मिल सकेगा. इसमें रोजगार की अपार संभावनाएं भी विकसित हो सकेंगी.


यह कहना अतिश्योक्ति न होगी कि कोरोना संकट और चीन विरोधी भावनाएं भारत के लिए एक बड़ा वरदान बन सकती हैं. ऐसा तभी संभव है जबकि हम एक साथ ऐसा माहौल बनायें और सद्भाव के साथ काम करें. सरकार के प्रति फैलाये जा रहे विरोधी विचारों के बीच भले ऐसा संभव न दिखता हो मगर हम सभी को नफरत को नजरअंदाज करते हुए मेक इन इंडिया को एक वास्तविकता बनाना होगा. 

हालाँकि यह एक संभावना है और यदि इस पर देशव्यापी दृष्टि के साथ कार्य किया जाये तो इसे वास्तविकता में बदलना मुश्किल नहीं होगा. ऐसे में प्रधानमंत्री जी के आत्मनिर्भर भारत के विचार को सार्थक करना कठिन न होगा. 

(मयूरेश गोयल)

.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

28 मार्च 2020

वुहान के बहाने चीन का दाँव

आज दो खबरें पढ़ने को मिलीं. दोनों ख़बरें एक ही स्थान से संदर्भित हैं. दोनों ही खबरें एक ही बिंदु पर केन्द्रित हैं. एक खबर मिली कि चीन के वुहान में आज से बस सेवा बहाल कर दी गई. इसी के साथ ये भी खबर पढ़ने को मिली कि वुहान में जिन लोगों को कोरोना मुक्त घोषित कर दिया गया था, उनमें से लगभग दस प्रतिशत लोग फिर से संक्रमित मिले हैं. चीन का वुहान, ये वही वुहान है जिसके कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में तबाही मचा रखी है. कोरोना वायरस को लेकर चीन ने क्या इंतजाम किये ये और बात है मगर सोचने वाली बात है कि जर्मनी, इटली, अमेरिका जैसे देश जिनकी स्वास्थ्य सेवाएँ विश्व में किसी से कमतर नहीं हैं, वे देश भी कोरोना से निपटने में लगभग अक्षम दिख रहे हैं. इन देशों में मौत का बढ़ता आँकड़ा, संक्रमित लोगों के मिलने का आँकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. ऐसे में वो देश जहाँ से इस वायरस की उत्पत्ति हुई, उसने अपने उसी शहर को कोरोना से मुक्त करवा लिया जहाँ कि इस वायरस का जन्म हुआ था. इसे समझने के लिए किसी रोकेट साइंस की आवश्यकता नहीं है.


इन दो खबरों के दो सन्दर्भ हो सकते हैं जो अपने आपमें जुड़े हुए भी हो सकते हैं. पहला तो यह कि ये किस से छिपा नहीं है कि कोरोना चीन के द्वारा पैदा किया हुआ वायरस अथवा एक तरह का जैविक हथियार है. इसके द्वारा उसने लगभग सकल विश्व पर अपना अधिकार जमा लिया है. कोरोना वायरस के हमले के चलते वैश्विक आर्थिक बाजार में, शेयर बाजार में बुरी तरह की गिरावट देखने को मिली है. संभव है कि बहुत सारे उत्पादों के शेयर, बहुत से प्रमुख देशों के शेयर चीन के द्वारा खरीद लिए गए हों. यदि ऐसा हुआ तो समझिये कि चीन ने एक तरह का तीसरा विश्वयुद्ध छेड़कर उसके द्वारा सम्पूर्ण विश्व पर कब्ज़ा कर लिया है. आज के भौतिकतावादी युग में जहाँ कि आर्थिक स्थिति ही सर्वोपरि है वहाँ शेयर बाजार पर चीन का कब्ज़ा (यदि हुआ) सारे देशों पर उसके आधिपत्य को स्थापित करेगा. ऐसी शंका इसलिए भी हो रही है क्योंकि विगत दो-तीन दिन से सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भी सामने आ रहे हैं जहाँ कि कोरोना संक्रमित चीनी नागरिकों को अन्य देशों में वस्तुओं, जगहों को कोरोना से संक्रमित करते हुए देखा जा रहा है.

बहरहाल, इस आर्थिक आधिपत्य की सत्यता जल्द ही सबके सामने आ जाएगी. आज नहीं तो कल सम्पूर्ण विश्व से कोरोना की महामारी का अंत तो होगा ही होगा. तब विश्व इस बारे में विचार करेगा. हाल फिलहाल चीन अपने वायरस की मारक क्षमता को अवश्य ही जनता होगा और उसने कहीं न कहीं इसकी रोकथाम के चिकित्सकीय उपाय भी अवश्य ही बना रखे होंगे. उसके लिए ऐसा करना इसलिए भी आवश्यक समझ आ रहा था क्योंकि यदि वह ऐसा न करता तो आर्थिक आधिपत्य का सुख कैसे भोगता. कोरोना वायरस से निपटने का तरीका उसके पास होने का सबसे बड़ा सबूत यह भी है कि इटली, अमेरिका, जर्मनी की चिकित्सा स्थिति किसी भी रूप में चीन से कम नहीं. ऐसे में ये देश आज भी कोरोना से संक्रमित बने हुए हैं जबकि चीन का वुहान शहर कोरोना से मुक्त हो गया है. इसके अलावा चीन का एक भी प्रसिद्द शहर कोरोना से संक्रमित नहीं हुआ.


अब यदि इसी के सन्दर्भ में दूसरी खबर, जिसमें वुहान में ठीक हुए लोगों में से लगभग दस प्रतिशत लोगों में वापस संक्रमण पाया गया है, वह या तो दुनिया का ध्यान चीन से, वुहान से हटाने के लिए प्रसारित की गई है अथवा चीन द्वारा अपने देश के कोरोना संक्रमित लोगों के आँकड़ों से खिलवाड़ किया गया है. यह बात समूचा विश्व जानता है कि चीन में अपनी ही तरह की तानाशाही रही है. चाहे वह आर्थिक नीति का मसला रहा हो अथवा खेलकूद का, वह चाहे नागरिकों से सम्बंधित फैसले लेने का मामला हो या फिर राजीनति का सभी में चीनी तानाशाही खुलकर दिखाई देती है. ऐसे में यह संभव है कि उसके द्वारा अपने देश में कोरोना की वास्तविक स्थिति को छिपाते हुए वुहान को परदे के पीछे रखा गया.

चीन अपने ऊपर लगाये जा रहे चीनी वायरस के आरोप को वुहान के द्वारा ही मिटाना चाहता है. वह नहीं चाहता होगा कि उसकी इस नकारात्मक छवि का प्रभाव सुरक्षा परिषद् की सदस्यता पर पड़े, उसके वीटो पॉवर पर पड़े. ऐसे में उसके द्वारा वुहान को कोरोना मुक्त दिखाया अपनी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, अपने बेहतर परिचालन, अपने संयमित आचरण से, अनुशासित बर्ताव से और इसके बाद बस सेवा बहाली को भी दोषमुक्त करने के लिए कोरोना के मरीजों की कुछ संख्या को दोबारा सामने ला दिया. इससे विश्व समुदाय के सामने चीन मासूम बना रहे और कोरोना वायरस बनाये जाने, उसकी दवा बनाये जाने के आरोप से भी बचा रहे.


चीन में वुहान में एक तरफ बस सेवा की बहाली और दूसरी तरफ लगभग दस प्रतिशत मरीजों के मिलने की खबर का अपना ही सह-सम्बन्ध है. जिसे आसानी से समझा जा सकता है बशर्ते विश्व समुदाय समझने को तैयार हो. 
.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

03 मई 2013

जबरदस्त कूटनीतिक असफलता का शिकार केंद्र सरकार



एक तरफ सरबजीत का मामला और दूसरी तरफ चीन का हमारी सीमा में घुसकर अपने कैम्प बना लेना साफतौर पर हमारी सरकार की कूटनीतिक विफलता को दर्शाता है. पाकिस्तान और चीन की क्षमताएं हमारे देश की तुलना में अलग-अलग हैं और इन दोनों देशों के मंतव्य भी नितांत भिन्न हैं. पाकिस्तान इस तरह की घटनाओं के द्वारा अपने आंतरिक हित साधता है और चीन का इस हरकत को करने के पीछे अपने पड़ोसी देशों पर हनक स्थापित करने का मकसद है.

ये बात किसी से भी छिपी नहीं है कि पाकिस्तान में आये दिनों किसी न किसी रूप में भारत-विरोधी गतिविधियों के द्वारा वहां के कट्टरपंथियों का दिल जीतने के प्रयास किये जाते रहते हैं. पाकिस्तान के कट्टरपंथी लोग/संगठन कसाब और अफजल की फांसी के बाद से भारत-विरोधी कारनामा करने की फ़िराक में बने हुए थे. इधर इस बात की आशंका भी जताई जा रही थी कि फांसी देने की घटनाओं के बाद सरबजीत की रिहाई टल सकती है अथवा उस पर हमला हो सकता है. इन आशंकाओं के बाद भी पाकिस्तान की तरफ से कुछ दया दिखाए जाने जैसी एक छोटी सी उम्मीद इस कारण से बनी हुई थी क्योंकि कसाब को वह पाकिस्तानी नागरिक होने से नकार चुका था. इस उम्मीद को झटका उस समय लगा जबकि अफ़ज़ल की फांसी के बाद पाकिस्तान की संसद तक ने अपना सुर बदल लिया. इधर पाकिस्तान के सुर बदले और साथ में चुनाव के हालात बन गए. ऐसे में भारतीय बंदियों के साथ होने वाली किसी भी अनहोनी की सम्भावना ज्यादा दिखने लगी थी. इसी अनहोनी का शिकार सरबजीत हो गए और अंततः मौत ने ही उन्हें पाकिस्तानी जेल से रिहा करवाया.

चीन की घुसपैठ भी अपने आपमें एक सोची समझी साजिश का हिस्सा है. चीन को भी अच्छी तरह से एहसास है कि आज का भारत सन १९६२ का भारत नहीं है. सामरिक शक्ति के मामले में भले ही भारत चीन से कहीं पीछे हो किन्तु दक्षिण एशिया में अभी भी भारत के पासंग कोई दूसरा देश नहीं है. भारत की यही स्थिति कहीं न कहीं उसे एशियाई देशों के मध्य भी स्वीकार्य स्थिति में पहुंचाती है. चीन इस बात को भलीभांति समझता है कि भारत की एशिया में बढती शक्ति कहीं न कहीं उसके प्रभाव को अन्य दक्षिण एशियाई देशों में कम ही करेगी. इस घुसपैठ के माध्यम से चीन दक्षिण एशियाई देशों में और एशियाई देशों में यह सन्देश देना चाहता है कि भारतीय सैन्य-शक्ति/सामरिक शक्ति कागजों पर ही सशक्त है. अपनी हनक को जबरदस्त तरीके से स्थापित करने की मंशा के कारण ही चीन ने भारतीय सीमा में लगभग २०-२५ किमी तक घुसकर न केवल अपने कैम्प स्थापित किये बल्कि तीन-तीन फ्लैग मीटिंग के बाद भी अपने अड़ियल रुख पर अड़ा रहा. घुसपैठ की ये स्थिति तब है जबकि हमारे विदेशमंत्री इसी माह के दूसरे सप्ताह में चीन यात्रा पर जाने वाले हैं और संभवतः अगले माह चीनी प्रधानमंत्री की नई दिल्ली की प्रस्तावित यात्रा है.

पाकिस्तान की, चीन की अपनी-अपनी हरकतों की मंशा कुछ भी रही हो किन्तु ये तो स्पष्ट हो चुका है कि हमारी सरकार कूटनीतिक रूप में बुरी तरह असफल हुई है. सीमा पर जबरन घुसकर पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा दो भारतीय सैनिकों के सर काट ले जाने के बाद भी केंद्र सरकार की तरफ से कड़ी कार्यवाही करने के बजाय लीपापोती ही की जाती रही. कुछ यही हीलाहवाली चीन के मामले में हमेशा से होती रही है. चीनी घुसपैठ का ये कोई पहला मामला नहीं है, अभी भी इस ताजा अतिक्रमण के अलावा वह हमारी जमीन पर अपना अनाधिकृत कब्ज़ा बनाये हुए है. इन दो पड़ोसी देशों के भारत-विरोधी कार्यों के बाद भी इनके विरुद्ध कभी भी ठोस कार्यवाही करने की मंशा केंद्र सरकार की तरफ से होती नहीं दिखी. आंतरिक मामलों में जबरदस्त रूप से असफल रही केंद्र सरकार अपनी विदेशनीति के मामले में भी बुरी तरह से घुटने टेकती दिख रही है. चीनी घुसपैठ और पाकिस्तान जेल में हमले का जवाब/कूटनीतिक स्वरूप कठोर नहीं रखा गया तो आने वाला समय भारतीय विदेशनीति के लिए काला अध्याय लेकर आएगा.