मातृभाषा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मातृभाषा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

21 फ़रवरी 2022

विलुप्त हो चुके शब्दों से परिचय आवश्यक

आज, 21 फरवरी को पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस (International Mother Language Day) के रूप में मनाया जाता है. दुनिया में भाषाई और सांस्कृतिक विविधता और बहुभाषिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ मातृभाषाओं से जुड़ी जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से यह दिन मनाया जाता है. इस दिन को मनाने का उद्देश्य कुछ अलग ही है. सन 1952 में ढाका विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपनी मातृभाषा का अस्तित्व बनाए रखने के लिए एक विरोध प्रदर्शन किया. तत्कालीन पाकिस्तान सरकार की पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियाँ बरसा दीं. इससे 16 लोगों की जान चली गई. भाषा के इस बड़े आंदोलन में शहीद हुए लोगों की याद में सन 1999 में यूनेस्को ने पहली बार अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाने की घोषणा की. कहा जा सकता है कि बांग्ला भाषा बोलने वालों के मातृभाषा के लिए प्यार की वजह से ही आज विश्व में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया जाता है.


बांग्लादेशी नागरिकों के अपनी मातृभाषा से प्रेम करने के कारण दिए गए बलिदान ने समूचे विश्व को अपनी-अपनी मातृभाषा के प्रति प्रेम-सम्मान दर्शाने का एक दिन सुनिश्चित किया. वैश्विक स्तर पर जबकि भाषाओं, बोलियों पर उनके अस्तित्व का संकट आया हुआ है उस समय में मातृभाषा दिवस के आयोजन का विशेष महत्त्व हो जाया करता है. आज इस दिवस को मनाने के साथ-साथ इस पर भी ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है कि हम सभी अपनी जिस मातृभाषा को बोल रहे हैं या फिर हमारी जो भी मातृभाषा है, उसके कौन-कौन से शब्द विलुप्त हो चुके हैं अथवा विलुप्त होने की स्थिति में हैं. भाषाओं, बोलियों के विलुप्त होने के पीछे सम्बंधित भाषा-बोली के समुदायों, नागरिकों का कम होते जाना है. इसी तरह किसी शब्द के विलुप्त होने की भी अपनी कहानी है. भाषा, बोली के विलुप्त होने को लेकर सम्बंधित संस्थाएँ सकारात्मक कार्य करने से ज्यादा आँकड़े एकत्र करने के पीछे लगी रहती हैं. उनको लेकर कुछ न कुछ काम भी होता रहता है मगर शब्दों के विलोपन को लेकर बहुत ज्यादा सकारात्मकता देखने को नहीं मिलती है. कोई भी शब्द बहुत ही सामान्य रूप से हमारे बीच से गायब हो जाता है और हमें इसकी भनक तक नहीं लग पाती है.




शब्दों के विलोपन पर जाने के पूर्व एक उदाहरण देना चाहेंगे कि कितनी सहजता से हिन्दी भाषा से या कहें कि देवनागरी लिपि से हिन्दी के गणितीय अंक (१, २, ३, ४ आदि) चलन से गायब हो गए और किसी कोई कोई फर्क नहीं पड़ा. कुछ इसी तरह से हमारे बीच से हमारी भाषा, बोली के बहुत से शब्द धीरे-धीरे गायब होते चले गए और किसी को कोई फर्क नहीं पड़ा. किसी शब्द के विलोपन में दो बातें प्रमुख समझ आती हैं. एक तो आधुनिक शब्दों के आ जाने से, आधुनिक जीवन-शैली के कारण नए-नए शब्दों के आ जाने से पुराने और अटपटे शब्द चलन से धीरे-धीरे बाहर होते चले गए. दूसरी बात ये समझ आती है कि जिस वस्तु, सामग्री आदि के लिए इन शब्दों का प्रयोग होता हो उनका ही चलन से बाहर हो जाना हो गया. सम्बंधित वस्तु, सामग्री ही चलन में नहीं रही तो उनके लिए प्रयोग किये जाने वाला शब्द स्वतः ही चलन से बाहर होकर विलुप्त हो गया.


उदाहरण के लिए यदि देखें तो किसी समय चलन में रहा शब्द फटफटिया समय के साथ गायब हो गया. अब इसके लिए बाइक शब्द ही पूरी तरह चलन में है. देखा जाये तो बाइक से पहले मोटरसाईकिल शब्द का भी खूब प्रयोग हुआ करता था. चूँकि आधुनिक शब्द बाइक के चलन में आ जाने के कारण फटफटिया और मोटरसाईकिल शब्द चलन से बाहर ही हो गए हैं. इसी तरह भिश्ती, मसक शब्द अब पूरी तरह चलन से बाहर हैं. आज की पीढ़ी शायद इन शब्दों के न तो अर्थ जानती होगी और न ही उसने इनको देखा होगा. इसके पीछे का कारण यही है कि इन दोनों शब्दों का प्रयोग जिस वस्तु के लिए हुआ करता था, वे ही चलन से बाहर हैं.


व्यक्तिगत तौर पर हमें लगता है कि ऐसे शब्द जो कभी चलन में रहे थे, उनके बारे में अपनी आने वाली पीढ़ी को बताया जाना चाहिए. आखिर यह भी भाषाई इतिहास का भाग हैं. वैश्विक इतिहास में, राष्ट्रीय इतिहास में हम वर्तमान पीढ़ी को उन सभ्यताओं, संस्कृतियों, वस्तुओं आदि के बारे में पढ़ा रहे हैं जिनका कहीं कोई लेना-देना नहीं, उनका वर्तमान के साथ कोई तारतम्य नहीं कुछ इसी तरह से भाषा में भी उन शब्दों से वर्तमान पीढ़ी का परिचय करवाया जाना चाहिए जो विलुप्त हो गए हैं अथवा विलुप्त होने की दशा में हैं. भाषाई संस्कृति, सभ्यता, गौरव भी मानवीय विकास, गौरव के लिए आवश्यक है.


.

21 फ़रवरी 2020

मातृभाषा के सम्मान में


यूनेस्को की घोषणा के बाद प्रतिवर्ष 21 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया जाता है. इसको मनाये जाने का उद्देश्य भाषाओं और भाषाई विविधता को बढ़ावा देना है. मातृभाषा के बिना किसी भी देश की संस्कृति की कल्पना बेमानी है. यही हमें राष्ट्रीयता से जोड़ती है और देश प्रेम को उत्प्रेरित करती है. पूर्व राष्ट्रपति और प्रसिद्द वैज्ञानिक कलाम साहब ने एक बार कहा था कि उनके वैज्ञानिक बनने के पीछे गणित, विज्ञान की पढ़ाई अपनी मातृभाषा में करना रहा है. कोई भी मातृभाषा उस माँ की तरह होती है, जो अपने आँचल में अपने बच्चे को संस्कार देती है, उसका लालन-पालन करती है, उसे शिक्षा देती है.


अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाये जाने के पीछे बांग्लादेश का अपनी भाषा के प्रति समर्पण और उसके लिए संघर्ष प्रमुख है. सन 1948 में पाकिस्तान सरकार ने उर्दू को राष्ट्रभाषा का दर्ज़ा दिया. वर्तमान बांग्लादेश को उस समय पूर्वी पाकिस्तान के रूप में जाना जाता था. 21 फरवरी 1952 को ढाका विश्विद्यालय के विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से पाकिस्तान सरकार के इस कदम का कड़ा विरोध करते हुए बांग्ला भाषा को आधिकारिक भाषा के रूप में मान्यता देने के लिए प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन को दबाने के लिए पुलिस ने बड़ी बेरहमी दिखाते हुए गोलियाँ बरसाना शुरू कर दिया. इसमें अनेक विद्यार्थी मारे गए. इसके बाद भी विरोध प्रदर्शन बंद न हुए. अंततः 29 फरवरी 1956 को पाकिस्तान सरकार को बांग्ला भाषा को आधिकारिक दर्ज़ा देना पड़ा. बांग्लादेश की मातृभाषा की विजय हुई. परिणामतः यूनेस्को ने 1999 में 1952 के प्रदर्शन में शहीद हुए युवाओं की स्मृति में 21 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाये जाने की घोषणा की. पहला अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस 21 फरवरी 2000 को मनाया गया. 

बांग्लादेश का यह प्रयास सराहनीय ही नहीं वरन अनुकरणीय है. इसी के साथ आज जबकि हम सभी अन्तर्रष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मना रहे हैं, सवाल उठता है कि क्या हम अपनी मातृभाषा के लिए जमीनी कार्य कर रहे हैं? यही सवाल हिन्दी को लेकर भी है कि क्या हम हिन्दी को राष्ट्रभाषा बनाये जाने के लिए इसी दीवानगी से काम कर रहे हैं, जिस दीवानगी से बांग्लादेश के नागरिक जुटे थे? भारत में हिन्दी को राष्ट्रभाषा बनाये जाने के अभियान चलते हैं, हिन्दी दिवस, सप्ताह, पखवाड़े जैसे आयोजन होते हैं किन्तु वे सबके सब जमीनी स्तर पर उतर नहीं पाते हैं. उन सभी को जो हिन्दी को राष्ट्रभाषा बनाये जाने के लिए आंदोलित रहते हैं, उन्हें बांग्लादेश के आन्दोलन से, संघर्ष से सीखने की आवश्यकता है. उन सभी को भी इन बांग्लादेशियों से सीखने की आवश्यकता है जो आधुनिकता में अपनी मातृभाषा को छोड़कर विदेशी भाषा के पीछे पागल बने घूम रहे हैं.

22 फ़रवरी 2019

मातृभाषा के प्रति बांग्लादेश के संघर्ष, समर्पण का परिणाम है मातृभाषा दिवस


यूनेस्को की घोषणा के बाद प्रतिवर्ष 21 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया जाता है. इसको मनाये जाने का उद्देश्य भाषाओं और भाषाई विविधता को बढ़ावा देना है. देखा जाये तो मातृभाषा व्यक्ति के संस्कारों की संवाहक है. मातृभाषा के बिना किसी भी देश की संस्कृति की कल्पना बेमानी है. यही हमें राष्ट्रीयता से जोड़ती है और देश प्रेम को उत्प्रेरित करती है. मातृभाषा वह भाषा नहीं जो किसी व्यक्ति की माँ बोलती है बल्कि मातृभाषा वह है जो किसी इन्सान को सबसे पहले सोचने-समझने और व्यवहार की अनौपचारिक शिक्षा और समझ देती है. पूर्व राष्ट्रपति और प्रसिद्द वैज्ञानिक कलाम साहब ने एक बार कहा था कि उनके वैज्ञानिक बनने के पीछे गणित, विज्ञान की पढ़ाई अपनी मातृभाषा में करना रहा है. कोई भी मातृभाषा उस माँ की तरह होती है, जो अपने आँचल में अपने बच्चे को संस्कार देती है, उसका लालन-पालन करती है, उसे शिक्षा देती है.


हिंदीभाषियों में मातृभाषा को लेकर या कहें कि हिन्दी को लेकर अलग ही भाव रहता है. उनमें अंग्रेजी सीखने की ललक बहुत गहराई से देखने को मिलती है. हिन्दीभाषी इस कारण से आपसी बातचीत में भी अपनी मातृभाषा के बजाय अंग्रेजी में बात करना पसंद करते हैं. कुछ इसी तरह का बर्ताव क्षेत्रीय भाषाओं, बोलियों को लेकर भी किया जाता है. बुन्देलखण्ड क्षेत्र से सम्बंधित होने के कारण यहाँ के बहुसंख्यक निवासियों में ही बुन्देली के प्रति संकोच का, एक तरह की दीनता का भाव उमड़ते देखा है. यहाँ के बहुत से नागरिक बुन्देली बोलने में, लिखने में न केवल संकोच करते हैं वरन ऐसा करने वालों को पिछड़ा, गँवार समझने लगते हैं. यहाँ समझना चाहिए कि कोई भी मातृभाषा उस व्यक्ति की पहचान होती है. आज सम्पूर्ण विश्व जिस मातृभाषा दिवस को मना रहा है, उसके पीछे भी अपनी मातृभाषा के प्रति समर्पण, संवेदना ही है. बांग्लादेश के निवासियों ने अपनी मातृभाषा के प्रति अपनी जिम्मेवारी समझी और उसके लिए संघर्ष किया. 

अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाये जाने के पीछे बांग्लादेश का अपनी भाषा के प्रति समर्पण और उसके लिए संघर्ष प्रमुख है. सन 1948 में पाकिस्तान सरकार ने उर्दू को राष्ट्रभाषा का दर्ज़ा दिया. वर्तमान बांग्लादेश को उस समय पूर्वी पाकिस्तान के रूप में जाना जाता था. 21 फरवरी 1952 को ढाका विश्विद्यालय के विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से पाकिस्तान सरकार के इस कदम का कड़ा विरोध करते हुए बांग्ला भाषा को आधिकारिक भाषा के रूप में मान्यता देने के लिए प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन को दबाने के लिए पुलिस ने बड़ी बेरहमी दिखाते हुए गोलियाँ बरसाना शुरू कर दिया. इसमें अनेक विद्यार्थी मारे गए. इसके बाद भी विरोध प्रदर्शन बंद न हुए. अंततः 29 फरवरी 1956 को पाकिस्तान सरकार को बांग्ला भाषा को आधिकारिक दर्ज़ा देना पड़ा. बांग्लादेश की मातृभाषा की विजय हुई. परिणामतः यूनेस्को ने 1999 में 1952 के प्रदर्शन में शहीद हुए युवाओं की स्मृति में 21 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाये जाने की घोषणा की. पहला अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस 21 फरवरी 2000 को मनाया गया.

बांग्लादेश का यह प्रयास सराहनीय ही नहीं वरन अनुकरणीय है. यहाँ भारत में एक तरफ हिन्दी को राष्ट्रभाषा बनाये जाने के अभियान चलते हैं, हिन्दी दिवस, सप्ताह, पखवाड़े जैसे आयोजन होते हैं किन्तु वे सबके सब जमीनी स्तर पर उतर नहीं पाते हैं. उन सभी को जो हिन्दी को राष्ट्रभाषा बनाये जाने के लिए आंदोलित रहते हैं, उन्हें बांग्लादेश के आन्दोलन से, संघर्ष से सीखने की आवश्यकता है.