अक्षयांशी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अक्षयांशी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

05 दिसंबर 2021

अपने अन्दर के खिलाड़ी को चहकते, उल्लासित होते देखा

जनपद जालौन रचनात्मकता में सदैव आगे रहा है. किसी न किसी रूप में यहाँ की रचनात्मकता सभी आयु वर्ग के माध्यम से चारों तरफ बिखरती रहती है. संस्कृति, साहित्य, कला, संगीत, लेखन, अध्यापन, अध्ययन, पत्रकारिता, खेलकूद, राजनीति, समाज सेवा, व्यापार आदि कोई भी क्षेत्र क्यों न रहा हो यहाँ के सभी नागरिकों ने उसमें रचनात्मकता का परिचय दिया है. ऐसा नहीं कहा जा सकता कि इस रचनात्मकता में बुजुर्ग आगे रहते हैं या फिर युवा. ये भी नहीं कहा जा सकता कि महिलाएँ आगे हैं या फिर पुरुष. इस बारे में भी कोई निश्चित मानदंड नहीं कि शहरी क्षेत्र के नागरिक आगे रहते हैं या फिर ग्रामीण क्षेत्र के. जनपद की किसी एक तहसील अथवा किसी एक स्थान को ही इसमें महारथ हासिल नहीं बल्कि जब जिसको अवसर मिलता है वह रचनात्मकता को प्रदर्शित कर देता है.


बहुत लम्बी समयावधि बाद ऐसा हुआ होगा जबकि लगभग दो वर्ष का समय बिना किसी सकारात्मक अभिव्यक्ति के गुजर गया. इसके पीछे एक तरफ कोरोना काल के समय लगाया गया लॉकडाउन तो था ही, दूसरी तरफ नागरिकों की सुरक्षा भी सर्वोच्च पायदान पर थी. हालाँकि देखा जाये तो इस कोरोना काल में भले ही साहित्यिक अथवा सांस्कृतिक रचनात्मकता देखने को न मिली हो मगर सामाजिक क्षेत्र में व्यापक रूप से सकारात्मकता देखने को मिली. बहरहाल, लम्बी समयावधि पश्चात् जनपद के एक सक्रिय युवा ने रचनात्मकता को सामने लाने की पहल की. इस पहल को आरम्भ में कुछ राजनैतिक रास्तों से गुजरना भले पड़ा हो मगर इस रचनात्मक पहल के द्वारा जनपद के युवा खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिल रहा है.




जनपद के सक्रिय युवा सुदामा दीक्षित द्वारा कालपी तहसील के अंतर्गत आटा कस्बे में ‘कालपी प्रीमियर लीग’ के द्वारा क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है. इस लीग में दिन के साथ-साथ रात को कृत्रिम दूधिया रौशनी में भी क्रिकेट मैचों का आयोजन किया जा रहा है. लगभग तीन सौ से अधिक क्रिकेट टीमों ने इसमें भाग लिया है. विशालकाय मैदान के बाहर चार बड़े-बड़े पोल के द्वारा आधिकारिक तरीके से फ्लड लाइट की स्थायी व्यवस्था करवाई गई है.





आज दिनांक, 05 दिसम्बर को हमें भी अपनी बिटिया अक्षयांशी के साथ इन मैचों को देखने का अवसर मिला. सोशल मीडिया के द्वारा इस आयोजन के बारे में वीडियो, चित्र आदि देखने को मिल जाते थे, उससे इसकी भव्यता के बारे में अंदाजा लग रहा था. आज जब स्वयं इसमें उपस्थित होकर देखा तो इस रचनात्मकता पर सुखद एहसास हुआ. एक मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को सम्मानित करने का अवसर मिला. दूसरे मैच के लिए सहभागिता करने आई टीम के खिलाड़ियों को लीग से सम्बंधित ड्रेस प्रदान करने का मौका भी मिला. इसी के साथ-साथ बिटिया रानी को कृत्रिम दूधिया रौशनी में आरम्भ होने वाले एक मैच के लिए टॉस करने का अवसर देकर उसे भी खेल के प्रति, खिलाड़ियों के प्रति प्रोत्साहित किया गया. इस आयोजन में आज सहभागिता करके अपने कॉलेज के दिन याद आ गए. अपने अन्दर के खिलाड़ी को आज फिर चहकते, उल्लासित होते देखा. 


जनपद के एक छोटे से कस्बे में बड़ी सी रचनात्मकता सुखद माहौल में आगे बढ़ रही है. आसपास के ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों में ऊर्जा भर रही है, उनको खेल के प्रति प्रोत्साहित कर रही है. इस आयोजन, कालपी प्रीमियर लीग (के.पी.एल.) के लिए सुदामा दीक्षित सहित उनके सभी सहयोगियों को शुभकामना, बधाई. 





.

06 जनवरी 2021

बिटिया रानी का पुरस्कार

EVARA फाउण्डेशन द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बिटिया रानी की पेंटिंग को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया था। 
आज प्रमाणपत्र सहित गिफ्ट आशीर्वाद स्वरुप प्राप्त हुआ। 

❤😍





.
वंदेमातरम्

04 अप्रैल 2020

शौक-शौक में सज गया बगीचा

इस समय लॉकडाउन, कोरोना सभी के दिमाग पर हावी है. आपके भी, हमारे भी, बच्चों के, बड़ों के, जिसे देखो वो यही बातें करता नजर आ रहा है. इस लॉकडाउन में कुछ लोग अपने समय का सदुपयोग कर ले रहे हैं, कुछ लोग अभी भी उसी पुरानी दिनचर्या के साथ बंधे अपने गिन काट रहे हैं.


लॉकडाउन ने कुछ समस्याएं पैदा की हैं तो कुछ सहूलियतें भी दी हैं. समय खूब दिया है कुछ करने के लिए. लोग अपना समय कैसे गुजार रहे, वे जाने पर हम और हमारा परिवार इस समय का सदुपयोग कर रहा है. कुछ अलग सा करने का प्रयास किया जा रहा है. घर के अन्दर कैद लगभग असामान्य सी दिनचर्या को निश्चित करने, अनुशासन में लाने का प्रयास किया जा रहा है. इसी में बिटिया ने अपने शौक की तरफ कदम बढ़ाया. उसे पेंटिंग का शौक है और आये दिन उसका शौक कैनवास पर उतरता रहता है, ड्राइंग की कॉपी में उभरता रहता है. इस खाली से पड़े समय में उसने पढ़ने के अलावा इस तरफ भी अपना ध्यान लगाया.


घर में कबाड़ के रूप में पड़े, बेकार से पड़े प्लास्टिक के डिब्बों, बोतलों को इसके लिए अपना औजार बनाया. उन खाली, बेकार पड़े बोतलों, डिब्बों में से काम के कुछ डिब्बों, बोतलों को गमले के रूप में परिवर्तित कर दिया. पेंटिंग के अपने शौक को इस बार बजाय कागज़-कैनवास के उसने इन डिब्बों, बोतलों पर आजमाया. परिणाम यह हुआ कि कुछ सुन्दर से गमले, रंगीन आकृति वाले गमले तैयार हो गए. यह शायद उन पौधों के लिए ही तैयार किये जा रहे थे जो लॉकडाउन से एक-दो दिन पहले ही लाये गए थे. सजे-सजाये गमलों में उन पौधों ने जगह बनाई और फिर आँगन में सज गए.


बिटिया रानी के इस प्रयास के बारे में दैनिक जागरण ने संज्ञान लेते हुए उसका उत्साहवर्धन किया. 


.
#हिन्दी_ब्लॉगिंग