दुःख लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
दुःख लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

16 जून 2025

भावनाओं से खिलवाड़

अहमदाबाद हवाई जहाज दुर्घटना के अंतिम कुछ सेकेण्ड के फोटो, वीडियो....

इस तरह की बहुत सी पोस्ट दिखाई देने लगी हैं. सोशल मीडिया में हवाई जहाज दुर्घटना के बाद से एकदम से फोटो और वीडियो की बाद सी आ गई. अपनी-अपनी पोस्ट पर लाइक, शेयर, कमेंट बटोरने के चक्कर में भावनात्मकता, संवेदना को दरकिनार करते हुए फोटो और वीडियो अपलोड करने में लगे हुए हैं. लाइक, शेयर, कमेंट करने वाले भी बिना सत्य जाने, बिना तथ्य जाने आँखें बंद किये उसी दिशा में बहे जा रहे हैं. अंतिम समय के फोटो में भी उन्हीं तीन मासूम बच्चों के फोटो सामने आ रहे हैं जो अपने माता-पिता के साथ लन्दन शिफ्ट होने के लिए जा रहे थे. निश्चित रूप से फोटो-वीडियो के द्वारा लोगों की भावनाओं से खेलने वाले जानते हैं कि किस फोटो से उनको ज्यादा से ज्यादा शेयर, लाइक मिलने वाले हैं.

 



यहाँ एक बात समझ नहीं आ रही कि ये सबकुछ ख़त्म होने के अंतिम कुछ सेकेण्ड पहले की फोटो, वीडियो किसने लिए? किसने सार्वजनिक किये?

 

क्या उन बच्चों के माता-पिता अपने पूरे परिवार की मौत को लेकर, हवाई जहाज की दुर्घटना को लेकर एक तरह से आश्वस्त हो चुके थे, तभी उन्होंने चिल्लाते-चीखते बच्चों को सँभालने की बजाय उनकी फोटो खींचकर अपने किसी परिचित को भेजे, अपने किसी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर अपलोड किये?

 

क्या जहाज के अन्दर कोई सीसी टीवी कैमरा टाइप कुछ रहता है जो किसी नेटवर्क के माध्यम से लगातार फोटो, वीडियो बनाता हुआ कहीं धरती पर बने सेंटर को भेजता रहता है?

 

क्या इसी जहाज में कोई ऐसा व्यक्ति था जो बिना डर, भय, बचने की कोशिश के फोटो, वीडियो खींच कर अपने किसी परिचित को लगातार भेजता रहा?

 

क्या दुर्घटना स्थल से किसी व्यक्ति का अथवा कई व्यक्तियों के मोबाइल इस हालत में मिले हैं, जिनसे ये फोटो, वीडियो निकाल कर सार्वजनिक किये जा रहे हैं?

 

सोशल मीडिया में तैर रहे तमाम एविएशन एक्सपर्ट इस बारे में भी अपनी विशेषज्ञतापूर्ण राय दें.


13 जून 2025

ज़िन्दगी भर के लिए असहनीय कष्ट

मृत्यु अटल सत्य है, जो सम्बंधित व्यक्ति के परिजनों को दुःख-आँसू ही देती है लेकिन अहमदाबाद में 12 जून 2025 को हुई हवाई जहाज दुर्घटना दुखद तो है ही, झकझोरने वाली भी है. इस दुर्घटना से सम्बंधित चित्र, वीडियो, दिवंगत हो गए लोगों के परिजनों के आँसू देखकर मन विचलित है. इनको देखकर जीवन-मृत्यु को संचालित करने वाली शक्ति से इतनी ही प्रार्थना है कि इस दुर्घटना जैसी मृत्यु किसी के जीवन में न लिखे. कारण यह नहीं कि यह दुर्घटना भयावह थी बल्कि इसलिए क्योंकि इस दुर्घटना में हमेशा को चले जाने वाला व्यक्ति वास्तविक में हमेशा को ही चला गया.

 

किसी भी व्यक्ति की मृत्यु होने पर वह व्यक्ति सदा-सदा को चला जाता है, उसे फिर कभी वापस नहीं आना होता है. इस दुर्घटना में भी मृतकों को कभी वापस नहीं आना है मगर उनके परिजनों के हिस्से में भी न भुलाया जाने वाला दर्द सदा-सदा को आ गया है. उस पल की कल्पना करके ही आँखें नम हो जा रहीं जबकि हँसकर परिवार वालों ने अपनों को विदा किया होगा. एक पल को भी किसी को आभास भी नहीं हुआ होगा कि वे उनको अंतिम विदाई दे रहे हैं. हँसते-मुस्कुराते विदा करते लोगों से फिर मिल पाना सम्भव न होगा, उनको कुछ पलों बाद पहचान पाना भी सम्भव न होगा.

 



सामान्य मृत्यु की स्थिति में परिजन साथ होते हैं. आँखों में दुःख होने के साथ-साथ एक संतोष का भाव होता है. अंतिम संस्कार को पावन कृत्य के रूप में स्वीकार्य मानने के पीछे संभवतः यही कारण रहा होगा कि परिजन अपने जाने वाले सम्बंधित व्यक्ति को संतोषी भाव से मुक्त करें, उसे अनंत यात्रा के लिए प्रस्थान करने दें. इस हवाई जहाज दुर्घटना में किसी को भी एक पल के लिए झूठे भी ख्याल नहीं आया होगा कि ये उसकी अंतिम यात्रा है. किसी के परिवार वालों ने भी नहीं सोचा होगा कि वे अपने प्रिय को अंतिम यात्रा के लिए हँसते हुए विदा कर रहे हैं. आँखों में कितने सपने होंगे. दिल में कितनी खुशियाँ होंगी. भविष्य के लिए बहुत सारी आशाएँ सजा रखी होंगी. सबकुछ एक झटके में स्वाहा हो गया.

 

परिवार वाले दूर जाते परिजन का हाथ थाम कर उससे कुछ कह न सके. हमेशा के लिए सबसे दूर जाता व्यक्ति आँखों में संतोष लेकर नहीं जा सका. पता नहीं उस चले गए व्यक्ति की अपने ही किसी परिजन से लम्बे समय से मुलाकात न हुई होगी. न जाने कितने परिजनों, मित्रों, सहयोगियों से अगली यात्रा में आकर मिलने का वादा किया होगा. न जाने कितने परिजनों ने अगली बार अपने घर आने का न्यौता दिया होगा. न जाने क्या-क्या, बहुत कुछ आपस में तय किया गया होगा, निर्धारित किया गया होगा मगर नियति को कुछ और ही निर्धारित करना था. उसने सब एक झटके में निर्धारित करके सबकी आँखों के सपने छीन लिए, परिवार की खुशियाँ मिटा दीं, भविष्य की आशाओं पर पानी फेर दिया.

 

जाने वाला तो चला ही गया, शेष रह गया परिजनों के हिस्से में आया दुःख, आँसू, खाली हाथ, अफ़सोस और ज़िन्दगी भर के लिए असहनीय कष्ट.




22 सितंबर 2022

हम खुद पैदा करते हैं दुःख, कष्ट

प्रसन्न रहना भी दूसरे लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता है. उनको इसी बात पर समस्या हो जाती है कि अगला व्यक्ति खुश कैसे है? किस तरह हँस लेता है? ऐसा नहीं होता कि जो व्यक्ति खुश दिख रहा है, हँस रहा है उसके पास समस्याएँ नहीं अथवा वह किसी बात पर दुखी नहीं. हँसते-मुस्कुराते व्यक्ति के पास भी उसी तरह की समस्याएँ हो सकती हैं जैसी कि अन्य व्यक्ति के पास हो सकती हैं. समस्याओं का होना और समस्याओं के होने के बाद भी हँसते-मुस्कुराते हुए कार्य को करते रहना दो अलग-अलग बातें हैं. ऐसा नहीं है कि हमारे पास कष्ट नहीं हैं, हमारे पास समस्याएँ नहीं हैं मगर बचपन से एक आदत रही है, किसी भी परेशानी में अपना धैर्य न खोने की, अपना विश्वास न खोने की. इसी के चलते बड़ी सहजता से किसी भी तरह की परेशानी, किसी भी तरह के कष्ट से बाहर निकलने का रास्ता निकल आता है.


लोग अक्सर कुछ निश्चित से सवाल हमसे पूछते रहते हैं. उन सवालों में हमें कभी टेंशन में न देखने की बात होती है. उनके सवालों में हमेशा हमारे चेहरे पर हँसी के भाव बने रहने का कारण होता है. उनके प्रश्न हमारी समस्याओं, कष्टों आदि से सम्बंधित होते हैं. यदि हम ये कहें कि हमें किसी तरह का कष्ट नहीं या फिर हम दुखी नहीं होते तो यह नितांत झूठ होगा. हम भी एक साधारण से इन्सान हैं, हमारी भी भावनाएँ हैं, हमारी भी इच्छाएँ हैं और उन्हीं के चलते हमें भी किसी आम आदमी की तरह कष्ट होता है, हम भी दुखी होते हैं. जैसी कि आदत रही है, उसके अनुसार अपने कष्टों, अपने दुखों, अपनी समस्याओं को अपने तक सीमित रखते हुए उनको दूर करने का प्रयास करते हैं.




यहाँ दुखों, कष्टों, समस्याओं को दूर करने, उनसे मुकाबला करने की बात से पहले यह समझना आवश्यक है कि हम सबके दुःख का, कष्ट का कारण क्या रहता है? बहुत से कष्ट और समस्याएँ ऐसे होते हैं जो हम स्वतः बना लेते हैं या कहें कि खुद ही उनको जन्म देते हैं. इसके पीछे दूसरे लोगों से हमारी अपनी अपेक्षा का बना होना होता है. हम सभी किसी न किसी रूप में दूसरों से अपेक्षाएँ पाले होते हैं. चूँकि सभी व्यक्तियों की अपनी-अपनी सीमायें हैं, अपने-अपने अधिकार हैं, ऐसे में अक्सर अपेक्षाओं का पूरा न हो पाना हम सबके लिए कष्ट का विषय बनता है. इसी तरह बहुत बार हम आने वाले समय में होने वाली किसी भी घटना की कल्पना करके भी परेशान होते हैं. अभी जो घटना हुई नहीं होती है, उसके बारे में काल्पनिक बातें सोचते-सोचते खुद को कष्ट में डाल देते हैं. कई बार किसी भी समस्या के सामने आ जाने के बाद लोग धैर्य खो देते हैं, ऐसे में वे उस स्थिति को और भी अधिक परेशानी भरा बना देते हैं. इसके चलते भी व्यक्ति अक्सर दुःख का, कष्ट का शिकार हो जाता है. ऐसी घटनाओं के अलावा बहुत सी घटनाएँ ऐसी होती हैं जो आकस्मिक रूप से होती हैं. अक्सर हम सभी ऐसी घटनाओं-दुर्घटनाओं के लिए किसी देवीय शक्ति को जिम्मेवार मान लेते हैं. कई बार कुछ घटनाओं के लिए प्राकृतिक आपदा भी जिम्मेवार होती है. ऐसी घटनाओं से उत्पन्न दुःख और कष्ट आदि को भी मनुष्य सहता है.


किसी भी तरह की समस्या, दुःख, कष्ट आदि के सम्बन्ध में एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए कि जो बात हम सबके हाथ में है, उसके लिए किसी भी तरह से परेशान नहीं होना चाहिए क्योंकि वह हमारे हाथ में है, उसका करना हमारे हाथ में है. इसके उलट ऐसी कोई बात जिसका किया जाना हमारे हाथ में नहीं है तो उसके बारे में सोचा-विचारी नहीं करनी चाहिए, उसके बारे में परेशान नहीं होना चाहिए क्योंकि उसका नियंत्रण हमारे हाथ में नहीं है. लगभग सभी लोगों की आदत होती है कि लोग ऐसी बातों के लिए भी परेशान होते हैं जो उनके हाथ में होते हैं और कुछ लोग उन बातों को अपने लिए समस्या बनाये रखते हैं, जो उनके नियंत्रण में नहीं होते हैं.


इन सबके अलावा एक बात विशेष रूप से याद रखनी चाहिए कि हम सभी को अपेक्षाओं के दायरे से बाहर रहना चाहिए. कोशिश करनी चाहिए कि हम अपने दोस्त, अपने रिश्तेदार, अपने सहकर्मी अथवा अन्य किसी भी परिचित से बहुत ज्यादा अपेक्षाएँ न करें. उनके ऊपर अपनी विचारधारा को, अपने निर्णयों को थोपने का प्रयास भी न करें. सभी की अपनी जीवन-शैली है, सभी के अपने विचार हैं. ऐसे में उन पर अपने विचारों का थोपा जाना अथवा उसका प्रयास करना भी आपस में मनमुटाव का, आपसी तनाव का कारण बनता है. इससे भी व्यक्ति कष्टों, दुखों का सामना करता है. यह ध्यान रखते हुए कि सभी का जीवन, सभी की जीवन-शैली उसकी अपनी व्यक्तिगत है. उसकी रुचियाँ, उसकी कार्यप्रणाली, उसका स्वभाव उसका अपना है. जिस तरह हम स्वयं को किसी दूसरे के लिए नहीं बदल सकते, ऐसे ही हमें भी किसी दूसरे को अपनी तरह से बदलने का प्रयास नहीं करना चाहिए.


धैर्य, विश्वास, संयम के साथ हँसते-मुस्कुराते हुए जीवन में आगे बढ़ा जायेगा तो किसी भी तरह की समस्या, दुःख, कष्ट, परेशानी भले पास आ जाये मगर हताश, निराश नहीं कर सकेगी. 






 

26 जुलाई 2022

मुस्कुराने और ग़म छिपाने का सह-सम्बन्ध

‘तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो, क्या ग़म है जिसको छिपा रहे हो,’ किसी गीत की इस पंक्ति ने साबित करने का प्रयास किया है कि जो मुस्कुरा रहा है या हँस रहा है वह अपने दर्द को छिपा रहा है. इसकी जानकारी नहीं कि समाज में इस तरह की अवधारणा इस गीत के बाद स्थापित हुई या इसके पहले से थी कि जो व्यक्ति हँस रहा है, मुस्कुरा रहा है वह अपने भीतर किसी दर्द को, किसी दुःख को छिपाए है. अब इस बात में कितनी सच्चाई है ये तो वही बताएगा जो ऐसा कर रहा है किन्तु हमने अपने व्यक्तिगत अनुभव से इसके सापेक्ष कुछ सीखा है.


ये कतई आवश्यक नहीं कि जो हँस रहा है, खिलखिला रहा है उसके अन्दर दर्द ही हो. ये भी आवश्यक नहीं कि अपने भीतर अपने दुःख, कष्ट को छिपाए रखने की कोशिश करने वाला ही हँसता, मुस्कुराता है. यदि गीत की उक्त पंक्ति को सच मान लें, समाज में चली आ रही अवधारणा को ही सच समझ लें तो इसका एक सीधा सा अर्थ हुआ कि जो हँस नहीं रहा है, खामोश है, शांत है उसे किसी तरह का कष्ट नहीं; वह अपने भीतर किसी तरह के दर्द को छिपाए नहीं है. इस बहस में न पड़ते हुए कि किसे दुःख है, किसे दर्द है, कौन छिपा रहा है, कौन नहीं छिपा रहा है यहाँ हम अपने अनुभव को शेयर करना चाहेंगे.




दुःख सबके पास हैं, दर्द सबके साथ हैं ये बात और है कि किसी के पास अधिक हैं, किसी के पास कम हैं. ऐसे में समाज में सभी को हँसते हुए, मुस्कुराते हुए दिखना चाहिए था. मगर ऐसा दिखता नहीं है. असलियत ये है कि जिसके पास दर्द हैं, दुःख हैं वे इसलिए हँसते, मुस्कुराते हैं ताकि तुम हँस-मुस्कुरा सको. दर्द को, दुःख को, कष्ट को सहने वाला अच्छी तरह से उस एहसास को समझता है. वह जानता है कि यदि वह अपने दर्द, दुःख को व्यक्त करने लगेगा तो तुम सब उसके आसपास से भाग जाओगे. तुम सब ही उसकी बुराई करने लगोगे. तुम सबके कष्ट, दुःख, दर्द उसके कष्ट से कई-कई गुना अधिक होकर सामने आने लगेंगे.


इस स्थिति से कि तुम अगले व्यक्ति के कष्ट से, दुःख से, दर्द से बचकर भाग न निकलो; कहीं तुम ये समझने लगो कि अगला व्यक्ति अपने दुःख में तुमसे कोई सहायता चाहता है; कहीं तुम इस आशंका से न घिर जाओ कि अगले के दर्द को तुम्हें बाँटना पड़ेगा, उसकी आर्थिक सहायता करनी पड़ेगी इसलिए अगला हँसता है. तुम्हारे दिमाग में, दिल में उठ रही अनर्गल बातों को रोकने के लिए अगला अपने दर्द को छिपा कर हँसता है, मुस्कुराता है.


फिर ध्यान रखो कि गीत की पंक्ति भले कहती हो कि तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो, क्या ग़म है जिसको छिपा रहे हो, मगर सत्यता यही है कि वो तुम्हारी हँसी गायब न हो इसलिए हँस रहा है, तुम्हारी मुस्कराहट को ग्रहण न लगे इसलिए वो मुस्कुरा रहा है. ये और बात है कि तुम उसकी हँसी में भी दुःख देखते हो, ग़म खोजते हो, दर्द तलाशते हो. कभी एक बार गीत की पंक्ति से बाहर आकर उसकी हँसी, ठहाकों के बाद छलक आये आँसुओं को देख लिया करो, उसमें छिपे एहसास को समझ लिया करो. यदि वाकई ऐसा कर सके तो फिर इस गीत की पंक्ति को, समाज में चली आ रही इस अनर्गल अवधारणा को दूर कर सकोगे.   


09 जुलाई 2021

सकारात्मकता अत्यावश्यक है जीवन में

खुशी हो या गम सभी समय के हाथ में रहते हैं। यह किसी व्यक्ति की मानसिकता पर निर्भर करता है कि वह अपने साथ घटित होने वाले अच्छे या बुरे घटनाक्रम से किस प्रकार से निपटता है। यह सही बात है कि बुरी घटनाएं व्यक्ति को झकझोर देती हैं। यह हर व्यक्ति के बस की बात नहीं है कि वह बुरी घटनाओं के प्रभाव से सहजता से बाहर निकल सके किंतु व्यक्ति को इस प्रकार से अपने आप को संतुलित करना चाहिए कि वह खुद को बुरी घटनाओं के प्रभाव से बाहर निकाल सके।


हम सभी के जीवन में इस प्रकार के उदाहरण सामने आते रहते हैं कि उनके द्वारा पता चलता है कि लोग खुद को दुख से बाहर निकाल कर सुख की तरफ बढ़ रहे हैं। यह सत्य है कि किसी भी व्यक्ति का दुख उसका व्यक्तिगत होता और उसके साथ के लोग निश्चित ही उसका दुख बांटने का काम करते हैं। इसके बाद भी यह देखने में आता है कि एक समयसीमा के बाद लोग ऐसे व्यक्तियों का साथ देने से बचने लगते हैं जो 24 घंटे सिर्फ रोने का, अपने दुख को दिखाने का काम करते रहते हैं। हम सभी को यह समझना चाहिए कि इस संसार में पूर्णरूप से सुखी अथवा प्रसन्न कोई भी नहीं है, हर एक व्यक्ति के साथ तमाम सारे सुखों के बीच कोई ना कोई दुख लगा रहता है। ऐसे में कोई भी व्यक्ति अपने दुख को भूलकर यदि सामने वाले की दुख में का साथ दे रहा है तो यह बड़ी बात है।


दुख में साथ देने की स्थिति के बाद भी एक स्थिति ऐसी आती है जबकि साथ देने वाला व्यक्ति भी दूसरे के दुख से खुद को परेशान महसूस करने लगता है। इसके पीछे का कारण सामने वाले का सिर्फ दुख भरी बातें करना, अपने कष्टों को बताते रहना आदि रहता है। सिर्फ और सिर्फ अपने दुखों को बताते रहना, मिलने वाले से अपने कष्टों की चर्चा करते रहना कहीं ना कहीं मिलने वालों की संख्या में कमी करता है। परेशान व्यक्तियों को चाहिए कि वे इस बात को समझें कि प्रत्येक व्यक्ति अपने दुखों को पीछे रखकर उसके दुखों को बांटने का काम कर रहा है। इसलिए जो व्यक्ति उसके साथ है उसके दुखों, सुखों का भी ख्याल रखना चाहिए। 


दुख का वातावरण नकारात्मकता पैदा करता है इसलिए किसी भी व्यक्ति को अपने आसपास बहुत देर तक अथवा बहुत दिनों तक दुख जैसी स्थिति को बनाए रखना से बचना चाहिए। नकारात्मकता के उस माहौल से व्यक्ति स्वयं भी परेशान होता है और अपने मिलने वाले व्यक्तियों को भी परेशान करता है। दुख की नकारात्मकता के बीच सुख अथवा प्रसन्नता सकारात्मकता पैदा करता है। परेशानी की स्थिति में भी यदि व्यक्ति अपने आसपास सकारात्मक माहौल बनाए रखें तो वह स्वयं अपने दुखों से बहुत हद तक खुद को बाहर निकाल लेता है। इसके अलावा उसके आसपास की सकारात्मकता उसमें ऊर्जा का संचार करती है जिसके द्वारा वह ना केवल खुद को स्फूर्तिवान और प्रसन्न महसूस करता है बल्कि अपने मिलने-जुलने वालों को भी खुशी देता है। दुख के बीच अपने आसपास खुशी का वातावरण सृजित करना प्रत्येक के वश की बात नहीं है किंतु माहौल को नकारात्मकता से बचाने के लिए ऐसा करना अत्यावश्यक होता है। प्रत्येक व्यक्ति को चाहिए कि वह अपने आसपास किसी भी रूप में नकारात्मकता, दुख अथवा परेशानी को बहुत लंबे समय तक न बना रहने दे।


.



20 मई 2021

यदि मृत्यु पूर्व निर्धारित है तो.....

समाज में, परिवार में मृत्यु किसी की भी हो वो दुखद होती है. परिवार से इतर किसी व्यक्ति का निधन होने पर यदि उस व्यक्ति से परिचय होता है तो लोग दुखी हो जाते हैं और सम्बंधित व्यक्ति के साथ सीधे परिचय न होने की स्थिति में लोग मृत्यु की खबर देने वाले व्यक्ति से संवेदना प्रकट कर लेते हैं. जिस परिवार के साथ यह दुखद घटना घटित होती है वास्तविक रूप में वही अपने परिजन की मृत्यु से प्रभावित होता है. भारतीय समाज में तमाम सारे धर्म-मजहब अपने रीति-रिवाजों के अनुसार कर्मकांड करते हैं. ऐसा करना कितना आवश्यक है, इसका उद्देश्य क्या है, मरने वाले के प्रति, उसके परिजनों के प्रति उसकी क्या उपयोगिता है ये एक अलग विषयही किन्तु सनातन धर्म में, हिन्दू धर्म में इस तरह के कर्मकांड, रीतिरिवाज सम्बंधित परिवार को, परिजनों को व्यस्त रखते हैं, उन्हें एक तरह के मानसिक कष्ट से दूर रखते हैं.


सनातन संस्कृति में मृत्यु से सम्बंधित कई क्रिया-कलाप हैं. वैसे भी इसे एक संस्कार के रूप में स्वीकार किया गया है. ऐसी स्थिति होने के बाद भी कई तरह की ऐसी स्थितियाँ हैं जो भ्रमित कर सकती हैं. फिलहाल, औरों को करती हों या न करती हों मगर व्यक्तिगत रूप से हमें इनके प्रति कई बार प्रश्नवाचक मुद्रा सी बन जाती है. हमारे समाज में, संस्कृति में आम मान्यता है कि किसी भी व्यक्ति के लिए प्राकृतिक अथवा ईश्वरीय विधान में निश्चित साँसें प्रदान की गई हैं. इन साँसों के पूरा होने के पश्चात् व्यक्ति को यह संसार त्यागना पड़ता है. व्यक्ति के जीवन का अंत कब हो कहा नहीं जा सकता है. इसी अनिश्चय के चलते बहुत से लोगों ने जीवन को क्षण-भंगुर भी माना है.




यह बिलकुल सत्य है कि जीवन का कोई भरोसा नहीं है कि कब व्यक्ति को अंतिम साँस लेनी पड़े. जीवन की इसी अनिश्चितता को निश्चित करने की दृष्टि से, मानवीय मन को सांत्वना देने की दृष्टि से कहा जाता है कि व्यक्ति का समय, स्थान, परिस्थिति आदि पूर्व निर्धारित है. उसी के अनुसार व्यक्ति को अपना शरीर त्यागना पड़ता है. यदि ऐसा है, यदि मौत की स्थिति, समय, स्थान आदि निर्धारित है तो फिर किसी भी मौत को अकाल मौत के रूप में परिभाषित क्यों किया जाता है. ऐसा बहुधा कहा जाता है कि जिनका अल्पायु में निधन हो, जो आत्महत्या के द्वारा, दुर्घटना के द्वारा मौत के मुँह में चले जाते हैं, उनकी मृत्यु अकाल मृत्यु कहलाती है. प्रचलित मान्यताओं के रूप में देखें तो आत्महत्या, दुर्घटना, अल्पायु से मृत होने वाले व्यक्ति के लिए वही सब निर्धारित रहा होगा तो उसे अकाल मृत्यु कैसे कहा जा सकता है?


इसके साथ-साथ यदि किसी भी व्यक्ति की मौत का कारण, स्थिति पूर्व निर्धारित है तो फिर किसी भी व्यक्ति की मृत्यु के लिए किसी परिस्थिति, किसी व्यक्ति आदि को दोषी कैसे ठहराया जा सकता है? कभी संसाधनों को दोष दिया जाता है, कभी समय को, कभी व्यक्ति को. यदि व्यक्ति का जीवन-मरण पूर्व निर्धारित है तो फिर किसी को भी इसके लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता है. हाँ, ये और बात है कि न्याय व्यवस्था, सामाजिक व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नियम-कानून बनाये गए हैं, उनका पालन किया-करवाया जाता है मगर कभी-कभी सामान्य मौत के पीछे भी सम्बंधित व्यक्ति के परिजन किसी न किसी दोषी को, किसी न किसी दोष को तलाशते रहते हैं.


फिलहाल, यहाँ यह लिखने का उद्देश्य किसी तरह का विवाद पैदा करना नहीं बल्कि अपनी व्यक्तिगत जिज्ञासा का समाधान खोजना है. संभव है कि किसी न किसी पाठक के द्वारा मौत से सम्बंधित, संस्कारों से सम्बंधित कोई आधिकारिक, पुष्ट जानकारी प्राप्त हो सके.

 

.

09 मई 2021

दुःख का पोषण करने की मानसिकता

दुःख, ये शब्द ऐसा है जिसको समाज में खूब व्याख्यायित किया गया है. दुःख को मानव जीवन के लिए कर्मों का आधार माना गया है. एक तरह का आवश्यक अंग माना गया है दुःख को. हिन्दी साहित्य में भी भक्ति से सम्बंधित साहित्य में दुःख को बहुत बढ़ा-चढ़ा कर प्रस्तुत किया गया है. कहीं दुःख को चिर-स्थायी दोस्त बताया गया है, कहीं बिना दुःख के जिंदगी की सच्चाई का पता न चलने की बात कही गई है. दुःख को भले ही किसी ने दो पल का माना हो मगर उसी के सहारे अपने और पराये की पहचान होना भी बताया है. इसे धार्मिक अथवा साहित्यिक विचारों का प्रभाव कहेंगे या कुछ और कि बहुधा लोगों को अपने दुःख को बहुत बढ़ा-चढ़ा कर बताते देखा है. हमारे जितना दुःख किसी और को होता तो मर जाता, तुम क्या जानो दर्द किसे कहते हैं, ज़माने का सारा दुख हमारे हिस्से ही आया है, ज़िन्दगी भर दुःख ही तो सहा है, जितना कष्ट उठा लिया उससे ज्यादा कोई क्या देगा... आदि वाक्य आये दिन आप भी लोगों के मुँह से सुनते होंगे.


दुःख किसी न किसी रूप में सबसे साथ जुड़े होते हैं पर हमें सिर्फ अपने दुःख ही क्यों सबसे बड़े लगते हैं? कष्ट किसी न किसी रूप में सबके साथ जुड़ा है पर हमें सिर्फ अपना ही कष्ट क्यों सबसे बड़ा दिखाई देता है? क्यों हमें किसी और के कष्ट, समस्या बड़ा समझ नहीं आता? क्यों अपने ही दुःख को हम किसी दूसरे के दुःख पर आरोपित करना चाहते हैं? हो सकता है कि ऐसा उस स्थिति में होता हो जबकि हम अपने दुःख में नितांत अकेले बैठे हों. कष्ट, समस्या, दुःख किसी भी रूप में किसी व्यक्ति की प्रसिद्धि का कारक नहीं बनते. उनके होने पर किसी व्यक्ति को सुख की अनुभूति नहीं होती है. इसके बाद भी ऐसा देखने में आता है कि व्यक्ति अपने कष्टों, अपने दुखों को लगभग पालने-पोसने का काम करते हैं. किसी न किसी तरह, प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप में समाज में अपने दुःख को प्रकट करने का अवकाश खोजते हैं.




आम आदमी हो अथवा कोई ख़ास, सभी अपने दुःख को ही विशिष्ट मानते-बताते हैं. उनके लिए दूसरे के दुःख से कोई सरोकार नहीं. ऐसे लोगों में कोई अपने शारीरिक कष्टों का दुःख अत्यंत विकटता के साथ प्रकट करता है. कोई मानसिक कष्टों को सर्वाधिक दुखद बताते हुए अपने आपको संसार का एकमात्र दुखी प्राणी सिद्ध करने की कोशिश में लगा रहता है. किसी को दुःख का कारण नहीं ज्ञात, उसका आधार नहीं ज्ञात मगर इसके बाद भी उसका दुःख सभी के दुःख से बहुत-बहुत बड़ा होता है. ऐसे लोग दुःख के माध्यम से लोगों की सहानुभूति बटोरने की मानसिकता से काम तो करते ही हैं साथ ही अपने आपको अपने साथ के बाकी लोगों से कहीं ऊपर मानने-मनवाने का जतन भी करते दिखाई देते हैं. ऐसे लोग जो बात-बात में अपने दुःख का रोना रोते हैं, अपने दुःख को ही सबसे बड़ा और कष्टप्रद बताते नहीं थकते हैं.


अनेकानेक मामलों में ऐसा महसूस होता है जैसे लोग दुखों को आत्मसात कर उनका पोषण करते रहते हैं. यह आमतौर पर देखने में आता है कि किसी तिथि विशेष पर व्यक्ति को उसका सुख जितना प्रसन्न करता है उससे कहीं अधिक किसी तिथि विशेष पर मिला हुआ दुःख ज्यादा दुखी करता है. इसे समझने की आवश्यकता है कि किसी व्यक्ति के जीवन में उसके सुख पर दुःख आजीवन कैसे और क्यों आक्षेपित हो जाता है? व्यक्ति समाज का एक हिस्सा है, उसी के द्वारा समाज का निर्माण हुआ है. ऐसे में सभी व्यक्तियों का दायित्व बनता है कि वे एक-दूसरे के साथ तारतम्यता बनाये रखें, एक-दूसरे के साथ सामंजस्य बनाये रहें. यदि व्यक्ति ऐसा करने में सक्षम होता है तो वह एक-दूसरे के सुखों का आनंद भी उठा सकता है, एक-दूसरे के दुखों, कष्टों, समस्याओं को भी मिलकर सुलझा सकता है. मिलजुल कर रहने के कारण, सामूहिकता की भावना होने के कारण किसी भी व्यक्ति को अपना कष्ट किसी दूसरे के कष्ट के आगे बहुत बड़ा नहीं लगेगा. कष्ट की, समस्या की स्थिति में वह हमेशा दूसरे के कष्टों को, समस्याओं को दूर करने के लिए आगे ही आगे रहेगा. इससे व्यक्ति को समझ में आएगा कि समाज में एकमात्र वही नहीं है जिसके पास समस्याएं हैं, कष्ट हैं. उसके जैसे, उससे बुरी स्थिति में बहुत से लोग हैं जो कष्टों में, समस्याओं में रहने के बाद भी अपने जीवन को सहजता से संचालित कर रहे हैं. 


व्यक्ति को अपनी गंभीरता, अपने धैर्य, अपनी हिम्मत का साथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए. इनके द्वारा वह आत्मविश्वास में वृद्धि करता रहता है. इसी आत्मविश्वास के चलते वह सदैव कष्टों पर विजय पा सकता है, समस्याओं का समाधान खोज सकता है, दुखों से मुक्ति पा सकता है. बस उसे ध्यान रखना होगा कि उससे ज्यादा कष्ट वाले, समस्या वाले इस समाज में हैं. उसे ध्यान रखना होगा कि उसके पास आत्मविश्वास है जो उसे हारने नहीं देगा. दुःख हो अथवा सुख दोनों ही परिस्थितिजन्य होते हैं. परिस्थितियाँ कभी एक जैसी नहीं रहतीं ऐसे में परिस्थितियों के बदलने का प्रयास करना चाहिए अथवा उनके बदलने का इंतजार करना चाहिए. जब तक ऐसा नहीं हो रहा है तब तक भी और आगे भी जीवन में आये सुखों के पलों के साथ विश्वास बनाये रखते हुए दुखों को कम करने का, दुखों को भूलने का काम करना चाहिए. यह सदैव ध्यान रखना चाहिए कि दुखों का लगातार मन-मष्तिष्क में बने रहना व्यक्ति की कार्य-क्षमता को, उसकी जीवन-शैली को, उसकी पारिवारिकता को, उसकी सामाजिकता को नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है. इसके विपरीत सुख व्यक्ति में उत्साह भरते हैं, उसे आगे बढ़ने को प्रेरित करते हैं, उसके मनोबल को बढ़ाते हैं. विश्वास के सहारे दुखों पर विजय प्राप्त करते हुए उन्हें सुखों में परिवर्तित करना व्यक्ति का ध्येय होना चाहिए, उसका कर्म होना चाहिए. 


.