कार्यक्रम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कार्यक्रम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

10 अक्टूबर 2026

राजनीतिक रिश्तों का घालमेल

भारतीय राजनीति में ये 'दीदी', 'भाईसाहब' कहा जाना एक तरह की रूढ़ि बन गया है. उम्र, अनुभव देखे बिना.... सामने वाले को सार्वजनिक रूप से दीदी, भाईसाहब सम्बोधित करना शुरू कर दिया जाता है. इस सम्बन्ध में एक हास्यास्पद घटना याद आ रही है, जब वहाँ आयोजकों को उस ग़लती के बारे में बताया तो वे भी हँसते हुए उसमें सुधार के लिए तत्पर हो गए. 


कुछ साल पहले प्रदेश की राजनीति में एक बयान के कारण से अपनी पार्टी से बर्खास्त किये गए राजनीतिक व्यक्ति की पत्नी ने सक्रियता दिखाई. कालांतर में उनकी सक्रियता के चलते उनको मंत्री पद भी मिला. बहरहाल, अपनी चर्चाओं के प्रसिद्धि भरे दौर में उन दोनों व्यक्तियों का, जो आपस में पति-पत्नी थे, जनपद में एक कार्यक्रम में आना हुआ. उनके मंचासीन होने के बाद कार्यक्रम संचालक से लेकर हर आने वाला व्यक्ति उनके सम्मान में 'दीदी', 'भाईसाहब' का सम्बोधन करने के बाद अपना भाषण दे रहा था. चार-पाँच लोगों के आने-जाने के क्रम में लगा कि शायद ये लोग खुद को सम्बोधन स्तर पर सही कर लेंगे मगर ऐसा नहीं हुआ.


इसके बाद हमने उठकर कार्यक्रम सञ्चालन कर रहे व्यक्ति से, आयोजक से कहा कि कम से कम इन दोनों के रिश्ते का ध्यान रखते हुए इनका सम्बोधन करिए, करवाइए. तुम्हारे 'दीदी', 'भाईसाहब' के कारण दोनों लोग भी आपस में भाई-बहिन हो गए. बात की गम्भीरता को समझ वहाँ एक ठहाका गूँजा मगर मंच से 'दीदी', 'भाईसाहब' का रिश्ता पंडाल में तैरता रहना बंद न हुआ.


12 मई 2026

सोशल मीडिया और फोटो का चस्का

सोशल मीडिया और फोटो का चस्का.

+

बहुतेरे लोगों को इस 'चस्का' शब्द पर आपत्ति होगी और वे ज्ञान ठेलने चले आयेंगे. इससे पहले कि ऐसे लोग अपना ज्ञान ठेलें, उनमें इस चस्का की असलियत पेल देते हैं.

 

हम सब लगभग रोज ही देखते हैं कि किसी न किसी दुखद समाचार पर पीड़ित परिवार से मिलने नेता बिरादरी पहुँचती है. सांसद-विधायक टाइप लोग भी होते हैं तो पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता टाइप भी. दुखद समाचार कभी किसी के निधन का होता है, कभी त्रयोदशी का, कभी किसी दुर्घटना का..... ऐसे किसी भी दुखद समाचार के सन्दर्भ में अपनी संवेदना प्रकट करने वाले लोगों के चेहरे पर मुस्कान तैरती ही रहती है.

 

इन संवेदनात्मक रूप से भरे बैठे लोगों को कोई ये समझाए कि किसी के निधन पर, किसी की त्रयोदशी पर शोक-संवेदना प्रकट की जाती है. ऐसे में पहले तो फोटो सेशन से बचना चाहिए और यदि फोटो खिंचवाने का, सोशल मीडिया में अपलोड करने का लोभ संवरण नहीं हो पा रहा है तो कम से कम अपनी हँसी-मुस्कान को अपने काबू में रख लिया करें. हर जगह फोटो खिंचवाने पर हँसना अनिवार्य नहीं होता है.