मनुष्य के लिए पानी हमेशा से एक महत्वपूर्ण और जीवन-दायक पेय रहा है, ये बात हम सभी को अच्छी तरह से ज्ञात है. इसके साथ ही इस बात से भी हम अनभिज्ञ नहीं हैं कि कि जल सभी के जीवित रहने के लिए अनिवार्य है. ऐसा माना जाता है कि मनुष्य बिना भोजन के लगभग दो माह तक जीवित रह सकता है किन्तु बिना पानी के एक सप्ताह भी जीवित रहना मुश्किल है. इधर मानवीय क्रियाकलापों के कारण धरती लगातार पेयजल-विहीन होती जा रही है. जल-संकट को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ की तरफ से विश्व भर में 22 मार्च को विश्व जल दिवस मनाने की शुरुआत की, जिसकी घोषणा वर्ष 1992 में रियो डि जेनेरियो में आयोजित पर्यावरण तथा विकास का संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (यूएनसीईडी) में की गई. इसके अंतर्गत सर्वप्रथम वर्ष 1993 में 22 मार्च के ही दिन सम्पूर्ण विश्व में जल संरक्षण और रख-रखाव पर जागरुकता लाने का कार्य किया गया.
22 मार्च 2026
पानी की बर्बादी को रोकना होगा
12 सितंबर 2025
जल के साथ न खेलें खेल
हम सभी को संभवतः
याद हो कि कुछ समय पूर्व खबर आई थी कि चेन्नई देश का पहला ऐसा शहर हो गया है जहाँ
भूमिगत जल पूरी तरह से समाप्त हो गया है. यह खबर चौंकाने से ज्यादा डराने वाली
होनी चाहिए थी मगर ऐसा कुछ नहीं हुआ. इस खबर ने हम लोगों को न ही चौंकाया और न ही
डराया. इसे एक समाचार की तरह, एक जानकारी की तरह देखने-सुनने के बाद जल के साथ खेल करना जारी रखा. यह
असंवेदनशीलता तब है जबकि हम सभी को जानकारी है कि धरती के सत्तर प्रतिशत भाग में जल होने के बाद भी मात्र
एक प्रतिशत ही मानवीय आवश्यकताओं के लिये उपयोगी है. ऐसा अनुमान है कि धरती के हर
नौवें इंसान को ताजा तथा स्वच्छ जल उपलब्ध नहीं है. इस अनुपलब्धता के कारण संक्रमण
और अन्य बीमारियों से प्रतिवर्ष पैंतीस लाख लोगों की मृत्यु हो जाती है.
जल-संकट की स्थिति
को यदि अपने देश के सन्दर्भ में देखे तो वर्तमान में लगभग बीस करोड़ भारतीयों को
शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पाता है. नगरों में भूगर्भीय जल का अत्यधिक दोहन होने
के कारण शहरी क्षेत्र जल-संकट से परेशान हैं. पेयजल की कमी होने से एक तरफ पेयजल
संकट बढ़ा है वहीं दूसरी तरफ पानी की लवणीयता भी बढ़ी है. देश में औद्योगीकरण ने, जनसंख्या की तीव्रतम वृद्धि ने
जल-संकट उत्पन्न किया है. प्रतिदिन बढ़ती जनसंख्या के आँकड़ों के अनुसार स्वतंत्रता
के बाद प्रतिव्यक्ति पानी की उपलब्धता में साठ प्रतिशत की कमी आयी है. सरकार के नीति आयोग ने जल संकट के प्रति आगाह करने वाली कंपोज़िट वाटर मैनेजमेंट इंडेक्स, ए नेशनल टूल
फॉर वाटर मेज़रमेंट, मैनेजमेंट ऐंड इम्प्रूवमेंट नामक एक रिपोर्ट में माना था कि भारत
अपने इतिहास के सबसे भयंकर जल संकट से जूझ रहा है. देश के क़रीब साठ करोड़ लोगों अर्थात पैंतालीस प्रतिशत जनसंख्या को पानी की भारी कमी
का सामना करना पड़ रहा है. इसी रिपोर्ट में बताया गया था कि वर्ष 2020 तक देश के इक्कीस प्रमुख
शहरों में भूगर्भ जल समाप्त हो जाएगा. वर्ष 2030 तक
देश की चालीस प्रतिशत आबादी
को पीने का पानी उपलब्ध नहीं होगा.
चेन्नई के साथ-साथ
दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु आदि को भूगर्भ जल संकट के रूप में चिन्हित किया जाना नीति आयोग
के आँकड़ों की भयावहता को दर्शाता है. इस भयावहता की तरफ आज भी लोग संवेदित नहीं हो
सके हैं. जिस देश में जहाँ सदानीरा नदियाँ बहा करती थीं, कुँए,
तालाब, झीलें जल के परंपरागत स्त्रोत हुआ करते
थे, वहाँ जल-संकट उत्पन्न होना वहाँ के नागरिकों द्वारा
उठाये जाने वाले असंवेदित कदम ही हैं. नगरीकरण ने परंपरागत जल-स्त्रोतों- कुँओं,
तालाबों और झीलों को निगल लिया है. देश में वर्तमान में
प्रतिव्यक्ति जल की उपलब्धता 2000 घनमीटर है. यदि
हालात न सुधरे तो आगामी वर्षों में जल की उपलब्धता घटकर 1500 घनमीटर रह जायेगी. वैज्ञानिक आधार पर जल की उपलब्धता का 1680 घनमीटर से कम हो जाने का अर्थ पेयजल से
लेकर अन्य दैनिक उपयोग के लिए पानी की कमी का होना है.
पानी की दिन पर
दिन विकराल होती जा रही समस्या के समाधान के लिए गंभीरतापूर्वक विचार करने की
आवश्यकता है. ऐसा इसलिए क्योंकि जल की उपलब्धता लगातार कम हो रही और उसके उलट इसकी
माँग लगातार बढ़ती जा रही है. देखा जाये तो जल का चौतरफा उपयोग किया जाता है. कृषि
में, घरेलू कार्यों में,
उद्योगों में तो मुख्य रूप से जल का उपयोग होता ही है, इसके अलावा रासायनिक क्रियाओं में, पर्यावरणीय उपयोग
में भी जल का बहुतायत उपयोग किया जाता है. अतः सरकारों
और समुदायों को उचित जल प्रबंधन की ओर तत्काल ध्यान देने की ज़रूरत है. देश में
प्रतिवर्ष बारिश के द्वारा लगभग चार हजार अरब घनमीटर जल की उपलब्ध होता है किन्तु
मात्र आठ प्रतिशत जल ही संरक्षित हो पाता है. वर्षा जल को तकनीक के माध्यम से
एकत्र किया जा सकता है. इसके लिए बरसात के पानी को खुले में रेन वाटर कैच पिट
बनाकर उसे धरती में समाहित कर सकते हैं. इससे एक तो वर्षा जल की बहुत बड़ी मात्रा
बर्बाद होने से बचेगी साथ ही जल संचयन के द्वारा भूगर्भ जल स्तर भी बढ़ाया जा सकता
है. शहरों में प्रत्येक आवास के लिए रिचार्ज कूपों का निर्माण किया जाना चाहिए, जिससे वर्षा का पानी नालों में न बहकर जमीन में संचयित हो जाये. इसके
अलावा प्रत्येक मकान में आवश्यक रुप से वाटर टैंक बनाये जाने चाहिए, जिनमें वर्षा जल को संरक्षित किया जा सके. जल-संकट के दौरान या फिर घरेलू
उपयोग की अन्य अवस्था में इस पानी का उपयोग किया जा सकता है.
वास्तव में आज
आवश्यकता इस बात की है कि हम जल के किसी भी रूप का पूरी तरह से संरक्षण करें. यह
जल भले ही भूगर्भ के रूप में हो, वर्षा जल हो, घरेलू, औद्योगिक
रूप से उपयोग का जल हो. इन सभी का पूर्ण रूप से संचय करना होगा. आवश्यकता इसके
प्रति लोगों की मानसिकता विकसित करने की, लोगों को
प्रोत्साहित करने की. अब हालात ऐसे हो गए हैं कि महज
कमियाँ निकाल कर, अव्यवस्थाओं का रोना रोकर इनका समाधान
नहीं किया जा सकता है. अब जल को बचाए जाने की आवश्यकता है. सरकार के साथ-साथ यहाँ
के जनसामान्य को जागरूक होने की आवश्यकता है. वर्षा जल संग्रहण की व्यवस्था भी
करनी होगी. अपने-अपने क्षेत्रों के तालाबों, जलाशयों, कुँओं आदि को गन्दगी से, कूड़ा-करकट से बचाने के
साथ-साथ नए तालाबों, कुँओं
आदि का निर्माण भी करना होगा. भविष्य की भयावहता को वर्तमान हालातों से देखा-समझा
जा सकता है. एक-एक दिन की निष्क्रियता अगली कई-कई पीढ़ियों के दुखद पलों का कारक
बनेगी. अब समय है कि जल से होने वाले खेल को रोका जाये.
07 जून 2023
जल संकट की भयावहता को समझना होगा
जल-संकट से जूझती धरती और धरती-वासियों को पर्याप्त पेयजल
उपलब्धता, जल-उपलब्धता के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. इन्हीं प्रयासों के
बीच जो खबर आई है वह अत्यंत भयावह है. दक्षिण अफ्रीका की राजधानी केपटाउन को दुनिया
का पहला जल-विहीन शहर घोषित किया गया है. यहाँ की सरकार ने अप्रैल 2023 के बाद से पानी
की आपूर्ति करने में असमर्थता जताई है. वहाँ नहाने पर रोक लगा दी गयी है. दस लाख लोगों
के कनेक्शन काटने की तैयारी चल रही है. पेट्रोल पंप की तरह से केपटाउन में जगह-जगह
पानी के टैंकर लगाये गए हैं, जहाँ एक निश्चित मात्रा में पानी मिलेगा. निकट भविष्य
में ऐसी खबरें दुनिया के तमाम देशों से सुनाई देने की आशंका है.
जल हमेशा से सम्पूर्ण प्रकृति के लिए एक महत्वपूर्ण और जीवनदायक
तत्त्व रहा है. विशुद्ध
रासायनिक स्थिति के बाद भी इसे प्रयोगशाला में मानव उपयोग योग्य नहीं बनाया जा
सकता है. यह एक प्राकृतिक अवस्था है, जिसके कारण इसकी आवश्यकता मनुष्य के जीवन में
अत्यंत महत्त्वपूर्ण तरीके से है. वर्तमान में स्थिति यह है
कि सम्पूर्ण धरती के 70 प्रतिशत भाग में जल होने के बाद भी इसका
कुल एक प्रतिशत ही मानवीय आवश्यकताओं के लिये उपयोगी है. सभी को जल की उपलब्धता करवाना
आज का मुख्य मुद्दा है. स्वच्छ पेयजल की अनुपलब्धता के चलते संक्रमण और अन्य बीमारियों
से प्रतिवर्ष 35 लाख लोगों की मृत्यु हो जाती है.
समूचे विश्व की भांति हमारा देश भी जल संकट की समस्या से जूझ
रहा है. यहाँ के शहरी क्षेत्रों में, ग्रामीण क्षेत्रों में भी जल संकट की समस्या
पैदा हुई है. वर्तमान में 20 करोड़ भारतीयों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पाता है.
नगरों में भूगर्भीय जल का अत्यधिक दोहन होने के कारण शहरी क्षेत्र जल-संकट से
परेशान हैं. पेयजल की कमी होने से एक तरफ पेयजल संकट बढ़ा है वहीं दूसरी तरफ पानी की
लवणीयता भी बढ़ी है. सरकार
के नीति आयोग ने जल संकट के प्रति आगाह करने वाली कंपोज़िट वाटर मैनेजमेंट इंडेक्स
(CWMI), अ नेशनल टूल फॉर वाटर मेज़रमेंट, मैनेजमेंट ऐंड इम्प्रूवमेंट नामक एक रिपोर्ट जारी की थी. इस रिपोर्ट में बताया गया था कि
वर्ष 2030 तक
देश की 40 प्रतिशत आबादी को पीने का पानी उपलब्ध नहीं होगा. नीति आयोग की इस रिपोर्ट को महज सरकारी आँकड़ा कहकर झुठलाया नहीं जा सकता
है और न ही अनदेखा किया जा सकता है. अनुमान है कि सन 2025 तक
भारत में पानी की माँग में वर्तमान की तुलना में 50 प्रतिशत
वृद्धि हो जाएगी.
पानी की दिन पर दिन विकराल होती जा रही समस्या के समाधान के
लिए गंभीरतापूर्वक विचार करने की आवश्यकता है. सरकारों और समुदायों को उचित जल प्रबंधन की
ओर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है. सबके द्वारा जल
प्रबंधन हेतु कारगर कदम अपनाये जाएँ. प्रयास यह हो कि किसी भी तरह की बड़ी जल-परियोजनाओं की जगह छोटे जलाशयों
का निर्माण हो. बड़ी परियोजनाओं की तरफ जाना तभी उचित है जबकि इनकी अनिवार्यता हो
अन्यथा छोटे-छोटे जलाशयों के द्वारा अधिक जनसंख्या को जल की उपलब्धता करवाई जाए.
देश की बहुत बड़ी जनसंख्या
शहरों में निवास कर रही है. इसके साथ ही शहर की ओर पलायन भी हो रहा है. इसके चलते
न केवल घरेलू उपयोग में वरन औद्योगिक कार्यों में जल की आवश्यकता बढ़ी है. जल माँग
के सापेक्ष आपूर्ति नहीं हो रही है. ऐसे में शहर के उपयोग पश्चात् व्यर्थ जल को
रोककर उसका पुनर्चक्रीकरण हो. इससे एक तो उपयोग पश्चात् जल व्यर्थ नहीं जायेगा साथ
ही उसके पुनः उपयोग में लाये जाने के कारण माँग और आपूर्ति के बीच का अंतर भी कम
करने में सहायता मिलेगी. कृषि में सिंचाई और ऐसे कार्यों, जिनमें जल की आवश्यकता
होती है, ऐसी तकनीकों को अपनाया जाना चाहिए जिनके द्वारा कम से कम मात्रा में जल का
उपयोग हो और अधिक से अधिक लाभ मिल सके. इसके लिए ड्रिप तथा स्प्रिंकलर सिंचाई जैसी
जल संरक्षण तकनीकों को अपनाया जाना चाहिए. रेन वाटर हारवेस्टिंग को प्रोत्साहन देकर
भी बहुत हद तक जल-संकट को दूर किया जा सकता है. तालाबों, कुओं आदि में एकत्रित जल
से सिंचाई को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, जिससे भूमिगत जल का
उपयोग कम हो. इसके लिए बड़े-बड़े खेतों में जलाशय योजना को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए.
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों
के निवासी अपने मकानों की छतों पर वर्षा जल को तकनीक के द्वारा एकत्र भी कर सकते
हैं. इसके लिए वे छतों से गिरने वाले बरसात के पानी को खुले में रेन वाटर कैच पिट बनाकर
उसे धरती में समाहित कर सकते हैं. इससे वर्षा जल बहुत बड़ी मात्रा में बर्बाद होने
से बचेगा साथ ही जल संचयन के द्वारा भूगर्भ जल स्तर भी बढ़ाया जा सकेगा. शहरों में प्रत्येक
आवास के लिए रिचार्ज कूपों का निर्माण किया जाना चाहिए, जिससे वर्षा का पानी बहकर
बर्बाद होने के स्थान पर जमीन में संचयित हो सके. वर्षा जल को संरक्षित करने के
लिए मकानों में आवश्यक रुप से वाटर टैंक बनाये जाने चाहिए. जल-संकट या घरेलू उपयोग
की स्थिति में इस पानी का उपयोग किया जा सकता है.
आज आवश्यकता इस बात की है कि हम जल का पूरी तरह से संरक्षण करें. यह भले ही भूगर्भ के रूप में हो, वर्षा जल हो, घरेलू, औद्योगिक रूप से उपयोग का जल हो. इन सभी का पूर्ण रूप से संचय करना होगा. आवश्यकता इसके प्रति लोगों की मानसिकता विकसित करने की, लोगों को प्रोत्साहित करने की है. अब हालात ऐसे हो गए हैं कि कमियाँ निकाल कर, अव्यवस्थाओं का रोना रोकर इनका समाधान नहीं किया जा सकता है. अब जल को बचाए जाने की जरूरत है. सरकार के साथ-साथ जनसामान्य को जागरूक होने की आवश्यकता है. कृषि फसलों में ऐसी फसलों का चुनाव हो जिनमें कम से कम पानी की आवश्यकता हो. वर्षा जल के संग्रहण की व्यवस्था भी करनी होगी. पानी की बर्बादी को रोकना होगा. अपने-अपने क्षेत्रों के तालाबों, जलाशयों, कुँओं आदि को गन्दगी से, कूड़ा-करकट से बचाना होगा. जहाँ तक संभव हो नए-नए तालाबों, कुँओं आदि का निर्माण भी जनसामान्य को करना चाहिए. भविष्य की भयावहता को वर्तमान की भयावहता से देखा-समझा जा सकता है. हमारी एक-एक दिन की निष्क्रियता अगली कई-कई पीढ़ियों के दुखद पलों का कारक बनेगी.




