04 अगस्त 2026

समर्थ एकाउंट के ट्रांसफर की प्रक्रिया

ये पोस्ट विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों के उन प्राध्यापकों के सन्दर्भ में है, जिनका एकल स्थानांतरण हुआ है. ये स्थानांतरण एक अशासकीय महाविद्यालय से दूसरे अशासकीय महाविद्यालय के लिए उत्तर प्रदेश शासन की नीतियों के अंतर्गत किया जाता है. अशासकीय महाविद्यालय के प्राध्यापकों के एकल स्थानांतरण की प्रक्रिया के बारे में आगे किसी अन्य पोस्ट में विस्तार से बताने का प्रयास किया जायेगा. आइये अभी इस पोस्ट के माध्यम से समझते हैं कि स्थानांतरण के पश्चात् अपने समर्थ एकाउंट को कैसे स्थानांतरित करवाया जा सकता है.

 

स्थानांतरण के पूर्व जिस प्राध्यापक की नियुक्ति जिस महाविद्यालय में हुई थी, उसका समर्थ एकाउंट भी उसी महाविद्यालय में बना होता है. समर्थ पोर्टल पर अपने एकाउंट में लॉग इन करने के लिए किसी भी प्राध्यापक द्वारा एक यूजरनेम का उपयोग किया जाता है. सामान्य रूप में यह यूजरनेम eHRMS Code होता है, इसे मानव सम्पदा कोड भी कहते हैं. समर्थ एकाउंट के ट्रांसफर के लिए इस कोड को भी सम्बंधित प्राधिकारी तक भेजना होता है. इसके साथ-साथ कुछ प्रपत्रों को, दस्तावेजों को भी भेजना होता है. ये प्रपत्र संख्या में चार-पाँच ही हैं मगर इनको बनाते समय कुछ ध्यान देने योग्य बातें हैं-

एक तो इन प्रपत्रों को उसी क्रम से लगाना है, जैसा कि यहाँ बताया गया है.

दूसरे, इन सभी प्रपत्रों को पीडीएफ फॉर्मेट में एक फाइल के रूप में बनाना होता है.

इस एक पीडीएफ को फिर पुराने महाविद्यालय के द्वारा मेल किया जाता है.

 



जिन प्राध्यापकों का स्थानांतरण हुआ है और उनको अपना समर्थ एकाउंट भी स्थानांतरित करवाना है, वे निम्न प्रपत्रों को, दस्तावेजों को क्रम से लगाकर उसकी पीडीएफ बना लें.

1. जिस महाविद्यालय से आपका स्थानांतरण हुआ है अर्थात जिस महाविद्यालय में आपकी नियुक्ति हुई थी, वहाँ के प्राचार्य द्वारा महाविद्यालय के लैटर हेड पर एक Covering letter बनाया जायेगा. इस कवरिंग लैटर में मुख्य रूप से ट्रांसफर हुए प्राध्यापक का eHRMS Code को दर्शाना होगा.

2. एकल स्थानांतरण की लिस्ट उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से घोषित की जाती है. इस सूची में उन प्राध्यापकों का नाम होता है जिनका ट्रांसफर किया गया है. इसके साथ ही नियुक्ति वाले महाविद्यालय का तथा उस महाविद्यालय का नाम होता है जहाँ ट्रांसफर किया गया है. इस पूरी लिस्ट को सम्बंधित प्राध्यापक को लगाना होता है.   

3. इसके बाद तीसरे स्थान पर लगेगा प्राध्यापक के नियुक्ति वाले महाविद्यालय से निर्गत किया गया रिलीविंग ऑर्डर. यदि सम्बंधित प्राध्यापक को उसके महाविद्यालय के प्रबन्ध-तंत्र और प्राचार्य द्वारा अलग-अलग ऑर्डर निर्गत किये गए हैं तो वे दोनों प्रपत्र संलग्न किये जायेंगे.

4. सम्बंधित प्रपत्रों के चौथे क्रम में प्राध्यापक को उस महाविद्यालय के प्रबन्ध-तंत्र द्वारा जारी किया गया नियुक्ति पत्र  (Appointment Letter) लगाना होगा, जहाँ कि उसका ट्रांसफर हुआ है.   

5. अंतिम प्रपत्र के रूप में स्थानांतरित किये गए महाविद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने सम्बन्धी प्रपत्र को लगाना होगा. इसमें कार्यभार ग्रहण करने सम्बन्धी पत्र, कार्यभार ग्रहण करने सम्बन्धी आख्या वाले प्रपत्र को लगाना होगा.

 

सम्बंधित प्राध्यापक इसका ध्यान अवश्य ही रखें कि उक्त सभी प्रपत्रों की पीडीएफ फॉर्मेट में एक फाइल बनानी होगी.

 

पहले स्थान पर लगाये जाने वाले कवरिंग लैटर का प्रारूप कुछ इस तरह से बना सकते हैं.


 

To Whom It May Concern

(यहाँ स्थानांतरित हुए प्राध्यापक का नाम, महाविद्यालय का नाम, विभाग का नाम) में (पदनाम) के रूप में कार्यरत थे. उत्तर प्रदेश शासन के पत्र संख्या-(यहाँ ट्रांसफर वाली लिस्ट का पत्रांक) (यहाँ दिनांक) के द्वारा उत्तर प्रदेश सहायता प्राप्त महाविद्यालय अध्यापक स्थानांतरण नियमावली 2024 में विहित प्रावधानों के अंतर्गत इनका एकल स्थानांतरण (यहाँ उस महाविद्यालय का नाम, जहाँ के लिए ट्रांसफर हुआ है) में किया गया है. इसका उल्लेख उक्त पत्र में प्रदर्शित सूची के क्रम संख्या (यहाँ वह क्रम संख्या लिखनी है, लिस्ट में जहाँ प्राध्यापक का नाम है) पर है.

उक्त पत्र एवं शिक्षा निदेशक (उच्च शिक्षा), उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के (यहाँ ट्रांसफर लिस्ट के अंतिम पृष्ठ पर अंकित पत्रांक और दिनांक) एवं (यहाँ उस महाविद्यालय के प्रबन्ध तंत्र के नियुक्ति पत्र का सन्दर्भ, जहाँ आपका ट्रांसफर किया गया है) के आलोक में (यहाँ प्राध्यापक का नाम) को (यहाँ उस महाविद्यालय के प्रबन्ध-तंत्र के रिलीविंग पत्र का सन्दर्भ, जहाँ से प्राध्यापक का ट्रांसफर हुआ है) को अपराह्न में कार्यमुक्त कर दिया गया. अपनी कार्यमुक्ति के पश्चात् (यहाँ प्राध्यापक का नाम और उस महाविद्यालय का नाम जहाँ ट्रांसफर हुआ है) को कार्यभार ग्रहण कर लिया था.

इस सम्बन्ध में आपको अवगत कराना है कि उनका eHRMS Code (यहाँ कोड लिखना है) है. आपसे अनुरोध है कि यथोचित कार्यवाही करने का कष्ट करें जिससे (यहाँ प्राध्यापक का नाम) का समर्थ एकाउंट स्थानांतरित हो सके. इस सम्बन्ध में अपेक्षित प्रपत्र संलग्न हैं.

1. स्थानांतरण आदेश (सूची)

2. (जहाँ से ट्रांसफर हुआ, उस महाविद्यालय का नाम) से कार्यमुक्त सम्बन्धी आदेश

3. (जहाँ ट्रांसफर हुआ, उस महाविद्यालय का नाम) के प्रबन्ध समिति का पत्र

4. (जहाँ ट्रांसफर हुआ, उस महाविद्यालय का नाम) में कार्यभार ग्रहण संबंधी प्रपत्र

                                                                                                           

हस्ताक्षर एवं मुहर

(प्राचार्य)

 

इन प्रपत्रों की एक फाइल (पीडीएफ फॉर्मेट में) बनाकर महाविद्यालय (जहाँ से प्राध्यापक का ट्रांसफर हुआ है) से मेल करवा देना है. मेल यहाँ भेजनी है- uphed.samarth@gmail.com

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें