Pages

08 मार्च 2022

बहुत ही मुश्किल होता है...

 आज, 08 मार्च 2022 अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस। मीडिया से लेकर सोशल मीडिया, घर से लेकर ऑफिस, बाजार से लेकर खेल के मैदान सब जगह शुभेच्छाएँ बिखरी हुई हैं।


महिला दिवस की शुभकामनाएँ उन बेटियों को जो माता-पिता के लाड़-प्यार की छाँव में जीवन का आनन्द उठा रही हैं। अनुशासित संस्कारों के आँचल में अपना भविष्य निखार रहीं हैं। यही कल को बड़े होकर महिला मोर्चा के साथ चिल्लाकर कहेंगीं कि स्त्री बचपन में पिता के अधीन रहती है।


महिला दिवस की शुभकामनाएँ उन सभी पत्नियों को जो पति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। संयुक्त परिवार से बाहर निकल एकल परिवार के गृहकार्य संचालन में पति का सहयोग पा रही हैं। कल को वे भी पुरुष को अपने कैरियर का अवरोधक बता उसे गरियायेंगीं कि स्त्री जवानी में पति की गुलाम होती है। 


महिला दिवस की शुभकामनाएँ उन माताओं को भी जिन्होंने अपनी एक-एक प्राणवायु से बालक को सींचकर पुरुष बनाया। संस्कारित खानपान के द्वारा सशक्त मानसिक सबल इंसान बनाया। कहीं छिपकर अपनी हमउम्र बुजुर्ग महिलाओं के साथ आँसू बहाकर खामोश कहानी कहेगी कि स्त्री बुढ़ापे में बेटे के साये में रहती है।


बहुत कठिन होता है किसी स्त्री के लिए सत्य को सत्य की तरह स्वीकारना। बहुत दुष्कर होता है किसी महिला के लिए अपनी सफलता में पुरुष का सहयोगी होना बताना। बहुत मुश्किल होता है किसी औरत के लिए औरतों के बनाये खाँचे से बाहर निकल पाना। 


बहुत ही मुश्किल होता है....

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें